पत्रकार और यूट्यूबर अभिसार शर्मा पर गुवाहाटी में राजद्रोह का केस दर्ज

गुवाहाटी क्राइम ब्रांच ने पत्रकार और यूट्यूबर अभिसार शर्मा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और सौरभ यादव

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पत्रकार और यूट्यूबर अभिसार शर्मा पर गुवाहाटी में राजद्रोह का केस दर्ज

    अभिसार शर्मा

    इमेज स्रोत, @abhisar_sharma

    गुवाहाटी क्राइम ब्रांच ने पत्रकार और यूट्यूबर अभिसार शर्मा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

    एक स्थानीय नागरिक की शिकायत के बाद अभिसार के ख़िलाफ़ ये रिपोर्ट दर्ज की गई. समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक सीनियर पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि शिकायत के मुताबिक़ अभिसार ने अपने एक वीडियो में असम और भारत सरकार का मज़ाक उड़ाया है.

    उन पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 152 (राजद्रोह), धारा 196 और 197 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    शिकायत में कहा गया है कि अभिसार शर्मा ने अपने वीडियो में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर 'सांप्रदायिक राजनीति' करने का आरोप लगाया है.

    23 साल के शिकायतकर्ता आलोक बरुआ ने अपनी शिकायत में कहा कि अभिसार ने असम के मुख्यमंत्री पर ये आरोप दुर्भावना से प्रेरित होकर लगाए और उनका ये वीडियो 'सांप्रदायिक भावनाएं भड़का सकता है.'

    क्या बोले अभिसार?

    अपने ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर पर अभिसार शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, "मेरे ख़िलाफ़ असम पुलिस की एफ़आईआर पूरी तरह से निराधार है. इसका क़ानूनी तौर पर जवाब दिया जाएगा. अपने शो में मैंने असम के एक जज के बयान का ज़िक्र किया था जिसमें जज ने महाबल सीमेंट को तीन हज़ार बीघा ज़मीन आवंटित करने के असम सरकार के फ़ैसले की आलोचना की थी. मैंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की सांप्रदायिक राजनीति को तथ्यों के साथ सामने रखा था. ये तथ्य मुख्यमंत्री के ख़ुद के बयानों पर आधारित थे."

    इसके साथ ही अभिसार ने यूट्यूब के अपने इस शो का वीडियो लिंक भी साझा किया है.

    अभिसार शर्मा के ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर पर कई पत्रकारों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    वरिष्ठ पत्रकार क़मर वहीद नक़वी ने एक्स पर लिखा, "हास्यास्पद और बेहद निंदनीय. पहले सिद्धार्थ वरदराजन और करण थापर और अब अभिसार के ख़िलाफ़ एफ़आईआर."

    वहीं वरिष्ठ पत्रकार और यूट्यूबर अजीत अंजुम ने एक्स पर लिखा, "गुवाहाटी हाई कोर्ट के जज ने भरी अदालत में एक कंपनी को सैकड़ों बीघा ज़मीन दिए जाने को लेकर सवाल उठाए थे. उन्हीं सवालों पर अभिसार शर्मा ने अगर कोई शो बनाया तो उन पर राजद्रोह की धाराएं लगाकर FIR करा दी गई. दरअसल असम के मुख्यमंत्री अब देश के पत्रकारों को संदेश देना चाहते हैं कि अगर किसी पत्रकार ने उनकी सरकार के ख़िलाफ़ मुंह खोला तो उसे सलाखों के पीछे जाना पड़ सकता है."

  3. फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी से यूक्रेन पर की चर्चा

    फ़्रांस और भारत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यूक्रेन के मुद्दे पर बातचीत की है.

    राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि मेरी अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात हुई है.

    फ़्रांस के राष्ट्रपति ने कहा, "हमने यूक्रेन युद्ध पर अपनी स्थितियों के बारे में बात की है ताकि यूक्रेन और यूरोप की सुरक्षा गारंटी के साथ स्थाई शांति की ओर आगे बढ़ा जा सका."

