यूक्रेन ने कहा- 'रूस के हवाई हमले में 13 लोगों की मौत और 56 घायल'
इमेज स्रोत, EPA-EFE/Shutterstock
इमेज कैप्शन, रूसी हवाई हमले के बाद एक रिहायशी इमारत
यूक्रेन में कई जगहों पर किए गए रूस के हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 56 लोग घायल हुए हैं. ये जानकारी यूक्रेन के अधिकारियों ने दी.
यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रूस ने 250 ड्रोन और 14 बैलिस्टिक मिसाइल देश की राजधानी कीएव में दागी हैं. रूस के इस हमले के कारण कई रिहायशी इमारतों में आग लग गई है.
वायु सेना ने कहा है कि उसने 6 मिसाइलें और 245 ड्रोन मार गिराए हैं.
रूस के हवाई हमले के कारण कीएव में 14 लोग घायल हुए हैं.
हमले को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हर ऐसे हमले के साथ, दुनिया को और अधिक यकीन होता जा रहा है कि युद्ध को लंबा खींचने की वजह मॉस्को (रूस) है."
आईपीएल: पंजाब ने दिल्ली के ख़िलाफ़ बनाए 206 रन, श्रेयस अय्यर और स्टोइनिस चमके
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक बनाया
आईपीएल 2025 के एक मैच में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ 20 ओवर में 206 रन बना दिए हैं.
पंजाब की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने 34 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली. वहीं, मार्कस स्टोइनिस ने 16 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली.
दिल्ली की ओर से मुस्तफ़िज़ुर रहमान ने तीन विकेट लिए.
वैसे पंजाब किंग्स पहले ही प्लेऑफ़ में पहुंच चुकी है. पंजाब की टीम अभी प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है और उसे क्वॉलिफायर 1 खेलने के लिए टॉप-2 में रहना होगा.
टॉप-2 में बने रहने के लिए पंजाब का दिल्ली के ख़िलाफ़ हो रहा ये मैच काफी अहम है.
हालांकि, दिल्ली पहले ही प्लेऑफ़ की रेस से बाहर हो चुकी है.
ब्रेकिंग न्यूज़, महाराष्ट्र: ठाणे में कोरोना से 21 साल के युवक की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र में कोरोना के 56 एक्टिव मामले हैं (सांकेतिक तस्वीर)
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में कोविड-19 से एक मरीज की मौत हो गई है. ठाणे नगर निगम ने इसकी जानकारी दी है.
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार मौजूदा समय में महाराष्ट्र में कोरोना के 56 एक्टिव मामले हैं.
बीबीसी मराठी के अनुसार, ठाणे में कोरोना से मरने वाले युवक की उम्र 21 साल थी. उन्हें गंभीर मधुमेह की वजह से 22 मई को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इसके बाद शुक्रवार यानी 23 मई को उनका कोरोना टेस्ट पॉज़िटिव आया.
वहीं,नोएडा में 55 साल की एक महिला कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई हैं. इसकी जानकारी गौतम बुद्ध नगर के सीएमओ नरेंद्र कुमार ने दी.
उन्होंने कहा, "गौतम बुद्ध नगर में कोरोना के इस मामले की पुष्टि आरटीपीसीआर टेस्ट के बाद हुई है. इसके बाद हम कोविड से लड़ने की तैयारियों में अपने सारे लॉजिस्टिक टेस्टिंग के लिए उपलब्ध करा रहे हैं."
सीएमओ ने कहा, "घबराने की ज़रूरत नहीं है."
हाल ही में भारत सहित कई एशियाई देशों में कोरोना के नए मामले फिर से आना शुरू हो गए हैं.
दिल्ली: नीति आयोग की बैठक में कौन से राज्य नहीं हुए शामिल, सीईओ ने बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नीति आयोग के सीईओ
दिल्ली में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक में कुल 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से
31 ने हिस्सा लिया.
