फ़लस्तीनियों के मुद्दे पर सऊदी अरब, मिस्र, जॉर्डन और क़तर की बैठक में क्या हुआ?

बीते सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि फ़लस्तीनियों को ग़ज़ा से निकाल कर मिस्र और जॉर्डन में बसाया जाना चाहिए.

सारांश

  • बजट 2025: 12 लाख रुपए तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा.
  • पीएम मोदी ने बजट को 'फ़ोर्स मल्टीप्लायर' बताया. कहा, ये निवेश, बचत, कंज़म्पशन और ग्रोथ बढ़ाएगा.
  • कांग्रेस ने बजट पर निराशा जताई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि ये बड़े घावों पर बैंड-एड लगाने जैसा है.
  • अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी समर्थकों से अपील की है कि आम आदमी पार्टी को वोट दें.
  • अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने मेक्सिको, कनाडा और चीन पर टैरिफ़ लगाने का फ़ैसला किया है

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे

  1. बजट 2025: बिहार के लिए बड़ी घोषणा, मखाना बोर्ड बनाया जाएगा

    निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आठवीं बार बजट पेश कर रही हैं.

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बजट भाषण पढ़ रही हैं, अहम बातें -

    • बिहार में मखाना बोर्ड की स्थापना की जाएगी. यह इसके उत्पादन से लेकर मार्केटिंग तक में सहायता करेगा. वित्त मंत्री ने कहा है कि इससे मखाना किसानों को फ़ायदा देगा. दुनिया का क़रीब 85 फ़ीसदी मखाना भारत में होता है. भारत का 90 फ़ीसदी मखाना बिहार में होता है. बिहार के मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, सीतामढ़ी, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज मखाने की खेती के लिए विख्यात हैं. मिथिलांचल, कदम कदम पर पोखर (तालाब), मछली और मखाना के लिए दुनिया में जाना जाता है. इस वजह से ये ख़बर बिहार के मखाना किसानों के लिए अहम है.
    • बजट में 10 बड़े क्षेत्रों पर फ़ोकस रहेगा.
    • बजट में किसानों, महिलाओं और युवाओं पर फ़ोकस रहेगा.
    • कृषि योजना में 100 ज़िलों को बढ़ावा दिया जाएगा.
    • खाद्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर ज़ोर दिया जाएगा.
    • तेल और दालों के लिए छह साल के लिए योजना तैयार की गई है. इसके अंतर्गत तुअर, उड़द और मसूर की दाल के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा.
    • उद्यम पोर्टल पर पंजीकृत छोटे उद्योगों को पांच लाख रुपये का क्रेडिट कार्ड जारी किया जाएगा. पहले वर्ष में ऐसे उद्योगों के लिए 10 लाख कार्ड जारी किए जाएंगे.
    अहम घोषणाएं
  2. ब्रेकिंग न्यूज़, निर्मला सीतारमण आम बजट पेश कर रही हैं, बना डाला ये रिकॉर्ड

    निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, निर्मला सीतारमण लगातार आठवीं बार ये बजट पेश कर रही हैं.

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रिकॉर्ड रूप से लगातार आठवीं बार देश का बजट पेश कर रही हैं.

    शनिवार को संसद भवन में बजट पेश करने से पहले वो राष्ट्रपति भवन गईं और उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात की.

    बजट के लिए निकलने से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने वित्त मंत्री सीतारमण को ‘दही-चीनी’ खिलाई.

    निर्मला सीतारमण लगातार आठवीं बार ये बजट पेश कर रही हैं. सबसे अधिक बजट पेश करने का रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम है. उन्होंने 10 बजट पेश किए हैं लेकिन ये उन्होंने अलग-अलग कार्यकाल में पेश किए थे.

    पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने नौ और प्रणब मुखर्जी ने आठ बजट पेश किए थे.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  3. दिल्ली चुनाव: बीजेपी समर्थकों से अरविंद केजरीवाल ने क्या अपील की है?

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी के समर्थकों से अपील की है

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 पर राजनीति गर्मा रही है. आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बीजेपी समर्थकों से अपील की है कि राजनीति को परे रखकर आम आदमी पार्टी को वोट दें.

    उन्होंने कहा, “मेरी सभी बीजेपी के समर्थकों से अपील है कि अगर बीजेपी आ गई तो आपको हमारी सरकार से मिलने वाली सारी सुविधाएं बंद हो जाएंगी.”

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक्स पर यह वीडियो शेयर किया है.

    इसमें अरविंद केजरीवाल ने एक बीजेपी कार्यकर्ता से बातचीत होने का दावा किया है.

    उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले बीजेपी का एक कट्टर समर्थक मुझसे मिला. उसने मुझसे बोला, ‘अरविंद जी अगर आप हार गए तो क्या होगा’, मैंने पूछा, ‘भाई मेरी छोड़ो और यह बताओ कि अगर मैं हार गया तो तुम्हारा क्या होगा’."

