ट्रंप ने एक बार फिर किया भारत-पाकिस्तान संघर्ष का ज़िक्र, पीएम मोदी पर भी कही यह बात

ब्रिटेन पहुंचे ट्रंप ने प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के साथ प्रेस को संबोधित किया, जहां उन्होंने दुनिया के कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और अभय कुमार सिंह

  1. अहमदाबाद एयर इंडिया विमान क्रैश: बोइंग और हनीवेल के ख़िलाफ़ केस दर्ज

    एयर इंडिया विमान क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हादसे का शिकार हुए एयर इंडिया के विमान में सवार 242 लोगों में से सिर्फ़ एक शख़्स ज़िंदा बचा था

    जून में क्रैश हुए एयर इंडिया के विमान में जान गंवाने वाले चार यात्रियों के परिवारों ने अमेरिका में विमान निर्माता बोइंग और एयरक्राफ़्ट पार्ट्स बनाने वाली कंपनी हनीवेल के ख़िलाफ़ मुक़दमा दायर किया है.

    परिवारों का आरोप है कि कंपनियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ.

    मंगलवार को दायर इस मुक़दमे में, जिसे बीबीसी ने देखा, कहा गया कि ख़राब ईंधन स्विच, दुर्घटना का कारण बने और कंपनियों ने विमान की डिज़ाइन में जोखिम होने के बावजूद "कुछ भी नहीं किया".

    जून में हुई इस विमान दुर्घटना में 260 लोगों की मौत हो गई थी. जाँच रिपोर्ट में कहा गया था कि बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर का फ़्यूल स्विच उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बंद हो गया था.

    जांचकर्ताओं का ध्यान ईंधन स्विच पर तब गया जब प्रारंभिक जांच में पता चला कि विमान के जमीन छोड़ने के कुछ ही क्षणों बाद इंजन को ईंधन की आपूर्ति बंद हो गई थी.

    मुक़दमे में आरोप लगाया गया है कि दोनों कंपनियों को 787 ड्रीमलाइनर और इसके घटकों को विकसित और बाज़ार में लाने के दौरान क्रैश के जोखिम की जानकारी थी.

    ये भी पढ़ें:

  2. भारत-पाकिस्तान के बीच 'नो हैंडशेक' विवाद, अब रमीज़ राजा ने क्या कहा?

    रमीज़ राजा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने आरोप लगाया था कि मैच रेफ़री एंडी पाइक्रॉफ़्ट ने टॉस के दौरान दोनों टीम के कप्तानों को हाथ ना मिलाने को कहा था

    भारत और पाकिस्तान के बीच हुए एशिया कप 2025 के मुक़ाबले में टॉस के दौरान दोनों ही कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया था. मैच के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे से हाथ नहीं मिलाया.

    एशिया कप में बुधवार को होने वाला पाकिस्तान और यूएई का नॉकआउट मैच देरी से शुरू हुआ.पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) का कहना था कि 'नो हैंडशेक' विवाद पर अभी तक कोई अंतिम फ़ैसला नहीं लिया गया है.

    बुधवार को पीसीबी के पूर्व चेयरमैन रमीज़ राजा ने कहा, "दिलचस्प चीज़ ये है कि मैं अभी बात कर रहा था. मेरा अंदाज़ा ये था कि एंडी पाइक्रॉफ़्ट खास जब भी कोई भारतीय मैच होता है तो उनके वो फे़वरेट हैं."

    उन्होंने आरोप लगाया कि 'मैं जितने भी टॉस करता हूं तो मुझे लगता है कि वहां पर एंडी पाइक्रॉफ़्ट परमानेंट होते हैं.'

    उन्होंने दावा किया कि पायक्रॉफ्ट 90 बार इंडिया के मैच में रेफ़री रहे हैं.

    पीसीबी के पूर्व चेयरमैन ने कहा, "ये चीज़ मुझे काफ़ी ज़्यादा एकतरफ़ा लगती है. ऐसी चीज़ सामने नहीं आनी चाहिए. यह एक न्यूट्रल प्लेटफ़ॉर्म है और इसी वजह से रेफ़री और मैच ऑफ़िशियल्स आते हैं. मुझे ऐसा लगता था कि हर बार इन्हें लगाया जाता है."

    बीबीसी उर्दू ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के हवाले से बताया है कि आईसीसी के मैच रेफ़री एंडी पाइक्रॉफ़्ट ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मैनेजर और कप्तान से माफ़ी मांगी है. हालांकि इस पर अभी तक आईसीसी की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    रविवार को हुए भारत और पाकिस्तान के मैच के बाद पाकिस्तान ने आरोप लगाया था कि दोनों टीमों के कप्तान जब टॉस के लिए मैदान पर आए थे तो मैच रेफ़री एंडी पाइक्रॉफ़्ट ने हाथ ना मिलाने को कहा था.

    इसकी शिकायत पाकिस्तान ने आईसीसी से भी की थी. साथ ही पाकिस्तान ने यह भी धमकी दी थी कि अगर मैच रेफ़री को न हटाया गया तो वह यूएई के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलेगा.