ये जानकारी बैठक के बाद नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
उन्होंने कहा, "ये अब तक की सबसे अधिक भागीदारी रही है. यह वास्तव में दिखाता है कि लोग बहुत सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आए. कर्नाटक, केरल, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और बिहार ने मीटिंग में हिस्सा नहीं लिया. इनके बारे में हमें पहले से जानकारी थी."
बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि इन राज्यों के प्रतिनिधियों के नहीं आने का कारण उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या फिर उनका पहले से तय कार्यक्रम था.
दरअसल, नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में राज्य की ओर से वहां के मुख्यमंत्री शामिल होते हैं.
राजस्थान: सड़क हादसे में चर्चित वन्यजीव प्रेमी राधेश्याम विश्नोई समेत चार की मौत, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, चंदन भाटी
इमेज कैप्शन, राधेश्याम विश्नोई
राजस्थान के जैसलमेर के लाठी थाना इलाक़े में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में चर्चित वन्यजीव प्रेमी राधेश्याम विश्नोई समेत चार लोगों की मौक़े पर ही मौत हो गई.
शनिवार को शवों के पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है.
लाठी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया, "शुक्रवार रात क़रीब साढ़े नौ बजे थाने से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर एक गाय को बचाने के दौरान कैंपर गाड़ी सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई."
"हादसे में कैंपर सवार वन्यजीव प्रेमी राधेश्याम विश्नोई, श्याम विश्नोई, वन रक्षक सुरेन्द्र चौधरी और कंवरराज सिंह की मौक़े पर ही मौत हो गई."
थाना प्रभारी ने कहा, "राधेश्याम विश्नोई पूरे इलाक़े में बेहद चर्चित थे और वन्यजीव के लिए समर्पित थे. सोशल मीडिया के ज़रिए उनको शहीद का दर्जा देने की मांग की जा रही है, लेकिन पुलिस-प्रशासन से अभी इस बारे में मांग नहीं की गई है."
इमेज स्रोत, चंदन भाटी
इमेज कैप्शन, सड़क हादसे में वन्यजीव प्रेमी राधेश्याम विश्नोई समेत चार लोगों की मौत हो गई
राज्य के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर दुख जताया है.
जैसलमेर के स्थानीय पत्रकार चंदन भाटी बीबीसी से कहते हैं, "28 साल के राधेश्याम विश्नोई लाठी थाना इलाक़े के ही धौलिया गांव के रहने वाले थे. वह वन्यजीव प्रेमी और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर थे. उनका वन्यजीव प्रेम एक मिसाल है. उन्होंने पशु-पक्षियों के लिए इस इलाक़े में आठ सौ से ज़्यादा पानी के पौंड बनाए हुए थे."
चंदन भाटी आगे कहते हैं, "राधेश्याम विश्नोई क़रीब एक हज़ार हिरणों, गोडावण समेत कई जानवरों का रेस्क्यू कर चुके थे. उनका जीवन पूरी तरह वन्यजीव के लिए ही समर्पित था. उनकी तस्वीरें अंतरार्राष्ट्रीय स्तर पर चर्चाओं में रही है और कई पुरस्कारों से भी वो सम्मानित हुए हैं."
बताया जा रहा है कि हिरण के शिकार की सूचना मिलने पर अपने दो सहयोगी कंवरराज सिंह भाटी और श्याम विश्नोई के साथ राधेश्याम विश्नोई हिरण के रेस्क्यू के लिए जा रहे थे. उनके साथ वन रक्षक सुरेन्द्र चौधरी भी हादसे का शिकार हुई गाड़ी में सवार थे.
पाकिस्तान के पीएम तुर्की और ईरान समेत चार देशों का करेंगे दौरा, भारत पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ तुर्की, ईरान, अज़रबैजान और ताजिकिस्तान का दौरा करेंगे. पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने ये जानकारी दी.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि शहबाज़ शरीफ़ का ये विदेशी दौरा 25 मई से 30 मई तक होगा.