    उन्होंने बताया, “वो (बीजेपी समर्थक) सकपका गया, और बोला, मतलब. तो मैंने कहा भाई, ये बताओ कि अगर मैं हार गया तो तेरा क्या होगा?” “दिल्ली में फ्री बिजली, फ्री पानी, फ्री इलाज, अच्छे स्कूल, 24 घंटे बिजली, महिलाओं की फ्री बस यात्रा, ये तो सब बंद हो जाएंगे.”

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक चरण में मतदान पाँच फ़रवरी को होगा. नतीजे आठ फ़रवरी को आएंगे. दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 12 आरक्षित हैं और बाकी 58 जनरल सीटें हैं.

  4. व्हाइट हाउस ने कोविड-19 महामारी के चीन की लैब से फैलने के दावों पर क्या कहा?

    वुहान स्थित लैब

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीआईए ने चीन के इसी इंस्टीट्यूट के लैब से कोरोना वायरस फैलने की आशंका जताई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कोविड-19 को लेकर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि बाइडन प्रशासन ने अमेरिका के लोगों को कोविड-19 से जुड़ा सच नहीं बताया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, लेविट ने कहा, “बाइडन प्रशासन के पास अमेरिकी लोगों को कोविड-19 से जुड़ी सच्चाई बताने का मौका था, लेकिन किसी कारण से, उन्होंने ऐसा नहीं करने का फ़ैसला लिया था.”

    लेविट ने कहा, “उस समय राष्ट्रपति ट्रंप सामने आए थे, और उन्होंने अमेरिकी नागरिकों को कोविड-19 से जुड़े सच के बारे में बताया था. उस समय भी उन्होंने (ट्रंप) कहा था कि कोविड-19 चीन के वुहान में स्थित एक लैब से आया हो सकता है.”

    “मगर, तब कुछ लोगों ने उनका मज़ाक उड़ाया था, और कहा था वो साज़िश होने की बात कह रहे हैं, लेकिन वो ऐसा नहीं कर रहे थे.”

    लेविट ने कहा, “अब तो हम जानते हैं कि यह एक ऐसा सच है, जिसकी पुष्टि की जा सकती है. इसे सामने आने में भले ही कई साल बीत गए, लेकिन राष्ट्रपति सही थे.”

    दरअसल, जनवरी 2025 के आख़िरी सप्ताह में आई एक रिपोर्ट में अमेरिकी खुफ़िया एजेंसी सीआईए ने कोविड महामारी के फैलने पर एक नया आकलन जारी किया था.

    इसमें सीआईए ने कहा था कि कोरोना वायरस के जानवरों की बजाय चीनी प्रयोगशाला से लीक होने की "ज़्यादा आशंका" है.

    एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा था कि उपलब्ध रिपोर्ट के आधार पर महामारी के प्राकृतिक तौर पर फैलने की अपेक्षा "रिसर्च के दौरान फैलने" की आशंका ज़्यादा है.

  5. अमेरिका में नई विमान दुर्घटना पर डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने प्लेन क्रैश पर दुख जताया है.

    अमेरिका के उत्तर-पूर्व फ़िलाडेल्फ़िया में शुक्रवार को एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुख जताया है.

    उन्होंने ट्रूथ सोशल पर लिखा, “फ़िलाडेल्फ़िया, पेंसिल्वेनिया में विमान को दुर्घटनाग्रस्त होते हुए देखना बेहद दुखद है. कई निर्दोष लोग हमारा साथ छोड़ गए. हमारे लोग बचाव कार्य में पूरी तरह से जुटे हुए हैं. इसका श्रेय उनको पहले ही दिया जा चुका है. भगवान आप सबका भला करे.”

    इससे पहले, बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ ने बताया था कि यह विमान दुर्घटना रुज़वेल्ट मॉल से कुछ दूरी पर हुई. यह एक तीन मंज़िला शॉपिंग सेंटर है, जो पेंसिल्वेनिया शहर के घनी आबादी वाले इलाक़े में है.

    अमेरिकी फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया है कि जब विमान लियरजेट 55 दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उस पर छह लोग सवार थे. अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, यह विमान एक मेडिकल असाइनमेंट पर था. विमान में एक बीमार बच्चा था.

    फ़िलाडेल्फ़िया की मेयर शैरेल पार्कर ने कहा कि मरने वालों की संख्या के बारे में कोई ख़बर नहीं है. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना के कारण कई घर और वाहन भी प्रभावित हुए हैं. वहीं, आपातकालीन सेवाओं ने कहा है कि वे एक बड़ी घटना से निपट रहे हैं.

    फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक़, विमान लियरजेट 55 ने नॉर्थ-ईस्ट फ़िलाडेल्फ़िया एयरपोर्ट से शाम को लगभग साढ़े छह बजे (स्थानीय समयानुसार) उड़ान भरी थी और क़रीब चार मील से भी कम दूरी पर यह क्रैश हो गया.

  6. ग़ाज़ियाबाद में एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में ब्लास्ट, आम लोगों ने क्या देखा?

