पुतिन को मंगोलिया में किया जाए गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय क्रिमिनल कोर्ट ने कहा

पुतिन अगले सप्ताह मंगलवार को मंगोलिया के दौरे पर जा सकते हैं. ये पहली बार होगा जब पुतिन किसी ऐसे मुल्क के दौरे पर होंगे जो अंतरराष्ट्रीय क्रिमिनल कोर्ट (आईसीसी) का सदस्य है.

सारांश

  • पेरिस पैरालंपिक में अवनि लेखरा ने जीता शूटिंग का गोल्ड मेडल
  • पीएम मोदी बोले- सिर झुका कर माफ़ी मांगता हूं, शिवाजी की प्रतिमा ढहने का मामला
  • भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 15 महीने के निचले स्तर पर, कृषि और सर्विस सेक्टर दोनों का खराब प्रदर्शन
  • इसराइली सेना का दावा- हमास के बड़े कमांडर समेत तीन लड़ाकों को मारा
  • पेरिस पैरालंपिक: मनीष नरवाल ने जीता 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 मुक़ाबले का सिल्वर मेडल

लाइव कवरेज

संदीप राय और दीपक मंडल

  1. कंगना के एक और बयान पर विवाद, कांग्रेस ने फिर साधा निशाना

    कंगना रनौत

    इमेज स्रोत, ANI

    हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी की लोकसभा सांसद कंगना रनौत के एक और बयान को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है.

    कंगना ने हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में कहा कि जाति जनगणना नहीं कराई जानी चाहिए क्योंकि लोग जाति के बारे में बहुत नहीं सोचते.

    कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि 'हिमाचल प्रदेश की मंडी से लोकसभा सांसद ऊंची जाति से आती हैं और पिछड़े समुदाय के लोग जिन हालात का सामना करते हैं, उसका उन्हें अंदाज़ा नहीं है.'

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर श्रीनेत ने लिखा, "आज फिर बीजेपी सांसद कंगना ने कहा जातिगत जनगणना बिल्कुल नहीं होनी चाहिए."

    "उन्होंने कहा कि करनी ही क्यों है? क्यों पता करनी हैं जाति? मेरे आसपास जाति जैसा कुछ है नहीं."

    कांग्रेस प्रवक्ता ने लिखा, "मैडम आप ठहरीं सवर्ण, अमीर, स्टार, सांसद. आप क्या जानें एक दलित पिछड़ा आदिवासी या गरीब जनरल कास्ट की हालत?"

    इसके बाद उन्होंने कंगना के इंटरव्यू के उस हिस्से की वीडियो क्लिप पोस्ट की.

    सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "अब तो मोदी जी चुप्पी तोड़िये, हमें नहीं तो अपने घटक दलों जेडीयू और एलजेपी के चिराग पासवान को तो अपना स्टैंड बताइए."

    कंगना के एक और हालिया बयान पर हंगामा हुआ था, जिसमें उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर विवादित टिप्पणी की थी.

    जिसके तुरंत बाद बीजेपी ने उनके बयान से खुद को अलग कर लिया था और उन्हें चुप रहने की नसीहत दी थी.

    हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने कंगना के बयान के विरोध में एक निंदा प्रस्ताव पास किया तो आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन किया था.

  2. छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल पर पहुँचे अजीत पवार, क्या बोले

    अजीत पवार

    इमेज स्रोत, @AjitPawarSpeaks

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार सिंधुदुर्ग ज़िले के राजकोट क़िले में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया.

    शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अपने दौरे की तस्वीरें पोस्ट कीं.

    इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, "जो कुछ भी हुआ, उससे हर कोई दुखी है. छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे देवता हैं और उनके इतिहास पर हर किसी को गर्व है. इस बारे में मुख्यमंत्री ने मीटिंग की है."

    उन्होंने कहा, "एक स्मारक बनाए जाने की कोशिशें हो रही हैं. दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी. वे कहीं भी जाएं, उन्हें पकड़ा जाएगा."