    ये भी पढ़ें:

  3. पाकिस्तान और सऊदी अरब ने किया एक समझौता, एक पर हमला हुआ तो दोनों पर माना जाएगा

    प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात की

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने बुधवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. इस समझौते का नाम "स्ट्रैटेजिक म्यूचुअल डिफ़ेंस एग्रीमेंट" रखा गया है.

    इस समझौते के तहत अगर इन दोनों देशों में से किसी भी देश पर हमला होता है, तो उसे दोनों देशों पर हमला माना जाएगा.

    दोनों देशों के बीच यह समझौता प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की सऊदी अरब यात्रा के दौरान हुआ.

    सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने रियाद के अल-यमामा पैलेस में शहबाज़ शरीफ़ का स्वागत किया.

    दोनों नेताओं की मुलाक़ात के दौरान देशों के रिश्तों को और मज़बूत बनाने पर चर्चा हुई.

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "दोनों देशों के बीच लगभग 80 साल पुराने रिश्ते हैं, जो भाईचारे, इस्लामी एकजुटता और रणनीतिक सहयोग पर आधारित हैं.

    विदेश मंत्री के मुताबिक़, समझौते का मक़सद रक्षा सहयोग को बढ़ाना और क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

  4. ट्रंप का बड़ा एलान, इस समूह को 'आतंकवादी' संगठन घोषित किया

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप इससे पहले भी कई बार एंटीफ़ा का विरोध कर चुके हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ासीवादी-विरोधी समूह एंटीफ़ा (एंटी फ़ासिस्ट) को 'आतंकवादी' संगठन घोषित कर दिया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.

    एंटीफ़ा के लोग या इस विचारधारा से जुड़े लोग नव-नाज़ीवाद, नव-फ़ासीवाद, व्हाइट सुप्रिमेसिस्ट (गोरे लोगों को श्रेष्ठ मानने वाली विचारधारा) और नस्लीय भेदभाव जैसे रूढ़िवादी धुर-दक्षिणपंथी विचारधारा के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने इसी को लेकर पोस्ट में लिखा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं एक ख़तरनाक और कट्टरपंथी वामपंथी संगठन, एंटीफ़ा को एक बड़े आतंकवादी संगठन के रूप में नामित कर रहा हूं."

    उन्होंने लिखा, "मैं यह भी सिफ़ारिश करूंगा कि एंटीफ़ा को फंड करने वालों की जांच उच्चतम क़ानूनी मानकों और नियमों के तहत की जाए."

    राष्ट्रपति ट्रंप अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी इस समूह का विरोध करते आए हैं.

    ग्रुप से जुड़े कई लोगों का मानना है कि 1920 और 1930 के दशक में यूरोपीय फ़ासीवादी ताक़तों के ख़िलाफ़ मूवमेंट के साथ उनका समूह अस्तित्व में आया.

    पश्चिम जर्मनी के अराजकतावादियों से लेकर शीत युद्ध के दौर तक एंटीफ़ा की विचाराधारा में यक़ीन रखने वाले सभी विरोध प्रदर्शनों में काले कपड़े पहनते हैं.

    पुलिस या विरोधी उन्हें न पहचानें इसके लिए कई बार ये लोग अपने चेहरे मास्क से ढंक कर रखते हैं या फिर हेलमेट पहनते हैं.

    एक तरह से ये डराने वाला तरीक़ा भी है जिसे "ब्लैक ब्लॉक" कहा जाता है. इस तरीक़े से वो अनजानों का एक समूह बन कर एक साथ रह सकते हैं.

    एंटीफ़ा प्रदर्शनकारियों की कोशिश होती है कि वो रूढ़िवादी धुर-दक्षिणपंथी कार्यक्रमों और नेताओं के कार्यक्रमों में मुश्किलें पैदा करें.

  5. अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में गोलीबारी, तीन पुलिस अधिकारियों की मौत

    पेंसिल्वेनिया

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, एफ़बीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि एजेंट मौके़ पर मौजूद हैं, वह स्थानीय और राज्य अधिकारियों की मदद कर रहे हैं

    अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में हुई गोलीबारी में तीन पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब पुलिस अधिकारी एक मामले की जांच कर रहे थे.

    पेंसिल्वेनिया स्टेट पुलिस कमिश्नर कर्नल क्रिस्टोफ़र पेरिस ने बताया कि गोली चलाने वाले हमलावर की पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मौत हो गई.

    घटनास्थल की तस्वीरों में दिखा कि एक घायल पुलिस अधिकारी को मेडिकल हेलिकॉप्टर से ले जाया जा रहा है.

    गोलीबारी के कारण पास के स्प्रिंग ग्रोव इलाके़ (जहां लगभग 2 हज़ार 500 लोग रहते हैं) के स्कूलों को कुछ समय के लिए रोका गया. बच्चों को वहीं सुरक्षित स्थान पर रखा गया.

    कुछ देर बाद स्कूल प्रशासन ने बताया कि गोलीबारी का असर स्कूल पर नहीं पड़ा.

    अधिकारियों का कहना है कि इस हमले से आम लोगों के लिए कोई ख़तरा नहीं है.

    कमिश्नर पेरिस ने कहा कि पुलिस ने अभी तक ज़्यादा जानकारी नहीं दी है. जांच अभी जारी है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.