    मैक्रों ने कहा है, "व्यापार को लेकर हम सभी क्षेत्रों में अपने आर्थिक आदान प्रदान और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमत हुए हैं. "

  4. उत्तरकाशी: स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनी अस्थाई झील, घर-होटल खाली कराए गए, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तराखंड

    इमेज स्रोत, Asif

    इमेज कैप्शन, उत्तरकाशी में अस्थाई झील बनने के कारण ख़तरे में कई घर और होटल

    उत्तरकाशी के यमुनोत्री धाम मार्ग पर स्थित स्यानाचट्टी कस्बे के पास यमुना नदी में अस्थाई झील बन गई है.

    गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे गढगाड़ से भारी मात्रा में मलबा और पानी आने के कारण यह अस्थाई झील बनी है. पानी की निकासी न होने से लगातार जलभराव बढ़ रहा है.

    पुलिस ने आस-पास के घरों और होटलों को खाली करा दिया है. सड़क से नीचे बने अधिकांश मकानों और होटलों में पानी भर गया है. प्रशासन ने अब तक लगभग 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा है.

    उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बीबीसी हिन्दी से कहा, “नदी के ठीक सामने एक नाला आता है. वह नाला आज दिन में धूप निकलने के कारण अधिक टूट गया. जिसके कारण वहां बड़े पत्थर और मलबा जमा हो गया.”

    उन्होंने बताया, “पुलिस, तहसील व राजस्व विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं. एनडीआरएफ की टीम भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच जाएगी. इसके अलावा कुछ नाव भी भिजवाई जा रही हैं.”

    डीएम ने कहा, “पेड़ों के फंसे होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिसके लिए दो वुड कटर भिजवाये गए हैं. वहां कुछ लाइट्स भी भेजी गई हैं. अगर रात में कार्य करने में जोखिम नहीं होगा तभी कार्य किया जाएगा, वरना कल सुबह छह बजे से कार्य शुरू किया जाएगा.”

    उनके मुताबिक, “स्यानाचट्टी में काफ़ी होटल और घर हैं, वह लोग ऊपर की तरफ़ अपने रिश्तेदारों के यहां शिफ्ट हो गए हैं.”

  5. तेजस्वी बोले- ऑरिजनल सीएम चाहिए या डुप्लिकेट सीएम?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा है कि वोट चोरी संविधान पर आक्रमण है.

    बिहार में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (एसआईआर) के ख़िलाफ़ राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ओर से 'वोट अधिकार यात्रा' निकाली जा रही है.

    इस यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, "तेजस्वी जो कह रहा है ये सरकार वही कर रही है. हमने पेंशन बढ़ाने के लिए कहा, ये सरकार पीछे से पेंशन बढ़ा रही है. हमने कहा पांच लाख नौकरी देंगे, इन्होंने भी कहा हम भी नौकरी देंगे. हमने कहा बिजली मुफ्त कर देंगे तो ये सरकार कहती है हम भी बिजली मुफ्त कर देंगे. अब आप तय कीजिए आपको ऑरिजनल सीएम चाहिए कि डुप्लिकेट सीएम चाहिए."

    वहीं, राहुल गांधी ने कहा है, "आंबेडकर जी ने ज़िंदगी दी और संविधान बनाया, गांधी जी ने ज़िंदगी दी और संविधान बनाया, ये जो 'वोट चोरी' है वो संविधान पर आक्रमण है."

  6. अमेरिका की पूर्व राजनयिक निकी हेली ने भारत, चीन और ट्रंप पर क्या कहा?

    निकी हेली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, निकी हेली ने कहा था कि ट्रंप प्रशासन को भारत के साथ रिश्ते नहीं बिगाड़ने चाहिए

    संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निकी हेली ने कहा है कि चीन से अमेरिकी सप्लाई चेन को शिफ्ट करने मेंं भारत एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

    निकी हेली ने 20 अगस्त को चीन को रोकने, भारत और अमेरिका के रिश्तों को दोबारा से मजबूत करने पर न्यूज़वीक में एक लेख लिखा है.

    उन्होंने कहा है, "जहां ट्रंप मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को अमेरिका वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं भारत अकेला ऐसा देश है जो चीन की तरह बड़े पैमाने पर उन उत्पादों के बनाने की क्षमता रखता है, जिनका उत्पादन तत्काल अमेरिका में संभव नहीं है."

