'सोशलिस्ट संत' डॉ. जीजी पारिख का निधन
"सोशलिस्ट संत" के नाम से मशहूर डॉ. जीजी पारिख का गुरुवार सुबह लगभग 5:45 बजे निधन हो गया.
तुषार गांधी और फ़िरोज़ मिथिबोरवाला ने जानकारी दी कि उन्होंने दिसंबर 2024 में 100 वर्ष की आयु पूरी की थी.
दोनों ने एक विज्ञप्ति में लिखा, "आज हमने एक महान आत्मा को खो दिया. 'सोशलिस्ट संत' हमें महात्मा गांधी की जयंती के दिन छोड़कर चले गए, जिन्हें वे पूजते थे, जिनके मूल्यों को उन्होंने आत्मसात किया और जिनके अनुरूप जीने का प्रयास किया."
"हमें यह दुखद समाचार संविधान सत्याग्रह पदयात्रा के दौरान मिला, जिसे हमने उनके आशीर्वाद से आयोजित किया था. उनके निधन ने हमें स्तब्ध कर दिया है. जीजी पारिख के जीवन से हमें हमेशा प्रेरणा, ज्ञान और विवेक मिला. अंतिम वर्षों में हम अक्सर उनका आशीर्वाद लेते और उनके चरण स्पर्श करते थे."
"हम सब शोकाकुल हैं लेकिन डॉ. जीजी पारिख के साहस और संघर्ष के मार्ग से शक्ति पाते हैं. वे स्वतंत्रता सेनानियों की अंतिम पीढ़ी में से एक थे और उनकी विरासत उनके कामों, भाषणों, लेखन और उनकी आत्मा के ज़रिए जीवित रहेगी, जो कठिन समय में हमें मार्गदर्शन देती रहेगी."