बाढ़ की वजह से इंडोनेशिया में 600 से अधिक और श्रीलंका में 390 लोगों की मौत

इंडोनेशिया और श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान के कारण हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है और कई लोग अभी भी लापता हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. बाढ़ की वजह से इंडोनेशिया में 600 से अधिक और श्रीलंका में 390 लोगों की मौत

    इंडोनेशिया बाढ़

    इमेज स्रोत, Li Zhiquan/China News Service/VCG via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं

    इंडोनेशिया और श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान के कारण हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है और कई लोग अभी भी लापता हैं.

    इंडोनेशिया और श्रीलंका ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनी सेना तैनात की है. दोनों ही देशों में लाखों लोग बेघर हो गए हैं.

    इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में अब तक छह सौ से ज़्यादा लोगों के मारे जाने की ख़बर है. इंडोनेशिया के असेह प्रांत में बाढ़ से प्रभावित कई लोगों का कहना है कि उन्होंने कई दिनों से खाना नहीं खाया है.

    श्रीलंका बाढ़

    इमेज स्रोत, Tharaka Basnayaka/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, श्रीलंका में 352 लोग अभी भी लापता हैं

    श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (डीएमसी) के मुताबिक़ देश में 390 लोगों की मौत हुई है और 352 लोग अभी भी लापता हैं.

    उत्तरी मलेशिया और दक्षिणी थाईलैंड में भी तेज़ बारिश और तूफ़ान आया, जहां कम से कम 170 लोगों की मौत हुई है.

  3. रुबैया सईद किडनैपिंग केस: सीबीआई ने फ़रार अभियुक्त को 35 साल बाद किया गिरफ़्तार

    रुबैया सईद अपने पिता मुफ़्ती मोहम्मद सईद के साथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रुबैया सईद अपने पिता मुफ़्ती मोहम्मद सईद के साथ (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने 1989 के रुबैया सईद किडनैपिंग केस में फ़रार शफ़ात अहमद शंगलू को गिरफ़्तार किया है. सीबीआई ने प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी है.

    प्रेस रिलीज़ में लिखा गया है, "सीबीआई ने मुफ़्ती मोहम्मद सईद की बेटी रुबैया सईद की किडनैपिंग से जुड़े 35 साल पुराने केस में फ़रार शफ़ात अहमद शंगलू को गिरफ़्तार किया है."

    इसमें कहा गया है कि अभियुक्त शंगलू ने यासीन मलिक और अन्य लोगों के साथ मिलकर साज़िश रची थी. सीबीआई के मुताबिक़ शंगलू पर 10 लाख रुपये का इनाम था.

    शंगलू को टाडा कोर्ट जम्मू में पेश किया जाएगा.

  4. कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने अब सीएम सिद्धारमैया को नाश्ते पर बुलाया

    कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और सीएम सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, X/@DKShivakumar

    इमेज कैप्शन, 29 नवंबर को कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और सीएम सिद्धारमैया की संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस हुई थी

    कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने एक्स पर पोस्ट कर बताया है कि उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को मंगलवार को नाश्ते पर बुलाया है.

    डीके शिवकुमार ने लिखा, "मैं और मुख्यमंत्री (सिद्धारमैया) एक टीम की तरह साथ मिलकर काम करते रहेंगे."

    "मैंने माननीय सीएम को कल नाश्ते पर बुलाया है ताकि कर्नाटक से किए गए अपने वादों को पूरा करने के लिए हमारी मिलकर की जाने वाली कोशिशों पर बात की जा सके और उन्हें मज़बूत किया जा सके."

    इस पर बीजेपी विधायक एस सुरेश कुमार ने कहा, "शीतकालीन सत्र अगले सात दिनों में शुरू होगा...लोग गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उस सत्र के इंतज़ार में हैं और सरकार अभी भी अपने ही झगड़े और कन्फ्यूज़न में उलझी हुई है."

    इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 29 नवंबर को डीके शिवकुमार को अपने आवास पर नाश्ते के लिए बुलाया था.

    कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और सीएम सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, X/@DKShivakumar

    इमेज कैप्शन, 29 नवंबर को कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से उनके घर पर मुलाक़ात की थी

    दोनों ने इस मुलाक़ात के बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की थी. इसमें दोनों नेताओं ने अपने बीच किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया था. दोनों ने कहा था कि वे पार्टी हाईकमान के आदेश का पालन करेंगे.

  5. 'धुरंधर' फ़िल्म की रिलीज़ पर रोक की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने क्या कहा?

    'धुरंधर' फ़िल्म

    इमेज स्रोत, Prodip Guha/Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'धुरंधर' फ़िल्म को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है और इसमें रणवीर सिंह ने अभिनय किया है

    दिल्ली हाई कोर्ट ने 'धुरंधर' फ़िल्म को लेकर दिवंगत मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता की याचिका पर एक ऑर्डर पास किया है.

    हाई कोर्ट ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ फ़िल्म सर्टिफ़िकेशन (सीबीएफ़सी) को मोहित शर्मा के माता-पिता की ओर से उठाए गए मुद्दों पर विचार करने का निर्देश दिया है.

    मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने इस फ़िल्म की रिलीज़ पर तुरंत रोक लगाने की मांग वाली याचिका दायर की थी. इसमें चिंता जताई गई थी कि फ़िल्म में मेजर शर्मा के परिवार या भारतीय सेना से मंज़ूरी लिए बग़ैर उनके गुप्त मिशन और व्यक्तिगत विवरण दिखाए गए हैं.

    बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक़ जस्टिस सचिन दत्ता ने सीबीएफ़सी को फ़िल्म के सर्टिफ़िकेशन से पहले याचिकाकर्ता की उठाई गई सभी बातों पर विचार करने का निर्देश दिया है.

    याचिकाकर्ताओं के वकील एडवोकेट रूपेंशु प्रताप सिंह ने कहा, "हाई कोर्ट ने सीबीएफ़सी को याचिका में उठाई गईं सभी बातों पर विचार करने का निर्देश दिया है. उसके बाद, वे सर्टिफ़िकेशन के मुद्दे पर विचार करेंगे."

    हालांकि, फ़िल्म के डायरेक्टर आदित्य धर पहले ही कह चुके हैं कि फ़िल्म मेजर मोहित शर्मा की ज़िंदगी पर आधारित नहीं है.

    आदित्य धर ने 26 नवंबर को एक्स पर एक पोस्ट के जवाब में लिखा था, "हमारी फिल्म धुरंधर मेजर मोहित शर्मा की ज़िंदगी पर आधारित नहीं है. यह आधिकारिक स्पष्टीकरण है."

  6. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर: एसआईआर पर संसद में क्यों मचा है बवाल

    संसद के शीतकालीन सत्र का पहला दिन, लोकसभा और राज्यसभा दोनों में एसआईआर को लेकर विपक्ष का हंगामा. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर सुनिए मोहन लाल शर्मा से.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा- एसआईआर पर संसद में चर्चा नहीं हो सकती

    केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि एसआईआर का विषय चुनाव आयोग का है

    संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग की.

    विपक्षी दलों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही बाधित रही और दो बार के कार्यवाही स्थगित होने के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई. राज्यसभा में भी विपक्ष ने एसआईआर पर चर्चा की मांग की और सदन से वॉकआउट किया.

    केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "मुझे लगता है कि एसआईआर पर संसद में चर्चा नहीं हो सकती है. ये विषय चुनाव आयोग का है."

    उन्होंने कहा, "एसआईआर इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां के मतदाताओं को ही वोट देने का अधिकार है. जो इस देश का नागरिक नहीं है उन्हें मताधिकार नहीं है. इसलिए चुनाव आयोग एसआईआर लाया है.

