You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अहमदाबाद प्लेन क्रैश : एयर इंडिया ने 241 मौतों की पुष्टि की

एयर इंडिया ने बताया है कि यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक पुर्तगाली और एक कनाडाई नागिरक था. विमान हादसे में बचा एक यात्री भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, सुरभि गुप्ता, प्रियंका और दीपक मंडल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है.

    बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीज़िए इजाज़त.

    अब से कुछ घंटों में एक नए लाइव ब्लॉग के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    इस वक़्त बीबीसी हिंदी की वेबसाइट के होम पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    अहमदाबाद प्लेन क्रैश: एयर इंडिया ने 241 मौतों की पुष्टि की,अमित शाह ने कहा- किसी को बचाने का मौक़ा नहीं मिला

    अहमदाबाद प्लेन क्रैशः सीट संख्या 11ए पर बैठे ज़िंदा बचे ब्रिटिश यात्री ने क्या बताया

    यूएस सेंट्रल कमांड प्रमुख की पाकिस्तान पर टिप्पणी क्या भारत के हक़ में नहीं है?

  2. बोइंग के सीईओ बोले, 'हादसे की जांच में पूरा सहयोग करेंगे'

    विमान कंपनी बोइंग के प्रेसिडेंट और सीईओ केली ओर्टबर्ग ने अहमदाबाद विमान हादसे पर एक बयान दिया है और इसमें मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.

    उन्होंने कहा है, ‘’एयर इंडिया फ्लाइट 171 में सवार यात्रियों और चालक दल के परिजनों के साथ-साथ अहमदाबाद में प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं’’

    ओर्टबर्ग ने कहा कि उन्होंने एयर इंडिया के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन से बात की और उन्हें पूरा समर्थन देने की पेशकश की.

    उन्होंंने कहा कि बोइंग विमान दुर्घटना की जांच में भारत सरकार का पूरा सहयोग करेगी.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, अहमदाबाद प्लेन क्रैश : एयर इंडिया ने 241 मौतों की पुष्टि की

    एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अहमदाबाद प्लेन क्रैश में हुई मौतों की जानकारी दी है.

    एयर इंडिया ने लिखा है कि उसकी फ्लाइट संख्या एआई171 में 242 यात्री सवार थे. इनमें से 241 लोगों की मौतों की पुष्टि हो चुकी है. सिर्फ़ एक बचे हुए यात्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    इसका मतलब ये कि मरने वालों में 241 यात्री और चालक दल के सदस्य हैं.

    इसमें अन्य मौतों की संख्या शामिल नहीं है.

    एयर इंडिया ने बताया है कि यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक पुर्तगाली और एक कनाडाई नागिरक था. विमान हादसे में बचा एक यात्री भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है.

    एयर इंडिया ने बताया है कि उसने ज्यादा जानकारी के लिए डेडिकेटेड पैसेंजर हॉटलाइन शुरू की है, जिसका नंबर है 1800 5691 444 .

    जो लोग भारत से बाहर से कॉल कर रहे हैं वो +918062779200 पर कॉल कर सकते हैं.

  4. ईरान ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुख, कहा- शोक की इस घड़ी में भारत के साथ

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ेई ने अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति ईरान की गहरी संवेदना और सहानुभूति जताई है.

    उन्होंने मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की.

    उन्होंने कहा कि ईरान इस दुख की घड़ी में भारत के लोगों के साथ है.

    अहमदाबाद में गुरुवार की दोपहर में एयर इंडिया का एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक रिहाइशी इलाक़े में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    विमान में कुल 242 लोग सवार थे जिसमें 232 यात्री और 10 क्रू मेंबर थे.

    इस विमान ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी.

  5. अहमदाबाद विमान हादसा: एविएशन मिनिस्टर ने बताया, "क्रैश की जांच शुरू"

    नागरिक विमानन (सिविल एविएशन) मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने जानकारी दी है कि अहमदाबाद विमान हादसे की जांच शुरू कर दी गई है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "अहमदाबाद में हुई दुखद घटना के बाद, इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (आईसीएओ) के निर्धारित इंटरनेशनल प्रोटोकॉल के तहत एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है."

