You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

फ्रांस: धुर दक्षिणपंथी पार्टी नेशनल रैली की नेता मरीन ली पेन के ख़िलाफ़ जांच शुरू

पेरिस में वकीलों ने कहा कि वो गबन, फर्जीवाड़ा और जालसाज़ी के आरोपों की जांच करेंगे. जांच की प्रक्रिया एक सप्ताह पहले शुरू हुई है

सारांश

  • गौतम गंभीर होंगे टीम इंडिया के अगले हेड कोच, जय शाह ने की घोषणा
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
  • वर्ली हिट एंड रन केस में अभियुक्त मिहिर शाह गिरफ्तार
  • हाथरस मामले में योगी सरकार ने एसडीएम, सीओ समेत छह अफ़सरों को निलंबित किया
  • कर्नाटक में बीजेपी ने चुनावी जीत की खुशी में शराब बांटने वाले नेता को बर्ख़ास्त किया
  • फ्रांस: धुर दक्षिणपंथी पार्टी नेशनल रैली की नेता मरीन ली पेन के ख़िलाफ़ जांच शुरू
  • आईसीसी ने बुमराह को 'मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ' और स्मृति मंधाना को 'विमेन प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना

लाइव कवरेज

संदीप राय और दीपक मंडल

  1. फ्रांस: धुर दक्षिणपंथी पार्टी नेशनल रैली की नेता मरीन ली पेन के ख़िलाफ़ जांच शुरू

    फ्रांस में धुर दक्षिणपंथी पार्टी नेशनल रैली की नेता मरीन ली पेन के 2022 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के ख़िलाफ़ जांच शुरू हुई है.

    पेरिस में वकीलों ने कहा कि वो गबन, फर्जीवाड़ा और जालसाज़ी के आरोपों की जांच करेंगे. जांच की प्रक्रिया एक सप्ताह पहले शुरू हुई है.

    दरअसल, 2023 में आई नेशनल कमीशन ऑन कैंपेन अकाउंट्स एंड पॉलिटिकल फाइनेंसिंग की रिपोर्ट के बाद जांच शुरू हुई है.

    ये आयोग उम्मीदवारों के खर्चे और फंडिंग की जांच करता है. हालांकि अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है कि जांच क्यों शुरू हुई है और न ही मरीन ली पेन ने कोई प्रतिक्रिया दी है.

    फ्रांस के चुनाव में नेशनल रैली को पहले दौर में सबसे ज्यादा वोट मिले थे. लेकिन दूसरे दौर में वो पिछड़ कर तीसरे नंबर पर आ गई.

    वहां, वामपंथी दलों के गठबंधन न्यू पॉपुलर फ्रंट को सबसे ज्यादा वोट मिले.जबकि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की पार्टी दूसरे नंबर पर रही है.

  2. कर्नाटक : बीजेपी ने चुनावी जीत की खुशी में शराब बांटने वाले नेता को बर्ख़ास्त किया, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरू से बीबीसी हिंदी के लिए

    बीजेपी की कर्नाटक इकाई ने पार्टी के एक स्थानीय नेता को बर्ख़ास्त कर दिया है. पार्टी ने नेलमंगला इकाई के अध्यक्ष जगदीश चौधरी को छह साल के लिए बर्ख़ास्त किया है. उन पर लोकसभा चुनाव में पार्टी के एक नेता की जीत के बाद निकाले गए जुलूस के दौरान शराब बांटने के आरोप थे. नेलमंगला चिकबल्लापुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है.

    जगदीश चौधरी के ख़िलाफ़ कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बीवाई विजेंद्र के निर्देश पर कार्रवाई की गई है.

    पार्टी का कहना है, '' ये कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि इससे (शराब बांटने से) पार्टी शर्मसार हुई है. ये पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के ख़िलाफ़ है. ये पूरी तरह से पार्टी अनुशासन का उल्लंघन है.''

    पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता डॉ. के. सुधाकर ने लोकसभा चुनाव में चिकबल्लापुर सीट से जीत हासिल की थी. इसके बाद उनकी जीत के जश्न में निकाले गए जुलूस में शराब बांटी गई थी. इस घटना के फोटो और वीडियो में लोग लाइन लगाकर अपनी पसंद की शराब की बोतलें लेते दिख रहे थे. भगदड़ न मचे, इसके लिए बाक़ायदा इंतज़ाम किए गए थे.

    पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बीबीसी हिंदी से कहा, ''इस तरह की घटना पर टिप्पणी करने में भी शर्म महसूस होती है.''

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, गौतम गंभीर होंगे टीम इंडिया के अगले हेड कोच, जय शाह ने की घोषणा

    बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है कि पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम के अगले हेड कोच होंगे.

    उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है, "मैं अत्यंत खुशी के साथ गौतम गंभीर का भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच के तौर पर स्वागत करता हूँ. आधुनिक क्रिकेट तेज़ी से बदल रही है और गौतम ने इस बदलते परिदृश्य को करीब से देखा है."

    "अपने पूरे करियर में कठिनाइयों को सहने और अलग-अलग भूमिकाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद, मुझे यक़ीन है कि गौतम भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आदर्श व्यक्ति हैं."

    "टीम इंडिया के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण और विशाल अनुभव उन्हें इस रोमांचक कोचिंग भूमिका को निभाने के लिए पूरी तरह से सक्षम बनाता है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड उन्हें इस नई यात्रा के लिए पूरा समर्थन देता है."

    हेड कोच की ज़िम्मेदारी के लिए गौतम गंभीर के नाम पर चर्चा पिछले कुछ दिनों से चल रही थी.

    गंभीर 2019 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े और पूर्वी दिल्ली से सांसद भी चुने गए. वे सरकार और बीसीसीआई में सबसे ताक़तवर शख़्स के करीबी भी रहे. इसके बाद उन्होंने राजनीति छोड़ दी.

    फोर्ब्स लीडरशिप इवेंट में उन्होंने कहा था, "मैंने राजनीति में भी किस्मत आजमायी. एक चीज़ जो मैं कह सकता हूं कि मैंने कभी हार नहीं मानी. अच्छी नीयत और पूरी ईमानदारी से जितना संभव था, उतना देने की कोशिश की. लेकिन हां, कभी कभी किसी मोड़ पर आपको फ़ैसला लेना होता है कि आपके दिल के क़रीब क्या है...और मेरा दिल क्रिकेट के साथ है और मैं क्रिकेट में लौट गया."

    जून की शुरुआत में अबू धाबी में एक इवेंट में उन्होंने कहा, "मैं भारतीय टीम का कोच बनना पसंद करूंगा. अपनी राष्ट्रीय टीम को कोचिंग देने से बड़ा कोई सम्मान नहीं है. आप 140 करोड़ भारतीयों और देश से बाहर रहने वाले भारतीयों का प्रतिनिधित्व कर रहे होते हैं."

    भारतीय क्रिकेट टीम के नए कोच को लगातार तीन साल तक काम करने का मौका मिलेगा. इतना उदार कार्यकाल भारतीय क्रिकेट के सबसे कामयाब कोचों, जॉन राइट, गैरी कर्स्टन, रवि शास्त्री और राहुल द्रविड़ को भी नहीं मिला.

  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, क्या बोले

    रूस और ऑस्ट्रिया के तीन दिवसीय दौरे पर गए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्रेमलिन में रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' से सम्मानित किया गया.

    इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, "मैं रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' पाकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. मैं इसे भारतीय नागरिकों को समर्पित करता हूं."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल से सम्मानित किया.

    इस अवसर पर पीएम ने कहा, " महामहिम और मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन को रूस के सर्वोच्च अवॉर्ड से सम्मानित करने के लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं."

    "ये सम्मान केवल मेरा सम्मान नहीं है. यह 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है. यह भारत और रूस की सदियों पुरानी गहरी मित्रता और आपसी विश्वास का सम्मान है."

