''कभी हार मत मानो'', हार के बाद अपने पहले भाषण में कमला हैरिस ने क्या-क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं. डोनाल्ड ट्रंप को जीत मिली है. जानिए हार के बाद अपने पहले भाषण में कमला हैरिस ने क्या-क्या कहा?

सारांश

लाइव कवरेज

शिल्पा ठाकुर और अश्वनी पासवान

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, डोनाल्ड ट्रंप ने जीता अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव जीते ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप ने बहुमत हासिल कर लिया है. डोनाल्ड ट्रंप को 279 इलेक्टोरल वोट हासिल कर लिये हैं.

    वहीं कमला हैरिस ने 219 इलेक्टोरल वोट जीते हैं.

    ट्रंप ने अमेरिका के सात में से चार स्विंग स्टेट्स में जीत हासिल कर ली है. इनमें जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलाइना, विस्कॉन्सिन और पेन्सिलवेनिया शामिल हैं.

    अमेरिका में कुल 538 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हैं, बहुमत के लिए 270 वोट की ज़रूरत होती है.

    जॉर्जिया और नॉर्थ कैरोलाइना में 16-16 इलेक्टोरल वोट हैं. जबकि पेन्सिलवेनिया में सबसे अधिक 19 इलेक्टोरल वोट हैं.

    इन तीन के अलावा अन्य स्विंग स्टेट्स नेवाडा, मिशिगन और एरिज़ोना हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के फ्लोरिडा में समर्थकों से क्या-क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप ने

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी जीत का एलान किया (फाइल फोटो)

    डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी चुनाव में फ्लोरिडा में समर्थकों को संबोधित करते हुए अपनी जीत का एलान किया है.

    ट्रंप के भाषण की बड़ी बातें:

    • मतदाताओं का धन्यवाद किया- मैं 45वां और 47वां राष्ट्रपित चुने जाने पर अमेरिकी लोगों का धन्यवाद करता हूं.
    • ट्रंप ने कहा, "अमेरिका ने हमें अभूतपूर्व और शक्तिशाली बहुमत दिया है."
    • जेडी वेंस अच्छा विकल्प रहा- ट्रंप ने जेडी वेंस की सराहना की. वेंस ने भी इस दौरान ट्रंप की तारीफ करते हुए कहा कि अमेरिकी इतिहास में ट्रंप ने सबसे अच्छी राजनीतिक वापसी की है. रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने जेडी वेंस को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था.
    • एलन मस्क स्टार हैं- अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर अपनी जीत का एलान करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण में एलन मस्क को 'शानदार इंसान' बताया.
    • ट्रंप ने कहा, "ये अमेरिका के लोगों के लिए शानदार जीत है. जो हमें अमेरिका को फिर से महान बनाने में सक्षम बनाएगी."

    डोनाल्ड ट्रंप का पूरा भाषण यहां सुनें

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  3. डोनाल्ड ट्रंप को यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने दी बधाई, क्या कहा?

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत की अभी तक औपचारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन उन्हें दुनियाभर के नेताओं ने इसकी बधाई देना शुरू कर दिया है. इस सूची में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की भी हैं..

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप को चुनाव में शानदार जीत के लिए बधाई."

    ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, "मुझे सितंबर में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई शानदार मुलाकात याद है. इस दौरान हमने यूक्रेन-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी, विक्ट्री प्लान और यूक्रेन के ख़िलाफ़ रूस की आक्रामकता को समाप्त करने के तरीके पर चर्चा की."

    "वैश्विक मामले में ट्रंप की 'शक्ति के माध्यम से शांति' की प्रतिबद्धता की हम सराहना करते हैं. ये वो ही सिंद्धात है जो कि यूक्रेन को शांति के क़रीब ला सकता है. मुझे उम्मीद है कि हम इसे मिलकर पूरा करेंगे."

    हाल ही में ज़ेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को ख़त्म करने के लिए ‘विक्ट्री प्लान’ पेश किया. इसमें नेटो में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण, रूस के अंदर लंबी दूरी तक हमला करने को लेकर सहयोगी देशों के प्रतिबंधों को हटाना और रूस के कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ जारी रखना शामिल हैं.

    सितंबर में ज़ेलेंस्की से मिलने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, "यह युद्ध जल्द समाप्त होना चाहिए क्योंकि यूक्रेन और उसके राष्ट्रपति बड़ी कठिनाइयां झेल रहें हैं."

