You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी शांति प्रस्ताव के बीच ग़ज़ा में इसराइल के हमले जारी

इसराइल ने एक तरफ़ अपने हमले तेज कर दिए हैं, जबकि हमास अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई शांति योजना पर विचार कर रहा है, जो युद्ध समाप्त करने से जुड़ा प्रस्ताव है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अमेरिकी शांति प्रस्ताव के बीच ग़ज़ा में इसराइल के हमले जारी

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने कहा है कि उनकी सेना समुद्र तट की तरफ़ मिलिट्री कॉरिडोर पर नियंत्रण बढ़ाकर ग़ज़ा के चारों ओर 'घेरा बढ़ा रही हैं.'

    इसराइल काट्ज़ ने ग़ज़ा सिटी में रह रहे हज़ारों फ़लस्तीनियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस इलाक़े को खाली कर दें अन्यथा जो लोग हमास के ख़िलाफ़ चल रहे अभियान के दौरान वहीं रहेंगे, उन्हें ''आतंकवादी और आतंक के समर्थक'' माना जाएगा.

    ग़ज़ा सिटी के अस्पतालों ने बुधवार को बताया कि इसराइली हमलों में 45 लोगों की मौत हुई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस (आईसीआरसी) ने कहा कि उसे वहां अपना ऑपरेशन निलंबित करना पड़ा है.

    इसराइल ने एक तरफ़ अपने हमले तेज कर दिए हैं, जबकि हमास अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई शांति योजना पर विचार कर रहा है, जो युद्ध समाप्त करने से जुड़ा प्रस्ताव है.

  2. चीफ़ जस्टिस बीआर गवई की मां आरएसएस के कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगी, लिखी चिट्ठी, भाग्यश्री राउत और नितेश राउत, बीबीसी मराठी

    भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की माँ डॉक्टर कमलताई गवई 5 अक्तूबर को होने वाले आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी.

    कमलताई गवई के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम का निमंत्रण स्वीकार करने की ख़बर के बाद, सोशल मीडिया पर इस पर बहस छिड़ गई.

    बीबीसी मराठी के मुताबिक़ अब कमलताई गवई ने एक पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि वह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी.

    कमलताई गवई के नाम से एक हस्तलिखित पत्र वायरल होने के बाद उनके बेटे राजेंद्र गवई ने स्पष्ट किया था कि वह पत्र उनका नहीं था.

    कमलताई गवई ने कहा कि वो पत्र किसी ऐसे सोशल वर्कर ने लिखा होगा जो उनके परिवार के क़रीब है. वह उस पत्र पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं.

    उन्होंने अपने पत्र में लिखा, "कुछ लोग पांच अक्तूबर को होने वाले कार्यक्रम के सिलसिले में आए थे. हम सबके लिए सद्भभावना रखते हैं. इसलिए हमने सबका स्वागत किया. हमारे मन में सबके प्रति मित्रता का भाव है."

    उन्होंने कहा कि जब उनके इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने संबंधी ख़बरें प्रसारित होनी शुरू हुईं तो उनकी आलोचना शुरू हो गई.

    वो पत्र में आगे लिखती हैं, "हमने अपनी पूरी ज़िंदगी आंबेडकर के विचारों के लिए समर्पित कर दी. दादासाहेब गवई ने भी अपनी पूरी ज़िंदगी इसी काम में समर्पित कर दी. इसलिए ज़रूरी है कि अपने विचारों को किसी दूसरी विचारधारा वाले लोगों के मंच पर पेश किया जाए."

    "ऐसा करने के लिए शेर जैसे साहस की ज़रूरत होती है. दादासाहेब जानबूझकर ऐसे मंचों पर जाते थे और वंचित वर्ग के लोगों की समस्याएं उठाते थे. उन्होंने संघ के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया लेकिन कभी भी हिंदुत्व को क़बूल नहीं किया."

    उन्होंने आगे लिखा कि इस पूरे विवाद के कारण वो बेहद दुखी हैं. और उनकी ज़्यादा उम्र होने के कारण वो लगातार डॉक्टरों की निगरानी में हैं. इन सारी वजहों से वो पांच अक्तूबर वाले कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगी.

    विजयादशमी के मौक़े पर आरएसएस के सौ साल पूरे होने पर संघ यह उत्सव बड़े पैमाने पर मना रहा है.