    अपने संबोधन में पीएम ने आगे कहा, ''महामहिम पिछले लगभग ढाई दशक से आपके नेतृत्व में भारत और रूस के संबंध हर दिशा में मज़बूत हुआ हैं. और हर बार नई ऊचाइयों को प्राप्त करते रहे हैं.आपने दोनों देशों के बीच जिन रणनीतिक संबंधों की नींव रखी थी वो गुज़रते वक्त के साथ गहरी होती गई है.''

    पीएम मोदी ने कहा, "आज भी हमने सभी क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मज़बूत करने के नए और अहम फ़ैसले किए हैं. हमारे संबंध केवल दोनों देशों के लिए ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए अहम हैं."

    उन्होंने कहा, '' वैश्विक वातावरण में भारत और रूस की पार्टनरशिप और भी अहम हो जाती है. हम दोनों विश्वास रखते हैं कि वैश्विक स्थिरता और शांति के लिए लगातार कोशिश करते रहना चाहिए.''

  5. वर्ली हिट एंड रन केस में अभियुक्त मिहिर शाह गिरफ्तार, दीपाली जगताप, बीबीसी मराठी संवाददाता

    वर्ली हिट एंड रन मामले में अभियुक्त मिहिर शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें मंगलवार (9 जुलाई) को विरार से हिरासत में लिया गया . साथ ही उनकी मां और बहन को शाहपुर से हिरासत में लिया गया है.

    मिहिर को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस की 14 टीमें लगाई गई थीं. मुंबई के रहने वाले प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी नखवा रविवार (7 जुलाई) सुबह ससून डाक से वर्ली स्थित अपने घर जा रहे थे तभी उनके दोपहिया वाहन को मिहिर शाह की बीएमडब्ल्यू कार ने टक्कर मार दी. इसमें कावेरी नखवा की मौत हो गई.

    प्रदीप नखवा ने कहा था, "वो लड़का कार चला रहा था. कार में दो लोग थे. ड्राइवर और एक शख्स उसके पास बैठा था. उसने कार नहीं रोकी.''

    प्रदीप नखवा ने बताया था, "हम उसकी कार के बोनट पर गिर गए. हमने उसे रुकने के लिए कहा लेकिन वह सी लिंक तक चला गया. मेरी पत्नी अब वापस नहीं आएगी. अभियुक्त को सज़ा मिलनी चाहिए."

  6. विंबलडन: जोकोविच ने क्यों कहा- 'ये मेरी हूटिंग का बहाना है...'

    दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने विंबलडन मैच के दौरान सेंटर कोर्ट के दर्शकों से कहा कि होल्गर रुन को चीयर करने के बहाने उन्हें हूट कर रहे थे.

    जोकोविच ने कहा, "मुझे पता है कि वे रुन के लिए चीयर कर रहे थे लेकिन यह हूटिंग करने का एक बहाना है. मुझे सभी तरकीबें पता हैं. मैंने 20 साल से ज्यादा समय से यहां खेला है. मैंने इससे कहीं ज़्यादा दुश्मनी भरे माहौल में खेला है. आप लोग मुझे छू नहीं सकते."

    नोवाक जोकोविच ने विंबलडन राउंड ऑफ़ 16 के मैच में होल्गर रुन को 6-3, 6-4 और 6-2 से हराया. इस जीत के साथ जोकोविच ने विंबलडन के क्वॉर्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है.

  7. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किस बात पर अदा किया पुतिन का शुक्रिया

    रूस और ऑस्ट्रिया के दौरे पर मॉस्को पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक बैठक में शामिल हुए.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "महामहिम और मेरे मित्र, मैं आपका इस स्वागत के लिए, सम्मान के लिए, हृदय से बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं."

    मोदी ने आगे कहा, "चुनावों में अभूतपूर्व विजय भारत में हमें मिली और उसके बाद आपने हमें शुभकामनाएं दीं, उसके लिए भी मैं आपका बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं.मार्च में आपने भी चुनावों में भव्य विजय प्राप्त की. मेरी तरफ से आपको फिर से एक बार बहुत-बहुत शुभकामनाएं."

