ईरान-इसराइल तनाव के बीच ओमान में होने वाली परमाणु वार्ता रद्द, अब तक क्या-क्या हुआ?

ओमान दोनों देशों (अमेरिका और ईरान) के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता को लेकर मध्यस्थता कर रहा है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और अंशुल सिंह

  1. अमेरिका ने ईरान को दी चेतावनी और कहा- इसराइल ने हमले से पहले जानकारी दी थी

    अमेरिकी ब्यूरो अधिकारी मैकॉय पिट

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी ब्यूरो अधिकारी मैकॉय पिट ने कहा है कि ईरान को यह मामला शांति से सुलझाना चाहिए

    अमेरिकी ब्यूरो अधिकारी मैकॉय पिट ने कहा है कि ईरान पर हमले से पहले इसराइल ने अमेरिका को इसकी जानकारी दी थी और इसराइल ने अमेरिका से कहा था कि ये उनकी आत्म-रक्षा के लिए ज़रूरी है.

    पिट ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कहा, "अमेरिका को इन हमलों के बारे में पहले से ही जानकारी दी गई थी, लेकिन अमेरिका की इन हमलों में कोई सैन्य भागीदारी नहीं है."

    "हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता अमेरिकी नागरिकों, कर्मचारियों और सैनिकों की सुरक्षा है."

    अगर ईरान ने अमेरिकी लोगों, ठिकानों या संसाधनों पर हमला किया, तो पिट ने चेतावनी दी कि इसके गंभीर नतीजे होंगे.

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका चाहता है कि ईरान बातचीत के लिए तैयार हो और इस मामले को शांति से सुलझाया जाए.

    पिट ने कहा, "ईरान के नेताओं के लिए यही सही समय है कि वे बातचीत का रास्ता अपनाएं."

    वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से उसके परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने के लिए कहा है और चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसराइल और भी कड़ा हमला कर सकता है.

  2. ईरान और इसराइल के बीच बढ़े हालिया तनाव के बाद अब तक क्या-क्या हुआ?

    ईरान और इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल और ईरान दोनों ने एक-दूसरे पर हवाई हमले किए हैं

    इसराइल ने शुक्रवार को ईरान में अलग-अलग जगहों पर हमले किए, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इसराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव के हालात बने हुए हैं.

    ईरान और इसराइल के बीच बढ़े तनाव के बाद से क्या -क्या हुआ, यहां जानिए-

    - शनिवार तड़के ईरान और इसराइल के बीच हवाई हमले हुए. इन हवाई हमलों के बाद तेल अवीव और यरूशलम में सायरन बजने लगे और ईरान की राजधानी तेहरान में धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं.

    - ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि उन्होंने इसराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया तो वहीं आईडीएफ़ का दावा है कि इन मिसाइलों में कुछ को उन्होंने मार गिराया.

    - ईरान के सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई ने इसराइल की ओर से किए गए हमलों पर कहा था कि ईरान इसराइल को भारी चोट पहुंचाएगा.

    - ईरान की ओर से इसराइल पर की गई जवाबी कार्रवाई में 40 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है.

    - संयुक्त राष्ट्र में ईरान के दूत ने कहा है कि इसराइली हमलों में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों समेत 78 लोग मारे गए हैं और 320 लोग घायल हुए हैं.

    - अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से उसके परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने के लिए कहा है और चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसराइल और भी ज़्यादा कड़ा हमला कर सकता है.

    - वहीं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ईरान और इसराइल से 'तनाव को रोकने और शांति का रास्ता' अपनाने की अपील की है.

  3. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने ईरान और इसराइल से की ये अपील

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों देशों से तनाव कम करने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ईरान और इसराइल से 'तनाव को रोकने और शांति का रास्ता' अपनाने की अपील की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "इसराइल का ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला, जवाबी कार्रवाई में ईरान का तेल अवीव पर मिसाइल दागना. अब बहुत हो गया. समय आ गया है कि इसे रोका जाए. शांति और कूटनीति का रास्ता अपनाया जाए."

    यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि उन्होंने इसराइली राष्ट्रपति आइज़ैक हर्ज़ोग से पूरे मामले पर बात की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "मैं दोहराती हूं कि इसराइल के पास ख़ुद को और अपने लोगों की रक्षा करने का अधिकार है. इसी के साथ क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखना भी बहुत ज़रूरी है."

    उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ये भी कहा कि उन्होंने दोनों पक्षों से संयम बरतने और तनाव को कम करने की अपील की है.

    इसराइल ने शुक्रवार को ईरान में अलग-अलग जगहों पर हमले किए, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इसराइल पर बैलिस्टिक मिसाइल दागी.

    इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव के हालात बने हुए हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.