अहमदाबाद प्लेन क्रैश: दुर्घटनास्थल पर पीएम मोदी के दौरे से लेकर ब्लैक बॉक्स मिलने तक, आज क्या-क्या हुआ?

गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून की दोपहर को एयर इंडिया की फ्लाइट 171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. ये बोइंग 787-8 विमान था. कल हुए इस विमान हादसे के बाद आज क्या-क्या हुआ, यहां जानिए.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: दुर्घटनास्थल पर पीएम मोदी के दौरे से लेकर ब्लैक बॉक्स मिलने तक, आज क्या-क्या हुआ?

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून की दोपहर को एयर इंडिया की फ्लाइट 171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. ये बोइंग 787-8 विमान था. इस विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई है. विमान एक रिहायशी इलाके में क्रैश हुआ था, जिसके कारण कई अन्य लोगों की भी मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

    कल हुए इस विमान हादसे के बाद आज क्या-क्या हुआ, यहां जानिए-

    - भारत के सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू किंजरापु ने बताया कि दुर्घटनास्थल से विमान का फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) बरामद कर लिया गया है, जिससे घटना की जांच में मदद मिलेगी.

    - एआई-171 अहमदाबाद विमान दुर्घटना के मद्देनज़र भारत के डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने एयर इंडिया को बोइंग 787-8 और 787-9 बेड़े के गहन सुरक्षा निरीक्षण के निर्देश दिए हैं.

    - विमान में सवार लोगों में से एकमात्र ज़िंदा बचे यात्री, विश्वास कुमार रमेश, जो ब्रिटिश नागरिक हैं, ने डीडी न्यूज़ को बताया कि उन्होंने विमान के क्रू मेंबर्स और दूसरे यात्रियों को अपनी आंखों के सामने मरते देखा.

    - भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया और घायलों से अस्पताल में मुलाक़ात की. पीएम मोदी गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिवार से भी मिले. इस विमान हादसे में विजय रूपाणी का निधन हो गया.

    - बीजे मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल की डीन डॉ. मीनाक्षी पारिख ने बताया कि जिस क्षेत्र में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहाँ आठ लोगों की मौत हुई है.

  3. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: एयर इंडिया ने बताया- भारत पहुंचे ब्रिटेन और अमेरिका के जांचकर्ता

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एयर इंडिया का मालिकाना हक़ रखने वाले टाटा ग्रुप के एक इंटरनल मेमो के मुताबिक़ अहमदाबाद विमान हादसे की जांच के लिए ब्रिटेन और अमेरिका के जांचकर्ता भारत आ चुके हैं.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कल ब्रितानी जांचकर्ताओं के अहमदाबाद रवाना होने की जानकारी दी थी.

    टाटा ग्रुप के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन के मेमो में कहा गया है कि जांचकर्ताओं को "हमारा पूरा सहयोग मिलेगा, और हम निष्कर्षों के बारे में पूरी तरह पारदर्शी रहेंगे."

    इसमें कहा गया है, "आपकी तरह हम भी समझना चाहते हैं कि क्या हुआ. अभी हमें नहीं पता, लेकिन हम जान लेंगे. यह एक कठिन क्षण है, लेकिन हम अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेंगे, सही काम करने से पीछे नहीं हटेंगे."

    टाटा ग्रुप ने कल अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे के मृतकों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी.

    टाटा ग्रुप ने ये भी कहा था कि कंपनी घायलों के इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी और ये सुनिश्चित करेगी कि उन्हें सभी ज़रूरी सहायता मिले.

  4. पिछले दो साल में अहमदाबाद-लंदन गैटविक की 25 उड़ानें भर चुका था दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का जो बोइंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उस विमान ने दुर्घटना से पहले एक साल में 700 से अधिक उड़ानें पूरी की थीं. फ्लाइटराडार24 के डेटा से ये पता चला है.

    एयर इंडिया का यह विमान 11 साल पुराना था और इसके ज़्यादातर कॉमन रूट्स में मुंबई और दुबई के साथ-साथ नई दिल्ली और मिलान, पेरिस और एम्स्टर्डम जैसे यूरोपीय गंतव्यों के लिए उड़ानें शामिल थीं.

    पिछले दो वर्षों में इस विमान ने अहमदाबाद-लंदन गैटविक के बीच 25 उड़ानें भरी थीं.

    गुरुवार की दोपहर को अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट 171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, ये विमान बोइंग 787-8 था. विमान में कुल 242 लोग सवार थे, इनमें से 241 लोगों की मौत हो गई.

    विमान एक रिहायशी इलाके में क्रैश हुआ, जिसके कारण कई अन्य लोगों की भी मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

  5. असम के धुबरी में तनावः सीएम हिमंत ने उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के दिए आदेश, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को राज्य के धुबरी ज़िले में 'सांप्रदायिक तनाव फैला रहे उपद्रवियों' को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए हैं.

    मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा है कि, धुबरी में 'एक विशेष वर्ग के लोग' मंदिरों को क्षति पहुंचाने की नीयत से सक्रिय हो चुके हैं.

    मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल को तैनात किया गया है.

    बांग्लादेश की सीमा से सटे धुबरी में सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं पिछले रविवार से ही सामने आ रही है. बकरीद के दिन से ही धुबरी में तनाव पैदा हो गया था.

    पुलिस ने बताया कि धुबरी शहर में रविवार को एक हिंदू मंदिर परिसर के पास एक पशु के अवशेष मिलने के बाद फैले सांप्रदायिक तनाव के सिलसिले में 22 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    इस तरह की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू करने के साथ ही कई तरह के कदम उठाए जिससे बीते मंगलवार तक स्थिति नियंत्रित हो गई थी.

    इसके बाद मुख्यमंत्री सरमा ने शुक्रवार को इलाके का दौरा किया और उन्होंने मीडिया के सामने कहा, "मैंने मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के लिए आज इलाके का दौरा किया और रात के समय देखते ही गोली मारने के आदेश जारी किए हैं."

    इस सांप्रदायिक तनाव और देखते ही गोली मारने के आदेश पर धुबरी के जिला उपायुक्त दिबाकर नाथ ने बीबीसी हिंदी से कहा, "हमने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है. लेकिन जो लोग मंदिरों में मांस वगैरह फेंकने की कोशिश करेंगे उनको देखते ही गोली मारने का आज आदेश जारी किया गया है."

    इससे पहले सीएम हिमंत ने धुबरी की घटना को लेकर सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए.

    उन्होंने एक पोस्ट में लिखा,"इस बार ईद पर कुछ असामाजिक तत्वों ने धुबरी के हनुमान मंदिर में गौ मांस फेंक कर घृणित और निंदनीय अपराध किया है. आगामी ईद पर अगर आवश्यकता पड़ी, तो मैं खुद रात भर हनुमान बाबा के मंदिर में पहरेदारी करूंगा.."

    उन्होंने एक और पोस्ट में लिखा, "मैं आज धुबरी में हालात का जायज़ा लेने गया था, और अगर आवश्यकता पड़ी तो फिर से जाऊंगा. मैंने धुबरीवासियों को आश्वस्त किया कि किसी को भी डरकर जीने की ज़रूरत नहीं है. असम सरकार आपके साथ है."

    मुख्यमंत्री ने लिखा, "हाल ही में असम राज्य और बांग्लादेश में कुछ राजनीतिक परिवर्तन हुए हैं. इसके बाद एक विशेष वर्ग ऑनलाइन और ऑन ग्राउंड स्तर पर अत्यधिक सक्रिय हो गया है और एक सुनियोजित नकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास कर रहा है."

    इससे पहले सीएम ने रविवार को कहा था कि बकरीद पर अवैध रूप से मवेशियों का वध करने के आरोप में राज्य में 16 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    धुबरी लोकसभा सीट से ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल लगातार तीन बार सांसद चुने गए थे. लेकिन पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस के रकिबुल हुसैन ने लाखों के अंतर से हरा दिया था. तब से धुबरी और निचले असम की राजनीति न केवल बदल रही है, बल्कि काफी गरमाई हुई है.

  6. कार्टून: शांति की तलाश में

    कार्टून

    कई देशों के बीच जारी तनाव पर आज का कार्टून.

  7. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गुजरात के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है. सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने इसकी जानकारी दी है.

    राम मोहन नायडू किंजरापु ने एक्स पर पोस्ट किया, "एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल से फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) 28 घंटे के अंदर बरामद कर लिया है. यह जांच में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे घटना की जांच में काफी मदद मिलेगी."

  8. अहमदाबाद विमान हादसे पर चीन ने शोक जताया, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने क्या कहा

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर चीन ने दुख जताया है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चीनी सरकार और चीन के लोगों की ओर से इस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर संवेदना जाहिर की है.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने एक्स पर पोस्ट किया, "चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई भारी क्षति पर संवेदना व्यक्त की."

    "राष्ट्रपति शी ने यह जानकर दुख व्यक्त किया कि दुर्घटना में भारी क्षति हुई है. चीनी सरकार और लोगों की ओर से उन्होंने जानमाल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की, घायलों और शोक संतप्त परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की."

    "चीनी प्रीमियर ली कियांग ने भी पीएम मोदी को शोक संदेश भेजा."

  9. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: एकमात्र जीवित बचे यात्री ने कहा- 'मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं ज़िंदा कैसे बच गया'

    अहमदाबाद विमान हादसे के एकमात्र जीवित यात्री

    इमेज स्रोत, DD News

    इमेज कैप्शन, विश्वास कुमार रमेश सीट 11A पर बैठे थे

    अहमदाबाद विमान हादसे में एकमात्र जीवित बचे यात्री विश्वास कुमार रमेश का कहना है कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि वो ज़िंदा कैसे बच गए.

    अहमदाबाद में कल एयर इंडिया का जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसमें कुल 242 लोग थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत हो गई है.

    इस दुर्घटना में एक ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश एकमात्र जीवित बचे यात्री हैं. वे लंदन जाने वाली बोइंग 787 फ्लाइट में सीट 11A पर बैठे थे.

    डीडी न्यूज़ ने रमेश से बात की, जिनका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    उन्होंने कहा, "मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि मैं कैसे ज़िंदा बच गया. पहले तो मुझे लगा कि मैं मरने वाला हूँ. मैंने अपनी आँखें खोलीं, अपनी सीट बेल्ट खोली और विमान से बाहर निकलने की कोशिश की."

    रमेश ने कहा कि वे विमान में जिस तरफ़ बैठे थे, वह हॉस्टल की इमारत से नहीं टकराया था और वो ग्राउंड फ़्लोर के नज़दीक था.

    उन्होंने कहा, "मेरा दरवाज़ा टूट गया था और मैंने एक छोटी सी जगह देखी. मैंने विमान से बाहर निकलने की कोशिश की."

    रमेश का कहना है कि उन्होंने विमान के चालक दल और यात्रियों को अपनी आँखों के सामने मरते हुए देखा. उन्होंने कहा कि उनके बाएँ हाथ में जलने के निशान हैं और उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया.

    शुक्रवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिविल अस्पताल में रमेश से मुलाकात की, जहां उनका इलाज चल रहा है.

  10. अपनी पत्नी और पोती की ख़बर का इंतजार करते कैफ़ेटेरिया कर्मचारी प्रह्लाद, योगिता लिमये,अहमदाबाद से

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश
    इमेज कैप्शन, प्रह्लाद ठाकोर की दो साल की पोती आद्या

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद जब बीबीसी की टीम ने अस्पताल का दौरा किया तो हमारी मुलाक़ात 50 वर्षीय प्रह्लाद ठाकोर से हुई, जो डॉक्टरों के अस्पताल के कैफ़ेटेरिया में काम करते हैं.

    जिस समय विमान इमारत से टकराया, तब वे लंचबॉक्स की डिलीवरी कर रहे थे लेकिन उन्हें अपनी 45 वर्षीय पत्नी सरला ठाकोर और उनकी दो वर्षीय पोती आद्या के बारे में कोई ख़बर नहीं है, जो वहां मौजूद थीं.

    सरला
    इमेज कैप्शन, प्रहलाद ठाकोर की पत्नी सरला

    ठाकोर ने कल अस्पताल में अपना डीएनए सैंपल जमा कराया और डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि शवों से उनके सैंपल का मिलान करने में 72 घंटे लगेंगे.

    हम यहां लोगों को अस्पताल आते देख रहे हैं, जिन्हें ये नहीं पता है कि उनके परिजनों के साथ क्या हुआ, वे सिर्फ डीएनए टेस्ट रिज़ल्ट का इंतजार कर रहे हैं.

  11. गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के परिवार से मिले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के परिवार से मुलाकात की. कल अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में विजय रूपाणी का निधन हो गया.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "यह कल्पना से परे है कि विजयभाई हमारे बीच नहीं हैं. मैं उन्हें दशकों से जानता था. हमने साथ मिलकर काम किया."

    "विजयभाई विनम्र और मेहनती थे, पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध थे. पद पर बढ़ते हुए, उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियाँ संभालीं और गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर लगन से काम किया."