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि शहबाज़ शरीफ़ अपने दौरे के दौरान तुर्की, ईरान, अज़रबैजान और ताजिकिस्तान के नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
शहबाज़ शरीफ़ का ये दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पाकिस्तान-भारत के बीच हुए सैन्य संघर्ष के दौरान तुर्की और अज़रबैजान ने खुलकर पाकिस्तान का साथ दिया था.
विदेश मंत्रालय ने बयान में भी कहा है कि भारत के साथ हुए संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को मित्र देशों की ओर से मिले समर्थन के लिए शहबाज़ शरीफ़ को उन्हें आभार व्यक्त करने का अवसर भी मिलेगा.
ग़ज़ा: इसराइली हवाई हमले में एक डॉक्टर के नौ बच्चे की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के हवाई हमले के बाद की तस्वीर
ग़ज़ा के ख़ान यूनिस में स्थित नासर अस्पताल ने कहा है कि इसराइली हवाई हमले में उनके एक डॉक्टर के 10 में से 9 बच्चों की मौत हो गई है.
नासर अस्पताल ने कहा है कि डॉक्टर अल्ला अल-नज्जर का एक बच्चा और उनके पति घर पर हुए इसराइली हवाई हमले में घायल हुए हैं.
हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के डायरेक्टर के शेयर किए गए वीडियो और बीबीसी के वेरिफाई किए गए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि शुक्रवार को ख़ान यूनिस में हुए हमले के बाद मलबे से शवों को बाहर निकाला गया.
बीबीसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए इसराइली सेना से संपर्क किया है.
शनिवार को एक बयान में इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में उसने ग़ज़ा में 100 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है.
यूक्रेन ने कहा- रूस ने कीएव में किया मिसाइल और ड्रोन से हमला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की
यूक्रेन की ओर से ये बताया गया है कि राजधानी कीएव में रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले में कम से कम 14 लोग घायल हुए हैं.
यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रूस ने 250 ड्रोन और 14 बैलिस्टिक मिसाइल दागी हैं. रूस के इस हमले के कारण कई रिहायशी इमारतों में आग लग गई है.
वायु सेना ने कहा है कि उसने 6 मिसाइलें और 245 ड्रोन मार गिराए हैं.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, रूस के हमले के बाद कई रिहायशी इमारत में आग लगने की भी ख़बर है
हमले के बारे में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हर ऐसे हमले के साथ, दुनिया को और अधिक यकीन होता जा रहा है कि युद्ध को लंबा खींचने की वजह मॉस्को (रूस) है."
आईपीएल: रजत पाटीदार और पैट कमिंस पर क्यों लगा जुर्माना
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रजत पाटीदार आरसीबी के कप्तान हैं
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर जुर्माना लगाया गया है.
आरसीबी के ख़िलाफ़ हुए मैच में हैदराबाद ने शुक्रवार को 42 रन से जीत दर्ज की थी.
रजत पाटीदार और पैट कमिंस पर अपनी-अपनी टीमों की धीमी ओवर गति के लिए जुर्मानालगाया गया है.
कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया क्योंकि यह आईपीएल की आचार संहिता के मामले के तहत उनकी टीम का पहला मामला था. वहीं, पाटीदार पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
आईपीएल ने बयान में कहा, "पाटीदार पर 24 लाख रुपये का जुर्माना इस कारण लगाया है क्योंकि यह आईपीएल की न्यूनतम ओवर गति से जुड़े आचार संहिता के तहत उनकी टीम का दूसरा मामला है."
बयान में कहा, "इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग इलेवन में शामिल बाकी खिलाड़ियों पर या तो छह लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 फ़ीसदी (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया है."
पहलगाम हमले के बाद राहुल गांधी दूसरी बार जम्मू-कश्मीर पहुंचे
इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ पहुंचे.
उन्होंने कहा, "इस समस्या का जवाब देने का आपका तरीका यह होना चाहिए कि आप वास्तव में कड़ी मेहनत से पढ़ाई करिए, आप खूब खेलें और स्कूल में बहुत सारे दोस्त बनाए."
