एशिया कप 2025 में भारत ने पांचवें ओवर में ही यूएई को नौ विकेट से हराया

भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में जीत के साथ आग़ाज़ किया है. एशिया कप 2025 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने यूएई को नौ विकेट से शिकस्त दी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, पोलैंड की सेना बोली- 'हवाई सीमा का उल्लंघन करने वाले रूसी ड्रोन को मार गिराया गया'

    डोनाल्ड टस्क

    इमेज स्रोत, Nathan Laine/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, पीएम टस्क ने कहा है कि वह रक्षा मंत्रालय के संपर्क में हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा है कि "पोलैंड की हवाई सीमा का कई बार उल्लंघन होने" के बाद सैन्य अभियान चलाया जा रहा है.

    उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि वह "रक्षा मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में हैं" और उन्हें सीधे ऑपरेशनल कमांडर से रिपोर्ट मिली है.

    इससे पहले पोलैंड की सेना ने कहा कि यूक्रेन में रूसी हमलों के दौरान "ड्रोन जैसी अज्ञात वस्तुओं से बार-बार देश की हवाई सीमा का उल्लंघन" हुआ है.

    इसके कुछ देर बाद सेना ने बताया कि उसने ड्रोन जैसे दिखने वाले 'औज़ारों' को मार गिराया है और इनका पता लगाने के लिए अभियान जारी है.

    सेना की ऑपरेशनल कमांड ने एक अन्य पोस्ट में कहा, "पोलैंड और सहयोगी देशों के विमान हमारी हवाई सीमा में काम कर रहे हैं, जबकि ज़मीनी एयर डिफ़ेंस और रडार हाई अलर्ट पर हैं."

    रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, पोलैंड ने अपने चार हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया है, जिनमें राजधानी वारसॉ का सबसे बड़ा एयरपोर्ट भी शामिल है.

    उधर, अमेरिकी सीनेटर क्रिस मर्फ़ी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर रूसी "हवाई हथियार के किसी नेटो देश के ऊपर उड़ने" की रिपोर्ट्स सच हैं तो यह "बहुत ही गंभीर" मामला होगा.

    हालांकि मर्फ़ी ने यह भी माना कि यूक्रेन के नज़दीक होने की वजह से पोलैंड कई बार इस जंग की चपेट में आ चुका है.

  2. ट्रंप ने क़तर में हमास के नेताओं पर हुए इसराइली हमले पर कहा- 'मैं बहुत ख़ुश नहीं हूं'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि मध्य-पूर्व में वह किसी भी घटना को लेकर हैरान नहीं होते

    क़तर की राजधानी दोहा में हमास के नेताओं पर हुए इसराइली हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह इससे 'बहुत ख़ुश नहीं हैं'.

    मंगलवार को जब एक पत्रकार ने उनसे दोहा में इसराइली हमले के बारे में सवाल पूछा, तो ट्रंप ने कहा, "मैं इससे बहुत ख़ुश नहीं हूं. यह अच्छी स्थिति नहीं है, लेकिन मैं इतना ज़रूर कहूंगा कि हम बंधकों को छुड़ाना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा, "जिस तरह से यह सब हुआ, उससे हम ख़ुश नहीं हैं."

    एक और सवाल पर ट्रंप ने कहा, "मुझे किसी भी चीज़ पर हैरानी नहीं होती, ख़ासतौर पर जब बात मध्य-पूर्व की हो." उन्होंने कहा कि वह इस मसले पर गुरुवार को पूरा बयान जारी करेंगे.

    इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा था, "अमेरिकी सेना ने ट्रंप प्रशासन को बताया था कि इसराइल हमास के नेताओं पर हमला कर रहा है."

    उन्होंने बताया, "हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने इसराइल के प्रधानमंत्री और क़तर के अमीर और प्रधानमंत्री से बात की. इस फ़ोन कॉल के दौरान विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ भी मौजूद रहे."

  3. हमास का दावा, दोहा में हुए इसराइली हमले में 'वार्ता टीम' की हत्या की कोशिश नाकाम

    दोहा में इसराइली हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    फ़लस्तीनी हथियारबंद समूह हमास ने कहा है कि क़तर की राजधानी दोहा में हुए इसराइली हवाई हमले में उसके पांच सदस्य मारे गए हैं.

    लेकिन संगठन ने यह दावा भी किया कि सीज़फ़ायर के लिए बातचीत कर रही टीम की हत्या की कोशिश "नाकाम" रही है.

    हमास का कहना है कि जब दोहा में एक रिहाइशी इमारत में ज़बरदस्त धमाके हुए, उस वक्त बातचीत करने वाली टीम ग़ज़ा पट्टी में जंग रोकने के लिए अमेरिका के ताज़ा प्रस्ताव पर चर्चा कर रही थी.

    हमास ने बिना कोई सबूत पेश किए एक बयान में कहा, "बातचीत करने वाले प्रतिनिधिमंडल के हमारे भाइयों की हत्या की दुश्मन ने नाकाम कोशिश की है, हम इसकी पुष्टि करते हैं."

    हमास ने इस हमले में मारे गए उसके पांच सदस्यों के नाम बताए हैं, जिनमें ख़लील अल-हया के बेटे हुमाम और हया के दफ़्तर के डायरेक्टर जिहाद लबाद शामिल हैं.

    हमास ने यह भी कहा कि वह इस हमले के लिए अमेरिकी प्रशासन को "संयुक्त रूप से ज़िम्मेदार" मानता है, क्योंकि उसने इसराइली फ़ौज को समर्थन दिया है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह हमला "पूरी तरह जायज़" था, क्योंकि इसके निशाने पर हमास के वे वरिष्ठ नेता थे जिन्होंने 7 अक्तूबर 2023 को इसराइल पर हमला करवाया था.

    क़तर ने इसराइली हमले की निंदा की और उसे "कायराना" और "अंतरराष्ट्रीय क़ानून का खुला उल्लंघन" बताया.

  4. ट्रंप बोले, जारी रहेगी भारत-अमेरिका के बीच बातचीत, 'अच्छे दोस्त पीएम मोदी से करूंगा बात'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Nathan Howard/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि उन्हें भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत सफल रहने की उम्मीद है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के लिए आने वाले हफ़्तों में उनके और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बातचीत होगी.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, "मैं यह बताते हुए ख़ुश हूं कि भारत और अमेरिका, व्यापारिक रुकावटों को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं."

    उन्होंने कहा, "आने वाले हफ़्तों में मैं अपने बहुत अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के लिए उत्सुक हूं. मुझे पूरा यक़ीन है कि हमारे दोनों महान देशों के लिए एक सफल नतीजे तक पहुंचने में कोई मुश्किल नहीं होगी."

    भारत और अमेरिका के बीच कई दौर की बातचीत के बाद भी व्यापार समझौता नहीं हो पाया है. अगस्त महीने की शुरुआत में ट्रंप ने भारत पर कुल 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया था, जो कि मौजूदा वक्त पर लागू है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.