You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मिसाइल हमले के बाद इसराइली पीएम नेतन्याहू ने हूती विद्रोहियों को दी ये चेतावनी

इसराइली एयरपोर्ट के पास हुए हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले पर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और इफ़्तेख़ार अली

  1. पोप के तौर पर अपनी एआई फ़ोटो शेयर करने पर ट्रंप की हो रही है आलोचना

    अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय के इंस्टाग्राम अकाउंट से डोनाल्ड ट्रंप की पोप के तौर पर एआई तस्वीर साझा की गई जिस पर कैथोलिक समूह ने कड़ी आपत्ति जताई है.

    यह तस्वीर ऐसे वक़्त पर शेयर की गई है जब कैथोलिक लोग 21 अप्रैल को पोप फ़्रांसिस के निधन के बाद शोक मना रहे हैं.

    ट्रंप ने जो तस्वीर पोस्ट की, उसमें उन्होंने पोप जैसी सफे़द पोशाक और टोपी पहनी है, गले में बड़ा क्रॉस है और गंभीर भाव में एक उंगली ऊपर उठाए खड़े हैं.

    न्यूयॉर्क स्टेट कैथोलिक कॉन्फ्रेंस ने ट्रंप पर उनकी आस्था का मज़ाक बनाने का आरोप लगाया है.

    कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने पत्रकारों से मज़ाक में कहा था, "मैं पोप बनना चाहता हूं."

    ट्रंप पहले ऐसे अमेरिकी राष्ट्रपति नहीं हैं जिन पर इस तरह के आरोप लगे हैं.

    एक साल पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने प्रो-अबॉर्शन रैली में ‘साइन ऑफ़ द क्रॉस’ बनाकर कैथोलिक समुदाय को नाराज़ किया था.

    वेटिकन के प्रवक्ता ने ट्रंप की तस्वीर पर कोई टिप्पणी नहीं की है. वेटिकन में बुधवार से पोप के उत्तराधिकारी के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने वाली है.

    न्यूयॉर्क स्टेट कैथोलिक कॉन्फ्रेंस ने एक्स पर लिखा, "इस तस्वीर में कुछ भी मज़ेदार नहीं है, मिस्टर प्रेसिडेंट."

    "हमने अभी-अभी अपने प्यारे पोप को दफ़नाया है और अब एक गंभीर चुनाव प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. कृपया हमारा मज़ाक न उड़ाएं."

  2. बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने पर जोशीमठ को लेकर क्या बोले सीएम धामी

    उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम के कपाट मंगलवार सुबह खोल दिए गए हैं. इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मंदिर परिसर में उपस्थित थे.

    धाम के कपाट खुलने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने समाचार एजेंसी एएनआई से केंद्र सरकार की ओर से जोशीमठ को दी गई मदद के बारे में बातचीत की.

    उन्होंने कहा, "मैं आदरणीय प्रधानमंत्री जी और गृह मंत्री जी का धन्यवाद करता हूं. फरवरी 2023 में हमारे ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा आपदा की चपेट में आ गया था, जिससे इस क्षेत्र में दरारें पड़ गई थीं."

    मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि 'भारत सरकार की एजेंसियों, राज्य सरकार की एजेंसियों और अन्य एजेंसियों ने एक सर्वे के बाद रिपोर्ट सौंपी. जिसके मुताबिक ज्योतिर्मठ में नवनिर्माण की आवश्यकता है. जिसके आधार पर उन्होंने भारत सरकार से निवेदन किया गया था कि आपदा सहायता कोष के तहत उन्हें धनराशि प्रदान की जाए.'

    मुख्यमंत्री धामी ने बताया, "हमें 1700 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है. उस धनराशि से हम यहां सीवरेज, नवनिर्माण, सुरक्षा और जलभराव को रोकने का काम करेंगे."

  3. ऑस्ट्रेलिया चुनाव में विपक्ष के नेता को हराने वाली अली फ़्रांस कौन हैं?

    ऑस्ट्रेलिया 2025 के आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और लिबरल-नेशनल गठबंधन के नेता पीटर डटन, लेबर पार्टी की अली फ़्रांस से चुनाव हार गए हैं.

    अली फ़्रांस ने डिक्सन सीट पर पीटर डटन को हराकर यह जीत हासिल की है.

    पीटर डटन पिछले 24 सालों से इस सीट पर लगातार जीतते आ रहे थे. लेकिन अब वे अपनी ही सीट हारने वाले पहले संघीय विपक्षी नेता बन गए हैं.