    वहीं ज़ेलेंस्की ने कहा, "इस दौर में अमेरिका मज़बूती के साथ खड़ा रहा है और उन्हें उससे पूरी उम्मीद है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  4. ट्रंप ने संबोधन में एलन मस्क को 'नया सितारा' बताया

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने एलन मस्क की तारीफ की

    अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर अपनी जीत का एलान करने के बाद रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण में एलन मस्क का भी ज़िक्र किया.

    सोशल मीडिया साइट एक्स के मालिक मस्क ट्रंप के चुनावी प्रचार अभियान में बड़ी भूमिका निभाते दिखे थे.

    ट्रंप ने मस्क को रिपब्लिकन पार्टी का 'नया सितारा' बताया.

    ट्रंप ने उन्हें एक शानदार शख़्स भी बताया.

    वहीं, कुछ देर पहले ही एलन मस्क ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, "अमेरिका की जनता ने बदलाव के लिए डोनाल्ड ट्रंप को स्पष्ट बहुमत दिया है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में ट्रंप ने अपनी जीत का एलान किया है लेकिन अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है.

  5. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी चुनाव के नतीजों पर क्या कहा?

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ने डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बयान दिया (फाइल फोटो)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को बुधवार को बधाई दी.

    शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दूसरे कार्यकाल के लिए मिली ऐतिहासिक जीत पर बधाई! मैं पाकिस्तान-अमेरिकी संबंधों को मजबूत और व्यापक बनाने के लिए आने वाले प्रशासन के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं."

    डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में समर्थकों को संबोधित करते हुए अपनी जीत का एलान किया है, लेकिन उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है.

    जीत के लिए 538 में से 270 वोट की ज़रूरत होती है. इसकी तरफ डोनाल्ड ट्रंप बढ़ रहे हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  6. इसराइली पीएम नेतन्याहू ने डोनाल्ड ट्रंप को 'इतिहास की सबसे बड़ी जीत' के लिए दी बधाई

    ट्रंप के साथ नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Benjamin Netanyahu/X

    इमेज कैप्शन, नेतन्याहू ने ट्रंप को बधाई दी

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना के बीच डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया को जीत की बधाई दी है.

    नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा है, "इतिहास की सबसे बड़ी वापसी की शुभकामनाएं."

    उन्होंने लिखा, "व्हाइट हाउस में आपकी ऐतिहासिक वापसी अमेरिका के लिए एक नई शुरुआत है. ये इसराइल और अमेरिका के महान गठजोड़ के लिए एक शक्तिशाली प्रतिबद्धता को दोहराता है. ये बहुत विशाल जीत है. आपके सच्चे दोस्त. बिन्यामिन और सारा नेतन्याहू."

    डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए फ्लोरिडा में अपनी जीत का एलान कर दिया है. लेकिन उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  7. पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को दी बधाई, बताया दोस्त

    पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Narendramodi/X

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने ट्रंप को दी बधाई

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है.

    उन्होंने कहा, "ऐतिहासिक चुनावी जीत के लिए मेरे दोस्त डोनाल्ड ट्रंप को हार्दिक बधाई."

    पीएम मोदी ने कहा, "आपके पिछले कार्यकाल की सफलताओं की तरह ही, मैं भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए हमारे सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं. आइए मिलकर अपने लोगों के कल्याण, वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए काम करें."

    बता दें, डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में समर्थकों को संबोधित करते हुए अपनी जीत का एलान किया है. हालांकि उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  8. ट्रंप ने जीत के एलान के बाद पत्नी मेलानिया समेत पूरे परिवार को कहा शुक्रिया

    डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में समर्थकों के बीच अपनी जीत का एलान किया

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में समर्थकों के बीच अपनी जीत का एलान किया

    रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी जीत के एलान के साथ ही पत्नी मेलानिया ट्रंप को शुक्रिया कहा.

    उन्होंने मेलानिया को अमेरिका की फर्स्ट लेडी भी बताया.

    ट्रंप ने मेलानिया की लिखी किताब की तारीफ की और कहा, "वह देश की नंबर वन बेस्ट सेलर किताब है. इन्होंने (मेलानिया) बेहतरीन काम किया है. ये लोगों की मदद के लिए भी काफी मेहनत करती हैं."

