टी20: पांड्या और दुबे की तूफ़ानी पारी की बदौलत भारत जीता, इंग्लैंड पर 3-1 से बनाई अजेय बढ़त

शुक्रवार को रोमांचक मैच में भारत ने इंग्लैंड को 15 रनों से हराकर पांच टी-20 मैचों को सिरीज़ में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. बजट सत्र : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर क्या कहा

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फ़ाइल फ़ोटो)

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को बजट सत्र 2025-26 की शुरुआत के मौके पर दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की संयुक्त बैठक को संबोधित किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक राष्ट्रपति ने कहा, '' सरकार ने वन नेशन, वन इलेक्शन और वक़्फ़ बोर्ड जैसे मुद्दों पर बड़े कदम बढ़ाए हैं. सरकार ने एक दशक में 'विकसित भारत' की यात्रा को नई ऊर्जा दी है.''

    राष्ट्रपति ने कहा, ''आज कई वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनें संचालित हो रही हैं. पिछले छह माह में 17 नई वंदे भारत और एक नमो भारत ट्रेन को जोड़ा गया है.”

    आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी. इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद परिसर में मीडिया से बातचीत की थी.

  2. बजट सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने बजट सत्र के पहले अपनी बात रखी.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संसद के बजट सत्र शुरू होने से पहले संसद परिसर मीडिया से बात की.

    पीएम ने कहा, “साथियो, देश की जनता ने मुझे तीसरी बार यह दायित्व दिया है. इस तीसरे कार्यकाल का, यह पहला पूर्ण बजट है.”

    “मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047, जब आज़ादी के सौ साल होंगे, विकसित भारत का जो संकल्प देश ने लिया है, यह बजट सत्र, यह बजट एक नया विश्वास पैदा करेगा.''

    पीएम मोदी ने कहा, “यह हमें नई ऊर्जा देगा कि देश जब आज़ादी के 100 साल मनाएगा तब विकसित होकर रहेगा. 140 करोड़ देशवासी अपने सामूहिक प्रयास से इस संकल्प को पूरा करेंगे.”

    दरअसल, बजट सत्र 2025-26 का आगाज़ गुरुवार से होगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी.

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी.

  3. संसद के बजट सत्र की शुरुआत आज से, कल पेश होगा बजट

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को पेश करेंगी बजट

    संसद के बजट सत्र की शुरुआत आज यानी शुक्रवार से होने जा रही है. 11 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी.

    दोपहर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी.

    दोपहर 12 बजे इस आर्थिक सर्वेक्षण को लोकसभा में पेश किया जाएगा जबकि दोपहर दो बजे इसे राज्यसभा में प्रस्तुत किया जाएगा.

    वहीं बजट शनिवार को पेश किया जाएगा.

    आर्थिक सर्वेक्षण दस्तावेज वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के आर्थिक डिविजन द्वारा मुख्य आर्थिक सलाहकार की देख रेख में तैयार किया जाता है.

    इसमें अर्थव्यवस्था की स्थिति और अगले वित्तीय वर्ष को लेकर कुछ दृष्टिकोण होते हैं.

  4. जिस गुट में भारत, उस पर डोनाल्ड ट्रंप ने साधा निशाना

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स देशों को टैरिफ़ को लेकर चेतावनी दी.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए एक बार फिर से ब्रिक्स गुट पर निशाना साधा है. यह पहली बार नहीं है, जब ट्रंप ने ब्रिक्स को आड़े हाथों लिया है.

    ब्रिक्स को पश्चिम विरोधी गुट के रूप में देखा जाता है, जिसमें चीन, रूस, भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ़्रीका थे. लेकिन इस गुट का अब विस्तार हुआ है और इसमें यूएई, ईरान और इंडोनेशिया जैसे देश भी शामिल हो गए हैं.

    ट्रंप ने शुक्रवार को लिखा, “ब्रिक्स देश डॉलर से दूरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं और अब तक हम यह देखते रहे हैं. लेकिन अब वो समय ख़त्म हो चुका है.