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पाकिस्तानी सेना द्वारा सीमा पार से की गई गोलाबारी के पीड़ितों परिवारों से पुंछ में मुलाक़ात की.
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमले के बाद राहुल गांधी का यह दूसरा दौरा है. पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी.
पहलगाम हमले के बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान में कई जगहों पर हमले किए थे. इसके बाद पाकिस्तान ने भी हमला किया. दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष 10 मई की शाम तक चला.
ब्रेकिंग न्यूज़, शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे के लिए बनाया गया भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैच की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी
बीसीसीआई ने इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल को टेस्ट टीम का नया कप्तान बनाया है. वहीं उप कप्तान की ज़िम्मेदारी ऋषभ पंत को दी गई है.
भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर जा रही है. यहां वह पांच मैचों की टेस्ट सिरीज़ खेलेगी.
टीम के चयन के लिए मुंबई में स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के मुख्यालय में बैठक हुई.
इस बैठक में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के सदस्य शामिल हुए.
बैठक के बाद प्रेस वार्ता में अजीत अगरकर ने भारतीय टीम का एलान किया.
टीम में ये हैं शामिल
शुभमन गिल (कप्तान)
ऋषभ पंत (विकेटकीपर और उप कप्तान)
यशस्वी जायसवाल
केएल राहुल
साई सुदर्शन
अभिमन्यु ईश्वरन
करुण नायर
नीतीश कुमार रेड्डी
रविंद्र जाडेजा
ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
वॉशिंगटन सुंदर
शार्दुल ठाकुर
जसप्रीत बुमराह
मोहम्मद सिराज
प्रसिद्ध कृष्णा
आकाश दीप
अर्शदीप सिंह
कुलदीप यादव
अभिनेता मुकुल देव का 54 साल की उम्र में निधन, मधु पाल, मुंबई से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अभिनेता मुकुल देव की आख़िरी फ़िल्म सन ऑफ़ सरदार-2 इस साल रिलीज़ होने जा रही है
फ़िल्म और टीवी अभिनेता मुकुल देव का शुक्रवार देर रात नई दिल्ली में निधन हो गया.
उनकी आयु 54 साल थी और मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
अभिनेता राहुल देव ने अपने भाई मुकुल देव के निधन की पुष्टि की है. अभिनेता विंदू दारा सिंह ने मुकुल देव के साथ अपना एक वीडियो शेयर करके दुख जताया है.
वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "आरआईपी ब्रदर मुकुल देव. आपके साथ बिताया हुआ समय हमेशा संजोकर रखूंगा और सन ऑफ सरदार-2 में आपका अंतिम गाना होगा जहां आप दर्शकों में ख़ुशी और आनंद फैलाएंगे और उन्हें हंसाते हुए लोट-पोट कर देंगे."
अभिनेता मनोज बाजपेयी ने इंस्टाग्राम पर लिखा है, "मैं जो महसूस कर रहा हूँ उसे शब्दों में बयां करना असंभव है. मुकुल एक भाई की तरह थे, एक कलाकार जिनकी गर्मजोशी और जुनून बेजोड़ था. बहुत जल्दी, बहुत कम उम्र में चले गए. उनके परिवार और इस नुकसान से दुखी सभी लोगों के लिए शक्ति की प्रार्थना करता हूँ. मिस यू मेरी जान...जब तक हम फिर से नहीं मिलते. ओम शांति."
ट्रंप ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को लेकर कहा- बदलना होगा तरीक़ा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को लेकर लिए गए फ़ैसले का बचाव किया है
ट्रंप प्रशासनने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दाख़िला देने का अधिकार रद्द कर दिया है. इस मामले को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा कि 'उनके पास 52 अरब डॉलर का अनुदान है. यह देश अरबों-अरबों डॉलर का भुगतान कर रहा है और फिर छात्रों को ऋण दे रहा है. हार्वर्ड को अपने तरीके़ बदलने होंगे.'