    इसके साथ ही ट्रंप ने अपने बच्चों को शुक्रिया कहा. स्टेज पर अपने साथ खड़े अपने बच्चों का नाम लेते हुए ट्रंप ने उनकी तारीफ की.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  9. अमेरिकी चुनाव नतीजे: ट्रंप ने जीत का एलान किया, कहा- अमेरिका ने शक्तिशाली बहुमत दिया

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा में अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे हैं. वो पत्नी मेलानिया ट्रंप और कैंपेन स्टाफ के साथ स्टेज पर पहुंचे.

    ट्रंप ने कहा, "हम अपने देश को उबारने में मदद करेंगे."

    ट्रंप ने कहा कि ये अमेरिका के लिए "स्वर्ण युग" होगा.

    उन्होंने कहा, "ये अमेरिका के लोगों के लिए शानदार जीत है. जो हमें अमेरिका को फिर से महान बनाने में सक्षम बनाएगी."

    बता दें, ट्रंप के कैंपेन का नारा था- मेक अमेरिका ग्रेट अगेन. यानी अमेरिका को फिर से महान बनाना है. ट्रंप ने अपनी जीत की घोषणा कर दी है. हालांकि इसकी अभी आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं हुई है.

    ट्रंप ने कहा, "अमेरिका ने हमें अभूतपूर्व और शक्तिशाली बहुमत दिया है."

    ट्रंप फ्लोरिडा के कैंपेन मुख्यालय में अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे हैं. यहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें सुनने के लिए पहुंचे हैं.

    उन्होंने भीड़ से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एक दिन वो पीछे मुड़कर देखेंगे और कहेंगे कि ये "उनकी ज़िंदगी के सबसे अहम दिन थे."

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  10. ट्रंप के लिए मंच तैयार, पेन्सिलवेनिया में जीत के साथ ही फ्लोरिडा में जुटी पूर्व राष्ट्रपति के समर्थकों की भीड़

    ट्रंप के संबोधन के लिए मंच तैयार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, समर्थकों को संबोधित करने आएंगे ट्रंप

    अमेरिका की सात में से तीन स्विंग स्टेट में जीत के बाद रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फ्लोरिडा में संबोधन की खबरों के बीच यहां उनके समर्थक जुट रहे हैं.

    ये माना जा रहा है कि ट्रंप फ्लोरिडा के अपने चुनावी कैंपेन मुख्यालय में आएंगे.

    ट्रंप के लिए मंच तैयार है. उनके साथ उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जेडी वेंस भी आ सकते हैं.

    इसके साथ ही अमेरिका के कई हिस्सों से उनके समर्थकों की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं, जो जश्न मनाते नज़र आ रहे हैं.

    कुछ लोग एमएजीए (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन- ट्रंप के चुनावी अभियान वाला नारा) टोपी पहने हुए हैं, जबकि बाक़ी अमेरिकी झंडे में लिपटे हुए हैं. देखिए जश्न मनाते उनके समर्थकों की तस्वीरें-

    जश्न मनाते ट्रंप समर्थक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेस्ट पाम बीच पर जश्न मनाते ट्रंप समर्थक
    ट्रंप समर्थक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ्लोरिडा में ट्रंप के संबोधन का इंतज़ार करते उनके समर्थक
    ट्रंप समर्थक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विस्कॉन्सिन में जश्न मनाते ट्रंप समर्थक
    ट्रंप समर्थक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ्लोरिडा में जश्न मनाते ट्रंप समर्थक

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  11. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: कौन आगे और कौन चल रहा पीछे?

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव
  12. ट्रंप नॉर्थ कैरोलाइना के बाद दूसरे स्विंग स्टेट जॉर्जिया में भी जीते

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दो स्विंग स्टेट्स में जीते ट्रंप

    अमेरिका के सात स्विंग स्टेट्स में से दो में पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने जीत हासिल कर ली है.

    ट्रंप नॉर्थ कैरोलाइना और जॉर्जिया में जीते हैं. इन दोनों ही राज्यों में 16-16 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हैं.

    सात स्विंग स्टेट में से पांच के नतीजे अभी आना बाकी हैं. शुरुआती प्रोजेक्शन बताते हैं कि इन सभी पांच राज्यों में भी ट्रंप ही बढ़त बनाए हुए हैं.

