एशिया कप 2025 में भारत ने पांचवें ओवर में ही यूएई को नौ विकेट से हराया

भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में जीत के साथ आग़ाज़ किया है. एशिया कप 2025 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने यूएई को नौ विकेट से शिकस्त दी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. एशिया कप 2025 में भारत ने पांचवें ओवर में ही यूएई को नौ विकेट से हराया

    भारतीय क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में जीत के साथ आग़ाज़ किया है. एशिया कप 2025 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने यूएई को नौ विकेट से शिकस्त दी.

    पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी यूएई की टीम 57 रनों पर ही सिमट गई थी.

    इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने केवल 4.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.

    भारत की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए ​अभिषेक शर्मा ने 30 और शुभमन गिल ने 20 रनों की पारी खेली. जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने तीन तीन विकेट चटकाए.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल ने अब यमन में हूतियों के ठिकानों पर किए हमले

    यमन में इसराइली हमला

    इमेज स्रोत, EPA

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने यमन में हमले किए हैं. वहीं, यमन के सशस्त्र बल ने एक बयान में कहा है कि देश के एयर डिफ़ेंस ने सतह से हवा में मार करने वाली कई मिसाइलें दागीं और इसराइली हमले को रोका.

    एक्स पर एक पोस्ट में आईडीएफ़ ने कहा है कि उनकी वायुसेना यमन के सना और अल-जॉफ़ इलाक़े में 'सैन्य अड्डों' पर हमले किए हैं, जहां हूती सदस्यों के होने की जानकारी मिली थी.

    आईडीएफ़ ने कहा है कि उसने हूती के मिलिट्री प्रोपेगेंडा डिपार्टमेंट के मुख्यालय को भी निशाना बनाया है और साथ में एक फ़्यूल स्टोरेज साइट पर भी हमला किया है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी और रॉयटर्स ने कहा है कि हमलों में कई लोगों की मौत हुई है.

    एक दिन पहले ही इसराइल ने क़तर की राजधानी दोहा में हमास के नेताओं को निशाना बनाते हुए हमला किया था.

    अक्तूबर 2023 से शुरू हुई ग़ज़ा जंग के दौरान हूती कई बार इसराइल पर मिसाइलें दाग चुके हैं. साथ ही लाल सागर और अदन की खाड़ी में हूतियों ने कई कमर्शियल जहाज़ों पर हमले किए.

    उनका कहना है कि वह ग़ज़ा में फ़लस्तीनियों के पक्ष में एकजुटता के लिए इसराइल को निशाना बना रहे हैं.

  4. 'मंदिर देखने गए थे लेकिन ये यात्रा डरावना सपना बन गई', नेपाल में फंसे भारतीयों की आपबीती, सईदुज़्ज़्मान, बीबीसी हिन्दी के लिए

    नेपाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पिछले दो दिनों से हिंसा और आगजनी के बाद नेपाल में बुधवार को थोड़ी शांति देखी गई

    नेपाल का काठमांडू एयरपोर्ट बुधवार को फिर से तो खुल गया लेकिन शहर में अभी भी कर्फ्यू है और नेपाल घूमने आए भारतीय पर्यटक वहां फंसे हुए हैं.

    वीणा सक्सेना के माता-पिता भी उन्हीं पर्यटकों में से हैं.

    उन्होंने बीबीसी हिन्दी को बताया कि उनका परिवार 21 लोगों के ग्रुप के साथ सात सितंबर को दिल्ली से नेपाल गया था. वे वहां पशुपतिनाथ, पोखरा और मुक्तिनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे थे.

    वह कहती हैं, “सात तारीख को नेपाल पहुंचे, अगले दिन घूमने निकले. लौटते वक्त प्रदर्शन शुरू हो गया. लोकल पुलिस ने रोका, लेकिन जब बताया कि टूरिस्ट हैं, तो जाने दिया. तब से वे लोग होटल में फंसे हैं.”

    “वहां से जेल बस 250 मीटर दूर है. पूरी रात अपराधियों ने उत्पात मचाया, फिर सेना ने थोड़ा नियंत्रण किया. अब लग रहा है कि शायद अपराध कम हो, लेकिन दंगे जारी हैं. आगजनी है, पत्थरबाज़ी है, हालात बेहद खराब हैं.”

