उत्तरी गोवा के शिरगांव स्थित श्री लैराई देवी मंदिर में मची भगदड़ को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की है.
उन्होंने कहा है, “गोवा के शिरगांव में श्री लैराई जात्रा में आज सुबह 4 से 5 बजे के बीच भगदड़ मची, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं. मुझे सुबह 5 बजे इसकी सूचना मिली, जिसके बाद मैं तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया."
"घायलों का इलाज कम्युनिटी अस्पताल में किया जा रहा है और कुछ गंभीर घायलों को ज़िला अस्पताल में रेफर किया गया है. ज़िला अस्पताल में दो शव रखे गए हैं और 10 अन्य लोग भर्ती हैं, जिन्हें उचित इलाज मिल रहा है.”
प्रमोद सावंत ने कहा, “इस घटना को लेकर आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे फोन किया और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया.”
इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है.
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यालय ने एक्स पर लिखा, "गोवा के शिरगांव में भगदड़ की घटना से हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है. जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है, उनके लिए मेरी संवेदनाएं हैं. मैं दुआ करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं, वे जल्दी ठीक हो जाएं. प्रशासन पीड़ितों की मदद करने की पूरी कोशिश कर रहा है."
वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यालय ने एक्स पर लिखा, "गोवा के शिरगांव में भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर दुख हुआ, जिसमें कई लोगों की जान चली गई. मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना जताता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और घायलों के जल्दी ठीक होने की दुआ करता हूं."
इसके अलावा, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस घटना पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट किया है.
उन्होंने लिखा, "गोवा के शिरगांव स्थित लैराई देवी मंदिर में वार्षिक यात्रा के दौरान भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का समाचार बहुत दुखद है.
सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं."