अहमदाबाद प्लेन क्रैश : एयर इंडिया ने 241 मौतों की पुष्टि की

एयर इंडिया ने बताया है कि यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक पुर्तगाली और एक कनाडाई नागिरक था. विमान हादसे में बचा एक यात्री भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, सुरभि गुप्ता, प्रियंका और दीपक मंडल

  1. राहुल गांधी ने अहमदाबाद विमान हादसे के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से की ये अपील

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने संवेदनाएं ज़ाहिर की हैं.

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना हृदय विदारक है. यात्रियों और क्रू मेंबर्स के परिवार जो दर्द और चिंता महसूस कर रहे होंगे, वह अकल्पनीय है. इस कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से हरेक के साथ हैं."

    उन्होंने लिखा, "प्रशासन की ओर से तुरंत बचाव और राहत प्रयास बेहद ज़रूरी हैं - हर ज़िंदगी कीमती है और हर सेकंड महत्वपूर्ण है."

    राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ज़मीनी स्तर पर मदद के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए.

    प्रियंका गांधी ने लिखा, "एयर इंडिया के विमान में सवार यात्रियों और क्रू के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है."

  2. एयर इंडिया का विमान क्रैश होने पर ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर क्या बोले

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर (फ़ाइल फ़ोटो)

    अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहे विमान के क्रैश होने पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    पीएम स्टार्मर ने एक्स पर लिखा, "भारत के शहर अहमदाबाद से कई ब्रिटिश नागरिकों को लेकर लंदन आ रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के दृश्य भयानक हैं."

    उन्होंने लिखा, "हालात को लेकर जो भी अपडेट आ रहे हैं, मुझे उसकी जानकारी दी जा रही है. इस दुखद समय में मेरी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं."

    एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त हुए इस विमान में 242 यात्री और क्रू मेंबर्स थे.

    विमान में सवार 242 लोगों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रितानी, एक कनाडाई और सात पुर्तगाल के नागरिक थे.

  3. 'भूकंप जैसा लगा, एकदम धुआं-धुआं था', अहमदाबाद विमान हादसे के प्रत्यक्षदर्शी ने कहा

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अहमदाबाद विमान हादसे के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया है कि जब हादसा हुआ तो उस समय कैसा मंज़र था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "घर में बैठा था, एकदम से आवाज़ आई. भूकंप जैसा लगा.एकदम धुआं-धुआं था. मालूम नहीं था कि प्लेन क्रैश हुआ. फिर यहां पर आए तब मालूम चला."

    "यहां आए तो देखा कि प्लेन क्रैश हुआ और बहुत सारी बॉडी पड़ी हैं."

    वहीं, बीजेपी की विधायक दर्शना वघेला ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं यहीं मेरे ऑफ़िस में बैठी थी. धमाका हुआ. मैं वहां गई तो देखा कि विमान क्रैश हुआ है. बहुत धुआं था. डॉक्टर्स के फ़्लैट को काफ़ी नुकसान हुआ है. उसमें से कितने डॉक्टरों को हमने लोकल कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर निकाला है."

    एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि विमान टेकऑफ़ के बाद क्रैश हुआ. ये विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था.

    विमान दोपहार एक बजकर 38 मिनट पर अहमदाबाद से रवाना हुआ था, जिसमें 242 यात्री और क्रू मेंबर्स थे.

  4. LIVE: अहमदाबाद में जहां विमान हादसा हुआ, वहां कैसे हैं हालात

    गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में क्रू मेंबर्स समेत 242 लोग सवार थे. जहां विमान हादसा हुआ, वहां कैसे हालात हैं, बीबीसी हिंदी के इस लाइव में देखिए.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  5. अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया आई

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर कहा है कि इस हादसे से सब स्तब्ध और दुखी हैं.

    उन्होंने लिखा, "ये दिल तोड़ने वाला है, जिसे शब्दों में नहीं बताया जा सकता. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सबके साथ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं. मैं हादसे से प्रभावितों की मदद करने में लगे हुए मंत्रियों और अधिकारियों से संपर्क में हूं."

    एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही क्रैश हो गया. विमान अहमदाबाद से गैटविक जा रहा था.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट बंद

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश
    इमेज कैप्शन, हादसे के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट को फिलहाल बंद कर दिया गया है

    एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को बंद कर दिया गया है.

    एयरपोर्ट के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में बताया गया है, "अहमदाबाद से लंदन, गैटविक जा रही फ़्लाइट संख्या एआई171 आज उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही क्रैश हो गई. नतीजतन सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट फिलहाल बंद है. सभी उड़ानें अगली सूचना तक निलंबित रहेंगी."