    उन्होंने चरमपंथ के सवाल पर कहा, "पिछले 40-50 साल से भारत आतंकवाद को झेल रहा है. आतंकवाद कितना भयानक होता है कितना घिनौना होता है वो हम 40 साल से भुगत रहे हैं.ऐसे में जब मॉस्को में आतंकवादी घटनाएं घटीं, दागेस्तान में जब आतंकवादी घटनाएं घटीं उसका दर्द कितना गहरा होता है मैं उसकी कल्पना कर सकता हूं. और मैं हर प्रकार के आतंकवाद की निंदा करता हूं."

    पीएम मोदी ने कहा,"पिछले ढाई दशकों से मेरा रूस के साथ-साथ आपके के साथ भी संबंध रहा है. करीब दस साल में हम 17 बार मिल चुके हैं. पिछले 25 वर्षों में हमारी लगभग 22 द्विपक्षीय बैठकें हुई हैं. यह हमारे संबंधों की गहराई को दर्शाता है."

  8. आईसीसी ने बुमराह को 'मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ' और स्मृति मंधाना को 'विमेन प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना

    आईसीसी ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को जून महीने का 'मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना है.

    वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना को जून महीने के लिए आईसीसी विमेन प्लेयर घोषित किया गया है.

    हाल में टी-20 वर्ल्ड कप में बुमराह के शानदार प्रदर्शन की वजह से उन्हें ये ख़िताब दिया गया है.

    अमेरिका में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में भी बुमराह को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था.

    बुमराह ने टी-20 वर्ल्ड कप के आठ मैचों की आठ पारियों में 8.26 की औसत और 4.17 की इकॉनमी रेट से 15 विकेट लिए थे.

    वो टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ थे.

    इस लिस्‍ट में उनके साथ संयुक्‍त रूप से अफ़ग़ानिस्तान के फ़ज़ल हक़ फ़ारूक़ी और अर्शदीप सिंह थे. इन दोनों ने 17-17 विकेट लिए थे.

    स्मृति मंधाना का शानदार प्रदर्शन

    स्मृति मंधाना के साथ जून महीने के लिए विमेन प्लेयर की दावेदारी में इंग्लैंड की माइया बाउचर और श्रीलंका की विशमी गुणरत्ने भी थीं.

    मंधाना को पहली बार ये ख़िताब मिला है.

    मंधाना ने दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकट टीम के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था.

    उन्‍होंने वनडे सिरीज के पहले मैच में 113 रन और दूसरे में 136 रन की पारी खेली थी. आखिरी मैच में उन्होंने 90 रन बनाए थे.

  9. यूक्रेन पर रूस के मिसाइलों हमलों को लेकर बाइडन को क्या याद आया

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन पर किए जा रहे रूसी मिसाइल हमलों की निंदा की है.

    इन हमलों में अभी तक 38 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. बाइडन ने कहा है कि ये हमले 'रूसी बर्बरता की भयावह याद' दिलाते हैं

    इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मज़बूत करने की भी प्रतिबद्धता जताई.

    ताज़ा रूसी हमलों में अभी तक 38 लोगों की मौत हुई है और 190 लोग घायल हुए हैं. इनमें सोमवार को कीएव में बच्चों के अस्पताल पर किए गए हमलों के दौरान घायल भी शामिल हैं.

    बाइडन का ये बयान ऐसे समय में आया है जब मंगलवार को अमेरिका में नेटो का सम्मेलन होने जा रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि बैठक में यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को और बढ़ावा देने की घोषणा की जाएगी.

    इस दौरान नेटो देशों के 32 सदस्य देश,उनके सहयोगी देश और यूरोपियन यूनियन भी नेटो की 75वीं सालगिरह मनाने के लिए जुटेंगे.

    बाइडन ने कहा कि वे यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और दूसरे नेटो नेताओं का स्वागत करेंगे. इस सम्मेलन में यूक्रेन पर हो रहे रूसी हमलों से सुरक्षा और उनके बचाव पर फोकस रहेगा

    बाइडन ने कहा कि हम यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए नए उपायों का ऐलान करेंगे ताकि उनके शहरों और नागरिकों को रूसी हमलों से बचाने में सहायता मिल सके.