    वीणा ने बताया कि इस ग्रुप में छह-सात सीनियर सिटीज़न हैं, जिन सबकी उम्र 60 साल से ऊपर है. इनमें से तीन से चार लोग दिल के मरीज़ हैं, किसी को डायबिटीज़ है, किसी को हाई बीपी.

    उन्होंने कहा, “मंदिर देखने गए थे, अब ये यात्रा एक डरावना सपना बन गई है. न दवा है, न बिजली, न पानी. खाना भी नहीं है. होटल में छोटा-मोटा कुछ पका कर जैसे-तैसे काम चला रहे हैं.”

    उन्होंने बताया कि नेपाल और भारत दोनों के दूतावासों से संपर्क किया गया है, लेकिन जवाब सिर्फ यही मिला कि ‘इंतज़ार कीजिए’.

    एक और भारतीय पर्यटक, उपासना गिल भी इस हिंसा की चपेट में आ गईं. उनका वीडियो वायरल हुआ, जिसे क्रिएटर प्रफुल गर्ग ने शेयर किया.

    वीडियो में उपासना बताती हैं कि जब वह पोखरा के एक स्पा में थीं, प्रदर्शनकारियों ने उनके होटल को आग लगा दी.

    उन्होंने कहा, “मैं वॉलीबॉल टूर्नामेंट होस्ट करने नेपाल आई थी. होटल जल गया. सब कुछ उसी कमरे में था. जब आग लगी, मैं स्पा में थी. फिर कुछ लोग डंडों के साथ मुझे दौड़ाने लगे. किसी तरह जान बचाकर भागी.”

    नेपाल में सेना के सड़कों पर उतरने के बाद बुधवार को हिंसा के मामलों में कमी आई

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, नेपाल में सेना ने युवाओं से शांति और संयम की बरतने की अपील की है

    उपासना ने चेताया है कि अब टूरिस्ट भी सुरक्षित नहीं हैं.

    वह बोलीं, “सड़कों पर आग लगाई जा रही है. जो काम के लिए आए हैं, उन्हें भी नहीं बख्शा जा रहा. हम नहीं जानते कि दूसरे होटल में कितने दिन टिक पाएंगे. मैं एंबेसी से हाथ जोड़कर अपील कर रही हूं कि हमें बचाइए. हम यहां फंसे हैं, मदद की तुरंत ज़रूरत है.”

    भारतीय एंबेसी ने ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है कि फिलहाल नेपाल की यात्रा ना करें.

    एंबेसी ने इमरजेंसी नंबर भी शेयर किए हैं: +977-9808602881 और +977-9810326134 (दोनों नंबर व्हाट्स ऐप कॉल के लिए भी उपलब्ध हैं)

    भारत के विदेश मंत्रालय ने नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे बाहर न निकलें, जहां हैं वहीं रहें.

    मंत्रालय ने यह भी कहा कि नेपाल की लोकल अथॉरिटी और भारतीय एंबेसी की एडवाइज़री को फॉलो करें. इमरजेंसी में एंबेसी के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें.

  5. पोलैंड पर हमले की योजना के सवाल पर रूस ने दिया ये जवाब

    आंद्रे बेलौसोव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि पोलैंड पर हमले की कोई योजना नहीं बनाई गई है.

    यह बयान उस समय आया है जब पोलैंड ने दावा किया कि यूक्रेन पर बीती रात हुए हमलों के दौरान 19 रूसी ड्रोन उसके हवाई क्षेत्र में घुस गए.

    इसके बाद कई देशों के नेताओं ने रूस की इस कार्रवाई को हवाई सीमा का उल्लंघन बताते हुए कड़ी निंदा की.

    यूक्रेन पर हमलों को लेकर जारी बयान में रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा, "पोलैंड में कहीं भी हमला करने की कोई योजना नहीं है."

    "यूक्रेन पर हमले में इस्तेमाल किए गए यूएवी की अधिकतम सीमा 700 किमी से अधिक नहीं है."

    "फिर भी, हम इस विषय पर पोलैंड के रक्षा मंत्रालय के साथ परामर्श करने के लिए तैयार हैं."