    दो दिन पहले एक जनसभा के दौरान अजीत पवार जनता से प्रतिमा गिरने के लिए माफ़ी भी मांग चुके हैं.

    अजीत पवार

    इमेज स्रोत, @AjitPawarSpeaks

    बीते बुधवार को यहीं पर बीजेपी नेता नारायण राणे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी.

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस पर राजनीति न करने की अपील की है और कहा है कि इस मामले की जांच के लिए दो कमिटियां बनाई गई हैं. एक प्रतिमा के गिरने के कारणों और दोषियों का पता लगाएगी, दूसरी कमिटी नए निर्माण की रूपरेखा बनाएगी.

    उधर, समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कोल्हापुर पुलिस ने स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट और कांट्रैक्टर को गिरफ़्तार कर लिया है.

    अनवारण किए जाने के नौ महीने के अंदर यह प्रतिमा गिर गई, जिसके बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक तूफ़ान खड़ा हो गया.

    विपक्षी महाविकास अघाड़ी ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए रविवार, एक सितंबर को मुंबई में गेटवे ऑफ़ इंडिया के पास शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है.

  3. चंपाई सोरेन झारखंड में क्या बीजेपी को सत्ता तक पहुँचा पाएंगे?

  4. शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के मामले में एक अहम गिरफ़्तारी

    शिवाजी मूर्ति

    इमेज स्रोत, ANI

    छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने को लेकर एफ़आईआर में नामज़द स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल को कोल्हापुर पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कोल्हापुर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति के स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल को पुलिस ने हिरासत में लिया है."

    उन्होंने बताया, "उन्हें कोल्हापुर से गुरुवार आधी रात को हिरासत में लिया गया. सिंधुदुर्ग पुलिस की एफ़आईआर में वो नामज़द हैं. उन्हें सिंधुदुर्ग पुलिस के हवाले कर दिया गया है."

    महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग ज़िले के राजकोट क़िले में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिर गई है.

    यह प्रतिमा चार दिसंबर 2023 को नौसेना दिवस के अवसर पर स्थापित की गई थी. इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रतिमा नौसेना ने बनवाई थी और हवा की वजह से गिरी है.

    उन्होंने यह भी कहा है कि वहां जल्द से जल्द एक नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी. उन्होंने बताया कि इस मामले में दो संयुक्त कमेटियां गठित की गई हैं.

    इसे लेकर महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन सरकार और विपक्षी महाविकास अघाड़ी के बीच खींचतान बढ़ गई है.

    महाविकास अघाड़ी ने रविवार को प्रदर्शन का आह्वान किया है.

    राज्य में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इसलिए इस पर राजनीति भी तेज हो गई है.

  5. कोलकाता रेप और मर्डर केस: पीड़िता के पिता और अस्पताल प्रशासन की बातचीत का ऑडियो वायरल

    कोलकाता

    इमेज स्रोत, ANI

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों और पीड़िता के परिजनों के बीच फ़ोन कॉल्स की ऑडियो रिकॉर्डिंग के सामने आने से रेप और मर्डर मामले में विवाद बढ़ गया है.

    गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई रिकॉर्डिंग के बाद आरोप लगाए जा रहे हैं कि अस्पताल प्रशासन ने केवल 'ग़लत जानकारी' ही नहीं दी बल्कि रवैया भी 'असंवेदनशील' था.

    तीन ऑडियो क्लिप्स में पहला 71 सेकेंड का, दूसरा 46 सेकेंड और तीसरा 28 सेकेंड का है. सोशल मीडिया के अलावा कई निजी समाचार चैनलों ने इन्हें चलाया भी.

    खुद को अस्पताल की असिस्टेंट सूपेरिटेंडेंट बताने वाली एक महिला की ओर से पीड़िता के पिता को ये कॉल किए गए थे.

    हालांकि बीबीसी इस क्लिप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकता, लेकिन कोलकाता पुलिस की सेंट्रल डिविज़न डिप्टी कमिश्नर इंदिरा मुखर्ज़ी ने इस पर सफ़ाई दी है.