    "यात्री एयरपोर्ट आने से पहले अपनी-अपनी एयरलाइंस से ताज़ा जानकारी ले लें. हम आपसे सहयोग और धैर्य बनाए रखने का निवेदन करते हैं. अधिक जानकारी जैसे ही मिलेगी आपको दी जाएगी."

  7. एयर इंडिया ने बताया- अहमदाबाद में क्रैश हुए विमान में किस देश के कितने नागरिक थे सवार

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एयर इंडिया ने अहमदाबाद में क्रैश हुए अपने विमान में सवार यात्रियों की जानकारी दी है.

    एयर इंडिया ने बताया है कि विमान टेकऑफ़ के बाद क्रैश हुआ. ये विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था.

    विमान दोपहार एक बजकर 38 मिनट पर अहमदाबाद से रवाना हुआ था, जिसमें 242 यात्री और क्रू मेंबर्स थे.

    ये विमान बोइंग 787-8 एयरक्राफ़्ट था. विमान में सवार 242 लोगों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रितानी, एक कनाडाई और सात पुर्तगाल के नागरिक थे.

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    एयर इंडिया ने बताया है कि घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया है. एयर इंडिया ने 1800 5691 444 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है.

    ये हॉटलाइन नंबर सिर्फ इस हादसे से जुड़ी सूचना के लिए जारी किया गया है.

    अहमदाबाद पुलिस ने भी विमान दुर्घटना के संबंध में पुलिस इमरजेंसी सेवाओं और जानकारी के लिए अहमदाबाद सिटी पुलिस इमरजेंसी नंबर 07925620359 जारी किया है.

  8. अहमदाबाद विमान हादसा: एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने क्या बताया

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश

    इमेज स्रोत, BBC/Tejas Vaidya

    गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने दुख जताया है. उनका बयान टाटा ग्रुप ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया है. एयर इंडिया टाटा ग्रुप की कंपनी है.

    टाटा ग्रुप ने एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के हवाले से एक्स पर लिखा है, "बहुत दुख के साथ मैं ये पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहे एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 171 आज हादसे का शिकार हुई है. इस भयावह हादसे से प्रभावित लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं."

    एन चंद्रशेखरन की ओर से कहा गया है, "फिलहाल हमारी प्राथमिकता सभी प्रभावितों और उनके परिवारों को सहायता देने पर है. हम मौके पर मौजूद इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों की मदद करने और हादसे के प्रभावितों के लिए ज़रूरी मदद पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं."

    "हमें और पुख़्ता जानकारी मिलने पर और अपडेट साझा किए जाएंगे. एक इमरजेंसी सेंटर एक्टिवेट किया जा चुका है और जिन परिवारों को सूचना चाहिए, उनके लिए सपोर्ट टीमें भी बनाई गई हैं."

  9. अहमदाबाद विमान हादसे पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दुख जताया

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

    इमेज स्रोत, Bhupendra Patel/FB

    इमेज कैप्शन, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे के बाद एक्स पर पोस्ट किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद विमान हादसे पर दुख ज़ाहिर किया है. उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से बात होने की भी जानकारी दी है.

    सीएम भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर लिखा, "अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मैं बहुत दुखी हूं. मैंने अधिकारियों को दुर्घटना में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य करने और घायल यात्रियों के तत्काल इलाज की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं."

    "मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में उपचार की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं."

    सीएम भूपेंद्र पटेल ने लिखा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और इस विमान दुर्घटना में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ़ टीमों और केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है."

  10. अहमदाबाद विमान हादसा: एयर इंडिया ने क्या जानकारी दी है?

    एयर इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. एयर इंडिया ने अपने एक्स अकाउंट पर इस दुर्घटना की पुष्टि की है.

    एयर इंडिया ने लिखा, “अहमदाबाद-लंदन गैटविक उड़ान भरने वाली फ्लाइट संख्या एआई171 आज, 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई.”

    एयरलाइन ने कहा है कि वह और जानकारियों का पता लगा रही है और कहा है कि जल्द से जल्द आगे का अपडेट साझा किया जाएगा.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, अहमदाबाद में एयर इंडिया का यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त

    ब्रेकिंग न्यूज़

    गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    दुर्घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई हैं. अहमदाबाद के अग्निशमन विभाग ने घटना की पुष्टि कर दी है.