    बाइडन ने कहा, "मैं यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से भी मिलूंगा ताकि उनको यह भरोसा दिला सकूं कि यूक्रेन के लिए हमारा समर्थन अटूट है."

    यूक्रेन की गुज़ारिश पर मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की भी बैठक हो रही है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यूक्रेन पर रूस के मिसाइल हमले की निंदा करने में पश्चिमी अधिकारियों का साथ दिया.

    वहीं कीएव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने राजधानी पर हुए घातक हमलों के बाद 9 जुलाई को शोक दिवस घोषित किया है.

  10. हाथरस मामले में योगी सरकार ने एसडीएम, सीओ समेत छह अफ़सरों को निलंबित किया

    उत्तर प्रदेश सरकार ने हाथरस मामले में एसडीएम, सीओ (क्षेत्राधिकारी) समेत छह अफ़सरों को निलंबित कर दिया है.

    यूपी सरकार की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि हाथरस सत्संग हादसे की जांच के लिए बनी एसआईटी की रिपोर्ट के बाद ये कार्रवाई की गई है.

    रिपोर्ट में हादसे के लिए किसी साज़िश से इनकार नहीं किया गया है.

    इसमें ये भी कहा कि आयोजकों की लापरवाही से हादसा हुआ. आयोजन में बड़ी संख्या लोगों को बुलाया गया लेकिन उनके लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने आयोजन को गंभीरता से नहीं लिया.

    उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस बारे में ठीक से जानकारी नहीं दी.

    हादसे की गहन जांच के लिए न्यायिक आयोग भी अपनी कार्यवाही शुरू कर चुका है.

    दो जुलाई को हाथरस के सिकन्द्राराऊ इलाके में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से 121 लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद सरकार ने इसकी जांच के लिए एसआईटी बनाई थी.

  11. मॉस्को में भारतीय समुदाय से मिले पीएम मोदी, बहुध्रुवीय दुनिया की वकालत की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के दो दिवसीय दौरे में मंगलवार को मॉस्को में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित किया. पीएम मोदी ने आर्थिक प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया.

    नरेंद्र मोदी ने कहा कि नए उभरते हुए बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था में भारत को एक मज़बूत स्तंभ के रूप में देखा जा रहा है. जब भारत शांति, संवाद और कूटनीति की बात करता है, दुनिया सुनती है.

    भारत रूस के संबंधों को लेकर उन्होंने कहा, "चेन्नई-व्लादिवोस्तोक ईस्टर्न मैरिटाइम कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है और दोनों देश गंगा वोल्गा डायलॉग और सिविलाइजेशन के माध्यम से दोनों देश एक दूसरे को समझ रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है, वो पूरा करके ही रहता है. आज भारत वो देश है जो चंद्रयान को चंद्रमा पर वहां पहुंचाता है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच सका. जो डिज़िटल ट्रांजैक्शन का सबसे विश्वसनीय मॉडल दुनिया को दे रहा है और जो सोशल सेक्टर की बेहतरीन नीतियों से सशक्त बना रहा है."

    पीएम मोदी ने भारत की प्रगति, आर्थिक विकास से लेकर स्टार्टअप के विस्तार से लेकर टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत और आत्मविश्वास समेत कई मुद्दों पर बात की और पूछा- 'आप लोगों को गर्व हो रहा है कि नहीं?'

    पीएम मोदी रूस के दो दिवसीय दौरे पर हैं और 22वें रूस-भारत वार्षिक सम्मेलन में आज राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.

    इस दौरान रूस की ओर से यूक्रेन युद्ध में भारतीय सैनिकों की वापसी के मुद्दे पर भी बात होने की संभावना है.

  12. बांग्लादेश से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ऑर्गेन ट्रांसप्लांट रैकेट में डॉक्टर समेत सात लोग गिरफ़्तार

    दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच ने एक इंटरनेशनल आर्गेन ट्रांसप्लांट रैकेट संबंध में एक डॉक्टर समेत सात लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    डीसीपी क्राइम ब्रांच, अमित गोयल ने मंगलवार को बताया, "अंतरराष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण रैकेट का मास्टरमाइंड एक बांग्लादेशी था. डोनर और रिसीवर दोनों ही बांग्लादेश से थे. हमने रसेल नाम के एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है."

    डीसीपी गोयल का कहना है, "रसेल मरीजों और डोनर का इंतज़ाम करते थे और प्रत्यारोपण में शामिल लेडी डॉक्टर को भी गिरफ़्तार किया गया है. आगे की जांच जारी है."

    कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि पिछले हफ़्ते एक जाने माने अस्पताल की महिला डॉक्टर को गिरफ़्तार किया गया था.

    पुलिस का आरोप है कि इस रैकेट का संबंध बांग्लादेश से है. ये हर ट्रांसप्लांट के लिए 25 से 30 लाख रुपये वसूलते थे.

    दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह रैकट 2019 से ही चल रहा था.

  13. मुंबई में भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की नई चेतावनी

    मुंबई में भारी बारिश के चलते मंगलवार को होने वाली परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है.

    वडाला समेत कई स्टेशनों पर जलजमाव के कारण ट्रेनों के संचालन में देरी हो रही है. हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं.

    मौसम विभाग ने भारी बारिश के बाद फिर से 'हाई टाईड' की चेतावनी जारी की है.

    मुंबई और इसके उपनगरों थाणे, रायगड़, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग ज़िले में आज आयोजित मुंबई विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को टाल दिया गया है. इसकी नई तारीख़ों की बाद में घोषणा की जाएगी.

    सोमवार से हो रही बारिश में मुंबईवासियों के जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मौसम विभाग ने अपराह्न 2.33 बजे 4.31 मीटर हाई टाईड और सायं 8.36 बजे लो टाईड का अनुमान लगाया है.

    सोमवार को भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की थी और उसके अनुमान के अनुसार, बुधवार को भी इसकी आशंका है.

    भारी बारिश के चलते सोमवार को मुंबई एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा या उड़ान में कुछ घंटों की देरी हुई.

    सोमवार को शहर के लिए लाइफ़ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन के चार रूटों पर रेलवे पटरी डूब गई थी.

    मंगलवार की सुबह कुछ अन्य रूटों पर पानी भर गया.

  14. जम्मू-कश्मीर: कठुआ में पाँच भारतीय सैनिकों के मारे जाने पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

    जम्मू कश्मीर के कठुआ में भारतीय सैनिकों पर हुए चरमपंथी हमले पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर राजनाथ सिंह ने लिखा, "कठुआ के बदनोटा में एक आतंकवादी हमले में हमारे पाँच बहादुर सैनिकों की मौत पर मुझे गहरा दुख है."

    "शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. इस कठिन समय में देश उनके साथ मज़बूती से खड़ा है. आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं और हमारे सैनिक क्षेत्र में शांति और व्यवस्था कायम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    उन्होंने इस घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

    सोमवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले में भारतीय सेना के काफ़िले पर हमला हुआ था, जिसमें पांच सैनिकों की मौत हो गई थी. इसके बाद से पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.

  15. फ़्रांस में चुनावी नतीजों के क्या हैं मायने, देखिए यह वीडियो रिपोर्ट

  16. फ़्रांस के संसदीय चुनाव में मैक्रों का गठबंधन दूसरे नंबर पर, अब आगे क्या होगा?

  17. शामली में दो पत्रकारों पर एफ़आईआर का मामला क्या है?

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले में एक मुसलमान व्यक्ति की कथित लिंचिंग को लेकर दो पत्रकारों पर मामला दर्ज किए जाने को लेकर प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया ने आपत्ति जताई है.

    प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा, "यह जानकर पीड़ा हुई है कि यूपी पुलिस ने कथित लिंचिंग को सोशल मीडिया पर रिपोर्ट करने के लिए पत्रकार ज़ाकिर अली त्यागी और वसीम अकरम त्यागी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति समूह के आधार पर वैमनस्यता फैलाना) और 353 (सार्वजनिक अशांति पैदा करना) के तहत एफ़आईआर दर्ज की है."

