टी20 मैच में भारत ने इंग्लैंड को 150 रनों से हराया, 4-1 से सिरीज़ अपने नाम की

रविवार को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया आख़िरी टी20 मुक़ाबला भारत ने 150 रनों से जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. अमेरिका के टैरिफ़ फ़ैसले के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई करेगा चीन

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के फै़सले पर चीन की ओर से प्रतिक्रिया आई है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. इस पर चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने भी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें इस क़दम के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई करने की बात कही गई है.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “चीन इस क़दम से पूरी तरह असंतुष्ट है और इसका कड़ा विरोध करता है.” इसमें कहा गया है कि यह विश्व व्यापार संगठन के नियमों का ‘गंभीर उल्लंघन’ है.

    चीन ने कहा है कि इस तरह के उपाय चीन और अमेरिका के बीच की सामान्य आर्थिक और व्यापारिक सहयोग के लिए नुक़सानदायक हैं.

    चीन अब अमेरिका के ‘ग़लत व्यवहार’ के ख़िलाफ़ विश्व व्यापार संगठन में मुक़दमा दायर करेगा और ‘अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए’ जवाबी कदम उठाएगा.

    इस बयान में कहा गया है, “चीन ने अमेरिका से ग़लत पद्धति को सुधारने की अपील करते हुए कहा है कि वो समस्या का सामना करने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करे.”

    चीन ने अमेरिका से कहा है कि वो “पारस्परिक लाभ, सम्मान और समानता के आधार पर मतभेदों को दूर करने और आपसी सहयोग को मज़बूत करने के लिए काम करे.”

    इससे पहले, टैरिफ़ के मामले पर चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ में चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ही यादोंग का बयान प्रकाशित किया गया था.

    इसमें कहा गया था कि टैरिफ़ उपाय न तो चीन या संयुक्त राज्य अमेरिका और न बाकी दुनिया के हितों के अनुकूल है.

    दरअसल, शनिवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल मीडिया पर लिखा था कि टैरिफ़ लगाने का फ़ैसला अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम (आईईईपीए) के ज़रिए किया गया था.

  2. ट्रंप के टैरिफ़ लगाने के फ़ैसले पर मेक्सिको की राष्ट्रपति ने दिया जवाब

    मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने भी अमेरिका के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं.

    मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने भी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मेक्सिको पर लगाए गए 25 फ़ीसदी टैरिफ़ पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा है कि 'हम भी अमेरिका के ख़िलाफ़ टैरिफ़ समेत जवाबी कार्रवाई करेंगे.'

    राष्ट्रपति शिनबाम ने लिखा, “मैं अर्थव्यवस्था के सचिव को प्लान बी को लागू करने के निर्देश देती हूं, जिस पर हम काम कर रहे हैं. इसमें मेक्सिको की रक्षा से जुड़े टैरिफ़ और ग़ैर-टैरिफ़ उपाय शामिल हैं.”

    हालांकि, यह क्या होंगे, इसकी जानकारी नहीं दी गई है.

    दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल मीडिया पर कनाडा और मेक्सिको से आयात की जाने वाली वस्तुओं पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ और चीन पर 10 फ़ीसदी कर लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर करने के बारे में जानकारी दी है.

    ट्रंप ने लिखा कि यह फ़ैसला अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम (आईईईपीए) के ज़रिए किया गया था.

  3. ट्रंप के फ़ैसले पर ट्रूडो का पलटवार, कहा- हम भी लगाएंगे 25 फ़ीसदी टैरिफ़

    जस्टिन ट्रूडो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि कनाडा भी अमेरिका पर टैरिफ़ लगाएगा.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कनाडा से आयात की जाने वाली वस्तुओं पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की अनुमति दे दी. इस पर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने जवाब दिया है.

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ़ के जवाब में कनाडा भी खुद के टैरिफ़ लागू करेगा.

    ट्रूडो ने कहा कि वो सीधे अमेरिकियों से बात करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि इस फ़ैसले का सीधा असर कीमतों और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा.