    पीएम मोदी ने लिखा, "उन्हें जो भी भूमिका सौंपी गई, उसे उन्होंने बखूबी निभाया. चाहे वह राजकोट नगर निगम में हो, राज्यसभा सांसद के रूप में हो, गुजरात भाजपा अध्यक्ष के रूप में हो या राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में हो."

    पीएम मोदी ने विजय रूपाणी के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना जाहिर की है.

    प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद में उस जगह भी पहुंचे, जहां बृहस्पतिवार को एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. इस दुर्घटना में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हुई है.

    विमान में सवार लोगों के अलावा कम से कम आठ और लोगों की भी मौत हुई है.

  12. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: कुछ ही महीनों में रिटायर होने वाले थे कैप्टन सुमित सभरवाल

    कैप्टन सुमित सभरवाल

    एयर इंडिया के विमान हादसे में मारे गए कैप्टन सुमित सभरवाल को विमान उड़ाने का करीब तीन दशक का अनुभव था. उन्हें आठ हजार दो सौ घंटों से ज़्यादा उड़ान का अनुभव था.

    कैप्टन सभरवाल इस उड़ान के सबसे वरिष्ठ क्रू सदस्य थे. वह लाइन ट्रेनिंग कैप्टन भी थे. यह पद केवल सबसे अनुभवी पायलटों को दिया जाता है, जो युवा क्रू सदस्यों को सलाह देते हैं.

    इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 60 वर्षीय पायलट के रिटायर होने में बस कुछ ही महीने बचे थे. इसके बाद वह अपने 82 वर्षीय पिता के साथ समय बिताने की योजना बना रहे थे. इनके पिता नागरिक विमानन नियामक निकाय के पूर्व अधिकारी थे.

    मुंबई में सभरवाल के पड़ोसी ने बताया, "वह बहुत ही संकोची और अनुशासित व्यक्ति थे. उन्हें हम अक्सर वर्दी में आते-जाते देखते थे"

    विमान के सह पायलट और प्रथम अधिकारी क्लाइव कुंदर ने करीब एक हज़ार 100 घंटे की उड़ान भरी थी और उन्हें ड्रीमलाइनर उड़ाने का सर्टिफिकेट भी मिला हुआ था.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थें.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. एयर इंडिया के ब्लैक बॉक्स की तलाश जारी, पीएम मोदी ने किया दुर्घटनास्थल का दौरा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयर इंडिया विमान दुर्घटनास्थल का दौरा किया

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश से जुड़ी ताज़ा अपडेट

    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में शुक्रवार को दुर्घटनास्थल का दौरा किया. दुर्घटना में 240 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई.
    • एयर इंडिया विमान दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पीएम मोदी दुर्घटना में घायल लोगों से मिलने के लिए अस्पताल गए.
    • मारे गए लोगों के परिजन अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में शवों की पहचान कर रहे हैं. अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इसमें सवार 242 लोगों में से एक को छोड़कर सभी की मौत हो गई, जब यह विमान डॉक्टरों के छात्रावास से टकरा गया था.
    • एयर इंडिया विमान दुर्घटना में जीवित बचे एक मात्र ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
    • एयर इंडिया विमान दुर्घटना में 60 वर्षीय कैप्टन सुमित सभरवाल की भी मौत हो गई है. उन्हें आठ हज़ार दौ सौ घंटों से अधिक उड़ान का अनुभव था.
    • ब्रिटेन में विमान दुर्घटना में मारे गए ब्रिटिश नागरिकों को ग्लूसेस्टर और नॉर्थम्पटनशायर में श्रद्धांजलि दी गई.
    • एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि इस दुर्घटना में उस रिहायशी इलाके के आठ लोग मारे गए जहां ये विमान गिरा था.
    • जांचकर्ता अभी भी दो ब्लैक बॉक्स की खोज कर रहे हैं, जिससे अधिक जानकारी मिल पाएगी.
  15. एयर इंडिया विमान दुर्घटना : बेटे को बचाने के प्रयास में झुलसी मां, योगिता लिमये,अहमदाबाद से

    BBC
    इमेज कैप्शन, अपने बेटे आकाश के साथ मां सीताबेन

    अस्पताल में जहां मृतकों और घायलों को लाया गया है, वहां हमें बहुत ही हृदय विदारक कहानियां सुनने को मिल रही हैं.

    अस्पताल में हमने 15 साल के लड़के आकाश की मौत के बारे में सुना है, जो उस इमारत में रहता था जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है. वह यहां के एक कैफेटेरिया में काम करता था.