    अहमदाबाद एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 मैनेजर ने बीबीसी हिंदी को बताया है कि एयरपोर्ट एरिया के बाहर धुआं देखा गया, उसके बाद जाँच के लिए पूरी टीम घटनास्थल की ओर गई हुई है.

    हालांकि, जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें विमान में आग और धुएं के गुबार को देखा जा सकता है. विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है.

  12. ताइवान की अदालत ने चीनी कैप्टन को सुनाई तीन साल की क़ैद

    ताइवान तट रक्षक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़रवरी में ताइवान के तटरक्षक ने हांग ताई 58 पर सवार आठ चीनी नागरिकों के चालक दल को हिरासत में लिया था

    ताइवान जलडमरूमध्य में ताइवान द्वीप और पेन्गु द्वीपों को जोड़ने वाली समुद्री केबल को नुक़सान पहुंचाने के आरोप में एक चीनी नागरिक को तीन साल की जेल की सज़ा सुनाई गई है.

    इस व्यक्ति का उपनाम वांग है, टोगोली-पंजीकृत जहाज हांग ताई 58 का कैप्टन था.

    हाल के सालों में ताइवान के आसपास समुद्र के नीचे केबल काटे जाने की ख़बरों के बाद ताइनान जिला न्यायालय ने गुरुवार को यह पहला फ़ैसला सुनाया है.

    ताइवान ने चीन पर उसकी केबलों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है और इसे स्वशासित द्वीप पर दबाव बनाने की रणनीति बताया है, जिस पर चीन अपना दावा करता है.

    चीन ने इसमें अपनी किसी भूमिका से इनकार किया है और इन घटनाओं को "सामान्य समुद्री दुर्घटना" कहा है. चीन ने कहा है कि इसे ताइवान के अधिकारियों ने "बढ़ा-चढ़ाकर" पेश किया है.

    समुद्र के नीचे बिछाई गईं यह केबलें विश्व की समस्त इंटरनेट ट्रैफ़िक को संचालित करते हैं.

    अंतरराष्ट्रीय केबल सरंक्षण समिति के अनुसार, विश्व की समुद्री केबल प्रणाली में हर साल 150 से 200 ख़राबी आती हैं.

    ताइवान में 10 घरेलू और 14 अंतरराष्ट्रीय समुद्री केबल है.

  13. मध्य प्रदेश में 90 डिग्री वाले पुल पर पीडब्ल्यूडी मंत्री क्या बोले?

    90 डिग्री

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, इस ओवरब्रिज को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं

    मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बने 90 डिग्री वाले रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) की हर तरफ चर्चा हो रही है.

    सोशल मीडिया पर लोग तस्वीरें शेयर करते हुए कई सवाल पूछ रहे हैं.

    इसे लेकर मध्य प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश ​सिंह ने एक्स पर लिखा, "राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में बने रेलवे ओवरब्रिज को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम द्वारा स्थल निरीक्षण कर लिया गया है."

    उन्होंने लिखा है, "टीम द्वारा कल तकनीकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, जिसके आधार पर आगामी निर्णय एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी."

    केरल कांग्रेस ने एक्स पर टिप्पणी करते हुए लिखा है, "अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में विशिष्ट डिज़ाइन टीम ने भोपाल में इंजीनियरिंग का चमत्कार करते हुए एक समकोण पु​ल तैयार किया है. गणित का फार्मूला लिखते हुए कहा कि छोटे रास्ते की जगह इंजीनियरों ने लंबा रास्ता चुन लिया है."

  14. लॉस एंजेलिस में कर्फ़्यू हटने के बाद कैसे हालात?

    कैलिफोर्निया नेशनल गार्ड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लॉस एंजेलिस में कर्फ्यू हटने के बाद शांति है

    लॉस एंजेलिस में बुधवार को कर्फ़्यू हटाए जाने के बाद शांति है लेकिन अन्य शहरों में अभी भी विरोध प्र​दर्शन होने की आशंका है.

    लॉस एंजेलिस में अब तक 400 से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, इसमें से 330 को अवैध प्रवास के लिए और 157 लोगों को कर्फ़्यू का उल्लघंन करने के लिए गिरफ़्तार किया गया है.

    इसमें से एक पर पुलिस अधिकारी की हत्या का प्रयास करने का भी आरोप है.

    इसके अलावा संघीय अभियोजक ने अलग अलग घटनाओं में दो लोगों पर पुलिस अधिकारियों पर कॉकटेल फेंकने को आरोप लगाया है.