    अली फ़्रांस 49 साल की हैं और कई सालों से डिक्सन के मुद्दों को लेकर मेहनत कर रही थीं.

    उन्होंने साल 2019 में पहली बार चुनाव लड़ा था और तब उन्हें 45.4 फ़ीसदी वोट मिले थे.

    साल 2022 में उनका वोट प्रतिशत बढ़कर 48.3 फ़ीसदी हो गया था.

    अली फ़्रांस एक पूर्व पत्रकार, कम्युनिकेशन मैनेजर और पैरा एथलीट रही हैं.

    वे क्वींसलैंड राज्य के पूर्व मंत्री पीटर लॉलर की बड़ी बेटी हैं और एक सिंगल मदर हैं.

  4. पीएम मोदी समेत दुनिया के कई नेताओं ने एंथनी अल्बनीज़ को चुनावी जीत की ऐसे दी बधाई

    ऑस्ट्रेलिया में आम चुनाव में जीत और दोबारा से प्रधानमंत्री चुने जाने पर एंथनी अल्बनीज़ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है.

    उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "एंथनी अल्बनीज़ को उनकी शानदार जीत और दोबारा ऑस्ट्रेलिया का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई. यह ज़बरदस्त जनादेश दिखाता है कि ऑस्ट्रेलियाई जनता को आपके नेतृत्व में कितना भरोसा है. मैं भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और तरक्की के लिए आपके साथ काम करने को उत्सुक हूं."

    इसी के साथ, दुनियाभर के कई नेताओं ने भी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ को उनकी ज़बरदस्त चुनावी जीत पर बधाई दी है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के बीच की मज़बूत दोस्ती की तारीफ़ की और ऑकस सिक्योरिटी पार्टनरशिप की लगातार तरक्की को सराहा.

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया अमेरिका का करीबी और भरोसेमंद दोस्त है और वे अल्बनीज़ के साथ मिलकर आज़ादी और सुरक्षा को बढ़ाने के लिए काम करना चाहते हैं.

    वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ऑस्ट्रेलिया को उनके लगातार समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वे दोनों देशों के बीच मज़बूत साझेदारी को और आगे ले जाना चाहते हैं.

    इसके अलावा कनाडा के नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और कनाडा सबसे भरोसेमंद दोस्त हैं और उन्होंने इस रिश्ते को और मज़बूत करने के अवसर को महत्व देने की बात कही.

  5. अरबपति निवेशक वॉरेन बफ़ेट बर्कशायर हैथवे के सीईओ पद से इस्तीफ़ा देंगे

    अरबपति निवेशक वॉरेन बफ़ेट ने एलान किया है कि वे इस साल के अंत में बर्कशायर हैथवे के सीईओ के पद से इस्तीफ़ा दे देंगे.

    94 साल के बफ़ेट ने अपनी कंपनी की वार्षिक बैठक में कहा कि वो वाइस प्रेसिडेंट ग्रेग एबल को कंपनी की बागडोर सौंपेंगे.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वह समय आ गया है कि जब ग्रेग को साल के अंत में कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (चीफ़ एग्जीक्यूटिव) बन जाना चाहिए."

    बफ़ेट ने बर्कशायर हैथवे को एक समय में विफल होती टेक्सटाइल कंपनी से एक बड़ी निवेश कंपनी में बदला था जिसकी वर्तमान में कीमत करीब 1.16 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 870 अरब पाउंड) है.

    उन्हें दुनिया का सबसे सफल निवेशक माना जाता है.

    बर्कशायर हैथवे के पास 60 से अधिक कंपनियां हैं, जिनमें बीमा कंपनी गेको, बैटरी निर्माता ड्यूरासेल और कई रेस्तरां जैसे डेयरी क्वीन शामिल हैं.

    इसके अलावा, उसके पास एप्पल, कोका कोला, बैंक ऑफ़ अमेरिका और अमेरिकन एक्सप्रेस जैसी कंपनियों में भी बड़ी हिस्सेदारी है.

    पिछले महीने ब्लूमबर्ग के मुताबिक, वॉरेन बफ़ेट दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति थे, जिनकी कुल संपत्ति 154 अरब डॉलर है.

    एप्पल के सीईओ टिम कुक ने भी बफ़ेट के रिटायर होने पर एक्स पर पोस्ट किया.

    उन्होंने लिखा, "वॉरेन जैसा कोई नहीं है और उन अनगिनत लोगों में से मैं भी एक हूं जो उनकी समझदारी से बहुत प्रेरित हुए हैं."

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.