    "विपक्षी दलों की बार-बार मांग होती रही कि वोट चोरी होता है, लिस्ट ठीक नहीं है...एसआईआर लाने का निर्णय चुनाव आयोग ने लिया है. संसद में ये चर्चा नहीं हो सकती है. अगर आपको कोई जानकारी चाहिए तो आप चुनाव आयोग का रुख़ कर सकते हैं."

    वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में कहा कि सरकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की विपक्ष की मांग पर विचार कर रही है और इस मांग को ख़ारिज नहीं किया गया है.

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया, "सरकार किसी चीज़ पर चर्चा नहीं करना चाहती, तो सदन कैसे चलेगा. उनको कुछ तो मानना चाहिए."

  8. बांग्लादेश में खु़द को दो साल जेल की सज़ा सुनाए जाने पर ये बोलीं शेख़ हसीना की भांजी

    ट्यूलिप सिद्दीक़

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की भांजी ट्यूलिप सिद्दीक़ ब्रिटेन में सांसद हैं

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की भांजी ट्यूलिप सिद्दीक़ ने बांग्लादेश की एक अदालत की ओर से उन्हें जेल की सज़ा सुनाए जाने को 'ग़लत' बताया है.

    ट्यूलिप सिद्दीक़ ब्रिटेन में लेबर पार्टी की सांसद हैं.

    बांग्लादेश में एक एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने सोमवार को उनकी ग़ैर-मौजूदगी में उन्हें दो साल के कठोर कारावास की सज़ा सुनाई है.

    43 साल की सिद्दीक़ ने कहा, "पूरी प्रक्रिया शुरू से आख़िर तक ग़लत और हास्यास्पद रही है."

    ट्यूलिप सिद्दीक़ ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर की कैबिनेट में मंत्री थीं.

    अपने परिवार के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के आरोप सुर्ख़ियों में आने के बाद उन्होंने इस साल की शुरुआत में मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

  9. कार्टून: हो जाए सेंचुरी

    रुपए में गिरावट पर आज का कार्टून.

    रुपए में गिरावट पर आज का कार्टून.

  10. एसआईआर मुद्दे पर विपक्ष का वॉकआउट, राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

    राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन

    इमेज स्रोत, X/@sansad_tv

    इमेज कैप्शन, राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदस्यों से संसदीय आचरण का पालन करने की अपील की

    संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विपक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर राज्यसभा से वॉकआउट किया.

    संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन लोकसभा के बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है. अब राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर को 11 बजे से शुरू होगी.

    राज्यसभा में सोमवार को प्रधानमंत्री, सदन के नेता, नेता प्रतिपक्ष सहित अलग-अल दलों के नेताओं ने नये सभापति सीपी राधाकृष्णन को यह दायित्व संभालने के लिए बधाई दी.

    वहीं कई दलों के सदस्यों ने सदन के सभी पक्षों को बोलने के समान मौके देने की अपील की.

    सीपी राधाकृष्णन ने राज्यसभा के अपने पहले संबोधन में सदस्यों से संविधान के प्रति निष्ठावान रहने और संसदीय आचरण की निर्धारित ‘लक्ष्मण रेखा’ का पालन करने की अपील की.

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में कहा कि सरकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की विपक्ष की मांग पर विचार कर रही है और इस मांग को ख़ारिज नहीं किया गया है.

  11. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह बोले- एसआईआर से दिक्कत नहीं है, लेकिन ये सीएए है

    कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पहले एसआईआर की प्रक्रिया दो से चार महीने तक चलती थी

    कांग्रेस नेता और सांसद दिग्विजय सिंह ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) को लेकर पत्रकारों के सवालों पर प्रतिक्रिया दी है.

    संसद के शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेने आए दिग्विजय सिंह ने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, "एसआईआर से हमें कोई दिक्कत नहीं है. पहले भी हुआ है, लेकिन पहले एसआईआर की प्रक्रिया दो से चार महीने तक चलती थी."

