व्हाइट हाउस: ट्रंप को एपस्टीन से जोड़ने का दावा करने वाले ईमेल 'फ़ेक नैरेटिव'

यूएस हाउस में डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रतिनिधियों के एक समूह ने जेफ़्री एपस्टीन के कुछ नए ईमेल जारी किए हैं, जिनमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ज़िक्र है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. तुर्की का सैन्य कार्गो प्लेन क्रैश, कम से कम 20 लोग सवार थे

    तुर्की विमान हादसा

    इमेज स्रोत, TV.IMEDI/Reuters

    इमेज कैप्शन, घटनास्थल पर सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है

    तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि उसका एक कार्गो विमान अज़रबैजान और जॉर्जिया की सीमा के क़रीब क्रैश हो गया है. इस विमान में कम से कम 20 लोग सवार थे.

    अधिकारियों ने मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने हादसे में 'शहीदों' का ज़िक्र करते हुए अपनी संवेदना व्यक्त की है.

    घटनास्थल पर सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.

    रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, यह सी-130 कार्गो विमान अज़रबैजान से तुर्की की ओर जा रहा था.

    तुर्की विमान हादसा

    इमेज स्रोत, TV.IMEDI/Reuters

    इमेज कैप्शन, घटनास्थल के क़रीब विमान का एक दरवाज़ा मिला

    बीबीसी तुर्की सेवा के मुताबिक़, जॉर्जिया की एविएशन अथॉरिटी ने कहा है कि विमान बिना कोई सिग्नल भेजे रडार से ग़ायब हो गया.

    जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने बताया कि विमान सिघनाघी के पास, अज़रबैजान से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर क्रैश हुआ.

    सी-130 कार्गो विमान अमेरिका में बना विमान है. इसका इस्तेमाल दुनियाभर की वायु सेनाएं करती हैं.

  2. पाकिस्तानी रक्षा मंत्री बोले- अफ़ग़ानिस्तान पर हो सकती है कार्रवाई, भारत का ज़िक्र भी किया

    ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, Lintao Zhang/Getty

    इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद के जी-11 कोर्ट में हुए आत्मघाती हमले में 12 लोगों की मौत हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    इस्लामाबाद में एक अदालत में हुए आत्मघाती हमले और वाना में कैडेट कॉलेज में चरमपंथी हमले के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर सकता है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, मंगलवार रात को जियो न्यूज़ के एक कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान हाल के हमलों के बाद अफ़ग़ानिस्तान पर कार्रवाई कर सकता है, तो रक्षा मंत्री ने कहा, "हां, बिल्कुल कर सकता है. इस संभावना से इनकार नहीं किया जाना चाहिए."

    उनसे पूछा गया कि क्या अफ़ग़ानिस्तान ने वाना कैडेट कॉलेज और इस्लामाबाद पर हुए हमलों की निंदा की है? इस पर ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा, "निंदा करना या खेद व्यक्त करना सच्चाई का सबूत नहीं हो सकता."

    उन्होंने दावा किया, "वाना में बच्चों को मारने की साजिश थी, और यह वैसी ही तबाही होने वाली थी जैसी कई साल पहले पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल में हुई थी."

    सोमवार और मंगलवार को हुए हमलों के बारे में बात करते हुए ख़्वाजा आसिफ़ ने भारत का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "इन हमलों को अफ़ग़ानिस्तान से भविष्य में होने वाले हमले की शुरुआत माना जा सकता है और यह वास्तव में भारत की ओर से होगा, जो अफ़ग़ानिस्तान के ज़रिए हमारे देश में किया जा रहा है."

    मंगलवार को इस्लामाबाद के जी-11 कोर्ट में हुए आत्मघाती हमले में 12 लोगों की मौत हुई है.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस्लामाबाद के जी-11 कोर्ट में हुए आत्मघाती हमले की निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि इस हमले में 'भारत समर्थित' चरमपंथी समूह शामिल हैं.

    वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के आरोप को बेबुनियाद और निराधार बताया है.

  3. वेनेज़ुएला के साथ तनाव के बीच अमेरिका का युद्धपोत कैरेबियाई इलाक़े में तैनात

    यूएसएस जेरल्ड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'यूएसएस जेरल्ड आर फ़ोर्ड' पर दर्जनों विमान तैनात हैं

    दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत 'यूएसएस जेरल्ड आर फ़ोर्ड' के नेतृत्व में अमेरिका का नौसैनिक स्ट्राइक फ़ोर्स कैरेबियाई सागर पहंच गया है. अमेरिकी नौसेना ने इसकी पुष्टि की है.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने इस स्ट्राइक फ़ोर्स को कैरेबियाई इलाक़े में तैनात करने का आदेश दिया था.

    इसकी तैनाती ऐसे समय पर हुई है जब कथित नशीले पदार्थों की नौकाओं पर अमेरिकी हमले जारी हैं. इन नौकाओं की वजह से अमेरिका और वेनेज़ुएला के बीच तनाव जारी है.

    अब तक अमेरिका ने कैरेबियाई और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में कम से कम 19 हमले किए हैं, जिनमें कम से कम 76 लोग मारे गए हैं.

    वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और अन्य अधिकारियों ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि उसने देश की वामपंथी समाजवादी सरकार को गिराने की कोशिश की है.

  4. एस जयशंकर ने कनाडा में इन देशों के विदेश मंत्रियों से की मुलाक़ात

    अनीता आनंद और एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, X/@DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, एस जयशंकर ने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाक़ात की

    विदेश मंत्री एस जयशंकर कनाडा के दौरे पर हैं. यहां वह ओंटारियो में आयोजित जी7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे.