    राम मोहन नायडू किंजरापु ने बताया, "इसके अलावा, सरकार इस मामले की विस्तृत जांच के लिए कई विषयों के विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति गठित कर रही है. यह समिति विमानन सुरक्षा को मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए काम करेगी."

    अहमदाबाद में आज एयर इंडिया की फ्लाइट 171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई. ये विमान बोइंग 787-8 था.

    बोइंग के अध्यक्ष और सीईओ केली ओर्टबर्ग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बोइंग की एक टीम भारत के एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो के नेतृत्व में जांच में सहयोग देने के लिए तैयार है.

  6. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: ब्रिटेन के पीएम स्टार्मर ने कहा, “यूके जांचकर्ताओं की टीम भारत रवाना”

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा कि, अहमदाबाद से लंदन गैटविक आ रहे विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना 'बेहद दुखद ख़बर है.'

    उन्होंने कहा, “मैं और पूरा ब्रिटेन हादसे में मारे गए लोगों और उनके परिजनों के साथ दुख की इस घड़ी में खड़ा है.”

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “ब्रितानी जांचकर्ताओं का दल, जांच में सहयोग देने के लिए अहमदाबाद रवाना हो गया है.”

    एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त बी787 ड्रीमलाइनर एयरक्राफ़्ट में कुल 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे. इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई और सात डच नागरिक सवार थे.

    स्टार्मर ने कहा कि विमान में सवार ब्रितानी नागरिकों के परिजन ब्रिटिश विदेश मंत्रालय से जानकारी हासिल कर सकते हैं.

  7. अहमदाबाद विमान हादसे पर बोले ट्रंप- "एविएशन हिस्ट्री का सबसे भयानक क्रैश"

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अहमदाबाद विमान हादसे को 'विमानन इतिहास की सबसे बुरी दुर्घटनाओं में से एक' कहा है.

    व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान भारत के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के ज़िक्र के दौरान ट्रंप ने कहा, "विमान दुर्घटना बहुत भयानक थी. मैंने उन्हें बता दिया है कि हम जो कुछ भी कर सकते हैं, वह करेंगे. भारत एक बड़ा और मजबूत देश है. मुझे यकीन है कि वे इसे संभाल लेंगे."

    "लेकिन मैंने उन्हें बता दिया है कि हम जो कुछ भी कर सकते हैं, हम करेंगे... यह एक भयानक दुर्घटना थी. ऐसा लगता है कि ज़्यादातर लोग मारे गए हैं."

    अहमदाबाद में आज दोपहर एयर इंडिया के एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 204 लोगों की मौत हो गई है. विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक रिहाइशी इलाक़े में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    विमान में कुल 242 लोग सवार थे. भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर थे.

  8. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: गृह मंत्री अमित शाह बोले, "यात्रियों के परिजनों का डीएनए सैंपल लिया गया"

    गुजरात में आज एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद पहुंचे. उन्होंने इस हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और दुर्घटनास्थल का भी दौरा किया.

    मीडिया से बातचीत में अमित शाह ने कहा, "आज दोपहर को एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई 171 दुर्घटनाग्रस्त हुई और इसमें कई यात्रियों के हताहत होने की आशंका है."

    "10 मिनट में ही हादसे की सूचना मिली थी, तुरंत ही मैंने गुजरात के मुख्यमंत्री, यहां के गृह मंत्री, गृह विभाग के कंट्रोल रूम, सिविल एविएशन के डिपार्टमेंट, सिविल एविएशन मंत्री सभी से संपर्क किया. प्रधानमंत्री जी का भी तुरंत ही फ़ोन आ गया."

    शाह ने कहा, "इस विमान में कुल मिलाकर 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे. इनमें से एक यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है, मैं उनसे मिलकर आया हूं."

    "मैं घटनास्थल पर भी जाकर आया हूं. सारे यात्रियों के शव को बाहर निकालने का काम लगभग समाप्त हो चुका है."