    इससे पहले, निकी हेली ने कहा था कि अमेरिका को भारत जैसे मज़बूत सहयोगी के साथ रिश्ते ख़राब नहीं करने चाहिए.

  7. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पुतिन से की मुलाक़ात, रूस से तेल खरीदने पर भी बोले

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, MEA

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की है

    भारतीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ से मॉस्को में मुलाक़ात की है.

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि द्विपक्षीय संबंधों को लेकर रूस के विदेश मंत्री के साथ विस्तार से बातचीत हुई है. जिसमें, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, उर्वरक, स्वास्थ्य, स्किल एंड मोबिलिटी, रक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं.

    उन्होंने कहा, "हमने यूक्रेन, यूरोप, ईरान, पश्चिम एशिया, अफ़ग़ानिस्तान और भारतीय उपमहाद्वीप पर अपने रुख साझा किए. हमने यूनएन, जी20, एससीओ और ब्रिक्स में सहयोग पर भी बातचीत की है."

    रूस के साथ तेल की खरीद पर

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, "हम रूसी तेल के सबसे बड़े ख़रीदार नहीं हैं, वह चीन है. ना ही हम रूसी एलएनजी के सबसे बड़े खरीदार हैं, मैं यकीन से तो नहींं कह सकता पर शायद वह यूरोपीय संघ है."

    उन्होंने कहा है, “हम वह देश हैं. जिससे पिछले कुछ सालों में अमेरिका ने खुद कहा था कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार को स्थिर करने के लिए हमें हर संभव प्रयास करने चाहिए, जिसमें रूस से तेल खरीदना भी शामिल है. संयोग से हम अमेरिका से भी तेल खरीदते हैं और यह मात्रा पहले से बढ़ी है.”

  8. जगदीप धनखड़ कहां हैं, ये देश जानना चाहता है: जयराम रमेश

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मानसून सत्र के समाप्त होने पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि यह मानसून सत्र उपराष्ट्रपति से इस्तीफ़ा लेने के लिए जाना जाएगा.

    जयराम रमेश ने कहा है, "2025 का मानसून सत्र इतिहास में एक ही कारण से जाना जाएगा कि 21 जुलाई 2025 को राज्यसभा में एक ज्वालामुखी का विस्फोट हुआ था और वो ज्वालामुखी था जगदीप धनखड़."

    उन्होंने कहा है, "भारत के इतिहास में पहली बार उपराष्ट्रपति का इस्तीफ़ा लिया गया. उनको चुप कराया गया. एक महीने से हमने जगदीप धनखड़ के बारे में सुना नहीं, देखा नहीं, कहां हैं, ये देश जानना चाहता है."

    जयराम रमेश ने कहा है, "एसआईआर को लेकर सरकार आखिरी दिन तक अडिग रही, सरकार ने कहा हम इस पर बहस नहीं होने देंगे. हमने कहा आप इलेक्ट्रोरल रिफॉर्म पर चर्चा कीजिए. उस पर भी नहीं माने."

    उन्होंने कहा है, "आखिरी दिन गृह मंत्री तीन विधेयक लाते हैं, जो हमारे संविधान के ख़िलाफ़ हैं. लोकतंत्र के खिलाफ हैं. धमकी देने वाले कानून लाए हैं. तीस दिन के अंदर अगर आप बीजेपी के वॉशिंग मशीन में नहीं आएंगे तो आपको इस्तीफ़ा देना पड़ेगा. इन बिल के यही मायने हैं. हमने इसका भी विरोध किया."

  9. प्रियंका गांधी ने जेपी नड्डा से की मुलाकात, क्या बातचीत हुई?

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, priyankagandhi/X

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने बीजेपी अध्यक्ष के साथ मुलाक़ात की

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाक़ात की है.

    प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा है, "जेपी नड्डा जी से मुलाक़ात की. उनसे वायनाड में स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने का अनुरोध किया है. उन्हें मनंतवडी में मेडिकल कॉलेज में सेवाएं शुरू नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानियों के बारे में अवगत कराया."