    "उस एसआईआर में वोटर कोई फ़ॉर्म नहीं भरता था. बीएलओ आता था, पूछता था और हम उसे जानकारी दे देते थे. वो एसआईआर 2003 तक थी."

    उन्होंने कहा, "अब एसआईआर में हमसे फ़ॉर्म भरवाया जा रहा है और हमसे प्रमाण मांगा जा रहा है कि आप भारत के नागरिक हैं या नहीं? यह एसआईआर नहीं है, यह सीएए हो रहा है जिस पर हमें आपत्ति है."

  12. इंडोनेशिया में बाढ़ के कारण मौतों की संख्या 502 हुई, खाने और साफ़ पानी की जद्दोजहद

    इंडोनेशिया बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया में बाढ़ से भारी तबाही हुई है

    इंडोनेशिया में चक्रवाती तूफ़ान की वजह से हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण 500 से अधिक लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं.

    इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक़, बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 502 हो गई है. वहीं लगभग 2,500 लोग घायल हुए हैं और 508 लोग लापता हैं.

    इंडोनेशिया बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर भारी जनहानि हुई है

    स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग खाने और दूसरी ज़रूरी चीज़ों की तलाश में दुकानों और गोदामों में तोड़फोड़ कर रहे हैं. कुछ लोगों ने इस लूटपाट के लिए सरकार की ओर से सहायता वितरण में देरी को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर स्थित असेह प्रांत में रहने वाले कई लोगों का कहना है कि उन्हें कोई सहायता नहीं मिली है और उन्होंने दो-तीन दिनों से कुछ नहीं खाया है. लोगों को साफ़ पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.

  13. बांग्लादेश की पूर्व पीएम ख़ालिदा ज़िया की हालत 'बेहद गंभीर', उनकी पार्टी ने दी ये हेल्थ अपडेट

    बांग्लादेश की पूर्व पीएम ख़ालिदा ज़िया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की पूर्व पीएम ख़ालिदा ज़िया 23 नवंबर से अस्पताल में भर्ती हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की तबीयत 'बहुत ख़राब' है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है. उनकी पार्टी, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेताओं ने इसकी जानकारी दी है.

    80 साल की ख़ालिदा ज़िया को 23 नवंबर को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. उनके सीने में इन्फ़ेक्शन हुआ था, जिससे उनके दिल और फेफड़ों पर असर पड़ा था.

    उनकी तबीयत और बिगड़ने के कारण चार दिन बाद उन्हें कोरोनरी केयर यूनिट में शिफ़्ट किया गया.

    न्यूज़ पोर्टल टीबीएसन्यूज़.नेट के मुताबिक़ बीएनपी के उपाध्यक्ष अहमद आज़म ख़ान ने कहा कि ख़ालिदा ज़िया की हालत बहुत नाज़ुक है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है.

    उन्होंने कहा, "इसे बहुत गंभीर स्थिति भी कह सकते हैं. इस समय, पूरे देश से दुआ मांगने के अलावा और कुछ कहने को नहीं है."

  14. सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर एफ़आईआर के मामले में कांग्रेस ने क्या कहा?

    सोनिया गांधी और राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईडी की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है

    नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर एफ़आईआर दर्ज किए जाने की कांग्रेस ने आलोचना की है.

    वरिष्ठ वकील और कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “नेशनल हेराल्ड का मामला इकलौता ऐसा उदाहरण है, जहां एक भी पैसे के लेनदेन या फायदे के बिना मनी लॉन्ड्रिंग का मामला बनाया जा रहा है. इसे तो दुनिया के अजूबों में गिना जाना चाहिए.”

