यूक्रेन ने कहा- 'रूस के हवाई हमले में 13 लोगों की मौत और 56 घायल'

यूक्रेन में कई जगहों पर किए गए रूस के हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 56 लोग घायल हुए हैं. ये जानकारी यूक्रेन के अधिकारियों ने दी.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और अश्वनी पासवान

  1. चरमपंथ के ख़िलाफ़ संदेश लेकर विदेश जा रहे दल में शामिल ओवैसी ने क्या कहा?

    एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी प्रतिनिधिमंडल के साथ रवाना हुए हैं

    पहलगाम हमला और उसके बाद भारत की तरफ़ से हुई कार्रवाई को बताने के लिए बीजेपी सांसद बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल बहरीन के लिए रवाना हुआ है.

    सांसदों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का पहला पड़ाव बहरीन होगा उसके बाद ये दल कुवैत, सऊदी अरब और अल्जीरिया जाएगा.

    बहरीन के लिए रवाना होने से पहले एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "पहलगाम का जा दर्दनाक वाक़या हुआ हम उसे इन देशों में जाकर बताएंगे."

    उन्होंने कहा, "हमारा पड़ोसी मुल्क अपनी धरती से आतंकी कैंप चला रहा है और उन्हें सहायता और सहयोग दे रहा है और ये आतंकी हमारे मुल्क में आकर आतंकी गतिविधियां कर रहे हैं. इन्हीं बातों को हम इन देशों के सामने रखेंगे."

    भारत ने 59 सांसदों का सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल बनाया है, जो दुनिया के 33 देशों में जाकर पहलगाम हमले और उसके बाद हुई कार्रवाई के बारे में इन देशों में अपनी बात रखेंगे.

  2. जर्मनी के हैम्बर्ग में चाक़ू से हमले में 17 घायल, एक महिला गिरफ़्तार

    हैम्बर्ग सेंट्रल स्टेशन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, हैम्बर्ग सेंट्रल स्टेशन में क़रीब शाम छह बजे हुए इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

    उत्तरी जर्मनी के हैम्बर्ग सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार को एक महिला ने चाक़ू से जानलेवा हमला कर दिया. स्थानीय समयानुसार क़रीब शाम छह बजे हुए इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

    हैम्बर्ग अग्निशमन विभाग ने बताया है कि इस हमले में 17 लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने कहा है कि उनके पास अभी तक इस घटना में घायलों का स्पष्ट आंकड़ा नहीं आया है.

    हैम्बर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से ही 39 वर्षीय जर्मन महिला को गिरफ़्तर कर लिया.

    हैम्बर्ग अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि 17 लोग घायल हुए हैं और उनमें से कुछ की जानलेवा चोटें आई हैं.

    एक्स पर एक पोस्ट में हैम्बर्ग पुलिस ने कहा कि कई लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने कहा कि संदिग्ध ने अकेले ही इस घटना का अंजाम दिया, उसका कोई "राजनीतिक मक़सद" नहीं था.

    पुलिस प्रवक्ता फ्लोरियन अबेंसेथ ने कहा, "उन्हें लगता है कि वह शायद मानसिक रूप से परेशान थी."

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.