    उन्होंने कहा है, "वायनाड के जनजातीय लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, उनकी स्वास्थ्य समस्याओं और लंबित एनएचएम फंड्स को लेकर भी बातचीत हुई."

    प्रियंका गांधी ने कहा है, "इसके साथ-साथ केरल में एम्स को लेकर भी बातचीत हुई है. उन्होंने हमारी सारी मांगों को सुना और खुलकर बातचीत की."

  10. कार्टून: मुआवज़ा तो बनता है

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, आज का कार्टून
  11. रूस ने पश्चिमी यूक्रेन में कई जगह किए हमले

    रूस यूक्रेन युद्ध

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए जल्द ही दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के बीच वार्ता होने की संभावना है.

    रूस ने पश्चिमी यूक्रेन में मिसाइलों और ड्रोन से दोबारा हमले किए हैं.

    यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि रातभर रूस ने पश्चिमी यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक हाल के हफ्तों में ये यूक्रेन पर रूस की सबसे भारी बमबारी है.

    ज़ापोरीज्जिया, द्निप्रोपेट्रोव्स्क और लविव में रूसी हमले की ख़बरें सामने आई हैं. इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत होने और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने का समाचार है.

    यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब माना जा रहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से शांति को लेकर जल्द बातचीत कर सकते हैं. ज़ेलेंस्की चाहते हैं कि वार्ता लिए यूरोप में किसी तटस्थ जगह पर हो. उन्होंने कहा कि वार्ता स्विट्ज़रलैंड या ऑस्ट्रिया में हो सकती है यहां तक कि ये तुर्की के इस्तांबुल में भी आयोजित हो सकती है.

    यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने कहा है कि इन हमलों से यह स्पष्ट हो गया है कि इस युद्ध को खत्म करने के लिए कूटनीतिक बातचीत और मजबूत वायु सुरक्षा प्रणाली क्यों अहम हैं.

  12. किरेन रिजिजू बोले- मानसून सत्र विपक्ष के लिए नुकसानदेह रहा, सरकार के लिए फ़ायदेमंद

    किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने सदन के कार्य में कई बार रुकावट डाली

    लोकसभा और राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मानसून सत्र पर जानकारी दी है.

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है, "ये मानसून सत्र बहुत उपयोगी सत्र रहा है, लेकिन विपक्षी सांसदों के लिए बहुत नुकसानदेह रहा है."

    उन्होंने कहा है, "विपक्ष के नए सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिला. संसद सत्र के दौरान उन्हें अपने क्षेत्र के लिए, देश के लिए और समाज के लिए बात रखने का मौका नहीं मिला."

    किरेन रिजिजू ने कहा है, "विपक्षी पार्टी के सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिला है तो उसके जिम्मेदार विपक्षी दलों के नेता ही हैं. ज़रूरी बिलों के लिए जितना समय आवंटित किया गया था, उस दौरान उन्होंने चर्चा में भाग भी नहीं लिया."

    उन्होंने कहा है कि यह मानसून सत्र विपक्षी दलों के लिए बहुत नुकसानदेह सत्र रहा है. मगर देश और सरकार के लिए बहुत फायदेमंद सत्र रहा है.

  13. भोपाल में ढहाई गई विवादित 'मछली परिवार' की हवेली, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता, भोपाल से

    मध्य प्रदेश

    इमेज स्रोत, Honey Davis

    मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लगभग 10 हज़ार वर्ग फ़ुट से भी बड़ी हवेली को जिला प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया है.

    ये हवेली भोपाल के अहमद परिवार उर्फ मछली परिवार की है, जिनके सदस्यों पर रेप, ड्रग तस्करी और अवैध निर्माण के आरोप लगे हैं.

    मामला जुलाई महीने में शुरू हुआ, जब भोपाल पुलिस ने एक ड्रग रैकेट को पकड़ा था और पुलिस के अनुसार इसी में पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान मछली परिवार के सदस्यों की संलिप्तता के बारे में जानकारी मिली थी.