    उन्होंने कहा, “नेशनल हेराल्ड की पैरेंट कंपनी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड बहुत पुरानी कंपनी है. ये कंपनी ब्रिटिश काल में अंग्रेजों के ख़िलाफ़ भी खड़ी थी. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने अलग-अलग समय पर कंपनी को लोन दिया. जो एक वक्त 90 करोड़ रुपये हो गया था.”

    सिंघवी ने कहा कि कंपनी को मजबूत करने के लिए उसके कर्जे को हिस्सेदारी में बदल दिया गया और लोन को हिस्सेदारी में बदलने के लिए यंग इंडियन नाम की एक दूसरी कंपनी बनाई गई. इस तरह एजीएल की शेयर होल्डिंग यंग इंडियन के हाथ में आ गई. इस पूरे प्रोसेस में न तो कोई पैसा मूव हुआ और न ही कोई प्रॉपर्टी.

    उन्होंने पूछा, “जब इस मामले में सरकारी शिकायत है ही नहीं तो केस में ईडी शामिल ही नहीं हो सकता क्योंकि ईडी के एक्ट में यह लिखा है कि शिकायत सिर्फ़ वही कर सकता है जो इमपावर्ड ऑफ़िसर हो.”

    रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

    कांग्रेस के संचार प्रमुख जयराम रमेश ने बीजेपी की आलोचना की है और इस पूरे मामले को झूठा और बेबुनियाद करार दिया है.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  16. यूक्रेन जंग ख़त्म करने को लेकर चल रही वार्ता के बारे में मार्को रूबियो ने क्या बताया, पैट्रिक जैक्सन, बीबीसी

    फ़्लोरिडा में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और रुस्तम उमेरोव के बीच बातचीत हुई

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, फ़्लोरिडा में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और रुस्तम उमेरोव के बीच बातचीत हुई.

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए यूक्रेन के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही, लेकिन अभी 'और काम किया जाना बाकी' है.

    फ़्लोरिडा में हुई इस बातचीत में यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था, जिसका नेतृत्व यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव रुस्तम उमेरोव कर रहे थे. रुस्तम यूक्रेन के नए मुख्य वार्ताकार हैं.

    इस बैठक में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ़ और ट्रंप के दामाद जारेड कुशनर भी मौजूद थे. विटकॉफ़ अगले हफ़्ते बातचीत के लिए मॉस्को जाने वाले हैं.

    उमेरोव को यूक्रेनी राष्ट्रपति के शीर्ष वार्ताकार एंड्री येरमक की जगह लाया गया है, जिन्होंने अपने घर पर हुई एक भ्रष्टाचार-रोधी छापेमारी के बाद पद छोड़ दिया था.

    रविवार की यह बैठक दो हफ़्तों से चल रही गहन कूटनीतिक गतिविधियों का ताज़ा कदम है.

  17. असम में 6 आदिवासी समुदायों को एसटी दर्जा दिए जाने के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    असम अदिवासी कोऑर्डिनेशन कमेटी का प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Sushanta Roy

    इमेज कैप्शन, अदिवासी कोऑर्डिनेशन कमेटी ने सरकार के साथ बातचीत में नतीजा न निकलने पर विरोध प्रदर्शन तेज़ करने की चेतावनी दी है.

    असम में आदिवासी समुदायों के लोगों ने राज्य सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है.

    दरअसल, सरकार के बनाए गए ग्रुप ऑफ़ मिनिस्टर्स ने राज्य के छह समुदायों को एसटी में शामिल करने की सिफ़ारिश से जुड़ी एक अंतरिम रिपोर्ट पेश की है.

    रविवार को गुवाहाटी समेत असम के कई आदिवासी बहुल इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए. बोडो बहुल इलाक़ो के अलावा कार्बी-आंगलोंग ज़िले में भी प्रदर्शन हुए हैं.

    असम में इस समय 14 एसटी दर्जा प्राप्त समुदाय हैं. इन्हें चिंता सता रही है कि अगर एसटी की सूची को और बढ़ाया गया तो मौजूदा आरक्षण कोटा कम हो जाएगा.