    बयान के अनुसार, 'सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सूचनाओं की रिपोर्टिंग, चाहे उस मैसेज का माध्यम कोई भी हो, प्रामाणिक पत्रकारिता की शर्तें पूरी करता है. बीएनएस का मनमाने तरीके से इस्तेमाल पत्रकारों को धमकाने के बराबर है, जो संविधान के अनुच्छेद 19(1)(ए) का उल्लंघन है.'

    बयान में दोनों पत्रकारों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर को रद्द किए जाने की मांग की गई है.

    इस संयुक्त बयान में इंडियन वुमेंस प्रेस कोर का नाम भी शामिल है.

    क्या है मामला

    स्थानीय मीडिया में आई ख़बरों के मुताबिक़, चार जुलाई की रात में हुई फ़िरोज़ क़ुरैशी की मौत के मामले में पांच लोगों पर एफ़आईरआर दर्ज की गई है, जिनमें दो पत्रकार हैं.

    पुलिस का कहना है कि 'ये आपसी विवाद था. फ़िरोज़ नशे की हालत में राजेंद्र के घर में घुस गए थे और फिर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था.'

    पत्रकार ज़ाकिर अली त्यागी और वसीम अकरम त्यागी ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.

    अपना पक्ष रखते हुए एक्स पर ज़ाकिर अली त्यागी ने लिखा, "मेरे ख़िलाफ़ शामली पुलिस ने लिंचिंग के मामलें को रिपोर्ट करने की वजह से एफआईआर दर्ज की है, यह पहली बार नहीं है. इससे पहले भी मेरी रिपोर्टिंग की वजह से मुझ पर पाँच बार हमले हो चुके हैं, लेकिन हाल ही में मेरे ख़िलाफ़ दर्ज हुई एफ़आईआर ने अन्य पत्रकारों को भी आश्चर्य में डाल दिया है."

    पूर्व सांसद दानिश अली ने एक्स पर लिखा है, "पत्रकार को निशाने पर लेना का यह एक क्लासिक केस है. यूपी पुलिस ने शामली हत्या में सांप्रदायिक एंगल को सामने लाने पर पत्रकारों के ख़िलाफ़ ही मामला दर्ज किया है जबकि जिन पर आरोप हैं वे गिरफ़्तार नहीं हुए हैं. लगता है कि पुलिस की प्राथमिकता में दोषी को सज़ा दिलाने की बजाय न्याय की आवाज़ को दबाना हो गया है."

  18. मॉस्को में राष्ट्रपति पुतिन से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, क्या हुई बात

    रूस के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को मॉस्को पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की.

    प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स के अपने हैंडल पर मुलाक़ात की कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं.

    इन तस्वीरों के साथ पीएम मोदी ने लिखा है, "नोवो-ओगारियोवो में राष्ट्रपति पुतिन की मेज़बानी का आभार. मंगलवार को भी हमारी बातचीत का इंतज़ार है, जो निश्चित तौर पर भारत और रूस के बीच दोस्ती के रिश्ते को और मज़बूत करने में मददगार साबित होगी."

    रूस के सरकारी मीडिया स्पूतनिक ने दोनों नेताओं के बीच बातचीत का एक वीडियो जारी किया है.

    इस मुलाक़ात के दौरान पुतिन ने नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और कहा, "मुझे लगता है कि यह कोई संयोग नहीं है, सरकार के मुखिया के तौर पर आपके कई सालों के कामों का यह नतीजा है."

    "आपके पास अपने विचार हैं, आप एक ऊर्जावान व्यक्ति हैं, आप जानते हैं कि भारत और भारत के लोगों के हित में कैसे नतीजे हासिल किए जाएं. आर्थिक मोर्चे पर भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के प्रति आत्मविश्वास से भरा है...और अब यह आबादी के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा देश है."

    प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन दिवसीय रूस और ऑस्ट्रिया की यात्रा के दौरान सोमवार को मॉस्को पहुंचे थे.

    पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

    रूस पहुंचने पर पीएम मोदी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया.

  19. नमस्कार!

    बीबीसी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. सात जुलाई के लाइव को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करे.