गद्दाफ़ी के बेटे 10 साल से लेबनान की जेल में, ह्यूमन राइट्स वॉच ने की रिहा करने की अपील

ह्यूमन राइट्स वॉच ने लेबनान सरकार से लीबिया के दिवंगत शासक मुअम्मर गद्दाफ़ी के बेटे की कैद ख़त्म करने की अपील की है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, संदीप राय

  1. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- 'शिकंजी बनाकर पी सकते हो, तो कोका कोला-स्प्राइट क्यों लाना'

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मोहन भागवत ने कहा है कि जब स्वदेशी की बात करते हैं तो ऐसा नहीं है कि विदेशों से संबंध नहीं रहेंगे

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भारत को हर मामले में आत्मनिर्भर होना चाहिए.

    उनका बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ यानी आयात शुल्क लगा दिया है.

    आरएसएस के 100 साल होने के अवसर पर दिल्ली के विज्ञान भवन में लोगों को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा, "हर बात में अपना देश आत्मनिर्भर होना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "जब ये स्वदेशी की बात करते हैं तो ऐसा नहीं है कि विदेशों से संबंध नहीं रहेंगे. आत्मनिर्भर होना बाक़ी लोगों को बंद करना नहीं है."

    आरएसएस प्रमुख ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय व्यापार तो चलेगा और उसमें लेन-देन भी होगी, बस इसमें दबाव नहीं, स्वेच्छा से होना चाहिए."

    "इसलिए स्वदेशी का पालन करना होगा. इसका मतलब जो घर में बनता है उसे बाहर से नहीं लाना होगा."

    उन्होंने कहा, "गर्मी के दिनों में आप नींबू की शिकंजी बनाकर पी सकते हो, तो कोका कोला और स्प्राइट, बाहर के पेय क्यों लाना."

    इससे पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दिल्ली के लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत बनाने का आह्वान किया. पीएम मोदी ने छोटे दुकानदारों और बिजनेसमैन से अपील की कि वो "स्वदेशी" या "मेड इन इंडिया" के बोर्ड लगाएं.

  2. चीन की मिलिट्री परेड में एक साथ नज़र आएंगे किम जोंग-उन और व्लादिमीर पुतिन

    किम जोंग-उन और व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन 3 सितंबर को चीन में होने वाली मिलिट्री परेड में शामिल होंगे. चीन के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है.

    चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं.

    चीन में होने वाली ये 'विजय दिवस' परेड जापान के साथ हुए युद्ध की 80वीं सालगिरह के मौक़े पर होगी.

    चीन इस परेड में अपने नए हथियार दिखाएगा, जिनमें सैकड़ों विमान, टैंक और एंटी-ड्रोन सिस्टम होंगे.

    यह पहली बार होगा जब उसकी सेना की नई ताक़त पूरी तरह परेड में दिखाई जाएगी.

  3. इमरान ख़ान ने आसिम मुनीर को बताया 'सत्ता का भूखा', 'तानाशाही' चलाने का लगाया आरोप

    इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान ने आसिम मुनीर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं

    पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने बुधवार को पाकिस्तानी सेना के प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

    उन्होंने कहा कि मुनीर 'सत्ता के भूखे' हैं और देश में 'सबसे बुरी तरह की तानाशाही' चला रहे हैं.

    इमरान ख़ान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, "आर्मी चीफ़ आसिम मुनीर सत्ता के भूखे हैं, इसी वजह से उन्होंने पाकिस्तान में सबसे ख़राब तानाशाही लागू कर दी है. मुनीर को न नैतिकता समझ आती है और न इस्लाम."

    उन्होंने कहा, "आसिम मुनीर को मुझसे (9 मई 2023 के दंगों के लिए) माफ़ी मांगनी चाहिए . वही थे जिन्होंने 9 मई की घटनाओं की साज़िश रची और सीसीटीवी फुटेज चोरी की."

    इमरान ख़ान अगस्त 2023 से जेल में हैं और कई मामलों का सामना कर रहे हैं.

    ख़ान ने कहा, "देश में कोई हाइब्रिड सिस्टम नहीं है. जो मौजूद है, वह आसिम मुनीर की तानाशाही है. इसी वजह से ट्रंप ने शहबाज़ शरीफ़ की बजाय आसिम मुनीर को बुलाया."