  3. त्रिपुरा की जेल से छह क़ैदी फ़रार, एक पकड़ा गया; बॉर्डर पर हाई अलर्ट, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    त्रिपुरा की एक जेल से बुधवार तड़के छह क़ैदी फ़रार हो गए है जिनमें पांच विचाराधीन क़ैदी थे और एक उम्र क़ैद की सज़ा काट रहा था.

    हालांकि त्रिपुरा पुलिस का कहना है कि शाम ढलने से पहले एक फ़रार क़ैदी को पकड़ लिया गया है.

    नॉर्थ त्रिपुरा ज़िले के धर्मनगर उप-जेल में यह घटना उस समय हुई जब क़ैदियों को सुबह के वक़्त नाश्ते और स्नान के लिए उनकी कोठरियों से बाहर लाया गया था.

    नॉर्थ त्रिपुरा ज़िले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल देब बर्मा ने क़ैदियों के फरार होने की घटना की पुष्टि करते हुए बीबीसी से कहा,"यह घटना आज सुबह धर्मनगर उप-जेल की है. कुल छह क़ैदी फ़रार हुए हैं लेकिन एक क़ैदी को पकड़ लिया गया है."

    अन्य पांच क़ैदियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों की अलग-अलग टीमें इलाक़े में व्यापक तलाशी अभियान चला रही हैं.

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोठरियों से बाहर लाने के बाद क़ैदियों ने अचानक जेल गार्ड पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया और वहां से फ़रार हो गए.

    क़ैदियों के हमले में घायल हुए जेल गार्ड को धर्मनगर ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है.

    इस घटना के बाद बांग्लादेश से सटे सीमावर्ती इलाक़ों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.

    एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तरी त्रिपुरा और उनाकोटी ज़िलों के सभी पुलिस थानों और सुरक्षा चौकियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) को भारत-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि फ़रार क़ैदी सीमा पार न कर सकें.

    जेल से फ़रार हुए विचाराधीन क़ैदियों की शिनाख्त अब्दुल पाटा, रहीम अली, नारायण चंद्र दत्ता, रोशन अली और नाज़िम उद्दीन के तौर पर की गई है. जबकि हत्या सहित गंभीर अपराधों के लिए सुनील देबबर्मा आजीवन कारावास की सज़ा काट रहे थे.

  4. 'रूस के डर' पर कोपेनहेगन में यूरोप के नेताओं की बैठक, जानिए क्या है मक़सद

    डेनमार्क के हवाई अड्डों पर ड्रोन देखे जाने और रूस के यूरोपीय संघ के हवाई क्षेत्र के उल्लंघनों को लेकर यूरोप के नेता कोपेनहेगन में बैठक कर रहे हैं.

    इस बैठक का मक़सद यूरोप की सुरक्षा को मज़बूत बनाना है.

    डेनमार्क के प्रधानमंत्री मेडे फ़ेरलिक्सन ने पत्रकारों से कहा, “यूरोप के नज़रिए से देखें तो सिर्फ़ एक देश है जो हमें डराना चाहता है और वो रूस है, इसी वजह से हमें बेहद कड़ा जवाब देने की ज़रूरत है.”

    यूरोपीय संघ के कई सदस्य देशों ने एक मल्टी लेयर्ड ड्रोन वॉल की योजना का समर्थन किया है जिसमें रूसी ड्रोनों को तुरंत खोजकर उन्हें मार गिराना शामिल है.

    इससे पहले सितंबर के मध्य में रोमानिया ने भी कहा था कि एक रूसी ड्रोन ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है.

    रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “रोमानियाई वायुसेना के लड़ाकू विमान शनिवार को यूक्रेन पर रूसी हमले की निगरानी के लिए उड़ान भर रहे थे और उन्होंने यूक्रेन की दक्षिणी सीमा के पास उस ड्रोन को ट्रैक किया.”

  5. सुप्रिया श्रीनेत ने पूछा, 'आरएसएस की सराहना क्या इसलिए की जाए कि वो अंग्रेज़ो को माफ़ीनामे लिखते थे'

    कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने आरएसएस के सौ साल पूरे होने पर पीएम मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया दी है.

    सुप्रिया श्रीनेत ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “आरएसएस की सराहना प्रधानमंत्री मोदी किस बात के लिए कर रहे हैं? क्या आरएसएस की सराहना इसलिए की जाए कि उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में अपनी छोटी उंगली का छोटा नाखून नहीं कटाया?”

