ईरान-इसराइल तनाव के बीच ओमान में होने वाली परमाणु वार्ता रद्द, अब तक क्या-क्या हुआ?

ओमान दोनों देशों (अमेरिका और ईरान) के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता को लेकर मध्यस्थता कर रहा है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और अंशुल सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ईरान-इसराइल तनाव के बीच ओमान में होने वाली परमाणु वार्ता रद्द, अब तक क्या-क्या हुआ?

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान

    ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने कहा कि रविवार को होने वाली अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता का अगला दौर आगे नहीं बढ़ेगा.

    उन्होंने एक्स पर लिखा है, "इस रविवार को मस्कट में होने वाली ईरान-अमेरिका वार्ता अब नहीं होगी. लेकिन कूटनीति और बातचीत ही स्थायी शांति का एकमात्र रास्ता है."

    इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्री ने कहा था कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखना “अनुचित” है.

    ओमान दोनों देशों (अमेरिका और ईरान) के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता को लेकर मध्यस्थता कर रहा है.

    इस बीच इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनके देश का लक्ष्य ईरान की ओर से परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल जैसे दोहरे खतरे को विफल करना है और इसराइल ने अपने लक्ष्य हासिल कर लिए हैं.

    उन्होंने कहा, "हम ये बर्दाश्त नहीं कर सकते कि वे 20 हज़ार मिसाइलों के उत्पादन की क्षमता बना लें. इसलिए हमने उनकी उत्पादन क्षमताओं को बर्बाद करने के लिए कार्रवाई की और यही आईडीएफ़ अभी कर रहा है."

    नेतन्याहू ने कहा, "हमने तेहरान के लिए एक रास्ता तैयार कर लिया है. बहुत जल्द आप तेहरान के आसमान में इसराइली विमान, इसराइली वायु सेना, हमारे पायलटों को देखेंगे."

    वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने चेतावनी दी है कि अगर इसराइल ने हमले जारी रखे तो उन्हें और 'कठोर' जवाब के लिए तैयार रहना होगा.

    ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक पेज़ेश्कियान ने कहा, "ज़ायनिस्ट आक्रामता जारी रहने पर ईरानी सशस्त्र बलों की ओर से अधिक कठोर और शक्तिशाली जवाब दिया जाएगा."

    ऐसा कहा जा रहा है कि पेज़ेश्कियान ने कथित तौर पर ये टिप्पणी पाकिस्तान के प्रधानमत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ फ़ोन पर बातचीत के दौरान की.

  3. भारत की पहली मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, इसलिए है ख़ास मौका, कीर्ति रावत, बीबीसी संवाददाता

    भारत की पहली मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट टीम
    इमेज कैप्शन, भारत की पहली मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट टीम

    भारत की पहली मिक्स्ड डिसेबिलिटी पुरुष क्रिकेट टीम अपने पहले अंतराष्ट्रीय दौरे पर इंग्लैंड के लिए रवाना हो रही है.

    यह टीम 21 जून से 3 जुलाई, 2025 तक इंग्लैंड में मिक्स्ड डिसेबिलिटी अंतरराष्ट्रीय टी-20 सिरीज़ खेलेगी.

    अंतरराष्ट्रीय दौरे पर रवाना होने से पहले टीम के लिए दिल्ली में एक समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह का आयोजन डिफ़रेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ़ इंडिया (डीसीसीआई) और 'स्वयं' संस्था ने किया.

    इस दौरे की ख़ास बात यह है कि पहली बार भारत की मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के मशहूर लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेलने का मौक़ा मिलेगा. इस सिरीज़ में भारतीय टीम इंग्लैंड के ख़िलाफ़ कुल सात टी-20 मैच खेलेगी.

    18 सदस्यीय टीम की कप्तानी मुंबई के रहने वाले रविंद्र गोपीनाथ संते कर रहे हैं, जो पिछले 12 साल से क्रिकेट खेल रहे हैं.

    रविंद्र गोपीनाथ संते ने बीबीसी से कहा, "इंग्लैंड जाने की ख़ुशी है और चैलेंज भी आने वाले हैं. पहली बार भारत में मिक्सड डिसेबिलिटी की टीम बनी है. इंग्लैंड की मिक्सड डिसेबिलिटी टीम पहले से खेलती आ रही है. लेकिन भारत में ऐसी टीम पहली बार बनी है."

    टीम के कप्तान रविंद्र गोपीनाथ संते
    इमेज कैप्शन, टीम के कप्तान रविंद्र गोपीनाथ संते

    उन्होंने आगे बताया, "इसमें तीन प्रकार की डिसेबिलिटी होती हैं. एक इंटेलेक्चुअल डिसेबिलिटी, दूसरी फिजिकल और तीसरी मूक-बधिर. इस दौरान बड़ी चुनौती भी होती है क्योंकि मूक-बधिर खिलाड़ियों को सुनाई नहीं देता. हमारे सामने उनकी साइन लैंग्वेज समझने की चुनौती थी. लेकिन जब जयपुर में कैंप हुआ तो आठ दिनों में उन्होंने हमें विकेट के बीच दौड़, फील्डिंग पोज़िशन जैसी चीज़ों की साइन लैंग्वेज सिखाई, ताकि मैच में कोई परेशानी न आए. वह कैंप फ़ायदेमंद रहा."

    विकेटकीपर उमर अशरफ़, जो बोलने में सक्षम नहीं हैं, जम्मू-कश्मीर के बारामूला से हैं. उन्होंने बताया कि क्रिकेट के प्रति उनका लगाव बचपन में टीवी पर मैच देखने से शुरू हुआ.

    विकेटकीपर उमर अशरफ़
    इमेज कैप्शन, विकेटकीपर उमर अशरफ़

    बीबीसी को साइन लैंग्वेज में अपनी बात समझाते हुए उमर ने कहा, “अभी तक जम्मू-कश्मीर से कोई भी खिलाड़ी नहीं चुना गया था. मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि मैं यहां से चुना जाने वाला पहला खिलाड़ी हूं. मुझे क्रिकेट खेलने का 15 साल का अनुभव है और आगे भी मैं इसे जारी रखना चाहता हूं.”

    तमिलनाडु के मदुरै से संबंध रखने वाले विकास गणेशकुमार इंटेलेक्चुअल डिसेबल हैं. बीबीसी से बातचीत में विकास ने कहा, “मैं 11 साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहा हूं. मैं देश के लिए पहली बार खेलने जा रहा हूं और मैं काफ़ी उत्साहित हूं.”

    विकास
    इमेज कैप्शन, विकास गणेशकुमार

    भारतीय टीम का कार्यक्रम इस प्रकार है:

    21 जून: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय (टॉन्टन)

    23 जून: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (वॉर्मस्ले)

    25 जून: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (लॉर्ड्स)

    27 जून: चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय (वॉर्सेस्टर)

    29 जून: पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय (वॉर्सेस्टर)

    एक जुलाई: छठा टी20 अंतरराष्ट्रीय (ब्रिस्टल)

    तीन जुलाई: सातवां टी20 अंतरराष्ट्रीय (ब्रिस्टल)

  4. इसराइल-ईरान तनाव पर एससीओ के बयान से भारत ने बनाई दूरी

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल और ईरान के बीच जारी तनाव को लेकर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) ने बयान जारी किया है. बयान में एससीओ ने ईरान पर इसराइली हमले की निंदा की है.

    हालांकि, भारत ने इस बयान से ख़ुद को अलग कर लिया है.

    शनिवार को जारी बयान में एससीओ ने कहा, "शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देश मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं और 13 जून, 2025 को इस्लामी गणराज्य ईरान के क्षेत्र पर इसराइल की ओर से किए गए सैन्य हमलों की कड़ी निंदा करते हैं."

    बयान में कहा गया है, "एससीओ सदस्य देश ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित स्थिति का समाधान शांतिपूर्ण, राजनीतिक और कूटनीतिक तरीकों से करने की वक़ालत करते हैं."

    भारत का बयान

    इमेज स्रोत, WWW.MEA.GOV.IN

    इमेज कैप्शन, भारत का बयान

    शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ की स्थापना वर्ष 2001 में चीन, रूस और सोवियत संघ का हिस्सा रहे चार मध्य एशियाई देशों कज़ाख़स्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान ने मिलकर थी. वर्तमान में भारत समेत कुल दस देश इसके सदस्य हैं.

    विदेश मंत्रालय ने एससीओ के बयान से किनारा करते हुए कहा, "इस मामले पर भारत ने अपनी स्थिति 13 जून 2025 को स्पष्ट की थी और यह वही है. हम आग्रह करते हैं कि तनाव कम करने के लिए बातचीत और कूटनीति के माध्यमों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए. यह ज़रूरी है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय उस दिशा में प्रयास करे."

    विदेश मंत्रालय का कहना है कि 'भारत ने अपने स्टैंड को लेकर बाक़ी एससीओ सदस्यों को सूचित किया था. इसे ध्यान में रखते हुए, भारत ने एससीओ बयान पर चर्चा में भाग नहीं लिया.'

  5. असमः सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के 'देखते ही गोली मारने' के आदेश के बाद धुबरी में 38 लोग गिरफ़्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    सीएम हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    असम के धुबरी ज़िले में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव के बाद असम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 38 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    दरअसल, इस कार्रवाई से एक दिन पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ज़िले में कथित तौर पर सांप्रदायिक तनाव फैला रहे 'उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश' दिए थे.

    धुबरी पुलिस के अनुसार, ये गिरफ़्तारियां मंदिर के सामने कथित तौर पर गोमांस फेंके जाने की घटनाओं के साथ-साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों के सिलसिले में की गई हैं.

    धुबरी में यह 'सांप्रदायिक तनाव' बकरीद के ठीक बाद से शुरू हुआ था, जब शहर के एक हनुमान मंदिर के सामने कथित तौर पर गोमांस फेंका हुआ पाया गया था.

    धुबरी के ज़िला उपायुक्त दिबाकर नाथ ने बीबीसी को बताया था कि जिला प्रशासन ने 9 जून को कस्बे में निषेधाज्ञा लागू की थी, लेकिन माहौल सामान्य होने के बाद उसे हटा लिया गया.

    गौरव गोगोई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने धुबरी के हालिया घटनाक्रम पर चिंता व्यक्त की है.

    इन गिरफ़्तारियों के संदर्भ में मुख्यमंत्री सरमा ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट लिखकर बताया,"धुबरी गोमांस कांड में रात भर में 38 लोग गिरफ़्तार किए गए है."

    इससे पहले सीएम ने शुक्रवार को धुबरी का दौरा किया था और सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की थी.

    अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ग़ैर-जमानती आरोपों या पिछले आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया जाएगा.

    धुबरी दौरे से सीएम के लौटने के महज़ चंद घंटों बाद उसी शाम ज़िले के पुलिस अधीक्षक नवीन सिंह का तबादला कर दिया गया था. इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी लीना दौले को नई कप्तान के रूप में धुबरी भेजा गया है.

    बांग्लादेश की सीमा से सटे धुबरी लोकसभा सीट से पिछले चुनाव में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल के हारने और कांग्रेस के रकीबुल हुसैन के जीतने के बाद क्षेत्र की राजनीति उबाल पर है .

    असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा सांसद गौरव गोगोई ने धुबरी के हालिया घटनाक्रम पर गंभीर चिंता व्यक्त की है.

    उन्होंने धुबरी के मसले पर मीडिया से कहा,"क्षेत्र में शांति भंग करने के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए. लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई के नाम पर किसी निर्दोष नागरिक को परेशान या पीड़ित न किया जाए."

  6. एयर इंडिया ने बोइंग ड्रीमलाइनर विमान की सुरक्षा जांच के बारे में दी ये जानकारी

    एयर इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एयर इंडिया ने कहा है कि कंपनी भारतीय विमानन नियामक (डीजीसीए) की तरफ़ से निर्देशित सुरक्षा जांच पूरी करने की प्रक्रिया में है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एयर इंडिया ने लिखा, "ये जांच बोइंग 787 के बेड़े पर की जा रही है. ये विमान भारत लौट रहे हैं. इससे पहले कि उन्हें अपने अगले परिचालन के लिए मंज़ूरी दी जाए, उनकी जांच कर ली जाएगी."

    एयर इंडिया के प्रवक्ता का कहना है कि उन्होंने नौ विमानों में अभी तक सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली है और बाक़ी 24 विमानों की जांच भी तय समय सीमा के भीतर कर ली जाएगी.

    इससे पहले भारतीय विमानन नियामक ने बोइंग के सभी ड्रीमलाइनर विमानों की बेड़े पर सुरक्षा जांच को लेकर आदेश दिए थे.

    ये फैसला अहमदाबाद में एयर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट के क्रैशन होने के बाद लिया गया था.

    डीजीसीए ने एयर इंडिया को आदेश दिया था कि वह 15 जून 2025 तक भारत से उड़ान भरने से पहले एक बार की विशेष जांच प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से लागू करे.

  7. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप: जीत के बाद क्या बोले दक्षिण अफ़्रीकी कप्तान टेम्बा बवूमा?

    दक्षिण अफ्रीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर ख़िताब जीत लिया है. दक्षिण अफ़्रीका ने पहली बार यह ट्रॉफ़ी जीती है.

    जीत के बाद कप्तान टेम्बा बवूमा ने कहा कि मुझे ख़ुशी है कि हमने अच्छा खेल खेला.

    कप्तान बवूमा ने कहा, "मैच के दौरान पिछले कुछ दिन ख़ास रहे, कुछ मौक़ों पर ऐसा लगा जैसे हम दक्षिण अफ्रीका में हैं. हमने कड़ी मेहनत की, हम बहुत विश्वास के साथ आए थे और ख़ुशी है कि हमने अच्छा खेला. मुझे लगता है कि हम एक टीम के रूप में यही चाहते थे. हम लगातार जीत की दहलीज तक पहुँचते रहे और दिल टूटने का अनुभव किया. उम्मीद है कि यह जीत आने वाली कई जीतों में से एक होगी."

    इस दौरान बवूमा ने कगिसो रबाडा और एडन मारक्रम की जमकर तारीफ़ की.

    बवूमा ने बताया, "कगिसो रबाडा एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और कुछ दिन पहले मैं हॉल ऑफ़ फ़ेम में शामिल होने वालों के पास गया था, मुझे लगता है कि रबाडा कुछ सालों में वहां होंगे. एडन अविश्वसनीय हैं, लोगों ने उनकी जगह पर सवाल उठाए हैं, लेकिन उनमें एक कैरेक्टर है. उन्होंने अपने अंदाज़ में खेला. हम फ़ाइनल में पहुंचे. हमने जिस रास्ते पर चलना चुना, उस पर संदेह करने वाले लोग थे. इस जीत ने सभी शंकाओं को ख़त्म कर दिया."

    मैच में एडन मारक्रम ने शतक (136) के साथ दो विकेट भी लिए. मारक्रम को इस योगदान के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

    दक्षिण अफ़्रीका से पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में और न्यूज़ीलैंड ने 2021 में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का ख़िताब जीता था.

  8. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप: दक्षिण अफ़्रीका ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार जीता ख़िताब

    साउथ अफ़्रीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हरा दिया है.

    दक्षिण अफ़्रीका की तरफ़ से एडन मारक्रम ने सबसे ज़्यादा 136 रन बनाए. मारक्रम के अलावा कप्तान टेम्बा बवूमा ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 66 रन बनाए.

    वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए दक्षिण अफ़्रीका की दूसरी पारी में तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट चटकाए.

    फ़ाइनल में टॉस जीतकर दक्षिण अफ़्रीका ने गेंदबाज़ी चुनी थी और ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था.

    ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 212 रन पर ऑल आउट हो गई थी और इसके जवाब में दक्षिण अफ़्रीकी टीम पहली पारी में सिर्फ़ 138 रनों पर सिमट गई.

    दूसरी पारी में अफ़्रीकी गेंदबाज़ों ने वापसी की और ऑस्ट्रेलिया को 207 रनों पर रोक दिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने सबसे ज़्यादा 58 रनों का योगदान दिया. इस दौरान कगिसो रबाडा ने सबसे ज़्यादा चार विकेट लिए.

    इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ़्रीका को 282 रनों का लक्ष्य दिया और दक्षिण अफ़्रीका टीम ने पांच विकेट शेष रहते हुए लक्ष्य को हासिल कर लिया.

    इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में और न्यूज़ीलैंड ने 2021 में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का ख़िताब जीता है. दोनों ही बार फ़ाइनल में भारत को हार का सामना करना पड़ा था.

  9. तनाव के बीच बंद हुआ लेबनान का हवाई क्षेत्र फिर खुला

    लेबनान

    इमेज स्रोत, flightradar24

    लेबनान ने स्थानीय समयानुसार सुबह दस बजे अपना हवाई क्षेत्र फिर से खोल दिया है.

    लेबनाना के लोक निर्माण और परिवहन मंत्रालय की ओर से की गई घोषणा में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि हवाई क्षेत्र को बंद करने का निर्णय ज़रूरी सुरक्षा कारणों से लिया गया है.

    थोड़ी देर पहले, बीबीसी ने बताया था कि जॉर्डन ने भी अपना हवाई क्षेत्र फिर से खोल दिया है.

    हालांकि, हमले की रात से इसराइल की तरफ़ से कोई अपडेट नहीं आया था. इसराइल ने घोषणा की थी कि उसका हवाई क्षेत्र "अगली सूचना तक" बंद रहेगा.

    ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसी इरना ने भी कहा है कि "अगली सूचना तक" देश में कोई भी उड़ान संचालित नहीं होगी.

    फ़्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 पर फिलहाल मध्य पूर्व के एक महत्वपूर्ण हिस्से में आसमान में कोई भी विमान नहीं दिख रहा है.

  10. ईरान ने अमेरिका, फ़्रांस और ब्रिटेन को चेतावनी क्यों दी?

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईरान ने इसराइल की मदद को लेकर अमेरिका, फ़्रांस और ब्रिटेन को चेतावनी दी है. ईरान की सरकारी मीडिया ने इस बात की जानकारी दी है.

    रिपोर्टों में कहा गया है कि यदि तीनों देश इसराइल को समर्थन देते हैं तो ईरान इन देशों से संबंधित सैन्य ठिकानों और जहाज़ों को निशाना बनाएगा.

    ब्रिटेन ने अब तक ईरानी हमलों के जवाब में इसराइल की सुरक्षा के प्रयासों को लेकर की गई टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. लेकिन बताया जा रहा है कि ब्रिटेन ने किसी भी सैन्य कार्रवाई में हिस्सा नहीं लिया है.

    बीबीसी संवाददाता जैक फेनविक को बताया गया है कि इसराइल ने ब्रिटेन से इस प्रकार की सहायता के लिए कोई अनुरोध नहीं किया है.

    सरकारी सूत्रों ने आज सुबह इस बात की पुष्टि नहीं की है कि क्या अभी भी ऐसा ही है.

    जब ईरान ने अतीत में ड्रोन के ज़रिए इसराइल को निशाना बनाया है, तो ब्रिटेन ने उन्हें मार गिराने के लिए साइप्रस से आरएएफ़ टाइफ़ून जेट भेजे हैं.

    इसराइल ने शुक्रवार को ईरान में अलग-अलग जगहों पर हमले किए, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इसराइल पर बैलिस्टिक मिसाइल दागी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से उसके परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने के लिए कहा है और चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसराइल और भी ज़्यादा कड़ा हमला कर सकता है.

  11. इसराइल में ईरान की जवाबी कार्रवाई में तीन लोगों की मौत की पुष्टि

    इसराइल में हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल की मीडिया के मुताबिक़, ईरान की जवाबी कार्रवाई में तीन लोगों मारे गए हैं.

    इससे पहले शनिवार सुबह इसराइल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की थी.

    इसराइल में विपक्षी पार्टी के नेता येर लैपिड ने तीन इसराइली नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया है.

    येर लैपिड ने लिखा, "यह इसराइल के लिए एक मुश्किल रात थी. हम बहादुर लोग हैं और हमारे पास एक मज़बूत सेना है."

    उन्होंने इसराइली नागरिकों से होम फ़्रंट कमांड के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है.

    तेहरान में और अधिक ठिकानों पर हमला करेगा: आईडीएफ़

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) ने कहा है कि देश की वायु सेना ईरान में लक्ष्यों पर हमला फिर से शुरू करने के लिए तैयार है.

    थोड़ी देर पहले, आईडीएफ़ चीफ ऑफ स्टाफ़ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल ज़मीर और इसराइली वायु सेना प्रमुख मेजर जनरल टोमर बार ने साझा तौर पर मौजूदा स्थिति का हाल बताया.

    उन्होंने कहा कि "ईरान तक पहुंचने का रास्ता तैयार हो गया है." दोनों के मुताबिक़, "योजनाओं के अनुसार, वायु सेना के लड़ाकू विमान तेहरान में लक्ष्यों पर हमला करना शुरू कर देंगे."

  12. असम: ओएनजीसी के कुएं में अनियंत्रित गैस रिसाव, 700 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    ओएनजीसी के कुएं की तस्वीर

    इमेज स्रोत, BBC/AVIK

    इमेज कैप्शन, ओएनजीसी के कुएं की तस्वीर

    असम में मौजूद तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के एक तेल और गैस रिग में कथित विस्फोट के बाद 700 से ज़्यादा लोगों को एक सुरक्षित जगह शिफ़्ट किया गया है.

    यह घटना शिवसागर ज़िले के भोटियापार इलाके़ की है. यहां 12 जून की दोपहर क़रीब 12 बजे सर्विसिंग ऑपरेशन के दौरान कुआं नंबर आरडीएस-147 से बड़ी मात्रा में गैस लीक होने लगी.

    घटना के बाद ज़िला प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक किलोमीटर के दायरे में घेराबंदी कर दी है. जानकारी के अनुसार इस गैस रिसाव की घटना में 700 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं.

    कुएं से हो रही गैस के रिसाव को अब तक नियंत्रित नहीं किया जा सका है. घटना के बाद से इलाके़ के लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया.

    ओएनजीसी के एक अधिकारी ने घटना के बारे में बीबीसी को बताया,"सुरक्षा कारणों की वजह से घटना वाली जगह से कुछ परिवारों को सुरक्षित जगह खोले गए राहत शिविरों में ले जाया गया है. कुएं को नियंत्रित करने और स्थिति को सामान्य करने के लिए देश की सबसे बेहतर संकट प्रबंधन टीम काम कर रही है. देश की अलग-अलग जगहों से ओएनजीसी के कुछ विशेषज्ञ आए हैं. हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द से जल्द स्थिति को ठीक कर लिया जाएगा."

    इस घटना को लेकर शिवसागर के ज़िला उपायुक्त आयुष गर्ग ने बीबीसी से कहा,"नियमित कार्य के दौरान भोटियापार के पास कुआं संख्या आरडीएस 147 से गैस निकलनी शुरू हो गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ओएनजीसी की टीमें, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के साथ ज़िला प्रशासन समन्वय में काम कर रहा है. फिलहाल, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है."

    ओएनजीसी से मिली जानकारी के मुताबिक़, कुआं संख्या आरडीएस 147 रुद्रसागर तेल क्षेत्र के रिग संख्या एसकेपी 135 में स्थित है. यह रिग ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी दिखौ के तट के नज़दीक है.

    रुद्रसागर तेल क्षेत्र देश के सबसे पुराने तेल क्षेत्रों में से एक है, जहां ओएनजीसी ने साल 1960 से उत्पादन शुरू किया था.

  13. अहमदाबाद विमान हादसा: सिविल अस्पताल में अब कैसे हैं हालात- LIVE

    गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया का विमान एक रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया था. हादसे में जान गंवाने वालों के परिजन उनके पार्थिव शरीर के लिए सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं. वहां अभी कैसे हालात हैं? इस मामले में अधिक जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता तेजस वैद्य.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  14. ईरान और इसराइल के बीच हवाई हमलों के बाद अब तक क्या-क्या हुआ?

    हमले के बाद के हालात

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल और ईरान दोनों ने एक-दूसरे पर हवाई हमले किए हैं

    इसराइल की ओर से उसके परमाणु ठिकानों पर किए गए हमलों के जवाब में ईरान ने इसराइल पर कई हवाई हमले किए हैं.

    इसराइली इमरजेंसी सर्विस के मुताबिक़, ईरानी हमलों में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहीं इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) का कहना है कि वह ईरान पर अपने हवाई हमले अब भी जारी रखे हुए है.

    हवाई हमलों के बाद से क्या-क्या हुआ, यहां जानिए-

    - इसराइली इमरजेंसी सर्विस मेगन डेविड अडोम (एमडीए) ने बताया कि सेंट्रल कोस्टल इलाके में हुए ईरानी हवाई हमलों में कई लोग घायल हुए हैं.

    - हमारे संवाददाताओं ने बताया कि रातभर सायरन बजते रहे, जिससे लाखों लोग बंकरों और सुरक्षित जगहों में शरण लेने गए. इसराइल के कई इलाकों में तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं.

    - इसराइल ने ईरान पर अपने हवाई हमले जारी रखे हैं. शुक्रवार को ईरान पर हुए इसराइली हमलों में छह परमाणु वैज्ञानिकों और कई वरिष्ठ ईरानी सैन्य अधिकारियों की मौत हुई थी.

    - संयुक्त राष्ट्र में ईरान के प्रतिनिधि का कहना है कि इसराइल के हालिया हवाई हमलों में ईरान के 78 नागरिकों की मौत हुई है और 320 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकांश आम नागरिक हैं.

    - संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की शनिवार को हुई बैठक में चीन के दूत फ़ू कोंग ने ईरान पर इसराइल के हमलों की निंदा की.

    - वहीं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ईरान और इसराइल से 'तनाव को रोकने और शांति का रास्ता' अपनाने की अपील की है.

  15. ईरान और इसराइल में तनाव के बीच एयर इंडिया ने जारी की एडवाइज़री

    एयर इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान और इसराइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते एयर इंडिया ने अपनी उड़ानों को वैकल्पिक रास्तों से संचालित करने का फ़ैसला लिया है

    मध्य-पूर्व के हिस्सों और ईरान में तनाव की स्थिति पर विमानन कंपनी एयर इंडिया ने अपने यात्रियों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान और मध्य-पूर्व के कुछ हिस्सों में उभरती स्थिति और उसके बाद हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण और हमारे यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमारी कुछ उड़ानें वैकल्पिक रास्तों से संचालित हो रही हैं."

    "हम इस हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण अपने यात्रियों को होने वाली किसी भी असुविधा को कम करने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं. हम दोहराना चाहेंगे कि एयर इंडिया में हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है."

    एयरलाइन ने यात्रियों को फ़्लाइट की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है और उन्हें यात्रा से पहले स्टेटस चेक करने की सलाह दी है.

  16. अहमदाबाद विमान हादसे पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने क्या कहा

    प्रियंका गांधी वाड्रा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी वाड्रा (फ़ाइल फ़ोटो)

    वायनाड से सांसद और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अहमदाबाद विमान हादसे पर शोक जताया है.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि जब पूरा देश दुख में है और हमने इतने सारे लोगों को खो दिया है, तो हम सभी को एकजुट होकर इस दुख की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना चाहिए."

    "हमें उन यात्रियों के परिवारों के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज के छात्रों और बाकी सभी लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जतानी चाहिए, जिन्होंने इस हादसे में अपनी जान गंवाई"

    उन्होंने यह भी कहा कि यह समझना बेहद ज़रूरी है कि आखिर ऐसी क्या चूक हुई जिससे इतनी बड़ी त्रासदी हुई.

    प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मुझे भरोसा है कि जांच एजेंसियां जल्द ही सच सामने लाएंगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए ज़रूरी क़दम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके."

  17. इसराइली सुरक्षा बलों ने कहा- ईरान पर हवाई हमले जारी

    हवाई हमलों के बाद हालात

    इमेज स्रोत, Amir Levy/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान की ओर से शनिवार को इसराइल पर किए गए हवाई हमलों में 21 लोग घायल हुए हैं

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा है कि वो ईरान पर लगातार हवाई हमले कर रहे हैं.

    आईडीएफ़ ने टेलीग्राम पर एक बयान पोस्ट किया है.

    इस बयान में लिखा गया है, "इसराइली वायु सेना लगातार ईरान में मौजूद ख़तरे को ख़त्म करने के लिए हमले कर रही है."

    जारी बयान के साथ एक वीडियो भी साझा किया गया है, जिसमें हवाई हमलों के दृश्य देखे जा सकते हैं.