    अमित शाह ने बताया कि यात्रियों के परिजनों का डीएनए सैंपल लिया गया है और जिनके परिजन विदेश में हैं, उनको सूचना दे दी गई है. शाह ने बताया कि शवों के भी डीएनए सैंपल लिए जा चुके हैं और डीएनए जांच के बाद मृतकों के परिवारजनों को शव सौंपा जाएगा.

  9. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: हादसे की संभावित वजहों को लेकर क्या बोले एविएशन एक्सपर्ट?, जेक हॉर्टन, पत्रकार, बीबीसी वेरिफ़ाई

    बीबीसी वेरिफ़ाई ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के कारणों को समझने के लिए एविएशन एक्सपर्ट्स से बात की.

    एक्सपर्ट्स का कहना है कि हो सकता है कि उड़ान भरते समय विमान के विंग फ़्लैप की स्थिति एक समस्या रही हो.

    विमान हादसे से जुड़े एक वीडियो में प्लेन नीचे की ओर जाता हुआ दिख रहा है और फिर उसके ज़मीन से टकराते ही बड़ा विस्फोट होता नज़र आया है.

    एविएशन विश्लेषक ज्योफ्रे थॉमस कहते हैं, "जब मैं वीडियो देख रहा था, तो विमान का अंडरकैरिज (पहिया) खुला था, लेकिन फ़्लैप्स बंद थे."

    इसका मतलब है कि फ़्लैप विंग के बराबर थे जोकि उनके अनुसार टेक ऑफ़ के समय एक असामान्य बात है.

    थॉमस कहते हैं, "अंडरकैरिज को आमतौर पर 10-15 सेकंड के अंदर वापस खींच लिया जाता है, और इसके बाद फ्लैप को 10-15 मिनट में वापस खींचा जाता है."

    वहीं एक दूसरे एक्सपर्ट टेरी टोज़र कहते हैं, "वीडियो से यह निश्चित रूप से कहना बहुत कठिन है, ऐसा नहीं लगता कि फ़्लैप खुले हैं जो कि विमान के सही ढंग से उड़ान न भरने का स्पष्टीकरण है."

    बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी के पूर्व पायलट और सीनियर लेक्चरर मार्को चान कहते हैं, "अगर फ़्लैप सही ढंग से सेट नहीं किए गए हैं, तो यह संभावित मानवीय भूल की ओर इशारा करता है, लेकिन इसकी पुष्टि करने के लिए वीडियो का रिज़ोल्यूशन बहुत कम है."

  10. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: मृतकों के परिवार को 1-1 करोड़ रुपये देगा टाटा ग्रुप

    टाटा ग्रुप ने अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे के मृतकों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. एयर इंडिया टाटा ग्रुप की कंपनी है.

    टाटा ग्रुप ने ये भी कहा है कि कंपनी घायलों के इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी और ये सुनिश्चित करेगी कि उन्हें सभी ज़रूरी सहायता मिले.

    कंपनी ने टाटा सन्स और एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का बयान जारी करते हुए एक्स पर लिखा, "हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी भयंकर घटना से बहुत दुखी हैं. इस समय हम जो दुःख महसूस कर रहे हैं उसे शब्दों में ज़ाहिर नहीं किया जा सकता."

    "हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, और जो घायल हुए हैं."

    एक्स पोस्ट में आगे लिखा गया है, "टाटा समूह इस त्रासदी में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि देगा. हम घायलों के इलाज का खर्च उठाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सभी आवश्यक देखभाल और सहायता मिले. इसके अलावा, हम बी जे मेडिकल का हॉस्टल बनाने में मदद देंगे."

    अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 204 लोगों की मौत हो गई है.

  11. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का दुखद निधन"

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अहमदाबाद विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर दुख व्यक्त किया है.

    राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के दुखद निधन से बेहद तक़लीफ़ हुई है. वो ज़मीन से जुड़े ऐसे नेता के तौर पर हमेशा याद किए जाएंगे जिन्होंने अपनी ज़िंदगी गुजरात के विकास और हित के लिए समर्पित कर दी. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं."

