You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
इसराइली सेना ने फ़लस्तीनियों से ग़ज़ा शहर खाली करने के लिए कहा
विमान से गिराए गए पर्चे में सभी निवासियों को सुरक्षित मार्ग से ख़तरनाक युद्ध क्षेत्र को छोड़ने के लिए कहा गया है.
सारांश
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर से राजधानी वियना में मुलाक़ात की और यूक्रेन युद्ध समेत कई मुद्दों पर बात की.
- हरारे में खेले जा रहे तीसरे टी20 मैच में भारत ने ज़िम्बाब्वे को 23 रनों से हराया
- सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आपराधिक प्रक्रिया संहिता के सेक्शन 125 के तहत मुस्लिम महिला गुज़ारा भत्ता की मांग कर सकती है.
- सात राज्यों में 13 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हुए.
- उत्तर प्रदेश के उन्नाव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में बस सवार 18 लोगों की मौत हो गई.
लाइव कवरेज
संदीप राय, अरशद मिसाल
नेटो बैठक में बाइडन ने यूक्रेन को दर्जनों एयर डिफ़ेंस सिस्टम देने का किया एलान
वॉशिंगटन डीसी में आयोजित अमेरिका की अगुवाई वाले सैन्य गुट नेटो की बैठक में राष्ट्रपति बाइडन ने यूक्रेन को दर्जनों एयर डिफ़ेंस सिस्टम देने की बात कही है.
नेटो की बैठक में अपने भाषण में बाइडन ने कहा कि अमेरिका और चार अन्य पश्चिमी देश एयर डिफ़ेंस सिस्टम देंगे तो आने वाले महीनों में यूक्रेन को दे दिए जाएंगे.
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस पैकेज में पैट्रियल मिसाइल सिस्टम, अन्य टैक्टिकल एयर डिफ़ेंस सिस्टम और इसके पार्ट्स शामिल होंगे.
अमेरिका के अलावा जर्मनी, नीदरलैंड्स, रोमानिया और इटली एयर डिफ़ेंस सिस्टम की आपूर्ति करेंगे.
इस साल के अंत तक एयर डिफ़ेंस सिस्टम के बारे में आगे फैसला किया जाएगा और इसमें ब्रिटेन, कनाडा, नॉर्वे स्पेन शामिल होंगे.
रूस के ताज़ा मिसाइल हमलों के बाद मंगलवार को यूक्रेन के अधिकारियों ने अतिरिक्त एयर डिफ़ेंस सिस्टम मुहैया कराने की अपील की थी.
यूक्रेन में बच्चों के एक अस्पताल पर मिसाइल गिरने की वजह से 36 लोग मारे गए और 140 लोग घायल हुए हैं.
नेटो देशों की बैठक में बाइडन का भाषण पहले प्रेसिडेंशियल डिबेट के मुकाबले जोशीला और सधा हुआ था.
विश्लेषक मान रहे हैं कि अपने राजनीतिक भविष्य पर मंडराते आशंका के बादलों के बीच बाइडन ने बहुत सधा हुआ संदेश दिया और राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान के दौरान आलोचकों के लिए कुछ ऐसा नहीें छोड़ा जिसकी वो आलोचना कर सकें.
बाइडन नेटो को और मजबूत करने की बात कही.
पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन को कोट करते हुए बाइडन ने कहा, "अगर आप ख़तरे में हैं, तो हम भी ख़तरे में हैं.
अगर आप शांति में नहीं हैं तो हम भी शांति से नहीं रह सकते." बाइडन ने नेटो के सेक्रेटरी जनरल जेन्स स्टोल्टेनबर्ग को सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ़ फ़्रीडम से नवाज़ा.
फ़्रांस को हरा स्पेन पहुँचा यूरो कप के फ़ाइनल में, लामीन यमाल ने रचा इतिहास
यूरो कप 2024 के सेमीफ़ाइनल में मंगलवार को एक रोमांचक मैच में स्पेन ने फ़्रांस को 2-1 से हरा दिया.
फ़्रांस की ओर से आर कोलो मुआनी ने 8वें मिनट में एकमात्र गोल किया जबकि स्पेन की ओर से लामीन यमाल ने 21वें मिनट और दानी ओल्मो ने 25वें मिनट में गोल किया.
इसके साथ ही इस टूर्नामेंट में फ़्रांस का सफ़र यहीं समाप्त हो गया.
स्पेन की जीत में 16 साल के लामीन यमाल ने बहुत अहम भूमिका निभाई. वो यूरोपियन चैंपियनशिप में सबसे युवा गोलस्कोरर बन गए.
वो प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे.
शुरुआत में फ़्रांस ने स्पेन पर बढ़त बना ली थी लेकिन 21वें मिनट में यमाल ने अपने शानदार गोल से मैच का रुख़ पलट दिया.
सेकेंड हॉफ़ में फ़्रांस संघर्ष करता दिखा और उसने कई मौके गंवाए. क्वार्टर फ़ाइनल में स्पेन ने मेज़बान जर्मनी को हराया था.
स्पेन इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ टीम होने के कारण फ़ाइनलिस्ट का स्वाभाविक हकदार है.
उसने अपने सभी छह मैच जीते और टूर्नामेंट में सर्वाधिक 13 गोल किए.
आज नीदरलैंड्स और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमी फ़ाइनल मैच होगा और इसमें जो जीतेगा उसके साथ फ़ाइनल में स्पेन की भिड़ंत होगी.
ग़ज़ा में विस्थापितों के कैंप पर इसराइल के हवाई हमले में 29 फ़लस्तीनियों की मौत
दक्षिणी ग़ज़ा में एक स्कूल के बाहर विस्थापित लोगों के कैंप पर हुए इसराइली हमले में कम से कम 29 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि ख़ान यूनिस के पूरब में स्थित अबसाना अल-कबीरा क़स्बे में अल-आवदा स्कूल के गेट पर पर हवाई हमला हुआ.
इसराइली सेना ने कहा है कि उसने "हमास के मिलिटरी विंग के टेररिस्ट" को निशाना बनाने के लिए "सटीक मार करने वाले हथियारों" का इस्तेमाल किया था.
सेना ने दावा किया कि संदिग्धों ने सात अक्टूबर को इसराइल पर हुए हमले में हिस्सा लिया था. इसराइली सेना ने कहा है कि इस हमले में अल-आवदा स्कूल के पास ही विस्थापित लोगों के कैंप में नागरिकों के हताहत होने की ख़बरों की जांच हो रही है.
एक सप्ताह पहले ही इसराइली सेना ने अबासान अल-कबीरा और ख़ान यूनिस के पूरब के इलाक़ों को खाली करने का आदेश दिया था. जिसकी वहज से हज़ारों लोग वहां से जा रहे थे.
बीबीसी ने प्रत्यक्षदर्शियों से बात की जिन्होंने बताया कि इलाके में उस समय 3,000 से अधिक विस्थापित मौजूद थे. उन्होंने हमले की भयावहता के बारे में भी बताया.
हमले में व्यापक तबाही हुई है और मरने वालों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.
सात अक्टूबर को इसराइल पर हमला हुआ था जिसमें 1.200 लोग मारे गए थे 251 लोगों को बंधक बनाकर ग़ज़ा ले जाया गया था.
हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इसके बाद शुरू हुई इसराइली सैन्य कार्रवाई में अबतक 38,240 लोग मारे जा चुके हैं.
नमस्कार!
बीबीसी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. 9 जुलाई के लाइव को पढ़ने के यहां क्लिक करें.