इस्लामाबाद के कोर्ट पर आत्मघाती हमले को लेकर अफ़ग़ान तालिबान ने जारी किया बयान

अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक कोर्ट के बाहर हुए आत्मघाती धमाके पर बयान जारी किया है.

सारांश

  • छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए
  • बिहार चुनावः दूसरे चरण में 68.79 प्रतिशत मतदान, कुल मतदान 66.90 प्रतिशत
  • निठारी कांड: सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को बरी किया
  • दिल्ली में 10 नवंबर को लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट के मामले में मुकदमा दर्ज

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, संदीप राय

  1. इस्लामाबाद के कोर्ट पर आत्मघाती हमले को लेकर अफ़ग़ान तालिबान ने जारी किया बयान

    तालिबान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तालिबान के विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद हमले पर दुख जताया है

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक कोर्ट के बाहर हुए आत्मघाती धमाके पर बयान जारी किया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल क़हर बाल्खी की ओर से जारी बयान के अनुसार, "इस्लामिक अमीरात ऑफ़ अफ़ग़ानिस्तान का विदेश मंत्रालय राजधानी इस्लामाबाद में हुए धमाके के संबंध में गहरा दुख ज़ाहिर करता है और इसकी निंदा करता है."

    "साथ ही विदेश मंत्रालय पाकिस्तान के वाना में हुए हमले की भी निंदा करता है जिसमें दसियों लोगों की जान गई और कई घायल हुए हैं."

    मंगलवार को इस्लामाबाद के सेक्टर जी-11 में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट के बाहर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने हमले की निंदा करते हुए इसमें 'भारत समर्थित' चरमपंथी समूह के शामिल होने के आरोप लगाए हैं. वहीं भारत की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई बयान नहीं आया है.

  2. बिहार चुनावः मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एसआईआर को लेकर अब ये कहा

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि बिहार के 38 ज़िलाधिकारियों में से किसी को भी एसआईआर को लेकर एक भी अपील नहीं मिली

    बिहार विधानसभा चुनावों के दोनों चरणों का मतदान मंगलवार को संपन्न हो गया.

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनावों में एसआईआर के संबंध में एक भी अपील नहीं मिली.

    उन्होंने कहा, "चुनाव कार्यकर्ताओं के अथक और पारदर्शी प्रयासों के कारण, बिहार के 38 ज़िलाधिकारियों में से किसी को भी एसआईआर के संबंध में एक भी अपील प्राप्त नहीं हुई."

    उन्होंने कहा, "2025 के बिहार विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक रहे. सबसे पहले, 7.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में भाग लिया. सभी राजनीतिक दलों के ज़मीनी स्तर के चुनाव कार्यकर्ताओं और लगभग 1.76 लाख बूथ-स्तरीय एजेंटों की भागीदारी रही."

    उन्होंने कहा, "बिहार के मतदाताओं ने 1951 से अब तक हुए सभी चुनावों में सर्वाधिक 66.9 प्रतिशत वोटिंग की. हमारी माताओं और बहनों ने 1951 से अब तक हुए सभी चुनावों में सबसे ज़्यादा 71% मतदान दर्ज किया है.”

  3. बिहार चुनावः पिछली बार के मुक़ाबले 9 प्रतिशत अधिक हुआ मतदान, चुनाव आयोग ने और क्या बताया?

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी बिहार

    इमेज स्रोत, Youtube/CEO Bihar

    इमेज कैप्शन, बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा है कि अंतिम चरण का मतदान शांतिपूर्ण रहा

    बिहार विधानसभा चुनावों में मंगलवार शाम को दूसरे और अंतिम चरण का मतदान समाप्त हो गया.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है और किसी तरह की हिंसा की वारदात नहीं हुई है.

    चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, दोनों चरणों में कुल 66.91 प्रतिशत मतदान हुआ. महिलाओं का 71.6 प्रतिशत और पुरुषों का 62.8 प्रतिशत मतदान रहा.

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुंजियाल ने कहा, "दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद जो आंकड़े आए हैं, उसमें अभी तक मतदान का प्रतिशत 68.79 है. इसमें उन 2000 बूथों का डेटा शामिल नहीं है जिनके आंकड़े आने बाक़ी हैं."

