इसराइल से तनाव के बीच ईरान ने इराक़ से क्या अपील की?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने इराक़ से गुज़ारिश की है कि वो इसराइल को अपने हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल न करने दे.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और इफ़्तेख़ार अली

  1. इसराइल ने ईरान के शहर इस्फ़हान को बनाया निशाना

    इस्फ़हान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्फ़हान में ईरान के कई बड़े सैन्य ढांचे हैं (सेटेलाइट तस्वीर)

    इसराइल ने रविवार को ईरान के प्रमुख शहर इस्फ़हान पर हवाई हमले किए.

    ईरान के मध्य में स्थित इस्फ़हान का कन्वर्ज़न प्लांट ईरान के परमाणु ढांचे का अहम हिस्सा है.

    इसके अलावा, ईरान के अन्य शहरों में स्थित यूरेनियम की खदानें और अन्य प्लांट भी इस ढांचे का हिस्सा हैं.

    इस्फ़हान के पास ईरान के कई बड़े सैन्य ढांचे भी हैं, जिनमें एक बड़ा एयरबेस और मिसाइल बनाने का कारख़ाना शामिल है.

    अप्रैल 2024 में भी इसराइल ने इस इलाके़ में एक एयरफील्ड पर हमला किया था और वहां मौजूद एयर डिफेंस सिस्टम को नुक़सान पहुंचाया था.

    ईरान का कहना है कि इस्फ़हान की ये सभी सुविधाएं सिर्फ़ शांतिपूर्ण कामों के लिए हैं. लेकिन इसराइल और कई पश्चिमी देशों को शक है कि ईरान इनका इस्तेमाल छिपकर परमाणु हथियार बनाने में कर रहा है.

  2. केदारनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, सात की मौत, आसिफ़ अली, देहरादून से, बीबीसी हिंदी के लिए

    हेलीकॉप्टर क्रैश

    इमेज स्रोत, आसिफ़ अली

    इमेज कैप्शन, हेलीकॉप्टर क्रैश होने के बाद घटनास्थल पर बचाव का काम जारी है

    उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में रविवार सुबह एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. हेलीकॉप्टर श्री केदारनाथ धाम से यात्रियों को वापस अपने गुप्तकाशी बेस पर ला रहा था. इस हेलीकॉप्टर में छह वयस्क और एक शिशु सवार थे.

    हेलीकाप्टर क्रैश होने का कारण घाटी में अचानक मौसम ख़राब होना बताया जा रहा है.

    उत्तराखंड एसडीआरएफ़ ने इस क्रैश में सात लोगों की मौत की पुष्टि की है.

    ज़िला पर्यटन विकास अधिकारी एवं नोडल हेली सेवा राहुल चौबे ने बताया, "आज सुबह एक हेली मिसिंग की जानकारी मिली थी. जानकारी मिलते ही इसकी जांच एवं खोजबीन की गई."

    "प्राथमिक जानकारी के मुताबिक़ आर्यन एविएशन का एक हेलीकॉप्टर श्री केदारनाथ धाम से यात्रियों को वापस अपने गुप्तकाशी बेस पर ला रहा था, घाटी में अचानक मौसम ख़राब हो गया. पायलट ने हेली को घाटी से बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान हेली क्रैश हो गया."

    उन्होंने बताया कि इस हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा पांच यात्री और एक शिशु भी सवार था और एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, पुलिस बल सहित सभी रेस्क्यू टीमें स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज एवं रेस्क्यू कार्य में जुटे हुए हैं. इस पूरे मामले में जल्द अपडेट दिया जाएगा.

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर दुख जताया है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा है, "जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है."

    पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि राहत-बचाव कार्य में एसडीआरएफ़ और स्थानीय प्रशासन लग गया है.

    इसके साथ ही उन्होंने लिखा, "बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं."

  3. ईरान के इसराइल पर हमलों में चार लोगों की मौत

    क्षतिग्रस्त इमारत

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने बाट यम शहर को भी निशाना बनाया है

    इसराइली इमरजेंसी सर्विस मेगन डेविड अडोम (एमडीए) का कहना है कि तेल अवीव के दक्षिण में स्थित बाट यम शहर में एक इमारत पर ईरानी हमले में चार लोगों की मौत हो गई और 100 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं.

    मारे गए लोगों में 69 वर्षीय महिला, 80 वर्षीय महिला, 10 साल का एक बच्चा और एक लड़की शामिल है.

    इसराइली मीडिया के मुताबिक़, उत्तरी शहर तमरा और हाएफ़ा के पास एक रिहायशी इलाके़ पर भी हमले हुए हैं, जिनमें दोनों जगहों पर कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है.

    ईरान ने रविवार को भी इसराइल पर हमले किए हैं. वहीं इसराइल ने भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का दावा किया है.

    इसके अलावा, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने इसराइल को चेतावनी दी है कि अगर इसराइल ईरान पर अपने हमले जारी रखेगा, तो ईरान और भी तेज़ी से इसराइल पर हमले करेगा.

  4. अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ पर विशाल परेड, दूसरी ओर ट्रंप के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    विरोध-प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक ओर वॉशिंगटन में परेड हुई है तो दूसरी ओर ट्रंप के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हुए हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ के मौके़ पर सेना को संबोधित किया. इसी दौरान अमेरिका के कई हिस्सों में ट्रंप के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं.

    ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, "हर बार अमेरिका के दुश्मनों ने यह सीखा है कि अगर तुम हमारे लोगों को डराने की कोशिश करोगे, तो हमारे सैनिक जवाब देने ज़रूर आएंगे."

    "हमारे सैनिक कभी हार नहीं मानते, कभी हथियार नहीं डालते और कभी पीछे नहीं हटते. वे लगातार लड़ते हैं और हमेशा जीतकर ही लौटते हैं."

    वहीं दूसरी तरफ़ वॉशिंगटन डीसी में रिफ़्यूज फ़ासिज्म डॉट ओआरजी नाम के एक संगठन ने व्हाइट हाउस की ओर मार्च निकाला, जिसमें क़रीब 1,000 लोग शामिल हुए.

    इस मार्च से पहले वॉशिंगटन डीसी के लोगन सर्कल इलाके़ में एक रैली हुई, जहां एक पूर्व सैनिक और एक ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता समेत कई लोगों ने भीड़ को संबोधित किया.

    विरोध-प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस के पास भी विरोध प्रदर्शन हो रहा है
    विरोध-प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लॉस एंजेलिस के डाउनटाउन में ट्रंप प्रशासन के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करते लोग
    विरोध-प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क के फिफ्थ एवेन्यू पर मार्च करने वाले प्रदर्शनकारी

    अमेरिका के लॉस एंजेलिस में अवैध प्रवासियों के ख़िलाफ़ की गई छापेमारी की कार्रवाई के बाद वहां चार दिन विरोध- प्रदर्शन हुए, जिसके बाद वहां के हालात तनावपूर्ण हो गए थे.

    जिसके बाद ट्रंप ने लॉस एंजेलिस में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए नेशनल गार्ड्स के 4,000 जवानों और 700 मरीन की तैनाती का आदेश दिया था.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, सीएम धामी ने दी जानकारी

    हेलीकॉप्टर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, हेलीकॉप्टर में सवार लोग श्रद्धालु थे (सांकेतिक तस्वीर)

    उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है. राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा है, "जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है."

    पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि राहत-बचाव कार्य में एसडीआरएफ़ और स्थानीय प्रशासन लग गया है.

    इसके साथ ही उन्होंने लिखा, "बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं."

    ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि इस हेलीकॉप्टर में सवार लोग केदारनाथ मंदिर के दर्शन से लौट रहे थे.

  6. ईरान-इसराइल तनाव पर ट्रंप और पुतिन के बीच हुई बातचीत

    पुुतिन और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Anadolu Agency/Getty Images

    इमेज कैप्शन, साल 2019 में जापान के ओसाका में आयोजित जी20 सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाक़ात की एक तस्वीर (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान और इसराइल के बीच बढ़ते तनाव को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच टेलीफ़ोन पर बातचीत हुई है. यह बातचीत क़रीब एक घंटे तक चली.

    ट्रंप ने इस बातचीत की जानकारी अपने ट्रूथ सोशल अकाउंट पर साझा की है.

    उन्होंने लिखा, "राष्ट्रपति पुतिन ने आज सुबह मुझे जन्मदिन की बधाई देने के लिए फ़ोन किया. लेकिन असल में हमारी बातचीत का ज़्यादा फ़ोकस ईरान पर रहा. एक ऐसा देश जिसे पुतिन अच्छी तरह जानते हैं."

    "हमने ईरान को लेकर लंबी बात की. रूस और यूक्रेन पर थोड़ी ही देर बात हुई, उस पर अगली हफ़्ते चर्चा होगी."

    ट्रंप ने यह भी बताया कि रूस और यूक्रेन दोनों अपने क़ैदियों की अदला-बदली की योजना पर काम कर रहे हैं और दोनों देशों की तरफ़ से बड़ी संख्या में क़ैदियों की तुरंत अदला-बदली हो रही है.

    उन्होंने लिखा, "पुतिन का मानना है और मैं भी यही सोचता हूं कि इसराइल और ईरान के बीच जो लड़ाई चल रही है, अब उसे ख़त्म होना चाहिए. मैंने उनसे यह भी कहा कि उन्हें भी अपनी लड़ाई ख़त्म करनी चाहिए."

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, @realDonaldTrump

    ईरान ने रविवार को इसराइल पर एक बड़ा हमला शुरू किया है. वहीं इसराइल ने भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का दावा किया है.

    इसके अलावा, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने इसराइल को चेतावनी दी है कि अगर इसराइल ईरान पर अपने हमले जारी रखेगा, तो ईरान और भी तेज़ी से इसराइल पर हमले करेगा.

  7. इसराइल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमले का दावा किया

    हवाई हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने इसराइल को चेतावनी दी है कि अगर इसराइल अपने हमले जारी रखेगा तो ईरान और तेज़ी से इसराइल पर हमले करेगा

    ईरान ने रविवार को इसराइल पर एक बड़ा हमला शुरू किया है. वहीं इसराइल ने भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का दावा किया है.

    ईरान के सरकारी टीवी चैनल ने बताया है कि तेल अवीव के आसमान में ड्रोन दिखाई दे रहे हैं. ईरान ने इसराइल पर एक बड़ा ड्रोन हमला किया है.

    वहीं, इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्स का कहना है कि उन्होंने तेहरान में ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बुनियादी ढांचे पर कई हमले किए हैं. इस हमले में ईरान के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय और रक्षा से जुड़ी अनुसंधान संस्था को निशाना बनाया गया है.

    इसराइल ने यह भी बताया है कि उन्होंने कुछ और ठिकानों को भी निशाना बनाया है, जहां ईरान अपने परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा था और जहां परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी अहम जानकारी छिपाकर रखी गई थी.

    इसके अलावा, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने इसराइल पर शनिवार रात किए गए हमले को लेकर एक बयान जारी किया है.

    आईआरजीसी ने कहा है कि इसराइल के उन ठिकानों पर हमला किया गया है जहां फाइटर जेट का ईंधन बनता है और बिजली की सप्लाई की व्यवस्था होती है.

    इस बयान में आईआरजीसी ने इसराइल को चेतावनी दी है कि अगर इसराइल ईरान पर अपने हमले जारी रखेगा, तो ईरान और भी तेज़ी से इसराइल पर हमले करेगा.

    इसके अलावा, आईआरजीसी ने यह दावा भी किया है कि ईरान ने अपने ऊपर हुए हमले में तीन क्रूज़ मिसाइलें, 10 ड्रोन और कई छोटे दुश्मन ड्रोन्स को मार गिराया है.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.