    इमरान ख़ान ने यह भी आरोप लगाया कि उनके रिश्तेदारों, जिनमें दो भतीजे भी शामिल हैं, को राजनीति से कोई संबंध न होने के बावजूद अगवा कर लिया गया है.

  4. उत्तराखंड: नैनीताल के 'ओल्ड लंदन हाउस' में लगी भीषण आग, एक की मौत, आसिफ़ अली, उत्तराखंड से बीबीसी हिन्दी के लिए

    नैनीताल के 'ओल्ड लंदन हाउस' में लगी भीषण आग

    इमेज स्रोत, Asif Ali

    इमेज कैप्शन, जिस भवन में आग लगी, उसे स्थानीय लोग ओल्ड लंदन हाउस (बाद में मोहन कंपनी भवन) के नाम से जानते थे

    उत्तराखंड के नैनीताल में बुधवार देर रात मल्लीताल बाज़ार स्थित ओल्ड लंदन हाउस (वर्तमान में मोहन कंपनी भवन) में भीषण आग लग गई.

    देखते ही देखते लकड़ी से बना यह ऐतिहासिक भवन पूरी तरह जलकर ख़ाक हो गया. राहत बचाव अभियान के दौरान एक शव बरामद किया गया है.

    सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (नैनीताल) के मुताबिक़, जिला आपदा परिचालन केंद्र को 27 अगस्त की रात 10:04 बजे सूचना मिली कि मल्लीताल स्थित मोहन चौक के पास एक पुराने भवन में अचानक आग लग गई.

    प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि आग लगने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

    नैनीताल के 'ओल्ड लंदन हाउस' में लगी भीषण आग

    इमेज स्रोत, Asif Ali

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम वंदना सिंह के निर्देश पर हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, अल्मोड़ा, रानीखेत, सितारगंज और रुद्रपुर से अतिरिक्त अग्निशमन वाहन और पानी के टैंकर मंगवाए गए. सेना और वायुसेना की टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया.

    एडीएम नैनीताल शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया, “एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, फ़ायर यूनिट और पुलिस की संयुक्त कोशिशों से रात लगभग 12 बजे आग पर काबू पा लिया गया.”

    उन्होंने कहा, “इसके बाद एनडीआरएफ़ की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन में एक शव बरामद किया गया है.”

  5. अमेरिकी वीज़ा रखने वाले भारतीयों को लेकर अर्जेंटीना ने किया ये एलान

    अर्जेंटीना के भारत में राजदूत मारियानो कॉसिनो

    इमेज स्रोत, Mariano Caucino/X

    इमेज कैप्शन, अर्जेंटीना के भारत में राजदूत मारियानो कॉसिनो

    अर्जेंटीना ने भारतीय नागरिकों के लिए वहां की यात्रा करने के नियम में बदलाव किए हैं.

    अब जिन भारतीयों के पास मान्य अमेरिकी वीज़ा है, वे आसानी से दक्षिण अमेरिकी देश अर्जेंटीना की यात्रा कर सकेंगे.

    यह घोषणा अर्जेंटीना के भारत में राजदूत मारियानो कॉसिनो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर की.

    कॉसिनो के मुताबिक़, अर्जेंटीना के ऑफ़िशियल गज़ट में प्रकाशित एक अधिसूचना के तहत अब जिन भारतीय यात्रियों के पास अमेरिकी टूरिस्ट वीज़ा है, वे अर्जेंटीना की भी यात्रा कर सकते हैं.

    अर्जेंटीना के राजदूत ने एक्स पर लिखा, "अर्जेंटीना सरकार ने अमेरिकी वीज़ा रखने वाले भारतीय नागरिकों के लिए देश में प्रवेश आसान कर दिया है."

    उन्होंने कहा, "ऑफ़िशियल गज़ट में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, जिन भारतीय नागरिकों के पास अमेरिकी टूरिस्ट वीज़ा है, उन्हें अर्जेंटीना आने के लिए अलग से वीज़ा लेने की ज़रूरत नहीं होगी."