    उन्होंने बताया, "अगर दोनों चरणों का औसत निकालें तो अभी तक कुल 66.90 प्रतिशत मतदान हुआ है. इसमें उन 2000 बूथों के आंकड़े शामिल नहीं हैं. जो कि पिछले विधानसभा चुनाव से 6.9 प्रतिशत अधिक है और अभी डेटा आने से इसमें कुछ वृद्धि संभावित है."

    विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि मंगलवार को लगभग तीन करोड़ 52 लाख रुपये की ज़ब्ती हुई जिसमें 1.7 करोड़ रुपये के शराब और ड्रग्स आदि थे.

    उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक 127 करोड़ रुपये की ज़ब्ती हो चुकी है, जिसमें 78 करोड़ रुपये के शराब, ड्रग्स और नशीले पदार्थ थे.

    निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, इस चुनाव में कुल 2016 उम्मीदवार थे और मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 45 लाख थी. सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की गई.

  4. एग्ज़िट पोल में एनडीए को बढ़त पर क्या बोले बीजेपी-जेडीयू के नेता

    बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने एनडीए की सरकार आने का भरोसा जताया है.

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज ख़त्म हो गया. चुनाव के बाद कई एग्ज़िट पोल सामने आए हैं. इनमें से अधिकतर में एनडीए को बढ़त दी गई है.

    जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि जनता ने मुहर लगा दी है बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बनेंगे.

    उन्होंने कहा, "पूरे बिहार में नीतीश लहर थी. हम कह सकते हैं कि 14 तारीख़ को जब नतीजे आएंगे…हमारी सरकार भारी अंतर से बनेगी. सभी एग्ज़िट पोल्स का सार यही है कि एनडीए की सरकार फिर बनेगी...”

    उन्होंने कहा, “जनता ने एनडीए और नीतीश कुमार पर अपनी मुहर लगा दी है, वे बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे."

    बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ है, यह स्पष्ट संकेत है कि लोगों ने विकसित बिहार और विकसित भारत के लिए वोट दिया है."

    बिहार सरकार में मंत्री प्रेम कुमार ने कहा, "हम एग्ज़िट पोल में आगे चल रहे हैं और सरकार बनाने की स्थिति में हैं... 14 नवंबर को सच्चाई सामने आएगी..."

    भाजपा नेता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कहा, "बिहार में वोट देकर मैं दिल्ली आया हूं, वहां लंबी कतारें साफ़ दिख रही थीं. साफ़ दिख रहा था कि एनडीए सत्ता में आने वाली है...हमें पूरा भरोसा है कि 14 तारीख को जब नतीजे आएंगे तो एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाएगी."

    यहां ये स्पष्ट कर दें कि ये महज़ एग्ज़िट पोल हैं. बिहार में मतों की गिनती 14 नवंबर यानी शुक्रवार को होगी और तभी अंतिम परिणाम आएंगे.

  5. बिहार चुनाव के एग्ज़िट पोल्स पर कांग्रेस नेता क्या कह रहे हैं?

    सुप्रिया श्रीनेत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुप्रिया श्रीनेत ने कहा है, "मेरा अपना मानना है कि हम एग्ज़िट पोल्स पर नहीं बोलते हैं."

    बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान समाप्त होने के बाद आए लगभग सभी एग्ज़िट पोल्स में एनडीए गठबंधन की जीत का अनुमान लगाया गया है. इस अनुमान को कांग्रेस नेताओं ने ख़ारिज कर दिया है.

    कांग्रेस नेता तारिक़ अनवर ने कहा है, “एग्ज़िट पोल्स सिर्फ़ अनुमान बताता है. अभी के एग्ज़िट पोल्स को सही मान लिया जाए तो ये उचित नहीं होगा. इसमें कई पेचीदगियां होती हैं.”

    उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि चुनाव में जिन मुद्दों को लेकर महागठबंधन गया और अगर उन मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में कामयाब रहे तो यक़ीनन लोग महागठबंधन को अपना समर्थन देंगे.”

    कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “मेरा अपना मानना है कि हम एग्ज़िट पोल्स पर नहीं बोलते हैं. जब फ़ाइनल रिज़ल्ट आएगा उस पर हम बात करेंगे. लेकिन बिहार में जिस तरह से लोगों के मताधिकार के साथ खिलवाड़ किया गया है, बिहार इसका सबक सिखाएगा.”