    बीजेपी के नेशनल जनरल सेक्रेटरी बीएल संतोष ने एक्स पर लिखा, "आज एयर इंडिया दुर्घटना में हमने ईमानदारी, विनम्रता और समर्पण के प्रतीक व्यक्ति को खो दिया. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजयभाई रूपाणी का निधन हो गया. वे कुछ समय के लिए लंदन जा रहे थे. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें."

    गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ये एक रिहायशी इलाके में गिरा. इस दुर्घटना में अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है.

  12. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: एक ब्रिटिश व्यक्ति के ज़िंदा बचने की रिपोर्ट, उन्होंने क्या बताया

    अहमदाबाद विमान दुर्घटना में एक ब्रिटिश व्यक्ति के जीवित बचे होने की रिपोर्ट मिल रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने फ़ोन पर बताया कि एक व्यक्ति जीवित बचा है, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान की सीट 11ए पर था.

    एएनआई से बात करते हुए मलिक ने कहा कि पीड़ित "अस्पताल में है और उसका इलाज चल रहा है".

    वहीं इससे पहले अधिकारियों ने जो लिस्ट शेयर की थी, उसके मुताबिक़ सीट 11ए पर बैठे यात्री का नाम विश्वास कुमार रमेश है और वो ब्रिटिश नागरिक हैं.

    मीडिया रिपोर्ट में विश्वास कुमार रमेश से बात किए जाने का ज़िक्र है और ये भी बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना बोर्डिंग पास शेयर किया, जिसमें उनका नाम और सीट नंबर 11A लिखा था.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ विश्वास कुमार रमेश ने कहा था, "उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद एक जोरदार आवाज़ हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह सब बहुत जल्दी हुआ."

  13. एयर इंडिया विमान हादसे पर पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने क्या कहा?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना पर दुख जताया है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि अहमदाबाद के निकट एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर वे काफ़ी दुखी हैं.

    उन्होंने मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है.

    पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि उनकी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं.

  14. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के बारे में सीआर पाटिल ने क्या कहा?

    मेहसाणा में अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "एक बहुत ही दुखद घटना हुई है और वह भी गुजरात के दिल अहमदाबाद में. हमने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा. एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में इतने सारे यात्रियों के साथ यह घटना घटी है. हमारे दिल में हुई इस गंभीर घटना से हम दुखी हैं."

    उन्होंने कहा कि इसके साथ ही विमान दुर्घटना से छात्रावास में रहने वाले मेडिकल छात्रों को भी नुकसान पहुंचा है, इसे गुजरात कभी नहीं भूलेगा.

    उन्होंने आगे कहा, "इस घटना की गंभीरता स्पष्ट रूप से बहुत अधिक है. हम इस घटना से बहुत दुखी हैं."

    इसके अलावा उन्होंने इस घटना को भाजपा परिवार के लिए झटका बताया.

    उन्होंने कहा, "पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी उसी विमान से लंदन जा रहे थे. लेकिन गुजरात का जो नुकसान हुआ है उसे नहीं भूल सकता. इसमें उनका भी नुकसान हुआ है. गुजरात इसे कभी नहीं भूल सकता."

  15. अहमदाबाद विमान हादसे पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा- ये ख़बर सुनकर स्तब्ध हूं

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर संवेदना जाहिर की है. अहमदाबाद में एयर इंडिया का जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसमें एक कनाडाई नागरिक भी सवार था.

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक्स पर लिखा, "अहमदाबाद में लंदन जाने वाले एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की ख़बर सुनकर स्तब्ध हूं, जिसमें एक कनाडाई सहित 242 लोग सवार थे. मेरी संवेदनाएं विमान में सवार सभी लोगों के परिजनों के साथ हैं."

    कार्नी ने कहा कि कनाडा के परिवहन अधिकारी अपने समकक्षों के संपर्क में हैं.

    एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में 242 लोग थे. विमान में सवार 242 लोगों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रितानी, एक कनाडाई और सात पुर्तगाल के नागरिक थे.