    इस समय लॉस एंजेलिस में शांति बनाए रखने के लिए चार हज़ार नेशनल गार्ड और 700 मरीन तैनात किए गए हैं.

  15. टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा: रोहित-विराट की गैरमौजूदगी पर क्या बोले कोच गंभीर

    गौतम गंभीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और आर अश्विन की ग़ैरमौजूदगी पर बात की है.

    भारतीय क्रिकेट टीम के इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में गौतम गंभीर ने कहा, "टेस्ट टीम के लिए पहली बार चयन हमेशा खास होता है, इसलिए मैं साई सुदर्शन का स्वागत करता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि रेड बॉल क्रिकेट में आपका करियर सफल रहेगा."

    "अर्शदीप का भी स्वागत है. कमबैक आसान नहीं होते. सात साल बाद करुण का स्वागत है. शुभमन को भी कप्तान बनने पर बधाई."

    गौतम गंभीर ने कहा, "इस दौरे को दो तरीके से देखा जा सकता है. हम अपने तीन सबसे अनुभवी खिलाड़ियों के बिना हैं. लेकिन हमें देश के लिए कुछ बेहतर करने का मौका मिला है. इस ग्रुप में कुछ स्पेशल करने की क्षमता है और हम इस दौरे को यादगार बना सकते हैं."

    विराट कोहली और रोहित शर्मा ने बीते महीने टेस्ट क्रिकेट को संन्यास लिया है. वहीं आर अश्विन ने बीते साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था.

    भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट की सिरीज का पहला मुकाबला 20 जून से खेला जाएगा.

  16. अमेरिका ने ऐसा क्या फ़ैसला किया कि बढ़ने लगी तेल की क़ीमत

    अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए कच्चे तेल की क़ीमतों में उछाल देखा जा रहा है.

    अमेरिका ने बुधवार को मध्य-पूर्व के देशों से अमेरिकी सैन्य कर्मियों के परिवारों को वापस आने की अनुमति दी है.

    अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड मंगलवार को न्यूयार्क में दोपहर के कारोबार में अपने स्तर से पांच प्रतिशत बढ़कर 70 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है. अमेरिका के वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट ने भी तेज़ी दिखाते हुए अप्रैल के बाद अपने उच्चतम स्तर जा पहुंचा है.

    कच्चे तेल की क़ीमतों में उस समय उछाल देखने को मिला, जब कुछ घंटे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ये बयान दिया था कि ईरान के साथ परमाणु समझौते को लेकर चल रही बातचीत सफल होने के उम्मीद कम है.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग़ैर अनिवार्य स्टाफ़ के वापसी की पुष्टि करते हुए कहा, "अमेरिकी कर्मी मध्य-पूर्व छोड़ रहे हैं. ये ख़तरनाक जगह हो सकती है. हम देखते हैं क्या होगा. ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता है. हम इसकी अनुमति नहीं देंगे."

    अमेरिका ने चेतावनी दी है कि अगर कूटनीति विफल रही तो वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए सैन्य विकल्पों पर विचार करेगा.

    इसराइल ने भी ईरान के ख़िलाफ़ कार्रवाई की धमकी दी है. ईरान दशकों में अपने सबसे कमज़ोर स्थिति में है और ऐसे में इसराइल के पास हमला करने का एक अवसर है.

    ईरान के रक्षा मंत्री ने बुधवार को कहा कि उनका देश किसी भी हमले के जवाब में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को "बिना किसी हिचकिचाहट" के निशाना बनाएगा. इन बयानों के बाद तेल बाज़ार पर सीधा असर पड़ा है.

    ईरान को नए परमाणु समझौते के लिए तय किया गया समय गुरुवार को समाप्त हो रहा है. ट्रंप ने इस समझौते के लिए ईरान को 60 दिन का समय दिया था.

  17. ग़ज़ा के दो अस्पतालों ने बताया, इसराइली हमले में मारे गए 25 फ़लस्तीनी

    अल-शिफा अस्पताल

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अल-शिफा अस्पताल ने बताया है कि नेत्ज़ारिम कॉरिडोर से कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

    ग़ज़ा के अस्पतालों ने बताया है कि सहायता सामग्री लेने के प्रयास में कई फ़लस्तीनी मारे गए हैं. शहर के दो अस्पतालों ने बताया है कि इसराइली हमले में बुधवार की रात 25 लोगों की मौत हो गई है.