    “उनकी सराहना इसलिए की जाए कि आज़ादी की लड़ाई में अंग्रेज़ों को माफ़ीनामे लिखते थे. क्या इसलिए आरएसएस की सराहना की जाए कि उन्होंने 53 साल तक तिरंगे का बहिष्कार किया, क्या इसलिए किया जाए कि सरदार पटेल ने इनको बैन किया था, नफ़रत और हिंसा फ़ैलाने के लिए.”

    सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि 100 साल के इतिहास में कोई दलित, पिछड़ा या आदिवासी इसका प्रमुख नहीं बना और अपनी संस्था तक में महिलाओं को हिस्सेदारी नहीं दी है.

    इससे पहले दिल्ली के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया.

    प्रधानमंत्री ने कहा, "इस टिकट में उसी ऐतिहासिक क्षण की स्मृति है. संघ के स्वयंसेवक अनवरत देश की सेवा में जुटे हैं और समाज को सशक्त कर रहे हैं, इसकी झलक भी डाक टिकट में है."

  6. चुनाव आयोग बताए कि बिहार में कितने घुसपैठियों का नाम वोटर लिस्ट से हटाया- हरीश रावत

    कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा है कि चुनाव आयोग ने अपनी विश्वसनीयता खो दी है.

    हरीश रावत ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “बिहार के चुनावों से पहले एसआईआर करके चुनाव आयोग ने अपनी और भद्द पिटवा ली है. इतना कहा कि घुसपैठिए हैं... घुसपैठिए हैं. अब आयोग बताए तो सही कि कितने घुसपैठिए हैं जिनको मतदाता सूची से बाहर किया है.”

    हरीश रावत का कहना है, “अब आंकड़े सामने आएंगे कि कितने असली वोटरों के नाम काटे हैं. अब तो बीजेपी के पास जो पोर्टेबल मतदाता हैं जिनको सब जगह ले जाकर वोट डलवाते हैं, ऐसे लोग बिहार में भी कितने हैं, अब हमारे कार्यकर्ता और नेता सारे तथ्य सामने लाएंगे."

  7. बरेली में हुए बवाल के सिलसिले में बुधवार को 8 अभियुक्तों की गिरफ़्तारी

    उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के आरोप में अब तक 81 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    गिरफ़्तार किए गए लोगों में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष और चर्चित इस्लामी विद्वान अहमद रज़ा ख़ान के वंशज मौलाना तौक़ीर रज़ा ख़ान भी शामिल हैं.

    इस सिलसिले में बुधवार को दो अभियुक्तों को एक पुलिस एनकाउंटर के बाद गिरफ़्तार किया गया है, जबकि 6 अभियुक्तों को कोतवाली थाने की पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

    बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने एक पत्रकार सम्मेलन में यह जानकारी दी है.

    शुक्रवार 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश के बरेली में 'आई लव मोहम्मद' अभियान के समर्थन में निकाली गई रैली के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी.

  8. कार्टून: कमाल है!

    अमेरिका में संघीय सरकार के शटडाउन पर आज का कार्टून

  9. 'बिहार से जलन नहीं, लेकिन वहां चुनाव है, महाराष्ट्र में संकट है लेकिन अनदेखी हो रही'- उद्धव ठाकरे

    महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार पर महाराष्ट्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया है.

    उद्धव ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा है, "मुख्यमंत्री जी (देवेंद्र फडणवीस) चार-पांच दिन पहले प्रधानमंत्री जी से मिलने गए थे. ख़बर आई कि प्रधानमंत्री जी इंतज़ार कर रहे हैं कि आपकी (महाराष्ट्र) तरफ से कोई प्रस्ताव आना चाहिए."

    उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया, "बिहार में चुनाव है और वहां तो दयावान प्रधानमंत्री महिलाओं को 10-10 हज़ार देकर आए, क्या बिहार से आपके पास कोई प्रस्ताव आया था."

    "हमें कोई जलन नहीं है बिहार से. लेकिन बिहार में चुनाव है इसलिए आप चूना लगा रहे हो और यहां संकट है तो आप अनदेखी कर रहे हो."

    उद्धव ठाकरे ने इसे अन्याय बताया है.

  10. चंद्रबाबू नायडू ने बिजली की दरों में कटौती की घोषणा की

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बिजली की दरों में कटौती की घोषणा की है.

    यह कटौती 13 नवंबर से लागू होगी.

    सामाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ नायडू ने भरोसा दिलाया है कि इसपर कोई टैरिफ़ नहीं बढ़ाया जाएगा. उन्होंने यह भी वादा किया है कि वो बिजली की मौजूदा दरों में कटौती के प्रयास जारी रखेंगे.