    स्विंग स्टेट उन राज्यों को कहा जाता है, जहां चुनाव में हार या जीत काफ़ी करीबी अंतर से होती है.

    स्विंग स्टेट्स के नाम हैं- एरिज़ोना, जॉर्जिया, मिशिगन, नेवाडा, नॉर्थ कैरोलाइना, पेन्सिलवेनिया और विस्कॉन्सिन.

    वहीं अमेरिका के अलास्का और हवाई राज्य को छोड़ बाकी सभी में वोटिंग समाप्त हो गई है. अब वोटों की गिनती जारी है.

    अभी तक का प्रोजेक्शन बताता है कि डोनाल्ड ट्रंप के पास 246 इलेक्टोरल कॉलेज के वोट हैं, जबकि कमला हैरिस के पास 187 इलेक्टोरल कॉलेज के वोट हैं.

    जीत के लिए 538 में से 270 वोट की ज़रूरत होती है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  13. कमला हैरिस को अब तक अमेरिका के किन राज्यों में मिली है जीत?

    डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस

    इस वक़्त दुनिया की नज़र अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों पर है. जहां मतों की गिनती जारी है, कहीं कमला हैरिस की जीत हुई है तो कहीं डोनाल्ड ट्रंप की.

    लेकिन रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्विंग स्टेट्स के नॉर्थ कैरोलाइना में अपनी जीत हासिल करने के बाद बाक़ी के भी स्विंग राज्यों में आगे बढ़ते दिख रहे हैं.

    कई ऐसे राज्य हैं जहां डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस जीत चुकी हैं या आगे चल रही हैं.

    कमला हैरिस ने अब तक जीते ये राज्य:

    • वर्मोंट
    • डेलावेयर
    • रोड आइलैंड
    • न्यूयॉर्क
    • इलिनॉय
    • कोलोराडो
    • कैलिफ़ोर्निया
    • ओरेगन
    • वॉशिंगटन
    • हवाई
    • वर्जीनिया
    • न्यू मैक्सिको

    अमेरिका में कुल 538 इलेक्टोरल वोट होते हैं, जिनमें जीत के लिए 270 वोट की ज़रूरत होती है.

  14. कमला हैरिस ने वोटों की गिनती के बीच रद्द किया अपना संबोधन

    कमला हैरिस दो स्विंग स्टेट में ट्रंप से हार गई हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कमला हैरिस दो स्विंग स्टेट में ट्रंप से हार गई हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के बीच कमला हैरिस ने अपना आज होने वाला संबोधन कैंसिल कर दिया है.

    कमला हैरिस के कार्यालय के बाहर बड़ी तादाद में उनके समर्थक जुटे थे लेकिन उनके चुनावी अभियान से जुड़े एक वरिष्ठ सदस्य ने ये बताया है कि हैरिस आज अपना संबोधन देने नहीं आएंगी.

    कमला हैरिस के दफ्तर के बाहर पहले जोश से भरे कार्यकर्ताओं में अब वो उत्साह नहीं दिख रहा है.

    वोटों की गिनती जारी है और कमला हैरिस के प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप ने दो स्विंग स्टेट्स जीत लिए हैं. इनमें नॉर्थ कैरोलाइना और जॉर्जिया शामिल हैं.

  15. डोनाल्ड ट्रंप नॉर्थ कैरोलाइना जीते लेकिन बाकी स्विंग स्टेट में क्या स्थिति है?

    ट्रंप और हैरिस के बीच मुकाबला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्विंग स्टेट्स में ट्रंप आगे हैं

    अमेरिका के अगले राष्ट्रपति को चुनने के लिए वोटों की गिनती जारी है. अधिकतर स्विंग स्टेट्स में डोनाल्ड ट्रंप आगे हैं.

    ट्रंप नॉर्थ कैरोलाइना जीत चुके हैं और जॉर्जिया, पेन्सिलवेनिया में भी वो जीत सकते हैं. ये वे राज्य हैं जहां अधिकतर वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है.

    वहीं, एरिज़ोना और विसकोन्सिन राज्य में ट्रंप अपनी प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस से थोड़ा ही आगे हैं. इन दोनों राज्यों में आधे से ज़्यादा वोट गिन लिए गए हैं.

    इस बीच, कमला हैरिस मिशिगन में ट्रंप से आगे हैं. यहां अभी तक केवल 32 फीसदी वोटों की गिनती पूरी हुई है.

    इनमें से किसी भी राज्य में अभी तक अंतिम परिणाम सामने नहीं आए हैं.

    अमेरिका में जहां कुछ राज्य रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ माने जाते हैं, तो वहीं कुछ डेमोक्रेटिक पार्टी का गढ़ कहे जाते हैं.

    लेकिन कुछ राज्य ऐसे होते हैं, जहां हार जीत का अनुमान लगा पाना मुश्किल है. इन्हें ही स्विंग स्टेट्स कहा जाता है.

    इस बार भी चुनाव में जीत का फैसला सात स्विंग स्टेट करेंगे.

    इन स्विंग स्टेट्स के नाम हैं- एरिज़ोना, जॉर्जिया, मिशिगन, नेवाडा, नॉर्थ कैरोलाइना, पेन्सिलवेनिया और विस्कॉन्सिन.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बरें:

  16. किन राज्यों में कमला हैरिस से आगे निकले डोनाल्ड ट्रंप?

    ट्रंप के समर्थक जश्न मनाते हुए

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप कई राज्यों में आगे हैं

    अमेरिका के अधिकतर राज्यों में वोटिंग पूरी होने के बाद अब मतगणना जारी है. जानिए किन राज्यों में ट्रंप कमला हैरिस से आगे चल रहे हैं:

    • जॉर्जिया- 91 फीसदी वोटों की गिनती पूरी. ट्रंप 50.9 फीसदी वोट से आगे.
    • नॉर्थ कैरोलाइना- 89 फीसदी वोटों की गिनती पूरी. ट्रंप 50.7 फीसदी वोट से जीते.
    • पेन्सिलवेनिया- यहां 82 फीसदी वोटों की गिनती हो गई है. ट्रंप को 51.3 फीसदी वोट मिले हैं.
    • विस्कॉन्सिन- 70 फीसदी वोटों की गिनती पूरी हुई है. ट्रंप को 50.7 फीसदी वोट मिले हैं.
    • एरिज़ोना- यहां 52 फीसदी वोट गिने गए हैं. इनमे ट्रंप 49.8 फीसदी वोट से आगे हैं.
    • मिशिगन- अभी तक 40 फीसदी वोट गिने गए हैं. ट्रंप 51.3 फीसदी वोट के साथ आगे हैं.
    • नेवाडा- केवल 2 फीसदी वोट ही अभी तक गिने गए हैं. इनमें से ट्रंप को 73.0 फीसदी वोट मिले हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बर यहां पढ़ें-

  17. डोनाल्ड ट्रंप के लिए नॉर्थ कैरोलाइना की जीत कितनी बड़ी?, नदीन युसूफ़, वॉशिंगटन डीसी से

    रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के सात स्विंग स्टेट्स में से एक यानी नॉर्थ कैरोलाइना में जीत दर्ज कर ली है. उन्हें 16 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिले हैं.

    इसे ट्रंप के लिए खुशखबरी के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि इससे कुल 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हासिल करने के रास्ते में उन्हें बड़ी मदद मिलेगी.

    हालांकि, अन्य स्विंग स्टेट्स में वोटों की गिनती पूरी होना अभी बाकी है.

    लेकिन माना ये भी जा रहा है कि अगर कमला हैरिस विस्कॉन्सिन, पेन्सिलवेनिया और मिशिगन जैसे तीन अहम राज्यों में जीत दर्ज करती हैं, तो वो भारी पड़ सकती हैं.

    हालांकि, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि नॉर्थ कैरोलाइना की जीत रिपब्लिकन के लिए बड़ी जीत है. लेकिन अतीत में भी ये राज्य इसी पैटर्न पर वोट करता आया है.

    डोनाल्ड ट्रंप और उनके समर्थक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप और उनके समर्थक

    साल 2016 में ट्रंप ने नॉर्थ कैरोलाइना राज्य में 3.66 फ़ीसदी के अंतर से जीत दर्ज की थी. वहीं 2020 में उनकी जीत का अंतर घटा था और ये 1.34 फ़ीसदी था.

    इस राज्य को आख़िरी बार डेमोक्रेटिक पार्टी ने साल 2008 में जीता था, जब बराक ओबामा राष्ट्रपति चुने गए थे. हालांकि, साल 2012 के चुनाव में ओबामा ये राज्य रिपब्लिकन प्रत्याशी मिट रॉमनी से हार गए थे.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्थ कैरोलाइना में दर्ज की जीत, सात बैटलग्राउंड स्टेट्स में से पहली सफलता

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नॉर्थ कैरलाइना में ट्रंप जीते

    रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्थ कैरोलाइना में जीत दर्ज कर ली है. ये अमेरिका के सात स्विंग स्टेट्स में से एक है.

    स्विंग स्टेट यानी वो राज्य जहां चुनाव में हार या जीत काफ़ी करीबी होती है.

    नॉर्थ कैरलाइना के सभी 16 इलेक्टोरल वोट अब रिपब्लिकन पार्टी के हो गए हैं. अमेरिका में कुल 538 इलेक्टोरल वोट होते हैं, जिनमें जीत के लिए 270 वोट की ज़रूरत होती है.

    अधिकतर स्विंग स्टेट्स के नतीजे आना अभी बाकी हैं. पेन्सिलवेनिया, मिशिगन और विस्कॉन्सिन में कमला हैरिस की जीत का अनुमान है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बर यहां पढ़ें-

  19. हवाई और अलास्का को छोड़ अमेरिका के बाकी सभी राज्यों में वोटिंग समाप्त

    अमेरिका में मेल के ज़रिए भी डाले जाते हैं वोट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अधिकतर राज्यों में वोटिंग खत्म हो गई है

    हवाई और अलास्का को छोड़कर अमेरिका के बाकी सभी राज्यों में पोलिंग स्टेशन बंद कर दिए गए हैं.

    पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी के गढ़ माने जाने वाले राज्यों में ट्रंप की जीत का अनुमान है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले राज्यों में कमला हैरिस जीतती दिख रही हैं.

    अमेरिका में कुल 50 राज्य हैं. अगले एक घंटे में इनके प्रोजेक्शन आना शुरू हो जाएंगे. लेकिन कुछ राज्यों में अन्य के मुकाबले वोटों की गिनती लंबी चलेगी.

    नेवाडा राज्य के अंतिम नतीजे सामने आने में कई दिन भी लग सकते हैं. यहां वोटिंग मुख्य रूप से मेल के ज़रिए होती है.

    वोटों की गिनती शनिवार तक होगी. ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ बैलेट देरी से मतदान केंद्र पहुंचते हैं. हालांकि ये वोट चुनाव के दिन ही दिए जाते हैं.

  20. पेन्सिलवेनिया में ट्रंप और हैरिस के बीच कांटे की टक्कर, अभी कौन आगे?

    चुनाव से जुड़े प्रोजेक्शन देखते लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जॉर्जिया में ट्रंप और हैरिस के बीच कड़ा मुकाबला

    अमेरिकी राज्य पेन्सिलवेनिया में आधे से ज़्यादा बैलेट की गिनती हो गई है. अभी तक जितने वोट गिने गए हैं उनमें डोनाल्ड ट्रंप आगे हैं, जबकि कमला हैरिस थोड़ा पीछे चल रही हैं.

    अन्य राज्यों के मुकाबले सबसे अधिक 19 इलेक्टोरल कॉलेज के वोट पेन्सिलवेनिया में ही हैं. ऐसे में इस राज्य में जीत रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों ही पार्टियों के लिए अहम हो जाती है.

    साल 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप को जॉर्जिया में महज़ 0.72 फीसदी वोट के अंतर से जीत मिली थी, जबकि इसके चार साल बाद साल 2020 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडन 1.17 फीसदी वोट के अंतर से जीते थे.

    ऐसे में इस बार ट्रंप और हैरिस में से कौन जीतेगा, फिलहाल इसका अनुमान लगा पाना मुश्किल है.

    पेन्सिलवेनिया में वोटों की गिनती भी धीमी गति से होती है. ऐसा इसलिए क्योंकि यहां के कानून के मुताबिक चुनाव वाले दिन तक मेल से आए बैलेट की गिनती शुरू नहीं की जा सकती.

    ऐसे में राज्य में किसकी जीत होगी इसका पता लगने में कई दिन भी लग सकते हैं, जैसा 2020 के चुनाव में हुआ था.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अहम ख़बर यहां पढ़ें-