    बीबीसी से बात करते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने बताया, "इस मामले में अब तक 10 से ज्यादा एफ़आईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें ड्रग्स, हथियार समेत कुछ मामले रेप और पॉक्सो एक्ट से भी संबंधित हैं. अब तक इसमें अहमद परिवार उर्फ मछली परिवार के लोगों समेत थाईलैंड की एक महिला और एक नाइजीरियन व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में अभी और जांच जारी है".

    मछली परिवार के शफ़ीक़ मछली बीजेपी माइनॉरिटी फ्रंट के वरिष्ठ पदाधिकारी रह चुके हैं.

    उनके बेटे यासीन अहमद उर्फ़ यासीन मछली और भाई शाहवर अहमद उर्फ शाहवर मछली समेत अन्य को गिरफ़्तार किया गया है. पुलिस का दावा है कि उन्हें यासीन के पास से पिस्तौल, एमडी ड्रग्स, और कई मोबाइल फ़ोन ज़ब्त किए थे.

    अब तक इस मामले में जिला प्रशासन ने मछली परिवार के दो फ़ार्महाउस, एक गोदाम, मदरसा, एक फ़ैक्ट्री और एक बंगला समेत लगभग 100 करोड़ की संपत्तियों को जब्त या ज़मींदोज़ किया है.

  14. 116 साल की हुईं दुनिया की सबसे उम्रदराज़ महिला

    दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला
    इमेज कैप्शन, एथल कैटरहम का जन्म 1909 में हुआ था

    एथल कैटरहम दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला हैं और वो 116 साल की हो गई हैं.

    एथल कैटरहम इंग्लैंड के सरे में रहती हैं. वह दुनिया की सबसे उम्रदराज जीवित शख्स हैं. इससे पहले ये रिकॉर्ड ब्राज़ील की नन सिस्टर इनाह कैनबरो लुकास के नाम था.

    एथल कैटरहम का जन्म 21 अगस्त 1909 को हुआ था.

    कैटरहम का जन्म, टाइटानिक हादसे के तीन साल पहले और रूसी क्रांति के आठ साल पहले हुआ था. वो दोनों विश्व युद्धों की गवाह रही हैं.

  15. लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

    संसद

    इमेज स्रोत, Sansad tv

    संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है.

    बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में 130वां संविधान संशोधन बिल, 2025 पेश किया था. जिसका विपक्षी दलों ने भारी विरोध किया. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इसे लेकर तीखी बयानबाज़ी भी हुई.

    इस बिल में भ्रष्टाचार या गंभीर अपराध के मामले में कम से कम 30 दिनों के लिए हिरासत में लिए जाने वाले या गिरफ़्तार किए जाने वाले केंद्र और राज्य के मंत्रियों को हटाने का प्रावधान है.

  16. कपिल सिब्बल बोले- नहीं पारित हो सकता मंत्रियों को उनके पद से हटाने वाला बिल

    कपिल सिब्बल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा है कि केंद्र और राज्य के मंत्रियों को उनके पद से हटाने का प्रावधान करने वाला बिल पारित नहीं हो पाएगा.

    कपिल सिब्बल ने कहा, "ये बिल कभी पारित हो ही नहीं सकता क्योंकि ये संविधान का संशोधन है और इसके लिए दो-तिहाई बहुमत की ज़रूरत होगी. इस समय एनडीए के पास 293 वोट हैं और दो-तिहाई बहुमत के लिए 363 वोट चाहिए."

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 20 अगस्त को लोकसभा में 130वां संविधान संशोधन बिल, 2025 पेश किया, जिसका विपक्षी सांसदों ने भारी विरोध किया.

    इस बिल में भ्रष्टाचार या गंभीर अपराध के मामले में कम से कम 30 दिनों के लिए हिरासत में लिए जाने वाले या गिरफ़्तार किए जाने वाले केंद्र और राज्य के मंत्रियों को हटाने का प्रावधान है.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. ख़त्म हुआ संसद का मानसून सत्र, लोकसभा स्पीकर ने बताया कितने घंटे हुई चर्चा

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

    इमेज स्रोत, Sansad TV

    18वीं लोकसभा के पांचवें सत्र का गुरुवार को समापन हो गया. अपने समापन भाषण में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन में 120 घंटे चर्चा का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन सिर्फ 37 घंटे ही चर्चा हो सकी.