    उन्होंने कहा कि 'इन ऑडियो क्लिप से ये साबित होता है कि हमने शुरू से ही कभी नहीं कहा कि मौत आत्महत्या से हुई. इस क्लिप से ये भी साबित होता है कि हमारी तरफ़ से कभी नहीं बोला कि ये आत्महत्या है.'

    पीड़िता के परिजन पहले ही कह चुके हैं कि नौ अगस्त की सुबह उन्हें अस्पताल से तीन बार फ़ोन आया और उसके बाद वो वहां पहुंचे.

    चादर बदलने को लेकर विवाद

    इस बीच गुरुवार को परिजनों ने शव को ढंकने वाली चादर के रंग के बारे में कहा था.

    इस विवाद पर डीसी इंदिरा मुखर्जी ने गुरुवार को मीडिया से कहा, "सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो क्लिप वायरल हुई हैं और कुछ टेलीविज़न चैनलों में शव को ढंकने वाली चादर के रंग को लेकर बहस हो रही है.कहा जा रहा है कि पहले चादर का रंग का नीला था और बाद में इस रंग अलग था."

    उन्होंने कहा, "हमने उस दिन दोपहर 12.25 बजे फ़ोटोग्राफ़ी और वीडियोग्राफ़ी कराई थी. मैं कह सकती हूं कि चादर का रंग नीला था. कुछ लोगों का दावा है कि चादर का रंग हरा या कुछ और हो सकता है. लेकिन ऐसा नहीं है. हमने ये सारे रिकॉर्ड सीबीआई को सौंप दिए हैं."

  6. रूस के इस परमाणु संयत्र पर मंडरा रहा ख़तरा

  7. गुजरात में भारी बारिश के बाद वडोदरा, जामनगर और पोरबंदर के कई इलाक़े जलमग्न, 26 की मौत

    भारी बारिश के दौरान अहमदाबाद में ऐसे दृश्य आम हैं

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारी बारिश के दौरान अहमदाबाद के कई इलाक़ों में पानी भर गया है.

    गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई ज़िलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है.

    भारी बारिश से प्रभावित वडोदरा, मोरबी और पोरबंदर ज़िलों में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

    हालांकि मध्य गुजरात में बारिश रुक गई है और पिछले तीन दिनों से पानी में डूबे वडोदरा शहर में बाढ़ का पानी उतरना शुरू हो गया है.

    लेकिन सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं.

    गुरुवार को द्वारका, जामनगर, जूनागढ़, पोरबंदर, अमरेली और सुरेंद्रनगर जिलों में भारी बारिश हुई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इन तीन दिनों में गुजरात में 26 लोगों की जान चली गई है.

    गुजरात बाढ़

    कच्छ में भारी बारिश के कारण मांडवी तालुका में हर तरफ पानी ही पानी है. यहां बड़ी रेलिंग में फंसे मजदूरों को निकाला गया.

    गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

    गुजरात सूचना विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में गुजरात में 1,785 नागरिकों को बचाया गया है और 13,183 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    बारिश के कारण वडोदरा में जगह-जगह पानी भर गया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सौराष्ट्र बारिश के कारण वडोदरा में जगह-जगह पानी भर गया

    इस बीच मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने जामनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया, वहीं दूसरी ओर गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने वडोदरा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया.

    बाढ़ के हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फ़ोन पर बात कर हालात की जानकारी ली है.

  8. ग़ज़ा में पोलियो टीकाकरण के लिए युद्धविराम पर सहमत हुआ इसराइल, टॉम बेनेनट, बीबीसी न्यूज़

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, AFP

    इसराइल, ग़ज़ा में मानवीय मदद पहुंचाने के लिए युद्ध को रोकने पर सहमत हुआ है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि ग़ज़ा में बच्चों को पोलियो के टीकाकरण के लिए इसराइल ने युद्ध विराम के लिए रज़ामंदी दे दी है.