हालांकि हार्वर्ड यूनिवर्सिटी ने बॉस्टन में दायर मुकदमे में ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई को क़ानून का 'स्पष्ट उल्लंघन' बताया.
इसके बाद इस मामले की सुनवाई करते हुए अमेरिका के डिस्ट्रिक्ट जज एलिसन बॉरो ने फिलहाल ट्रंप प्रशासन के इस फ़ैसले पर रोक लगा दी थी.
झारखंड: दस लाख के इनामी उग्रवादी की पुलिस मुठभेड़ में मौत, आनंद दत्त, रांची से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Anand Dutta
इमेज कैप्शन, झारखंड जन मुक्ति परिषद का प्रमुख पप्पू लोहरा (फ़ाइल फ़ोटो)
झारखंड के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के प्रमुख पप्पू लोहरा की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है.
शुक्रवार देर रात लातेहार ज़िले के सलैया जंगल के पास हुई इस मुठभेड़ में संगठन के एक अन्य उग्रवादी के मारे जाने की भी सूचना है.
लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने बीबीसी को बताया कि पप्पू लोहरा के अलावा एक और उग्रवादी मारा गया है और एक घायल है. उन्होंने बताया कि सर्च अभियान अभी जारी है, और इसके पूरे होने के बाद ही अन्य जानकारी साझा की जा सकेगी.
बता दें कि कि पप्पू लोहरा पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. वह लातेहार ज़िले के लुंडी गांव का रहने वाला था.
क्या है जेजेएमपी?
साल 2006-07 में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का कमांडर संजय यादव अपने दस्ते के साथ अलग हो गया था. बाद में उसने झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) नामक संगठन की स्थापना की.
संजय यादव की मौत के बाद पप्पू लोहरा जेजेएमपी का प्रमुख बन गया.
पप्पू लोहरा उर्फ़ सोमदेव लोहरा पलामू, गढ़वा और लातेहार ज़िलों में पुलिस सहित दर्जनों लोगों की हत्या का आरोपी था.
सितंबर 2021 में पप्पू लोहरा के साथ हुई मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार की भी मौत हो गई थी.
सिंधु जल समझौते को लेकर संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान पर भारत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने कहा है कि सिंधु जल समझौते को लेकर पाकिस्तान दुष्प्रचार कर रहा है
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने सिंधु जल समझौते को लेकर पाकिस्तान के आरोपों पर जवाब दिया है.
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "सिंधु जल समझौते को लेकर पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल दुष्प्रचार कर रहा है. भारत ने हमेशा ज़िम्मेदारी भरा व्यवहार किया है."
पी हरीश ने कहा, "65 साल पहले भारत ने अच्छी भावना के साथ पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौता किया था. अच्छी साख़ और दोस्ती इसकी मूल भावना थी लेकिन पिछले छह दशकों में तीन युद्ध और हज़ारों आतंकी हमले करके पाकिस्तान ने इसकी मूल भावना का उल्लंघन किया है."
पी हरीश ने कहा कि पिछले चार दशकों में हुए आतंकी हमलों में भारत में 20 हज़ार जानें गई हैं. पिछले महीने ही पहलगाम में हुए हमले में 26 लोगों की मौत हुई है.
पी हरीश स्लोवेनिया के स्थायी मिशन के ज़रिए आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक को संबोधित कर रहे थे, जिसका विषय 'सशस्त्र संघर्ष में जल की सुरक्षा-नागरिक जीवन की सुरक्षा' था.
पिछले महीने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौता स्थगित कर दिया था.
पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत से रिहा होकर पश्चिम बंगाल पहुंचे बीएसएफ़ जवान ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत से रिहा होने के बाद पूर्णम कुमार (बीच में)
पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत से रिहा किए गए बीएसएफ़ जवान पूर्णम कुमार हुगली (पश्चिम बंगाल) में अपने घर पहुंच गए हैं.
पूर्णम कुमार को पाकिस्तानी रेंजर्स ने पहलगाम हमले के दूसरे दिन फ़िरोज़पुर (पंजाब) के पास हिरासत में ले लिया था.