    ट्रूडो ने कहा है कि उनकी सरकार 155 अरब डॉलर मूल्य के अमेरिकी उत्पादों पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लागू करेगी.

    उन्होंने कहा है कि कनाडाई कंपनियों को समय देने के लिहाज़ से 30 अरब डॉलर मूल्य के उत्पादों पर यह टैरिफ़ मंगलवार से लागू हो जाएगा जबकि बाक़ी के 125 अरब डॉलर मूल्य के उत्पादों पर यह अगले 21 दिनों में लागू होगा.

    हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वो कनाडाई डॉलर की बात कर रहे हैं या अमेरिकी डॉलर की.

  4. ट्रंप के कनाडा पर टैरिफ़ के फ़ैसले पर जस्टिन ट्रूडो ने दिया ये जवाब

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने ट्रंप के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि 'हम ऐसा नहीं चाहते थे, लेकिन कनाडा तैयार है'

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कनाडा पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने के फ़ैसले को लेकर कहा है कि कनाडा इसके लिए तैयार है.

    ट्रूडो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कनाडा ‘ऐसा नहीं चाहता था’, लेकिन ट्रंप की टैरिफ़ को लेकर की गई घोषणा का जवाब देने के लिए ‘तैयार’ हैं.”

    ट्रूडो ने लिखा, “संयुक्त राज्य अमेरिका ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वह 4 फ़रवरी से कनाडा की अधिकांश वस्तुओं पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़, और ऊर्जा पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की मंशा रखता है.”

    “मैंने आज प्रमुख मंत्रियों और हमारे मंत्रिमंडल से मुलाक़ात की है, और मैं शीघ्र ही मेक्सिको की राष्ट्रपति शिनबाम से बात करूंगा.”

    उन्होंने लिखा, “हम ऐसा नहीं चाहते थे, लेकिन कनाडा तैयार है. मैं शाम को कनाडा के नागरिकों को संबोधित करूंगा.”

    दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल मीडिया पर कनाडा और मेक्सिको से आयात की जाने वाली वस्तुओं पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ और चीन पर 10 फ़ीसदी कर लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर करने के बारे में जानकारी दी है.

    ट्रंप ने लिखा कि यह फ़ैसला अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम (आईईईपीए) के ज़रिए किया गया था.

    उन्होंने लिखा, “हमारे नागरिकों के लिए अवैध विदेशियों का ख़तरा बढ़ रहा है. फ़ेंटानिल समेत अन्य घातक दवाएं हमारे नागरिकों को मार रही हैं.”

  5. कनाडा, मेक्सिको और चीन पर टैरिफ़ लगाने के मुद्दे पर क्या बोले ट्रंप?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ को लेकर ट्रूथ सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कनाडा और मेक्सिको से आयात की जाने वाली वस्तुओं पर 25 फ़ीसदी और चीन पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.

    शनिवार रात को राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि कनाडा, मेक्सिको और चीन पर टैरिफ़ लागू कर दिया गया है. उन्होंने इसकी वजह बताते हुए ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट भी किया.

    ट्रंप ने लिखा कि यह फ़ैसला अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम (आईईईपीए) के ज़रिए किया गया था.

    उन्होंने लिखा, “क्योंकि, हमारे नागरिकों के लिए अवैध विदेशियों का ख़तरा बढ़ रहा है. फेंटेलिन समेत अन्य घातक दवाएं हमारे नागरिकों को मार रही हैं.”

    “हमें अमेरिकियों की रक्षा करने की ज़रूरत है और राष्ट्रपति के तौर पर सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना मेरा कर्तव्य है.”

    उन्होंने लिखा, “मैंने अपने अभियान में हमारी सीमाओं पर अवैध विदेशियों और नशीली दवाओं की बाढ़ को रोकने का वादा किया था, और अमेरिकियों ने इसके पक्ष में भारी मतदान किया था.”

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.