  6. नेपाल में नौजवानों के विरोध प्रदर्शन पर चीन की ये प्रतिक्रिया आई

    लिन जियान

    इमेज स्रोत, VCG via Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान

    नेपाल में हालिया घटनाक्रम पर चीन ने प्रतिक्रिया दी है.

    बुधवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नेपाल में सभी पक्ष आंतरिक मामलों को संभालने में सक्षम हैं.

    उन्होंने कहा कि उन्हें नेपाल में "सामाजिक व्यवस्था और स्थिरता की जल्द बहाली" की उम्मीद है.

    प्रवक्ता जियान ने बताया कि विरोध प्रदर्शनों के बाद, विदेश मंत्रालय और काठमांडू स्थित चीनी दूतावास ने चीनी नागरिकों और संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना 'काउंसलर प्रोटेक्शन इमरजेंसी मैकेनिज्म' सक्रिय कर दिया है."

  7. हांग कांग के सांसदों ने समलैंगिक जोड़ों के लिए अधिक अधिकारों को नहीं दी मंज़ूरी

    विरोध

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, समलैंगिकों को और अधिकार दिए जाने का विरोध करती विधायक मैगी चैन

    हांग कांग के सांसदों ने एक विवादास्पद विधेयक को खारिज कर दिया है. यह विधेयक समलैंगिक जोड़ों को कुछ और अधिकार देने वाला था. इसे खारिज करना शहर के समलैंगिक अधिकारों के आंदोलन के लिए एक झटका माना जा रहा है.

    इस कानून के तहत विदेशों में विवाहित जोड़ों को सीमित अधिकार मिलते, लेकिन शहर की 89 सदस्यीय विधान परिषद में से 71 सदस्यों ने इसका विरोध किया.

    समलैंगिक विवाह को वैध बनाने के प्रयास को ठुकराने के बाद, सरकार ने 2023 के न्यायालय के फैसले का अनुपालन करने के लिए यह प्रस्ताव पेश किया था.

    हालाँकि हाल के वर्षों में यह शहर समलैंगिकों के लिए अधिक अनुकूल हुआ है, लेकिन एलजीबीटीक्यू के रूप में पहचान रखने वाली अनुमानित 6 प्रतिशत वयस्क आबादी के अधिकार अब भी सीमित हैं.

    हाल के सर्वेक्षणों से पता चलता है कि इस समुदाय के प्रति समर्थन बढ़ रहा है.

  8. रूस ने कहा, बिना आधार आरोप लगाते हैं नेटो और ईयू

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, EPA

    पोलैंड की हवाई सीमा के उल्लंघन को लेकर रूस ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है. रूस ने कहा कि वह इस मामले पर कुछ नहीं कहेगा.

    रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों के साथ अपने दैनिक कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा, "हम इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे. ऐसा करना हमारा काम नहीं है. यह रक्षा मंत्रालय का मामला है."

    उन्होंने कहा "यूरोपीय संघ और नेटो का नेतृत्व बिना किसी आधार के हमेशा रूस पर उकसावे का आरोप लगाते हैं."

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने ससंद को बताया है कि पोलैंड की सेना ने रात भर में देश के हवाई क्षेत्र में 19 बार ड्रोन घुसने से जुड़ी घटनाएं दर्ज कीं.

    उन्होंने कहा कि खतरे से निपटने के लिए पोलैंड और नेटो विमानों ने तीन से चार ड्रोन मार गिराए.

  9. नेपाल: 24 घंटे के बाद काठमांडू अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट खुला

    त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, (फ़ाइल फ़ोटो)

    नेपाल में युवाओं के विरोध प्रदर्शन के बीच मंगलवार दोपहर को बंद किया गया त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एक बार फिर से खुल गया है.

    हवाई अड्डे के प्रवक्ता रिंजी शेरपा ने इसकी जानकारी बीबीसी नेपाली सेवा को दी.

    दरअसल, मंगलवार को प्रदर्शन ने हिंसक मोड़ ले लिया. जगह-जगह आगजनी की वजह से उड़ान मार्ग को असुरक्षित मानते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों ही उड़ानें स्थगित कर दी गई थीं.

  10. रूसी ड्रोन गिराने के बाद पोलैंड के पीएम ने संसद को क्या-क्या बताया?