    कैफेटेरिया में ही उसकी मां सीता बेन भी काम करती थी, इस दुर्घटना के दौरान जब वह उसे बचाने के लिए अंदर गई तो गंभीर रूप से जल गईं और अब उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    हमने आकाश के बड़े भाई कल्पेश से मुलाकात की जो बहुत ही दुखी थे. वह अपने छोटे भाई और मां की तस्वीर को देखकर बेसुध होकर रो रहे थे.

    दुर्घटना स्थल के पास मौजूद आकाश के पिता ने बताया कि उन्होंने जोरदार धमाका सुना लेकिन जब तक वह वहां पर पहुंचें, हर जगह से धुआं ही धुआं ​निकल रहा था.

    उनकी पत्नी को पहले ही अस्पताल पहुंचाया जा चुका था और फिर उन्हें जानकारी मिली कि उनका बेटा नहीं बच पाया.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, अहमदाबाद हादसे में विमान में सवार लोगों के अलावा कम से कम आठ की मौत, अधिकारी ने की पुष्टि, विकास पांडे, अहमदाबाद से

    आपातकालीन केंद्र

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आपातकालीन केंद्र पर रिश्तेदार इंतजार कर रहे हैं जहां वे डीएनए नमूने दे रहे हैं

    गुरुवार को अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान क्रैश होने से इसमें सवार लोगों के अलावा कम से कम आठ और लोगों की मौत हुई है.

    अहमदाबाद में एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बीबीसी से इसकी पुष्टि की है.

    इनमें से चार मेडिकल स्टूडेंट्स थे, जो उन इमारतों में से एक में रह रहे थे जिनसे विमान टकराया.

    बाकी चार हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों के रिश्तेदार थे.

  17. एयर इंडिया विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, मिली थी बम की धमकी

    एयर इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    थाईलैंड में हमारे सहयोगियों ने ये जानकारी दी है कि फुकेट से नई दिल्ली के लिए आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI379 को बम की धमकी के बाद वापस एयरपोर्ट डाइवर्ट कर दिया गया.

    फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से बताया गया है कि पायलट ने स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े नौ बजे एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल यानी एटीसी को अलर्ट किया था कि उन्हें विमान में बम की धमकी मिली है.

    इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के लिए निवेदन किया गया.

    फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों के मुताबिक, 156 यात्रियों के साथ विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह सवा नौ बजे उड़ान भरी थी और ये अब सुरक्षित लैंड कर गया है.

  18. 'पिता का अंतिम संस्कार कर के लौट रहा था मेरा भतीजा', अहमदाबाद हादसे में अपनों को खोने वालों का ग़म, समीरा हुसैन, अहमदाबाद से

    दुःखी महिला

    अहमदाबाद में अस्पताल के बाहर हमारी मुलाकात इस दुःखी महिला से हुई. इनके 25 वर्षीय भतीजे की एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मौत हो गई है.

    वह ब्रिटेन में रहते थे और अपने पिता का अंतिम संस्कार करने के लिए भारत आए थे. पिता का निधन 29 मई को हुआ था.

    वह अपनी पत्नी के पास वापस लौट रहे थे, लेकिन गुरुवार को यह हादसा हो गया.

    अस्पताल में महिला की चीखें गूंज रही थीं. यहां ऐसे कई दृश्य देखने को मिलेंगे, जो अपने परिवार के सदस्य और प्रियजनों की पहचान के लिए अस्पताल पहुंचे हैं.

  19. LIVE: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद कैसे हैं हालात, सिविल अस्पताल के बाहर से बीबीसी संवाददाता की रिपोर्ट

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  20. ईरान पर इसराइल के हमले के बाद एयर इंडिया की कई उड़ानें प्रभावित

    एयर इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल के ईरान पर किए गए हमले के बाद एयर इंडिया ने यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए कई उड़ानों का मार्ग बदल दिया है. साथ ही कई विमानों को वापस भी बुला लिया गया है.

    एयर इंडिया ने इस असुविधा के लिए खेद ज़ाहिर करते हुए सभी प्रभावित उड़ानों की जानकारी जारी दी है.

    एयर इंडिया ने कहा है कि हम यात्रियों की सुविधा का हर संभव ख्याल रख रहे हैं. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

    एयर इंडिया ने सलाह दी है कि उड़ान की स्थिति वह उसकी वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं. इसराइल के हमले के बाद ईरान ने अपना वायु क्षेत्र बंद कर दिया है.