    असम में 26 ट्राइबल संगठनों की कोऑर्डिनेशन कमेटी ने एक बयान जारी कर कहा कि इस सिफ़ारिश को किसी भी क़ीमत पर 'मंजूर नहीं' किया जाएगा.

    हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आदिवासी कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया है.

    क्षेत्रीय परिषद के अंदर हंगामा

    इससे पहले शनिवार को बोडोलैंड विश्वविद्यालय समेत कई संस्थाओं के सैकड़ों छात्राओं ने कोकराझार स्थित बोडो क्षेत्रीय परिषद के सचिवालय के अंदर हंगामा किया.

    आदिवासी कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रमुख नेता आदित्य खाखलारी ने कहा, "इस मसले पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और तीन सदस्यों वाले मंत्रियों के समूह के साथ एक बैठक होनी है. अगर बैठक का कोई सकरात्मक नतीजा नहीं निकलता है तो हमारा संगठन एक बड़ा आंदोलन शुरू करेगा."

    उधर, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "कैबिनेट में तय हुआ है कि कोऑर्डिनेशन कमिटी के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए बुलाएंगे और ग़लतफहमी दूर करने की कोशिश की जाएगी."

    इस बीच कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने एक्स पर लिखा, "कांग्रेस मौजूदा एसटी दर्जा प्राप्त समुदायों के अधिकारों को प्रभावित किए बिना असम के 6 आदिवासी समुदायों को एसटी घोषित करने का समर्थन करती है."

    असम सरकार ने जिन छह जनजातियों को एसटी दर्जा देने की योजना बनाई है उनमें ताई अहोम, चुटिया, मोरन, मट्टक, कोच-राजबोंगशी और चाय बागानों में काम करने वाले आदिवासी समुदाय शामिल हैं.

  18. बांग्लादेश की एक और अदालत ने शेख़ हसीना को सुनाई सज़ा

    शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शेख़ हसीना को पिछले दिनों बांग्लादेश की एक अदालत ने मृत्युदंड की सज़ा सुनाई थी.

    बांग्लादेश की एक अदालत ने सत्ता का दुरुपयोग करने और राजधानी ढाका में एक भूखंड हासिल करने के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को पांच साल की जेल की सज़ा सुनाई है.

    बीबीसी बांग्ला के अनुसार, अदालत ने उनकी बहन शेख़ रिहाना को सात साल के कठोर कारावास, उनकी बेटी ट्यूलिप सिद्दीक़ को दो साल के कठोर कारावास और एक लाख टका जुर्माने की सज़ा भी सुनाई है.

    ट्यूलिप सिद्दीकी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्यूलिप सिद्दीक़, शेख़ हसीना की बहन शेख़ रिहाना की बेटी हैं.

    सोमवार को ढाका स्पेशल जज कोर्ट ने शेख़ हसीना, शेख़ रिहाना और उनकी बेटी ट्यूलिप रिज़वाना सिद्दीक़ समेत 17 लोगों के ख़िलाफ़ फ़ैसला सुनाया.

    यह मामला एंटी-करप्शन कमीशन ने पुरबाचल न्यू टाउन प्रोजेक्ट के लिए सरकारी प्लॉट लेने के आरोप में दर्ज किया था.

    इसके अलावा पूर्व आवास और लोक निर्माण राज्य मंत्री शरीफ़ अहमद, सार्वजनिक निर्माण मंत्रालय, राजुक और प्रधानमंत्री कार्यालय के 14 अधिकारियों को भी इस मामले में अभियुक्त बनाया गया था.

  19. विराट कोहली के शानदार प्रदर्शन पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर क्या बोले

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली

    दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ पहले वनडे में भारतीय टीम की ओर से विराट कोहली की शतकीय पारी ने पाकिस्तानी क्रिकेटरों को उनका मुरीद बना लिया.

    इस मैच में विराट कोहली ने 120 गेंदों में 135 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और सात छक्के शामिल थे.

    इसके साथ ही रोहित शर्मा ने भी हाफ सेंचुरी लगाई. विराट कोहली ने अपने वनडे करियर का 52वां शतक लगाया है. किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में अब वो सचिन तेंदुलकर से आगे चले गए हैं. सचिन के नाम टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक का रिकॉर्ड है.

    विराट के शानदार प्रदर्शन की चर्चा भारत में तो हो ही रही है. इसके साथ ही पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स ने भी उनकी तारीफ़ की है.

    'द गेम प्लान' नाम के यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने कहा, “विराट कोहली का किसी भी प्लेयर के सामने कोई मुकाबला ही नहीं है. अल्लाह ने उन्हें जिस तरह का दिल दिया है, जैसी फिटनेस दी है. वो बहुत ही ज्यादा मानसिक रूप से बहुत मज़बूत हैं. दो-दो महीने बाद वनडे क्रिकेट होती है और वो आकर ऐसे शतक मारकर चले जाते हैं."

    इसी शो में शामिल हुए एक और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने विराट पर कहा, “वो मैदान पर मौजूद दोनों ही टीमों के सभी खिलाड़ियों में सबसे फिट प्लेयर हैं. वो तीन-तीन रन भागने की कोशिश भी कर रहे थे. उन्हें इस तरह से टेस्ट क्रिकेट नहीं छोड़नी चाहिए थी.”

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के 2027 के वनडे वर्ल्ड कप खेलने की संभावनाओं पर बात की. उन्होंने कहा, “अगर आपके विराट और रोहित से ज्यादा बेहतर कोई विकल्प है तो उन्हें ले आएं. जो भी जिस टीम का बड़ा प्लेयर होता है, उसका असर सामने वाली टीम पर भी पड़ता है."

    अफ़रीदी से आगे निकले रोहित

    शोएब अख़्तर और शाहिद अफ़रीदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित ने अफ़रीदी का रिकॉर्ड तोड़ा है

    भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पाकिस्तान के शाहिद अफ़रीदी को पछाड़कर दुनिया में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

    रोहित ने रांची में मार्का जोनसेन की फेंकी गेंद को लांग-लेग के ऊपर से छक्का जड़ा, तो इसी के साथ ही भारतीय पूर्व कप्तान 54 साल के वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए.

    रोहित 277 वनडे में 352 छक्के जड़ चुके हैं. जबकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफ़रीदी ने 398 वनडे मुक़ाबलों में 351 छक्के लगाए हैं.

    वेस्ट इंडीज़ के क्रिस गेल के नाम वनडे में 331 सिक्सर हैं, जबकि श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के नाम 445 वनडे मुक़ाबलों में 270 छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है.

  20. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सेना के कैंप पर आत्मघाती हमला

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    पाकिस्तान के हिंसाग्रस्त बलूचिस्तान प्रांत में सेना के एक शिविर पर आत्मघाती हमला हुआ है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, फ्रंटियर कोर कैंप पर चार हथियारबंद लोगों ने धावा बोल दिया, जिनमें से एक ने कैंप के मुख्य द्वार पर खुद को उड़ा लिया, जबकि बाकी सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए.

    बलूचिस्तान के चाघी ज़िले के एसएसपी मोहम्मद शरीफ़ ने बीबीसी उर्दू को फ़ोन पर बताया कि 'यह हमला रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे एफ़सी शिविर पर हुआ था.'

    उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के बाद, इलाके को खाली कराने का अभियान जारी है.

    एक प्रशासनिक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि लगभग डेढ़ से दो घंटे तक गोलीबारी जारी रही.

    उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने अभी तक अपने नुकसान का ब्यौरा नहीं दिया है और बड़ी संख्या में हमलावर मारे गए हैं.

    एक बयान में प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ़) ने हमले की जिम्मेदारी ली है.