    जी7 बैठक से इतर एस जयशंकर ने कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक की. इसकी जानकारी उन्होंने एक्स पर दी.

    जयशंकर ने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद समेत दक्षिण अफ़्रीका, फ़्रांस, ब्राज़ील, जर्मनी, ब्रिटेन और मेक्सिको के विदेश मंत्रियों से द्विपक्षीय मुलाक़ात की.

    इस दौरान उन्होंने इन देशों से रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर बातचीत की.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, जयशंकर का यह तीन दिवसीय कनाडा दौरा गुरुवार, 13 नवंबर को समाप्त होगा.

  5. बिहार: शकील अहमद का कांग्रेस से इस्तीफ़ा, लीडरशिप से मतभेद पर क्या कुछ बोले?

    शकील अहमद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शकील अहमद ने स्वीकार किया कि स्थानीय स्तर पर लीडरशिप से उनके मतभेद थे

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है. उन्होंने इसकी वजह स्थानीय लीडरशिप से मतभेद बताई है.

    शकील अहमद ने एएनआई से बातचीत में कहा, "ये मेरी पार्टी के कुछ लोगों से मतभेद की वजह से हुआ है. लेकिन मैं पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों का शुभचिंतक बना रहूंगा. मैंने सदस्यता से त्यागपत्र दिया है, पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों से मेरा कोई विरोध नहीं है."

    जब उनसे पूछा गया कि नाराज़गी हाई कमान से है या राज्य स्तर पर है, तो उन्होंने कहा, "यह लोकल एडजस्टमेंट की बात है. लोकल लोगों से बात हुई है और हाई कमान के ही नियुक्त किए लोग लोकल लेवल पर होते हैं. तो स्वाभाविक है कि पार्टी में एक एडजस्टमेंट नहीं बन पाया, जिसकी वजह से यह हुआ."

    वहीं, पीटीआई से बातचीत में शकील अहमद ने कहा कि उन्होंने इस्तीफ़ा देने का मन पहले ही बना लिया था, लेकिन चुनाव के बीच में इस्तीफ़ा देकर पार्टी को नुक़सान नहीं पहुंचाना चाहता था.

    उन्होंने कहा, "पार्टी से इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला मैंने 15-20 दिन पहले ही कर लिया था. मगर मैंने घोषणा इसलिए नहीं की थी कि मेरी वजह से पांच-छह लोग क्यों नाराज़ हों. इसलिए दूसरे फेज़ के मतदान के बाद मैंने एलान किया है."

    शकील अहमद ने यह भी कहा कि वह किसी अन्य पार्टी का हिस्सा नहीं बनेंगे और न ही उनके बच्चे राजनीति में आएंगे और चुनाव लड़ेंगे.

    बिहार में दूसरे चरण मतदान मंगलवार, 11 नवंबर को समाप्त हुआ. दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.

  6. दिल्ली कार धमाके को लेकर तुर्की ने जारी किया बयान, 'आतंकवाद' पर ये कहा

    रेचेप तैय्यप अर्दोआन

    इमेज स्रोत, Arif Hudaverdi Yaman/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, तुर्की ने कहा है कि वह 'आतंकवाद' के ख़िलाफ़ लड़ाई में सहयोग करता रहेगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के लाल क़िला इलाक़े में सोमवार को हुए कार धमाके को लेकर तुर्की ने बयान जारी कर संवेदना जाहिर की है. इसके साथ ही तुर्की ने 'आतंकवाद' के ख़िलाफ़ लड़ाई को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है.

    बयान में कहा गया, "10 नवंबर को दिल्ली में हुए धमाके में लोगों की जान जाने से हम दुखी हैं. हम उन परिवारों और भारत की जनता के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं."

    तुर्की ने 'आतंकवाद' को लेकर कहा, "तुर्की एक बार फिर आतंकवाद के हर रूप के ख़िलाफ़ अपने सिद्धांतगत रुख़ और इस वैश्विक ख़तरे के ख़िलाफ़ लड़ाई में सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है."

    दिल्ली के लाल क़िला के पास सोमवार को एक कार में धमाका हुआ. इस घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत की पुष्टि दिल्ली पुलिस ने की है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि धमाके की साज़िश रचने वालों को 'नहीं छोड़ा जाएगा. सभी ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी सज़ा मिलेगी.'

  7. भारत ने इस्लामाबाद कोर्ट धमाके मामले में पाकिस्तानी पीएम के आरोप का दिया जवाब

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के आरोप को बेबुनियाद और निराधार बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद के जी-11 कोर्ट में हुए आत्मघाती हमले के मामले में पाकिस्तान के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "पाकिस्तानी नेतृत्व की ओर से लगाए जा रहे बेबुनियाद और निराधार आरोपों को भारत ख़ारिज करता है."

    उन्होंने कहा, "यह पाकिस्तान की एक रणनीति है, जिसके ज़रिए वह भारत के ख़िलाफ़ झूठी कहानियां गढ़कर अपने देश में चल रही सेना-प्रेरित संवैधानिक तोड़फोड़ और सत्ता हथियाने की कोशिशों से जनता का ध्यान भटका सके."

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस हक़ीक़त से अच्छी तरह वाक़िफ़ है और पाकिस्तान की ध्यान-भटकाने वाली चालों से गुमराह नहीं होगा."

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस्लामाबाद के जी-11 कोर्ट में हुए आत्मघाती हमले की निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि इस हमले में 'भारत समर्थित' चरमपंथी समूह शामिल हैं.

    इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई है.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.