    इसराइल पर हुए ये ईरानी हमले उस जवाबी कार्रवाई का हिस्सा है जिसमें इसराइल ने ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था.

    आईडीएफ़ के मुताबिक़, उस हमले में ईरान के तीन सैन्य कमांडरों की मौत हो गई थी.

  18. तस्वीरें: ईरान के हमलों से इसराइल में 21 लोग घायल

    हमले के बाद के हालात

    इमेज स्रोत, ABIR SULTAN/EPA-EFE/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, ईरान ने शनिवार सुबह इसराइल पर मिसाइल हमले किए

    इसराइल की इमरजेंसी सर्विस मेगन डेविड अडोम (एमडीए) ने कहा है कि ईरान के हवाई हमलों में घायल हुए 21 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

    ये हमले इसराइल के सेंट्रल कोस्टल इलाके में हुए.

    एमडीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि घायलों में से एक की हालत बेहद नाज़ुक है. कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि बाकी को मामूली चोटें आई हैं.

    हमले के बाद के हालात

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान के हमलों के बाद इसराइल में सायरन बजने लगे
    हमले के बाद के हालात

    इमेज स्रोत, REUTERS/Ronen Zvulun

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने शुक्रवार को ईरान में अलग-अलग जगहों पर हमले किए, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इसराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
    हमले के बाद के हालात

    इमेज स्रोत, ABIR SULTAN/EPA-EFE/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, इसराइल के हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई ने कहा था कि ईरान इसराइल को भारी चोट पहुंचाएगा
  19. ईरान के हमलों के बाद इसराइल में कैसे हैं हालात, जॉ फ़्लोटो, मध्य-पूर्व ब्यूरो चीफ़, बीबीसी न्यूज़

    हवाई हमले

    इमेज स्रोत, ABIR SULTAN/EPA-EFE/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, ईरान के हमलों के बाद इसराइल में सायरन बजने लगे

    ईरान ने शनिवार सुबह इसराइल पर मिसाइल हमले किए, जिसके बाद देश के कई हिस्सों में सायरन बजने लगे.

    सायरन की आवाज़ सुनकर लाखों लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे.

    कई मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक़ कुछ मिसाइलें अपने निशाने पर लगीं.

    सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इसराइल के एक रिहायशी इलाके़ की सड़क पर मिसाइल गिरी है.

    तस्वीरों में सड़कों पर मलबा फैला है, गाड़ियां क्षतिग्रस्त हैं और एक घर का हिस्सा गिरा हुआ दिखाई दे रहा है.

    शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ कुछ लोगों को नुक़सान पहुंचा है.

    हालांकि, सुरक्षा कारणों से अधिकारी अब तक यह नहीं बता रहे हैं कि मिसाइलें किन-किन जगहों पर गिरीं, क्योंकि इससे ईरान को रणनीतिक फ़ायदा हो सकता है.

  20. चीन ने ईरान पर इसराइल के हमलों की निंदा की

    चीन के दूत फू कोंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन ने इसराइल से तुरंत सभी सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की है

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की शनिवार को हुई बैठक में चीन के दूत फू कोंग ने कहा कि इसराइल ने ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन किया है, जिसकी निंदा चीन करता है.

    उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को लेकर चीन को गहरी चिंता है, क्योंकि इससे ईरान के परमाणु समझौते पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.

    फू कोंग ने इसराइल से तुरंत सभी सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की, ताकि स्थिति और न बिगड़े.

    उन्होंने कहा कि परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) के हस्ताक्षरकर्ता के तौर पर ईरान को परमाणु ऊर्जा का शांतिपूर्ण उपयोग करने का जो अधिकार मिला है, उसका पूरी तरह से सम्मान किया जाना चाहिए.

    चीन और ईरान क़रीबी साझेदार हैं, ख़ासकर ऊर्जा और विकास से जुड़ी परियोजनाओं में.

    मार्च में चीन ने ईरान और रूस के उप विदेश मंत्रियों को बीजिंग आमंत्रित किया था, जहां उन्होंने ईरान के परमाणु मुद्दे पर चर्चा की और उस पर लगे प्रतिबंधों को हटाने की मांग की थी.