    डब्ल्यूएचओ के वरिष्ठ अधिकारी रिक पीपरकोर्न ने कहा कि ग़ज़ा पट्टी में चलाए जाने वाले इस टीकाकरण अभियान में छह लाख 40,000 बच्चों को टीका लगाया जाएगा.

    रविवार से शुरू हो रहे इस तीन दिवसीय अभियान में ग़ज़ा के मध्य, दक्षिणी और उत्तरी हिस्से को कवर किया जाएगा.

    युद्ध विराम अभियान के दिन स्थानीय समयानुसार छह बजे से 15.00 बजे तक लागू रहेगा.

    यह समझौता ऐसे समय हुआ है, जब संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने कहा कि एक 10 महीने का शिशु पोलियो की वजह से पक्षाघात का शिकार हो गया. ग़ज़ा में 25 सालों में यह पोलियो का ये पहला मामला है.

    इस समय ग़ज़ा में ओरल पोलियो वैक्सीन की 12.6 लाख खुराक उपलब्ध है जबकि चार लाख खुराक जल्द ही पहुंचने वाली है.

    इस टीकाकरण अभियान की निगरानी फ़लस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ़ और यूएनआरडब्ल्यूए के साथ मिलकर करेगा. इसमें 2000 स्वास्थ्य कर्मी हिस्सा लेंगे.

    डब्ल्यूएचओ का मकसद ग़ड़ा पट्टी में 90 प्रतिशत टीकाकरण करने का है.

    डब्ल्यू एचओ का कहना है कि संघर्ष से पहले ग़ज़ा और वेस्ट बैंक में टीकाकरण पर्याप्त था. ताज़ा आंकड़ों के अनुसार 2022 में ग़ज़ा और वेस्ट बैंक में 99 प्रतिशत टीकाकरण था, जोकि पिछले साल घटकर 89 प्रतिशत हो गया था.

  9. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद कल की बड़ी ख़बरों को पढ़ सकते हैं.

    गुजरात में भारी बारिश और बाढ़की स्थिति के बीच सेना और रेस्क्यू टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी है.गुरुवार को वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से द्वारका के कल्याणपुर में फंसे चार लोगों को बचाया गया. वहीं वडोदरा के तीन अलग-अलग जगहों पर पानी में मगरमच्छ भी देखे गए.

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में इंसानों पर हमला कर रहे एक औरभेड़िये को वन विभागने गुरुवार को पकड़ लिया है.यह भेड़िया महसी तहसील में पकड़ा गया है. वन विभाग के डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जो एक झुंड बच्चों का शिकार कर कहा है, उसमें से ये चौथा भेड़िया है, जिसको विभाग की टीम ने पकड़ा है.

    पश्चिम बंगाल के कोलकाता में सरकार की ओर से संचालित आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर का शव पाए जाने के बाद राज्य में महिलाओं पर होने वाले कथित अत्याचारों पर पूरे देश में चर्चा है. पढ़िये पश्चिम बंगाल में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के बारे मेंक्या कहते हैं आंकड़े

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना के विरोध में पहले आम लोग सड़कों पर उतरे थे. लेकिन हाल के दिनों में भाजपा भी उस घटना के विरोध में सीधे मैदान में उतरकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे़ की मांग कर रही है. ममता बनर्जी को इस हालत में फायदा होगा या नुकसानयहां पढ़ें.

    मध्य प्रदेश में इन दिनों एक वीडियो वायरल है. इस वीडियो में थाने के अंदर 55 साल की एक दलित महिला और उनके नाबालिग़ पोते को दरवाज़ा बंद करके पीटा जा रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर से प्रदेश की क़ानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. क्या है इस वीडियो का सच,यहां पढ़ें.

    भारत की दूसरी परमाणु पनडुब्बी आईएनएस अरिघात शुक्रवार को नौसेना में शामिल होने वाली है.आईएनएस अरिघात के नौसेना में शामिल होने से चीन के मुक़ाबले कहाँ होगा भारत.पूरा विश्लेषण पढ़ें.

    29 अगस्त के लाइव पेज पर मौजूद सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए आप इस लिंक परक्लिककर सकते हैं.