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क

    इमेज स्रोत, EPA

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अब पोलैंड में किसी भी वक्त संघर्ष छिड़ सकता है.

    प्रधानमंत्री ने संसद को बताया, "मेरे पास यह दावा करने का कोई कारण नहीं है कि हम युद्ध के कगार पर हैं, लेकिन एक सीमा पार हो चुकी है, और यह पहले से कहीं अधिक खतरनाक है."

    "यह स्थिति हमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से खुले संघर्ष के सबसे करीब ले आई है."

    उन्होंने बताया कि पोलैंड की सेना ने रात भर में देश के हवाई क्षेत्र में 19 बार रूसी ड्रोन घुसने से जुड़ी घटनाएं दर्ज कीं.

    टस्क ने संसद को बताया कि खतरे से निपटने के लिए पोलैंड ने तीन से चार ड्रोन मार गिराए.

    टस्क का कहना है कि बड़ी संख्या में ड्रोन बेलारूस से देश में आए. उन्होंने बताया कि आखिरी ड्रोन सुबह पौने छह बजे के आसपास गिराया गया था.

  11. उमर खालिद हाई कोर्ट से ज़मानत न मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे

    उमर खालिद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उमर खालिद (फ़ाइल फोटो)

    दिल्ली दंगों के अभियुक्त उमर खालिद ने हाई कोर्ट की ओर से ज़मानत ख़ारिज होने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.

    दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस शालिंदर कौर की बेंच ने 2 सितंबर को उमर ख़ालिद, शरजील इमाम और आठ अन्य अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाएँ ख़ारिज कर दी थीं.

    इनमें गुलफ़िशाँ फ़ातिमा, अतहर ख़ान, अब्दुल ख़ालिद सैफ़ी, मोहम्मद सलीम ख़ान, शिफ़ा-उर-रहमान, मीरान हैदर और शादाब अहमद की ज़मानत याचिकाएं भी शामिल थीं.

    दिल्ली पुलिस का आरोप है कि इन लोगों ने नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) के विरोध के दौरान फ़रवरी 2020 में दिल्ली में हुए सांप्रदायिक दंगों की साज़िश रची थी.

    दिल्ली दंगों से जुड़े इस मामले में कुल 20 लोग अभियुक्त हैं, जिनमें से 12 अभी जेल में हैं. छह लोग ज़मानत पर बाहर हैं और दो को फ़रार घोषित किया गया है.

    सभी अभियुक्तों पर ग़ैर क़ानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत आतंकवाद के आरोप हैं.

  12. दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रिया सचदेव कपूर से मांगी संजय कपूर की सारी संपत्तियों की जानकारी

    संजय कपूर और करिश्मा कपूर

    इमेज स्रोत, Sondeep Shankar/Getty

    इमेज कैप्शन, करिश्मा कपूर, संजय कपूर की पहली पत्नी थीं (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को आदेश दिया कि प्रिया सचदेव कपूर अपने पति संजय कपूर की सारी संपत्तियों की जानकारी दें.

    यह आदेश बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से दायर याचिका के बाद आया है.

    करिश्मा कपूर के बच्चों ने याचिका के ज़रिए अपने पिता संजय कपूर की निजी संपत्ति में हिस्सेदारी मांगी है. संजय कपूर का निधन इसी साल 12 जून को हुआ था.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, याचिका की सुनवाई करते हुए जस्टिस ज्योति सिंह ने यह आदेश सुनाया. अब इस मामले की अगली सुनवाई नौ अक्तूबर को होगी.

    समायरा कपूर और कियान राज कपूर ने यह याचिका अपने पिता की दूसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर और उनके बेटे, साथ ही दादी रानी कपूर और श्रद्धा सूरी मरवाह के ख़िलाफ़ दायर की है.

    समायरा और कियान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी पेश हुए.

    उन्होंने दलील दी कि नाबालिग़ बच्चों को अब तक प्रिया सचदेव कपूर ने यह बताया था कि संजय कपूर की कोई वसीयत नहीं है. लेकिन 30 जुलाई को हुई एक बैठक में अचानक कथित वसीयत पढ़ी गई, वह भी जल्दबाज़ी में.