  6. दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः दिल्ली कार धमाका: क्या पता नहीं है?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. छत्तीसगढ़: पुलिस ने कहा मुठभेड़ में मारे गए छह माओवादी, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    माओवादी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीते महीने के अंत में 21 माओवादी कैडर ने 18 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया था.

    छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में कम से कम 6 संदिग्ध माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.

    पुलिस ने मारे जाने वालों की संख्या बढ़ने से इंकार नहीं किया है.

    बीजापुर ज़िले के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव के अनुसार, "सुबह दस बजे से बीजापुर-दंतेवाड़ा की डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड, स्पेशल टॉस्क फ़ोर्स के जवान की संयुक्त टीमों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फ़ायरिंग जारी है."

    "अब तक सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से 6 माओवादिओं के शव, ऑटोमेटिक हथियार इंसास, स्टेनगन, .303 राइफ़ल सहित अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और माओवादी सामग्री मौके से बरामद हुई है."

    बस्तर के आईजी पुलिस सुंदरराज पी ने कहा, "आज का अभियान सुरक्षा बलों के लिए एक निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त है. यह सफलता ऐसे समय में मिली है, जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने कुछ बचे हुए ठिकानों में सिमटकर रह गया है."

    उन्होंने कहा, "मौके पर डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड, बस्तर फाइटर, सीआरपीएफ़ और सीएएफ़ के जवानों की अतिरिक्त टुकड़ियां रवाना की गई हैं."

    आसपास के इलाकों में भी घेराबंदी की जा रही है.

  8. दिल्ली लाल क़िला धमाके पर चीन के विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

    चीन का विदेश मंत्रालय

    इमेज स्रोत, @MFA_China

    इमेज कैप्शन, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा है कि वो घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं

    दिल्ली में लाल क़िले के नज़दीक सोमवार शाम को हुए धमाके पर चीन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने प्रेस कॉन्फ़ेंस में कहा, “दिल्ली के लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास हुए घातक धमाके से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं.”

    उन्होंने बयान में आगे कहा, “जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, उनके प्रति हम गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं. “

    इस घटना पर कई देशों के नेताओं ने दुख जताया है और पीड़ितों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.

    सोमवार शाम को हुए धमाके में आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

  9. बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की वोटिंग ख़त्म, क्या रहीं बड़ी बातें? LIVE

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  10. बिहार चुनावः शाम पांच बजे तक 67 प्रतिशत मतदान, कहां पड़े सबसे ज़्यादा वोट

    बिहार चुनाव
    इमेज कैप्शन, 14 नवंबर को आएंगे बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे.

    बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 ज़िलों की 122 सीटों पर शाम 5 बजे तक 67.14 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के ऑफ़िस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक़, अब तक सबसे अधिक वोटिंग किशनगंज में हुई है. यहां 76.26 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है.

    वहीं सबसे कम 57.11 प्रतिशत वोटिंग नवादा में दर्ज की गई है.

    20 में से 8 ज़िलों में सर्वाधिक मतदान हुआ- किशनगंज में 76.26, पुर्णिया में 73.79, कटिहार में 75.23, सुपौल में 70.69, पूर्वी चंपारण में 69.31, बांका में 68.91, गया में 67.50 और जमुई में 67.81 प्रतिशत मतदान हुआ.

    सिर्फ नवादा को छोड़कर बाकी ज़िलों में 60 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई.

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था. पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई थी.

    मतों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी

  11. फ़रीदाबाद में 800 पुलिसकर्मी चला रहे हैं सर्च ऑपरेशन, पुलिस को अब तक क्या मिला, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    हरियाणा पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली से सटे हरियाणा के फ़रीदाबाद में पुलिस तलाशी अभियान चला रही है.

    फ़रीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल सिंह ने बताया, “सेक्टर 56 में हमें जो मिला है, वो पटाखे हैं. विस्फोटक सामग्री नहीं है. उसको वेरीफाई किया जा रहा है. अभी उसका लाल क़िले में हुई घटना से कोई संबंध नज़र नहीं आ रहा.”

    उन्होंने बताया की अल फ़लाह यूनिवर्सिटी में और फ़रीदाबाद के कई इलाक़ों में क़रीब 800 पुलिसकर्मी सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं.

    यशपाल सिंह ने बताया, “अभी सर्च ऑपरेशन का कोई निष्कर्ष नहीं आया है.”