    उन्होंने कहा, "ये सत्र 31 जुलाई 2025 को शुरू हुआ था. इस सत्र में लोकसभा में कुल 12 विधेयक पारित किए गए. 28 और 29 जुलाई को ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा हुई, जिसका समापन प्रधानमंत्री के उत्तर के साथ हुआ."

    ओम बिरला ने कहा कि सदन में संसदीय मर्यादा और परंपरा के अनुसार नहीं चर्चा नहीं हुई.

    उन्होंने कहा, "सहमति और असहमति होना लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि हम सदन की गरिमा को बनाए रखें."

  19. इंडिया गठबंधन के उप राष्ट्रपति उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया नामांकन

    सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी

    इमेज स्रोत, Sansad TV

    इंडिया गठबंधन के उप राष्ट्रपति उम्मीदवार सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है.

    इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के अन्य नेता मौजूद रहे.

    नामांकन दाखिल किए जाने के बाद कांग्रेस ने एक्स पर पूर्व जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी का बयान जारी किया है.

    इसमें कहा गया है, "ये चुनाव सिर्फ किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं है. यह भारत के उस विचार के बारे में है जिसकी कल्पना हमारे पूर्वजों ने की थी. एक ऐसा भारत जहां संसद निष्ठा के साथ काम करे, जहां असहमति का सम्मान हो."

  20. जम्मू-कश्मीर पुलिस के छह पुलिसकर्मियों को सीबीआई ने किया गिरफ़्तार, अपने ही साथी के उत्पीड़न का आरोप, माजिद जहांगीर

    सीबीआई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को इस मामले की जांच करने का आदेश दिया था (सांकेतिक तस्वीर)

    सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो अधिकारियों सहित छह पुलिसकर्मियों को गिरफ़्तार किया है.

    इन पुलिसकर्मियों पर अपने एक साथी पुलिसकर्मी के उत्पीड़न का आरोप है.

    कुपवाड़ा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी को बताया कि सीबीआई ने बुधवार शाम को आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ़्तार किया.

    उन्होंने ये भी बताया कि गिरफ़्तार किए गए पुलिसकर्मियों में एक डीएसपी और इंस्पेक्टर भी शामिल हैं.

    इनके नाम डीएसपी अजाज़ अहमद नाइको, इंस्पेक्टर रियाज़ अहमद, जहांगीर अहमद, इम्तियाज़ अहमद, मोहम्मद यूनिस और शाकिर अहमद हैं.

    मामला क्या है?

    ये मामला साल 2023 का है. गिरफ़्तार किए गए पुलिसकर्मियों पर अपने एक साथी खुर्शीद अहमद चौहान को कुपवाड़ा के जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर बुलाकर उत्पीड़न करने का आरोप है.

    खुर्शीद अहमद को छह दिनों तक हिरासत में रखा गया था.

    खुर्शीद अहमद की पत्नी ने अपनी शिकायत में बताया कि उस समय के एसपी ने उनके पति को डीएसपी के हवाले किया था, जिसके बाद उनका उत्पीड़न करके उन्हें अधमरा छोड़ दिया गया था.

    साल 2023 में खुर्शीद अहमद चौहान बारामूला में तैनात थे. उन्हें नारकोटिक्स के एक मामले की जांच में हाज़िर होने के लिए कहा गया था.

    उस समय पुलिस ने खुर्शीद अहमद के ख़िलाफ़ एक मामला भी दर्ज किया था.

    खुर्शीद अहमद ने अपने ख़िलाफ़ दर्ज मामले को ख़ारिज करने के लिए जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी.

    हाई कोर्ट ने उनकी याचिका ख़ारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया था.

    सुप्रीम कोर्ट का आदेश

    21 जुलाई 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने खुर्शीद अहमद के ख़िलाफ़ दर्ज मामले को वापस लेने का आदेश दिया था.

    वहीं आरोपी पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ केस दर्ज करने का आदेश देते हुए सीबीआई को इस मामले की जांच करने के लिए कहा था.

    कोर्ट ने खुर्शीद अहमद को पचास लाख रुपए का मुआवज़ा देने का भी आदेश दिया था.