  13. पोलैंड की हवाई सीमा के उल्लंघन पर यूक्रेन समेत इन देशों ने रूस की निंदा की

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने कहा कि 'कम से कम आठ ड्रोन पोलैंड की ओर भेजे गए थे'

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस के रातभर चले ड्रोन हमले यह दिखाते हैं कि वह लगातार 'सीमाओं को और आगे बढ़ा रहा है.'

    उन्होंने कहा, "रातभर चले इन हमलों में पंद्रह क्षेत्रों को निशाना बनाया गया और इसमें 415 ड्रोन और 40 से अधिक क्रूज़ व बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं."

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "रूस हमेशा सीमाओं को आगे बढ़ाता रहा है और अगर उसे कड़ा जवाब नहीं मिलता, तो वह नई बढ़त पर ही बना रहता है."

    उन्होंने आगे कहा, "आज एक और बढ़त हुई है. रूसी-ईरानी 'शाहेद' ड्रोन पोलैंड के हवाई क्षेत्र, यानी नेटो के हवाई क्षेत्र में उड़ते पाए गए. यह सिर्फ़ एक 'शाहेद' ड्रोन नहीं था जिसे ग़लती माना जा सके, बल्कि कम से कम आठ ड्रोन पोलैंड की ओर भेजे गए थे."

    पोलैंड की हवाई सीमा के उल्लंघन पर बाल्टिक और नॉर्डिक देशों ने चिंता जताई और पोलैंड का समर्थन किया.

    पोलैंड के सहयोगी नेटो सदस्य देशों ने बयान जारी कर एकजुटता और चिंता व्यक्त की है. स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ़ क्रिस्टरसन ने कहा कि पोलैंड के हवाई क्षेत्र का रूस की ओर से किया गया उल्लंघन "अस्वीकार्य" है.

    लातविया के राष्ट्रपति एडगर्स रिंकेविच्स ने एक्स पर पोस्ट कर पोलैंड और उसके सहयोगियों का "समर्थन" किया. वहीं, नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ आइड ने भी रूस की इस कार्रवाई को "बेहद चिंताजनक और पूरी तरह अस्वीकार्य" बताया.

  14. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. पोलैंड का 'रूसी ड्रोन्स' के ख़िलाफ़ ऑपरेशन: नेटो और नीदलैंड्स के लड़ाकू विमान हुए शामिल

    पोलैंड के सेना प्रमुख और पुलिस प्रमुख

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पोलैंड के आर्मी चीफ़ जनरल वीस्लॉ कुकुला और पुलिस के कमांडर-इन-चीफ़ मारेक बोरोन, प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ एक बैठक में मौजूद थे

    पोलैंड की सेना ने बताया है कि देश के हवाई क्षेत्र में दाख़िल होने वाले ड्रोन्स को मार गिराने के बाद ऑपरेशन को समाप्त कर दिया गया है.

    सेना ने पोलैंड के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एफ़-35 लड़ाकू विमानों को तैनात करने पर नेटो की एयर कमांड और नीदरलैंड्स का शुक्रिया अदा किया है.

    एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए सेना ने यह भी बताया कि 'ड्रोन्स' को जिन इलाक़ों में मार गिराया गया है, उन जगहों की खोज की जा रही है.

    सेना ने कहा, "नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हम अपील करते हैं कि अगर कोई अज्ञात वस्तु या उसका मलबा दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और न ही उसे छुएं. ऐसी चीज़ें ख़तरा पैदा कर सकती हैं और इनमें हानिकारक पदार्थ हो सकते हैं."

    इससे पहले पोलैंड की सेना ने बताया था कि यूक्रेन में रूसी हमलों के दौरान "ड्रोन जैसी अज्ञात वस्तुओं से बार-बार देश की हवाई सीमा का उल्लंघन" हुआ है, जिसके बाद सेना ने ऑपरेशन शुरू किया है.

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भी जानकारी दी थी कि "पोलैंड की हवाई सीमा का कई बार उल्लंघन होने" के बाद सैन्य अभियान चलाया जा रहा है.