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान पूर्णम कुमार ग़लती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए थे.
पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें 14 मई को अटारी-वाघा बॉर्डर पर भारतीय अधिकारियों के हवाले किया.
पूर्णम कुमार ने अपने घर पहुंचने के बाद समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, "मां-पापा बहुत परेशान थे इसलिए सबसे पहले उनसे मिलने आया. रिश्तेदारों से मिलकर अच्छा लग रहा है."
शशि थरूर बोले- हम बताने जा रहे हैं आतंकवाद को लेकर हमारा रवैया ऐसा क्यों है
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि विदेश यह बताने जा रहे हैं कि इस घटना को लेकर हमारा अनुभव क्या था
पहलगाम हमला और उसके बाद भारत की तरफ़ से हुई कार्रवाई को बताने के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सांसदों का एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल गुयाना के लिए रवाना हुआ.
नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होने से पहले कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "सरकार ने अपना रुख़ स्पष्ट कर दिया है. हमारे विदेश सचिव सहित प्रवक्ताओं ने स्पष्ट रूप से बता दिया कि कैसे हुआ और क्या हुआ?"
थरूर ने कहा कि 'हम वहां लोगों को यह बताने जा रहे हैं कि इस घटना को लेकर हमारा अनुभव क्या था और हमने जो किया वह क्यों किया और भविष्य में हमारा रवैया ऐसा क्यों होगा?'
उन्होंने कहा, "हम बहस करने नहीं जा रहे हैं बल्कि उन्हें बताने और लोगों से मिलने जा रहे हैं. ताकि हम इस बारे में बात कर सकें कि हमने अब तक क्या-क्या झेला है?"
शशि थरूर ने कहा, "हमारा पहला पड़ाव गुयाना का जॉर्जटाउन है. हम न्यूयॉर्क से होकर गुज़रेंगे. हम 9/11 स्मारक जाएंगे और दुनिया को याद दिलाने का अवसर है कि वह भी आतंकवादी हमलों के शिकार हुए थे."
उन्होंने कहा, "पिछले चार दशकों से लगातार आतंकी हमला हो रहा है. इस यात्रा में हम इस बात को भी बताएंगे."
यह दल यूएसए, पनामा, गुयाना, ब्राज़ील और कोलंबिया की यात्रा करेगा.
ट्रंप की टैरिफ़ बढ़ाने की चेतावनी पर यूरोपियन यूनियन ने समझौते को लेकर कही ये बात
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, यूरोपीय संघ के व्यापार आयुक्त मारोस सेफकोविक ने कहा कि ईयू अपने हितों की रक्षा के लिए तैयार है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपियन यूनियन (ईयू) पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है.
इसके बाद ईयू के व्यापार प्रमुख ने कहा कि 27 सदस्यीय समूह अमेरिका के साथ "धमकियों" के बजाय "परस्पर सम्मान" के आधार पर व्यापार समझौता करने के लिए प्रतिबद्ध है.
ईयू के व्यापार आयुक्त मारोस सेफ़कोविक ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर और वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक के साथ बातचीत के बाद कहा, "ईयू एक ऐसे समझौते के लिए प्रतिबद्ध है जो दोनों के लिए लाभदायक हो."
"ईयू-अमेरिका के बीच व्यापार शानदार है और इसे धमकियों के बजाय परस्पर सम्मान से किया जाना चाहिए. हम अपने हितों की रक्षा के लिए तैयार हैं."
इससे पहले शुक्रवार को ट्रंप ने ईयू-अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता की धीमी गति को लेकर कहा था कि 1 जून से वह टैरिफ़ बढ़ाने जा रहे हैं.
अमेरिकी सरकार के आंकड़ों के अनुसार ईयू अमेरिका के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है. ईयू ने पिछले वर्ष 600 बिलियन डॉलर का निर्यात और 370 बिलियन डॉलर का आयात किया.