    सिलेंडरों से लदे ट्रक में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ग़ाज़ियाबाद में गैस सिलेंडरों से लदे एक ट्रक में आग लगने के बाद अफ़रा-तफ़री मच गई थी.

    ग़ाज़ियाबाद के लोनी इलाक़े में भोपुरा चौक के पास शनिवार को एलपीजी सिलेंडर से भरे एक ट्रक में आग लग गई. आग को बुझा दिया गया है. कोई जनहानि की ख़बर अभी तक नहीं है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ग़ाज़ियाबाद के चीफ़ फ़ायर ऑफ़िसर राहुल पाल ने बताया, “आज सुबह चार बजकर 35 मिनट पर सूचना मिली थी कि एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लग गई है.”

    उन्होंने कहा, “हमने तत्काल साहिबाबाद स्टेशन से दो गाड़ियों समेत अन्य स्टेशनों से लगभग आठ गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना कीं. यहां पर जो थाना फ़ोर्स था, उसके द्वारा आसपास के जितने मकान थे, उनको ख़ाली करवा कर, सभी को सुरक्षित दूरी पर भेजा गया.”

    अधिकारी पाल ने कहा, “हमने दोनों तरफ़ से आग बुझाने की कोशिशें शुरू कीं. जब तक दो-तीन मकान और गाड़ियों में आग फैल चुकी थी. क्योंकि, सिलेंडर ब्लास्ट होकर दूर-दूर तक उड़ रहे थे. जिसके कारण आग चारों तरफ़ फैल रही थी.”

    “हमने चारों तरफ़ से आग को बुझाने की कोशिश की. आग को पूरी तरह से बुझा दिया है. घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.”

    स्थानीय निवासी ईशांत चौहान ने बताया, “साढ़े चार बजे के आसपास सिलेंडरों में आग लग गई थी. महिलाएं बच्चे लेकर भाग रही थीं. जनता के बीच दहशत का माहौल था.”

  7. अमेरिका में एक विमान क्रैश हुआ, घरों और गाड़ियों में लगी आग

    फ़िल्डेल्फ़िया में प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, City of Philadelphia Office of Emergency Management

    इमेज कैप्शन, फ़िलाडेल्फ़िया में आबादी वाले इलाक़े में प्लेन क्रैश हुआ है

    अमेरिका के उत्तर-पूर्व फ़िलाडेल्फ़िया में भीड़भाड़ वाले इलाक़े में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है जिसकी वजह से कई घरों और वाहनों में आग लग गई.

    ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि विमान क्रैश होने की वजह से ज़मीन पर भी लोग घायल हुए हैं.

    अधिकारियों ने कहा है कि यह दुर्घटना शुक्रवार शाम हुई. इस दौरान विमान पर कई लोग सवार थे. शाम के व्यस्त समय के दौरान आपातकालीन सेवाओं के दल दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए. उन्होंने जनता से अपील की है कि वो दुर्घटनास्थल से दूर रहें.

    हालांकि, विमान के क्रैश होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. विमान पर कौन सवार था या कोई ज़िंदा बचा है, इन बातों का पता भी अभी नहीं लग पाया है.

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, यह विमान दुर्घटना रुज़वेल्ट मॉल से कुछ दूरी पर हुई. यह एक तीन मंज़िला शॉपिंग सेंटर है, जो पेंसिल्वेनिया शहर के घनी आबादी वाले इलाक़े में है.

    फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक़, विमान लियरजेट 55 ने नॉर्थ-ईस्ट फ़िलाडेल्फ़िया एयरपोर्ट से शाम को लगभग साढ़े छह बजे (स्थानीय समयानुसार) उड़ान भरी थी और क़रीब चार मील से भी कम दूरी पर यह क्रैश हो गया.

  8. कनाडा, मेक्सिको और चीन पर लगेगा इतना टैरिफ़, व्हाइट हाउस ने की घोषणा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ लगाने पर फ़ैसला लिया.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको, कनाडा और चीन पर शनिवार से टैरिफ़ लगाने का फ़ैसला किया है. यह जानकारी व्हाइट हाउस की ओर से दी गई है.

    इसके मुताबिक़, मेक्सिको पर 25 फ़ीसदी, कनाडा पर 25 फ़ीसदी और चीन पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया जाएगा. राष्ट्रपति ट्रंप पिछले कुछ समय से लगातार टैरिफ़ के मुद्दे पर अपना पक्ष रखते रहे हैं.

    मेक्सिको, कनाडा और चीन पर टैरिफ़ लगाने के बाद ट्रंप ने यह भी कहा है कि भविष्य में उनकी योजना यूरोपियन यूनियन पर भी टैरिफ़ लगाने की है. उनका मानना है कि इस गुट ने अमेरिका के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया है.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कनाडा और मेक्सिको पर ड्यूटी बढ़ाए जाने की वजह बताई है.

    लेविट ने कहा, “कनाडा और मेक्सिको ने हमारे देश में अवैध फेंटेनाइल का वितरण किया, जिसने 10 लाख़ अमेरिकियों की जान ली है.”

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.