  16. अहमदाबाद विमान हादसे पर बांग्लादेश और मालदीव ने दुख जताया

    एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने पर बांग्लादेश और मालदीव की प्रतिक्रिया आई है.

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने इस हादसे को स्तब्ध करने वाला बताया है. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "हम शोक संतप्त लोगों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं. बांग्लादेश इस कठिन घड़ी में भारत के लोगों और सरकार के साथ खड़ा है."

    वहीं मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने एक्स पर लिखा है, "एयर इंडिया एआई171 के अहमदाबाद के पास क्रैश होने पर मैं गहरा दुख ज़ाहिर करता हूं. इस मुश्किल समय में मालदीव की सरकार और लोग भारत सरकार और उसके लोगों के साथ खड़े हैं."

    लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर क्रैश हो गया था. इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रितानी, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक थे.

  17. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: एयरपोर्ट चालू हुआ, यात्रियों को दी गई ये सलाह

    एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बंद किए गए अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को चालू कर दिया गया है.

    ये अपडेट अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर दिया गया है.

    इसमें बताया गया है, "अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ऑपरेशन फिर से शुरू हो गया है. अहमदाबाद हवाई अड्डा अब सीमित उड़ानों के साथ चालू हो गया है."

    वहीं यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें.

  18. अहमदाबाद विमान हादसे पर विदेश मंत्रालय ने कहा- 'हमने बहुत सारे लोगों को खोया है'

    अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान क्रैश होने पर भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि 'हमने बहुत से लोगों को खोया है.'

    विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान लंदन के गैटविक जा रहे एयर इंडिया विमान के क्रैश होने पर सवाल किया गया था.

    इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "अहमदाबाद में जो हुआ है वो बेहद दुखद है. हमने बहुत से लोगों को खोया है. हम उन लोगों के प्रति संवेदना ज़ाहिर करते हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. कई विदेशी भी थे."

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "आपको इस पर संबंधित विभागों- नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया और अन्य से अपडेट मिलेंगे. मैं अभी तक यही बता सकता हूं. ये लगातार बदलने वाली स्थिति है. बचाव कार्य जारी है. सटीक जानकारी सामने आने के लिए थोड़ा और इंतज़ार करना होगा."

  19. अहमदाबाद विमान हादसे के बाद मदद के लिए जारी हुईं कई हेल्पलाइन

    अहमदाबाद विमान हादसे के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सिविल हॉस्पिटल प्रशासन की ओर से जारी किए गए दो हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी है.

    मरीज़ों से जुड़ी जानकारी के लिए अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल ट्रॉमा (इमरजेंसी) सेंटर से संपर्क का नंबर: 6357373831/6357373841.

    गुजरात सरकार ने स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है. कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए फोन नंबर 079-232-51900 और मोबाइल नंबर 9978405304 पर संपर्क किया जा सकता है.

    एयर इंडिया ने 1800 5691 444 हॉटलाइन नंबर जारी किया है.

    अहमदाबाद पुलिस ने भी विमान दुर्घटना के संबंध में पुलिस इमरजेंसी सेवाओं और जानकारी के लिए अहमदाबाद सिटी पुलिस इमरजेंसी नंबर 07925620359 जारी किया है.

  20. अहमदाबाद विमान हादसे पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा- इस दुख में हम भारत के साथ

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश पर संवेदनाएं जताई हैं.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "भारत में यात्री विमान के क्रैश की भयावह ख़बर. इस दुखद दिन में मेरी गहरी संवेदनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरे भारत के साथ हैं. भारत, यूके, पुर्तगाल और कनाडा के सभी पीड़ितों और उनके निकटजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. हम इस दुखद और त्रासदी भरे दिन में आपके साथ हैं. हम सब प्रार्थना करते हैं कि ज़्यादा से ज़्यादा ज़िंदगियां बचें और घायल जल्द स्वस्थ हों."

    एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त हुए इस विमान में 242 यात्री और क्रू मेंबर्स थे.

    विमान में सवार 242 लोगों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रितानी, एक कनाडाई और सात पुर्तगाल के नागरिक थे.