    उन्होंने कहा कि अल-फ़लाह यूनिवर्सिटी में जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस की अगुवाई में की जा रही है और लाल क़िले धमाके पर वह टिप्पणी नहीं कर सकते, क्योंकि उस मामले की जांच दूसरी एजेंसी कर रही है.

    हालांकि उन्होंने बीबीसी हिंदी से कहा कि फ़रीदाबाद से कल और परसों लगभग 2,900 किलो ज्वलनशील पदार्थ बरामद हुआ था.

    इससे पहले सोमवार को पुलिस कमिश्नर सतेंदर कुमार ने बताया था कि 360 किलोग्राम ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया जो कि संभवतः अमोनियम नाइट्रेट है.

    यशपाल सिंह ने बताया कि अल-फ़लाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाने वाले डॉ. मुज़म्मिल से पूछताछ के बाद ही अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी हुई.

    उन्होंने यह भी जोड़ा कि इन सभी मामलों में जांच जारी है.

  12. कार्टून: ख़बर की ख़बर

    न्यूज़ चैनलों पर अनकन्फर्म्ड ख़बरों के मामलों पर आज का कार्टून.

    कार्टून
  13. दिल्ली धमाके पर इसराइल के विदेश मंत्री ने क्या कहा

    इसराइल विदेश मंत्री गिदोन सार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल विदेश मंत्री गिदोन सार ने दिल्ली धमाके में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

    दिल्ली धमाके पर इसराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने प्रतिक्रिया देते हुए भारत के साथ एकजुटता जताई है.

    एक्स पर उन्होंने लिखा, "मैं भारत के लोगों और विशेष रूप से दिल्ली के केंद्र में हुए धमाके में मारे गए निर्दोष पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी और इसराइल की गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

    साथ ही उन्होंने लिखा, "इसराइल आतंक के ख़िलाफ़ भारत की लड़ाई में उसके साथ खड़ा है."

    इस घटना पर कई देशों के नेताओं ने दुख जताया है और पीड़ितों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.

    सोमवार शाम को हुए धमाके में आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

  14. दिल्ली धमाके पर तालिबान सरकार के विदेश मंत्रालय की आई प्रतिक्रिया

    अमीर ख़ान मुत्तक़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तालिबान विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी ने हाल ही में भारत का दौरा किया था.

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने अपनी प्रतिक्रिया में दिल्ली धमाके की निंदा की है.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, "इस्लामिक अमीरात ऑफ़ अफ़ग़ानिस्तान का विदेश मंत्रालय भारत के नई दिल्ली में लाल क़िले इलाक़े में हुए धमाके कि निंदा करता है जिसमें कई नागरिकों की जान गई और अन्य कई घायल हुए हैं."

    बयान में कहा गया है, "विदेश मंत्रालय शोक संतप्त परिवारों और सरकार के प्रति गहरा दुख ज़ाहिर करता है. हम घायलों के जल्द ठीक होने की शुभकामना देते हैं."

    सोमवार शाम को लाल क़िले के पास हुए धमाके में आठ लोगों की मौत हो गई थी.

  15. बिहार में तीन बजे तक 60 प्रतिशत मतदान, इन ज़िलों में हुई सबसे अधिक वोटिंग

    बिहार चुनाव
    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण का आज मतदान हो रहा है.

    बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 ज़िलों की 122 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 60.40 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के ऑफ़िस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक़, अब तक सबसे अधिक वोटिंग किशनगंज में हुई है. यहां 66.10 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है.

    वहीं सबसे कम 53.17 प्रतिशत वोटिंग नवादा में दर्ज की गई है.

    20 में से 12 ज़िलों में दोपहर तीन बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है.

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था. पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई थी.

  16. बिहार चुनावः किशनगंज में तेज़, मधुबनी में धीमी वोटिंग, पहली बार के मतदाताओं ने क्या कहा?, अभिनव गोयल, बीबीसी संवाददाता

    बिहार में मतदान
    इमेज कैप्शन, बिहार में मंगलवार को दूसरे और आख़िरी चरण का मतदान हो रहा है.

    बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में जमकर वोटिंग हो रही है. चुनाव आयोग के मुताबिक़, दोपहर 1 बजे तक 122 सीटों पर औसतन 47.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.

