नामीबिया ने टी20 मैच में साउथ अफ़्रीका को चार विकेट से हराया

टॉस जीतकर साउथ अफ़्रीका ने बल्लेबाज़ी चुनी और 20 ओवरों में टीम आठ विकेट के नुक़सान पर सिर्फ़ 134 रना बना सकी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और दीपक मंडल

  1. पाकिस्तानी सेना को परिणाम भुगतने होंगे: अफ़ग़ानिस्तान का रक्षा मंत्रालय

    अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्री

    इमेज स्रोत, X/@MoDAfghanistan2

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अपने हवाई सीमा की रक्षा करना उनका अधिकार है

    अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में गुरुवार को ज़ोरदार धमाके हुए. इसके लिए अफ़गानिस्तान ने पाकिस्तानी सेना को ज़िम्मेदार ठहराया और उसको 'परिणाम भुगतने' की चेतावनी दी

    हालांकि, पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान में स्ट्राइक की न तो पुष्टि की है और न ही इसका खंडन किया है.

    शुक्रवार को अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, "एक बार फिर पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन किया है. पाकिस्तान की सेना ने डूरंड रेखा के पास पक्तिका प्रांत के मरघा इलाक़े में एक बाज़ार को निशाना बनाया और राजधानी काबुल के हवाई क्षेत्र का भी उल्लंघन किया."

    रक्षा मंत्रालय ने कहा, "अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. यह हिंसक और निंदनीय है. हम अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता के उल्लंघन की कड़ी निंदा करते हैं. अपने हवाई सीमा की रक्षा करना हमारा अधिकार है."

    अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तानी सेना को चेतावनी देते हुए कहा, "चाहे स्थिति कितनी ही गंभीर क्यों न हो जाए, पाकिस्तान की सेना को इसके परिणाम भुगतने होंगे."

    भारत के दौरे पर आए तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी ने कहा कि देश के सरहदी इलाक़ों में हमले हुए हैं और पाकिस्तान को ये ग़लती नहीं दोहरानी चाहिए.

    पाकिस्तान ने इस मामले में अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, शुक्रवार को पेशावर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब इस बारे में पूछा गया तो पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया.

    उन्होंने सिर्फ़ इतना कहा, "अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के ख़िलाफ़ आतंकवाद के लिए किया जा रहा है. पाकिस्तान के लोगों की सुरक्षा के लिए ज़रूरी कदम उठाए जाएंगे और उठाए जाते रहेंगे."

  2. बिहार: सीट शेयरिंग और चिराग पासवान की नाराज़गी की अटकलों पर बीजेपी ने क्या कहा

    दिलीप जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिलीप जायसवाल ने कहा है कि एनडीए में 'सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई' है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. सीट शेयरिंग को लेकर एनडीए और महागठबंधन के दलों के बीच अभी तक सहमति नहीं बन पाई है और उम्मीदवारों का एलान नहीं हुआ है.

    एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर बिहार में बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है, "सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है. शनिवार शाम तक इसकी औपचारिक घोषणा हो जाएगी."

    शनिवार को दिल्ली में एनडीए की बैठक होनी है. इसमें बिहार चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.

    शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंचे बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सीट शेयरिंग पर कहा कि "हमारा नेतृत्व सक्षम और अनुभवी है. पूरा वर्कआउट करके बैठे हैं. कहीं कोई समस्या नहीं है."

    विजय सिन्हा ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान के नाराज़ होने की अटकलों पर भी जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा, "चिराग जी ने तो बता दिया कि मैं संतुष्ट हूं और प्रधानमंत्री के रहते चिंता की ज़रूरत नहीं है."

    चिराग पासवान ने सीटों के बंटवारे पर शुक्रवार को कहा, "जहां पर मेरे प्रधानमंत्री हैं, वहां पर मुझे अपने सम्मान की चिंता करने की ज़रूरत नहीं है."

    संबंधित कहानियां:

  3. मैक्रों ने सेबेस्टियन लेकोर्नू को फिर से फ़्रांस के पीएम पद पर लाने की घोषणा की, पॉल किर्बी, यूरोप डिजिटल एडिटर

    इमैनुएल मैक्रों और सेबेस्टियन लेकोर्नू

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, सेबेस्टियन लेकोर्नू ने सोमवार को इस्तीफ़ा दिया था

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सेबेस्टियन लेकोर्नू को देश के प्रधानमंत्री के तौर पर वापसी करने को कहा है. लेकोर्नू ने चार दिन पहले ही प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया है.

    मैक्रों ने शुक्रवार को सभी मुख्य दलों के साथ बैठक के कुछ घंटों बाद इसकी घोषणा की. इस बैठक में अति दक्षिणपंथी और अति वामपंथी नेताओं को छोड़कर अन्य सभी दल शामिल थे.

    हालांकि, लेकोर्नू की वापसी चौंकाने वाली है क्योंकि दो दिन पहले ही उन्होंने नेशनल टीवी पर कहा कि वह "नौकरी के पीछे नहीं भाग रहे थे" और उनका "मिशन पूरा हो चुका है".

    यह भी तय नहीं है कि वह सरकार बना पाएंगे या नहीं. लेकिन उन्हें ज़मीनी स्तर पर काम करना होगा. नए प्रधानमंत्री के पास अगले साल का बजट संसद में पेश करने के लिए सोमवार तक का समय है.

    इस हफ़्ते फ़्रांस की राजनीति में उथल-पुथल देखने को मिली. लेकोर्नू ने फ्रांस के प्रधानमंत्री का पद संभालने के 26 दिन बाद ही इस्तीफ़ा दे दिया था.

    फ्रांस्वा बेयरू की सरकार गिरने के बाद लेकोर्नू ने फ्रांस के प्रधानमंत्री का पद संभाला था. बीते दो सालों में लेकोर्नू फ़्रांस के पांचवें प्रधानमंत्री हैं.

  4. चीन से नाराज़ ट्रंप ने लिया यह बड़ा फ़ैसला, अगले महीने से होगा लागू

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Shawn Thew/EPA/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, टैरिफ़ पर ट्रंप के फ़ैसले के बाद शेयर बाज़ारों में गिरावट आई है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह एक नवंबर से चीन से आयात पर 100 फ़ीसदी अतिरिक्त टैरिफ़ लगाएंगे.

    ट्रुथ सोशल पर अपनी एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा अमेरिका ज़रूरी सॉफ़्टवेयर के निर्यात को भी नियंत्रित करेगा.

    इस हफ़्ते चीन ने रेयर अर्थ के निर्यात पर नियंत्रण कड़े किए हैं. इस पर ट्रंप ने शुक्रवार को चीन पर "बहुत शत्रुतापूर्ण" रवैया अपनाने और दुनिया को "अपने वश में" करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था.

    ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होने वाली उनकी मुलाक़ात से पीछे हटने की धमकी दी. हालांकि, बाद में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इसे रद्द नहीं किया है.

    ट्रंप की टिप्पणी के बाद शेयर बाज़ारों में गिरावट आई है.

    दुनिया के लगभग 90 प्रतिशत रेयर अर्थ की प्रोसेसिंग चीन में होती है, जिनका इस्तेमाल सोलर पैनल से लेकर स्मार्टफोन तक में होता है.

    रेयर अर्थ मिनरल्स 17 मैटेलिक तत्वों का समूह है, जो कई हाई-टेक उत्पादों के लिए अनिवार्य होते हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.