  16. नेपाल: मंगलवार को हुई आगजनी पर अभी भी काबू पाने की हो रही कोशिश, जानिए कैसे हैं हालात, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता, भारत-नेपाल सीमा से (रक्सौल)

    नेपाल में हिंसा

    इमेज स्रोत, BBC/Sandeep Yadav

    इमेज कैप्शन, बीरगंज की नगर पालिका के दफ़्तर में मंगलवार को आग लगा दी गई थी

    भारत की सीमा से सटे नेपाल के बीरगंज में कर्फ़्यू लगा है और जगह-जगह पुलिस बल तैनात हैं. मंगलवार को हुई हिंसा और आगजनी के निशान यहां हर तरफ़ साफ़ नज़र आते हैं.

    शहर के लगभग हर चौराहे पर जले हुए टायरों की राख है. कई जगह इमारतों में तोड़फोड़ नज़र आती है.

    बीरगंज की नगर पालिका के दफ़्तर से मंगलवार सुबह भी धुआं उठ रहा था और अग्निशमन दल के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे थे. यहां दर्जनों वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया.

    आगजनी के समय यहां मौजूद रहे एक नगर पालिका कर्मी ने अपना नाम न ज़ाहिर करते हुए बीबीसी को बताया, "क़रीब दो सौ युवाओं की भीड़ ने हमला किया और हर जगह आग लगा दी. वे बहुत आक्रामक थे. पुलिस पूरी तरह नदारद थी और उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था. किसी ने वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसका मोबाइल तोड़ दिया."

    नगर पालिका कार्यालय में रखे सभी दस्तावेज़ भी जलकर राख हो गए हैं.

    नेपाल में हिंसा

    इमेज स्रोत, BBC/Sandeep Yadav

    इमेज कैप्शन, नेपाल में बुधवार सुबह से कर्फ़्यू का माहौल है

    बीरगंज शहर के मेयर समेत कई राजनेताओं के घरों में आग लगा दी गई है. नेपाल के क़ानून मंत्री अजय चौरसिया के घर को भी जला दिया गया.

    शहर में तनावपूर्ण शांति है और सैन्य बल मार्च कर रहे हैं.

    भारत से सटी सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है और वाहनों के अलावा दोनों तरफ़ से पैदल आने वाले लोगों को भी आने-जाने नहीं दिया जा रहा है.

  17. ट्रंप ने यूरोपीय संघ से भारत और चीन पर 100 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की अपील की, पीटर हॉस्किन्स, बीबीसी बिजनेस संवाददाता

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ से अपील की है कि वह चीन और भारत पर 100 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाए.

    ट्रंप और यूरोपीय संघ की इस बातचीत से परिचित एक सूत्र ने बीबीसी को यह जानकारी दी है.

    ट्रंप ने यह अपील रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए मजबूर करने के उनके प्रयासों के तहत की है.

    रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के विकल्पों पर मंगलवार को अमेरिका और यूरोपीय संघ के अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के दौरान ट्रंप ने यह मांग रखी. फ़ाइनेंशियल टाइम्स ने सबसे पहले इसे रिपोर्ट किया था.

    यह प्रस्ताव ऐसे समय पर आया है जब ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. दूसरी ओर रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज़ कर दिए हैं.

    ट्रंप के इस प्रस्ताव से पहले अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि अमेरिका आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए तैयार है, लेकिन उसे मज़बूत यूरोपीय समर्थन की ज़रूरत है.

    ट्रंप ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि वह इस हफ़्ते या अगले हफ़्ते की शुरुआत में पुतिन से फ़ोन पर बात करने की योजना बना रहे हैं.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट कर यह भी कहा कि भारत और अमेरिका, व्यापारिक रुकावटों को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं और आने वाले हफ़्तों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की वह योजना बना रहे हैं.

    इस पोस्ट के जवाब में, पीएम मोदी ने कहा, "भारत और अमेरिका गहरे दोस्त और स्वाभाविक साझेदार हैं. मुझे भरोसा है कि व्यापार को लेकर हमारी बातचीत भारत-अमेरिका के बीच साझेदारी की अपार संभावनाओं को आगे ले जाने के लिए रास्ता दिखाएगी."

  18. पूर्व अमेरिकी अधिकारी बोले- 'पोलैंड में रूसी ड्रोन्स की गतिविधि, नेटो के लिए एक परीक्षा'

    जिम टाउनसेंड
    इमेज कैप्शन, जिम टाउनसेंड, अमेरिकी रक्षा विभाग के पूर्व अधिकारी हैं. उन्होंने बीबीसी न्यूज़डे से बात की है.

    अमेरिकी रक्षा विभाग के पूर्व अधिकारी जिम टाउनसेंड का कहना है कि पोलैंड के हवाई क्षेत्र में रूसी ड्रोन्स की घुसपैठ को ग़लती मानना ​​मुश्किल है.

    बीबीसी न्यूज़डे से बातचीत में उन्होंने कहा, "एक ड्रोन ग़लती है, कई ड्रोन ग़लती नहीं हैं. हमें पोलैंड को यह समझने के लिए और समय देना होगा कि वे क्या खोज रहे हैं और उनकी क्या राय है."

    टाउनसेंड ने कहा, "लेकिन यह एक परीक्षा से भी कहीं ज़्यादा है. यह एक ऐसी परीक्षा है जिसका जवाब नेटो को देना होगा."

    टाउनसेंड का कहना है कि यह अच्छी ख़बर है कि स्थिति पोलैंड और नेटो के पूरी तरह से नियंत्रण में है.

    उन्होंने कहा, "उन्हें पोलैंड के रडार ने पकड़ लिया है और नेटो ने तुरंत कार्रवाई शुरू की है. अब नेटो के राजनीतिक पक्ष को यह सुनिश्चित करना है कि उसकी प्रतिक्रिया उचित हो."

    इससे पहले पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने बताया था कि "पोलैंड की हवाई सीमा का कई बार उल्लंघन होने" के बाद सैन्य अभियान चलाया जा रहा है.

    पोलैंड की सेना ने बताया कि उसने ड्रोन जैसे दिखने वाले 'औज़ारों' को मार गिराया है और इनका पता लगाने के लिए अभियान जारी है.

  19. क़तर में हुए इसराइली हमलों पर भारत ने दी यह प्रतिक्रिया

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, MEA

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मामले में संयम बरतने और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    क़तर में हुए इसराइली हमलों में हमास के नेताओं को निशाना बनाए जाने पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, "हमने दोहा में इसराइली हमलों से जुड़ी रिपोर्ट्स देखी हैं. हम इस घटनाक्रम और क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर इसके प्रभाव को लेकर चिंतित हैं."

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम संयम और कूटनीति की अपील करते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को कोई ख़तरा न रहे."

    मंगलवार को इसराइल ने क़तर की राजधानी दोहा में हमास के सीनियर नेताओं को निशाना बनाकर हमला किया. हमास ने इस हमले की निंदा की है.

    वहीं, क़तर ने इसे "कायराना" और "अंतरराष्ट्रीय क़ानून का खुला उल्लंघन" बताया.

    जबकि, इसराइल का कहना है कि यह हमला "पूरी तरह जायज़" था, क्योंकि इसके निशाने पर हमास के वे वरिष्ठ नेता थे जिन्होंने 7 अक्तूबर 2023 को इसराइल पर हमला करवाया था.

  20. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर ट्रंप के बयान के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ये कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Kiyoshi Ota/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि वह और राष्ट्रपति ट्रंप भारत-अमेरिका के लोगों के लिए एक उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत सफल रहने की उम्मीद जताई है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, "भारत और अमेरिका गहरे दोस्त और स्वाभाविक साझेदार हैं. मुझे भरोसा है कि व्यापार को लेकर हमारी बातचीत भारत-अमेरिका के बीच साझेदारी की अपार संभावनाओं को आगे ले जाने के लिए रास्ता दिखाएगी. हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही हैं."

    उन्होंने कहा, "मैं भी राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत के लिए उत्सुक हूं. हम दोनों देशों के लोगों के लिए एक उज्जवल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे."

    राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी के इस पोस्ट को ट्रुथ सोशल पर शेयर किया है.

    इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका, व्यापारिक रुकावटों को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं.

    उन्होंने कहा, "आने वाले हफ़्तों में मैं अपने बहुत अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के लिए उत्सुक हूं. मुझे पूरा यक़ीन है कि हमारे दोनों महान देशों के लिए एक सफल नतीजे तक पहुंचने में कोई मुश्किल नहीं होगी."