    किशनगंज जिले की सीटों पर मतदान 51 प्रतिशत से अधिक हो चुका है, जबकि मधुबनी जिले में वोटिंग की रफ़्तार धीमी नज़र आ रही है. यहां अब तक सिर्फ 43.39 प्रतिशत मतदान हुआ है.

    किशनगंज ज़िले की कोचाधामन विधानसभा सीट पर बीबीसी से बात करते हुए पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं ने अपनी बात रखी.

    बिहार में मतदान
    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा चुनावों के नतीजे 14 नवंबर को आने वाले हैं.

    आसिया परवीन ने कहा, "पहली बार वोट देकर बहुत अच्छा लगा. महंगाई बहुत ज़्यादा है, उसमें कुछ राहत मिलनी चाहिए. कमाई के मुक़ाबले घर का ख़र्च ज़्यादा है, ऐसे में मुश्किल होती है."

    दीपक ने कहा, "हर घर में बिजली और पानी की व्यवस्था होनी चाहिए, स्कूलों में टीचरों की कमी है, उसे दूर करने की ज़रूरत है."

    कुंवर सिंह ने कहा, "यहां के मुद्दे शिक्षा और बेरोज़गारी के हैं. जो भी सरकार बने, वो यहां फ़ैक्ट्री लगाए ताकि हमें दिल्ली-मुंबई जैसे शहरों में काम के लिए न जाना पड़े."

  17. दिल्ली धमाके पर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम बोले

    मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने दिल्ली धमाके पर दुख जताया है.

    मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सोमवार को दिल्ली में लाल क़िला मेट्रो के पास एक कार में हुए धमाके पर दुख जताया है.

    पीएम इब्राहिम ने एक्स पर पोस्ट किया, "इस त्रासदी पर शोक व्यक्त करते हुए मैं पीड़ितों के परिवारों और भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं. अगर यह घटना आतंकी हमला साबित होती है, तो इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए.”

    उन्होंने लिखा, “निर्दोष लोगों को निशाना बनाकर हिंसा फैलाने का कोई कारण नहीं हो सकता. मैं उन सभी राहतकर्मियों और अधिकारियों के प्रति आदर व्यक्त करता हूं जो धमाके के कारणों का पता लगाने और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए काम कर रहे हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं.”

    सोमवार शाम को हुए धमाके में आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

    भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि दिल्ली धमाके के ज़िम्मेदार लोगों को बख़्शा नहीं जाएगा.

  18. इस्लामाबाद में एक अदालत के बाहर धमाका, 10 लोग घायल

    इस्लामाबाद में धमाका

    इमेज स्रोत, Zulqarnain

    इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद में हुए धमाके के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार.

    मंगलवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक कोर्ट के बाहर धमाका हुआ है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, राजधानी के सेक्टर जी-11 में हुए इस धमाके में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं.

    धमाके के बाद इमारत से वकीलों, जजों और वहां मौजूद अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक पुलिस प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है.

    पुलिस ने बताया, "धमाके के बारे में जांच की जा रही है. हालांकि कारणों के बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है. फ़ॉरेंसिक टीम से जानकारी मिलने के बाद हम कुछ बता पाएंगे."

    यह धमाका इस्लामाबाद ज़िला न्यायालय के प्रवेश द्वार के पास हुआ, जहां आम तौर पर अदालती काम से आए लोगों की भीड़ रहती है.

  19. दिल्ली धमाके पर पवन खेड़ा ने कहा- ये ब्लास्ट बहुत से सवाल पैदा करता है

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सोमवार को दिल्ली के लाल क़िला के पास एक कार में धमाका हुआ था जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई.

    दिल्ली धमाके पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह ब्लास्ट होना, अपने आप में बहुत सारे सवालों को जन्म देता है.

    पवन खेड़ा ने कहा, "जो चिंता और भय का माहौल पूरे देश में उपज रहा है, उससे देश के मन में बहुत सवाल है."

    उन्होंने कहा, "यह ब्लास्ट क्या था, किसने कराया, असल में क्या है ये? जब तक सरकार ये हमें नहीं बताती तब तक इस पर कोई टिप्पणी करना ठीक नहीं होगा."

    कल शाम लाल क़िला मेट्रो के पास एक कार में धमाका हुआ था. इस हादसे में 8 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है और कई लोग घायल हैं.

    पुलिस के मुताबिक़, इस मामले में यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया है.

  20. अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिए ताज़ा ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब बीबीसी संवाददाता संदीप राय रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.