    उन्होंने लिखा, “ब्रिक्स देश इस बात को सुनिश्चित करें कि न तो वे कोई नई मुद्रा बनाएंगे और ना ही अमेरिकी डॉलर के बजाए किसी और मुद्रा का समर्थन करेंगे. अगर इस बात को सुनिश्चित नहीं करते हैं तो उन्हें 100 फ़ीसदी टैरिफ का सामना करना पड़ेगा. इसके अलावा उन्हें बेहतरीन अमेरिकी अर्थव्यवस्था बाहर होना पड़ेगा.''

    ट्रंप ने लिखा, “ब्रिक्स के देश किसी अन्य देश की ओर रुख़ कर सकते हैं. इसकी कोई संभावना नहीं है कि ब्रिक्स अंतरराष्ट्रीय व्यापार या कहीं और अमेरिकी डॉलर की जगह किसी और मुद्रा को लाए. जो भी देश ऐसी कोशिश करेगा, वो टैरिफ़ को न्योता देगा और अमेरिका से बाहर हो जाएगा.”

  5. अमेरिकी प्लेन क्रैशः ख़तरनाक स्थितियों के कारण गोताख़ोरों ने ऑपरेशन रोका

    पोटोमैक नदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोताख़ोर पोटोमैक नदी में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल थे लेकिन ये अभियान अभी रोक दिया गया है

    अमेरिका में बुधवार रात अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान की हवा में ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर से टक्कर हो गई थी.

    इस हादसे में सभी 64 लोगों की मौत हो गई थी. टक्कर के बाद विमान पोटोमैक नदी में गिर गया था.

    नदी में लोगों के शवों को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था. मगर अब ख़बर आई है कि गोताख़ोर दल ने ख़तरनाक परिस्थितियों के चलते यह ऑपरेशन अभी रोक दिया है.

    यह जानकारी बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ ने दी है. गोताख़ोरों का मानना है कि वो उन तमाम स्थानों को खंगाल चुके हैं, जहां तक वे सुरक्षित पहुंच सकते थे.

    अमेरिकी कोस्ट गार्ड नदी में एयरक्राफ़्ट का मलबा हटाने में मदद करने के लिए तैयार है ताकि गोताख़ोर प्लेन क्रैश में मारे गए लोगों के शव खोज पाएं.

    नदी में क्रैश हुए विमान का मलबा हटने के बाद जब परिस्थितियां सुरक्षित हो जाएंगी तो उसके बाद गोताख़ोर दोबारा अपना अभियान शुरू करेंगे.

  6. अमेरिकी प्लेन क्रैश: अधिकारियों ने कहा-विमान का ब्लैक बॉक्स मिला

    अमेरिकी विमान हादसा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी प्लेन क्रैश मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है. अधिकारियों ने बताया है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान विमान का फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर मिल गया है, जिसे ब्लैक बॉक्स कहा जाता है.

    यह जानकारी बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ को एक सूत्र ने दी है.

    ब्लैक बॉक्स के ज़रिए यह पता लगाया जा सकेगा कि आख़िर गड़बड़ कहां हुई.

    सीबीएस के अनुसार, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ़्टी बोर्ड लैब में ब्लैक बॉक्स की जांच की जाएगी.

    दरअसल, बुधवार रात लगभग नौ बजे अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी के पास अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान की हवा में ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर से टक्कर हो गई थी. इसमें सभी 64 लोगों की मौत हो गई थी.

    बॉम्बिर्डियर कंपनी का ये सीआरजे 700 विमान कैन्सस से वॉशिंगटन की ओर जा रहा था.

    अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ टक्कर के बाद विमान हवा में ही दो हिस्सों में टूटकर पोटोमैक नदी में गिर गया. इसके बाद नदी में तलाश और बचाव अभियान शुरू किया गया.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.