    अस्पताल के मुताबिक़ इसराइली सैन्य क्षेत्र नेत्ज़ारिम कॉरिडोर में यह घटना उस समय हुई, जब एक काफ़िला अमेरिका और इसराइल समर्थित ग़ज़ा ह्यूमैनिटेरियन फ़ाउंडेशन (जीएचएफ़) के खाद्य वितरण स्थल पर आटा लेकर जा रहा था.

    हमास की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने कहा है कि इसराइली सेना ने गोलीबारी की है. ऐसी भी ख़बरें हैं कि लोगों को ट्रकों से कुचल दिया गया.

    इसराइली सेना ने बताया है कि संदिग्धों के पास आने पर सैनिकों ने चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाई थीं.

    ख़ान यूनिस स्थित एक अस्पताल ने बताया है कि दक्षिण में राफ़ा में जीएचएफ स्थल के निकट इसराइली गोलीबारी में 14 अन्य लोग मारे गए हैं.

    इसराइली सेना ने कहा है कि वह राफ़ा से मिल रही रिपोर्ट की जांच कर रही है.

  18. अमेरिका के इस रूख से लग सकता है ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया को झटका

    पनडुब्बियां

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ऑकस सौदे के तहत ऑस्ट्रेलिया अमेरिका से पांच वर्जीनिया श्रेणी की हमलावर पनडुब्बियां खरीदेगा

    ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के साथ किए गए पनडुब्बी सौदे की अमेरिका ने समीक्षा शुरू कर दी है. अमेरिका ने कहा है कि यह सुरक्षा समझौता उसके "अमेरिका फर्स्ट " एजेंडे के अनुसार होना चाहिए.

    इस त्रिपक्षीय समझौते को चीन की बढ़ती शक्ति के जवाब के रूप में देखा जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया को अमेरिका से अपनी पहली परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी मिलेगी.

    ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन ने पिछले वर्ष अपनी समीक्षा की थी. दोनों देशों ने अमेरिकी जांच को सामान्य मानते हुए कहा है कि नए प्रशासन का सौदे का पुनर्मूल्यांकन करना स्वाभाविक है.

    यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब अमेरिका ऑस्ट्रेलिया पर अपना सैन्य खर्च जीडीपी के दो प्रतिशत से बढ़ाकर साढ़े तीन प्रतिशत करने का दबाव बनाए हुए है.

    अभी तक ऑस्ट्रेलिया ने इस बात का विरोध किया है.

    करीब 176 बिलियन पाउंड के इस समझौते पर साल 2021 में हस्ताक्षर किए गए थे. उस समय तीनों देशों के अलग-अलग नेता इसमें शामिल थे.

    एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने बीबीसी को बताया, "विभाग ऑकस की समीक्षा कर रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पिछले प्रशासन में किया गया यह सौदा 'अमेरिका फर्स्ट' एजेंडे के अनुसार है."

  19. मोहम्मद यूनुस पीएम मोदी से अपनी अपील और भारत से संबंधों पर बोले

    मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लंदन के चैटम हाउस में मोहम्मद यूनुस ने कहा बांग्लादेश शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण का प्रयास जारी रखेगा

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को भारत की धरती से राजनीतिक बयान देने पर रोक लगाने की उनकी मांग को अनसुना कर दिया.

    युनूस ने कहा कि जब अप्रैल में बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक हुई थी तो उन्होंने भारतीय धरती से शेख हसीना को राजनीतिक बयान देने से रोकने के लिए पीएम मोदी से अपील की थी.

    लंदन के चैटम हाउस में बुधवार को बातचीत के दौरान यूनुस ने कहा कि भारत से हसीना के प्रत्यर्पण के प्रयास जारी रहेंगे.

    मोहम्मद युनूस ने कहा, "भारत से हम बहुत अच्छा रिश्ता रखना चाहते हैं. वह हमारा पड़ोसी है. हम उनके साथ कोई समस्या नहीं चाहते हैं लेकिन भारतीय प्रेस के फेक न्यूज़ के कारण हर समय कुछ न कुछ दिक्कतें हो जाती हैं."

    उन्होंने कहा, "यह बांग्लादेश को आशंकित करता है और ग़ुस्सा दिलाता है. हम इस पर बहुत काबू पाने की कोशिश करते हैं लेकिन साइबर स्पेस में बहुत सी चीज़ें घटित होती रहती हैं और हम उससे अलग नहीं रह सकते हैं."

    मोहम्मद युनूस ने कहा, "हम शांत रहने की कोशिश करते हैं, अचानक कुछ घटित होता है और​ फिर ग़ुस्सा लौट आता है. इस समय हमारे लिए शांति स्थापित करना ही बड़ा काम है."

  20. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.