    फ़िलहाल बिजली की दरों में 13 पैसे प्रति यूनिट की कमी की गई है.

    नायडू ने वैकल्पिक और सस्ती बिजली के उत्पादन पर भी जोर दिया है.

  11. केंद्र सरकार ने बढ़ाया गेहूं का एमएसपी, केंद्रीय कर्मचारियों को भी दी गई ये राहत

    कैबिनेट ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी है.

    इससे पहले गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे अब 2585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है.

    पीटीआई के मुताबिक़ केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए डीए/डीआर (महंगाई भत्ता) में भी 3% इजाफे को मंजूरी दी है. इससे केंद्र सरकार के अधीन काम करने वाले क़रीब 49.2 लाख कर्मचारियों और 68.7 लाख पेंशन पाने वालों को फ़ायदा होगा.

    इसके साथ ही केंद्र सरकार ने बुधवार को 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को भी मंजूरी दी है.

  12. तस्वीरों में: फ़िलीपींस में भूकंप, तबाही का मंज़र

    फ़िलीपींस में मंगलवार देर रात आए 6.9 तीव्रता के भूकंप में 69 से अधिक लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों घायल हो गए हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है.

  13. वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के ख़िलाफ़ जड़ा शतक, लगाई छक्के चौकों की झड़ी

    ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के ख़िलाफ़ इंडिया अंडर-19 की टीम मज़बूत स्थिति में पहुंच गई है. मैच में भारत की तरफ से वैभव सूर्यवंशी और वेदांत त्रिवेदी ने शतक जड़ा है.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह यूथ टेस्ट मैच ब्रिसबेन में खेला जा रहा है.

    14 साल के वैभव ने 86 गेंदों पर नौ चौके और आठ छक्कों की मदद से 113 रन बनाए. वैभव मैच में ओपनर बल्लेबाज़ के तौर पर उतरे. उन्होंने तीसरे विकेट के लिए वेदांत त्रिवेदी के साथ शतकीय साझेदारी निभाई.

    वैभव और वेदांत के शतकों की मदद से भारत की टीम ने पहली पारी में 428 बनाए.

    ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी पहली पारी में 243 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी और दूसरी पारी में भी उसका पहला विकेट 6 रन पर गिर चुका है.

  14. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. टाइम मैगज़ीन की 'टाइम100 नेक्सट' सूची में शामिल हुए यशस्वी जायसवाल

    भारत के सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल को टाइम मैगज़ीन की प्रतिष्ठित "टाइम्स100 नेक्स्ट" सूची में शामिल किया गया है.

    यह सूची विभिन्न क्षेत्रों में उभरते हुए व्यक्तित्वों को सम्मानित करती है.

    जायसवाल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ख़बर साझा करते हुए लिखा, "क्या शानदार समय है! मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि 2025 की #टाइम100नेक्स्ट सूची में मुझे शामिल किया गया है."

    उन्होंने लिखा है, "भविष्य गढ़ने वाले नेताओं के साथ मेरा नाम जुड़ा है. यह मुझे याद दिलाता है कि मैं कितनी दूर तक पहुंचा हूं और अभी कितनी और मंज़िलें बाकी हैं."

  16. फ़िलीपींस भूकंप: मरने वालों की संख्या बढ़कर 69 हुई

    फ़िलीपींस में मंगलवार रात आए 6.9 तीव्रता के भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है.

    अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक 30 मौतें बोगो सिटी में दर्ज हुईं. सैन रेमीगियो में 22, मेडेलिन में 10, टुबोगोन में 5 और सोगोड व तबुएलान में एक-एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है.

    अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग लापता हैं. राहतकर्मी मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं.

    विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआती 24 घंटे किसी को ज़िंदा बचाने के लिहाज़ से सबसे अहम होते हैं.

  17. आरएसएस के 100 वर्ष: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी किया विशेष टिकट और सिक्का

    दिल्ली के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया.

    समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि स्मृति डाक टिकट की अपनी महत्ता होती है.

    उन्होंने याद दिलाया कि 1963 में गणतंत्र दिवस परेड में आरएसएस स्वयंसेवक भी शामिल हुए थे और राष्ट्रभक्ति की धुन पर कदमताल किया था.

    प्रधानमंत्री ने कहा, "इस टिकट में उसी ऐतिहासिक क्षण की स्मृति है. संघ के स्वयंसेवक अनवरत देश की सेवा में जुटे हैं और समाज को सशक्त कर रहे हैं, इसकी झलक भी डाक टिकट में है."

    प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यह स्वतंत्र भारत के इतिहास में शायद पहली बार है जब भारतीय मुद्रा पर भारत माता की तस्वीर उकेरी गई है.

    उन्होंने कहा कि जारी किए गए सिक्के पर संघ का बोध वाक्य "राष्ट्राय स्वाहा, इदं राष्ट्राय इदं न मम" भी अंकित है.

  18. आरबीआई ने नहीं घटाई ब्याज दर, रेपो रेट 5.5 फ़ीसदी पर बरकरार

    भारतीय रिज़र्व बैंक ने बुधवार को रेपो रेट में कोई कटौती नहीं की. ये 5.5 फ़ीसदी पर बरकरार है.

    गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि पॉलिसी कमेटी ने मिलकर तय किया कि रेपो रेट में बदलाव नहीं होगा और पॉलिसी “न्यूट्रल” रहेगी.

    उन्होंने बताया कि जीएसटी दरें घटाने से लोगों का खर्च और विकास बढ़ सकता है.

    लेकिन टैरिफ़ की अनिश्चितता से अगले साल की दूसरी छमाही में अर्थव्यवस्था धीमी हो सकती है.

    रेपो रेट वह ब्याज दर है जिस पर आरबीआई कॉमर्शियल बैंकों को कर्ज देता है.

  19. जुबिन गर्ग की मौत का मामला: अभियुक्त श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा गिरफ़्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग की मौत के 12 दिन बाद पुलिस ने मंगलवार रात दो प्रमुख अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया.

    पुलिस के मुताबिक, नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत को सिंगापुर से लौटते समय कोलकाता एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया.

    वहीं, गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को राजस्थान से दिल्ली जाते समय गुरुग्राम के पास गिरफ़्तार किया गया. दोनों को कड़ी सुरक्षा में गुवाहाटी लाकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया.

    फिलहाल उनसे सीआईडी मुख्यालय में पूछताछ की जा रही है.

    मामला क्या है?

    श्यामकानु महंत वही आयोजक हैं, जिनके निमंत्रण पर जुबिन गर्ग पिछले महीने सिंगापुर गए थे. वहां 19 सितंबर को फेस्टिवल से एक दिन पहले उनकी कथित तौर पर समुद्र में डूबने से मौत हो गई.

    सिंगापुर के अधिकारियों ने पोस्टमार्टम में मौत का कारण डूबना बताया था. लेकिन असम में बड़े पैमाने पर विरोध और गड़बड़ी के आरोपों के बाद राज्य सरकार ने दूसरा पोस्टमार्टम कराया.

    परिवार और प्रशंसकों की प्रतिक्रिया

    गायक की पत्नी गरिमा गर्ग सैकिया ने गिरफ़्तारी पर कहा, "मैं चाहती हूं कि पुलिस उनसे सारी जानकारी हासिल करे. अब जब जांच चल रही है तो हमें उम्मीद है कि सच्चाई सामने आएगी. हम और जुबिन के लाखों प्रशंसक बस यही चाहते हैं कि जल्द न्याय मिले."

    पिछले कुछ दिनों से प्रशंसक सोशल मीडिया और सड़कों पर दोनों आरोपियों की गिरफ़्तारी की मांग कर रहे थे.

    आगे क्या?

    पिछले हफ़्ते दोनों के खिलाफ इंटरपोल के जरिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया था.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि दोनों को 6 अक्तूबर को गुवाहाटी में जांच दल के सामने पेश होना होगा.

    असम सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष डीजीपी एमपी गुप्ता की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है.

  20. यूएन ने की अफ़ग़ानिस्तान में इंटरनेट बहाल करने की अपील

    तालिबान ने पूरे अफ़ग़ानिस्तान में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बंद कर दी हैं.

    संयुक्त राष्ट्र ने इस कदम की निंदा करते हुए कहा है कि सेवाओं को तुरंत बहाल किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे आम लोगों की ज़िंदगी ठप हो गई है.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इंटरनेट बंद होने से छात्रों की पढ़ाई और कारोबार पर गहरा असर पड़ा है.

    एक छात्रा ने बताया कि उसकी पढ़ाई पूरी तरह ऑनलाइन क्लास पर निर्भर थी, जो अब रुक गई है.

    बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, तालिबान का यह कदम संगठन के भीतर बढ़ते असंतोष को दबाने की कोशिश है. कई वरिष्ठ तालिबान नेता महिलाओं की शिक्षा पर लगे प्रतिबंध से असहमत बताए जा रहे हैं.