पाकिस्तान में बाढ़ का हाल तस्वीरों में, करतारपुर साहिब में फंसे लोगों को बचाया गया
रावी नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण पाकिस्तान और भारत की सीमा पर स्थित ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के परिसर में फंसे लोगों को बचाने का अभियान चलाया गया.
पाकिस्तान में बाढ़ का हाल तस्वीरों में, करतारपुर साहिब में फंसे लोगों को बचाया गया
इमेज कैप्शन, रावी में उफान के चलते करतारपुर साहिब में पानी घुस गया और कई लोग फंस गए थे.
रावी नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण पाकिस्तान और भारत की सीमा पर स्थित ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के परिसर में फंसे लोगों को बचाने का अभियान चलाया गया.
बुधवार को बाढ़ का पानी करतारपुर साहिब में घुस गया जिसकी वजह से कई तीर्थयात्रियों समेत लगभग 100 लोग फंस गए थे.
रावी नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण पंजाब के कई इलाकों में बाढ़ का काफ़ी असर है. नारोवाल भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित ज़िलों में शामिल है.
इस समय भारत और पाकिस्तान को जोड़ने वाली तीन नदियां रावी, चिनाब और सतलुज उफान पर हैं और इसकी वजह से पाकिस्तान का एक बड़ा इलाक़ा बाढ़ की चपेट में है.
पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने ताज़ा आपातकालीन अलर्ट जारी किया है. तीनों नदियों के विभिन्न स्थानों पर 'अत्यधिक' बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है.
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक़, रावी नदी के जसर में जल प्रवाह 240,000 क्यूसेक के करीब है, जो आज आधी रात को लाहौर के पास शाहदरा से होकर गुजरेगा.
बाढ़ के ख़तरे को देखते हुए पंजाब में हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि और लोगों को दूसरी जगह ले जाने की प्रक्रिया चल रही है.
पंजाब में बहने वाली नदियों का प्रवाह और तेज़ हो गया है. सियालकोट, नरोवाल और लाहौर समेत आठ ज़िलों में सेना बुलाई गई है.
अमेरिका के स्कूल में गोलीबारी, हमलावर समेत तीन की मौत
इमेज स्रोत, CBS
इमेज कैप्शन, घायल छह बच्चों का इलाज़ मिनेसोटा के अस्पताल में हो रहा है.
अमेरिका के मिनेसोटा प्रांत के प्रमुख शहर मिनियापोलिस के एक स्कूल में गोलीबारी में हमलावर समेत तीन लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
अधिकारियों ने बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस को बताया कि इस घटना में 20 लोग घायल हुए हैं.
मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़ ने बताया कि यह हमला मिनियापोलिस के एननसिएशन कैथोलिक स्कूल में हुआ. उन्होंने इसे 'भयानक हिंसक कृत्य' करार दिया.
अधिकारियों के मुताबिक़, अब इलाके में 'कोई सक्रिय ख़तरा' नहीं है और हमलावर मारा जा चुका है. घायलों में से करीब 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
दो संघीय अधिकारियों ने सीबीएस को बताया कि संदिग्ध ने सेमी ऑटोमेटिक हथियार से गोलीबारी की.
रिपोर्टों के अनुसार, यह गोलीबारी उस समय हुई जब स्कूल में किंडरगार्टन से आठवीं कक्षा तक के बच्चे प्रार्थना कर रहे थे.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी दी गई है और 'व्हाइट हाउस इस भयावह स्थिति पर नज़र बनाए हुए है.'
घटनास्थल पर एफ़बीआई, राज्य सुरक्षाकर्मी और मिनियापोलिस पुलिस पहुंच गए हैं और इलाक़े की नाकाबंदी कर दी है.
बिहार: नवादा में डायन बता दंपति के साथ मारपीट, पति की मौत, 17 लोग गिरफ़्तार, सीटू तिवारी, पटना से बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Shailesh/BBC
इमेज कैप्शन, नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि 17 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
बिहार के नवादा में डायन
बताकर एक दंपति की पिटाई का मामला सामने आया है. पिटाई से 55 वर्षीय गया मांझी की मौत हो गई.
उनकी पत्नी समुद्री मांझी का नवादा सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक़ उनकी हालत स्थिर है.
गया मांझी के शव को पुलिस ने
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने बताया कि पांचूगढ़ में मोहन
मांझी के घर बीते मंगलवार को एक पारिवारिक आयोजन था. इस दौरान डीजे बार-बार बंद हो जा रहा था.
मोहन मांझी और उनके रिश्तेदारों का मानना था कि गया मांझी और उनकी
पत्नी जादू-टोना कर रहे हैं.
नवादा एसपी अभिनव धीमान ने बताया, “दंपति के साथ डायन बताकर यह मारपीट की गई. सुबह 8 बजे हिसुआ थाने को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस पहुंची और समुद्री मांझी
को अस्पताल में भर्ती कराया गया."
उन्होंने बताया, "इस मामले में मुख्य अभियुक्त मोहन मांझी समेत 17 अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है.
गिरफ़्तार लोगों में नौ महिलाएं भी शामिल हैं.”
बीते जुलाई महीने में पूर्णिया में भी
डायन बताकर एक ही परिवार के पांच लोगों को ज़िंदा जला दिया गया था.
मालदीव ने शार्क के शिकार को लेकर दशकों पुराना फ़ैसला बदला, कुछ लोग कर रहे विरोध
इमेज स्रोत, @presidencymv
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के इस क़दम की आलोचना हो रही है.
मालदीव ने शार्क मछली पकड़ने पर दशकों पुराना प्रतिबंध हटाने का एलान किया है.
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने कहा कि यह क़दम द्वीपों के लिए आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत बनेगा.
हिंद महासागर में स्थित हज़ार से अधिक द्वीपों वाला यह देश छुट्टियां मनाने वालों और गोताखोरों के बीच बेहद लोकप्रिय है.
सोशल मीडिया पर इसकी ख़ासी आलोचना हो रही है. एक यूज़र मईद ज़हीर ने एक्स पर लिखा, "मालदीव में शार्क मछली पकड़ने की अनुमति देना एक पारिस्थितिक गलती है. शार्क की वृद्धि धीमी होती है, वे देर से मैच्योर होती हैं और बहुत कम प्रजनन करती है, जिससे वे बेहद संवेदनशील प्रजाति बन जाती हैं."
ज़हीर ने कहा कि 'प्रतिबंध' हटाने से उनकी आबादी ख़त्म हो सकती है और संरक्षण में किए गए वर्षों के प्रयास बेकार हो सकते हैं.
कार्टून: उनके शांति के प्रयास
ट्रंप के भारत पर 50% टैरिफ़ पर आज का कार्टून.
दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः अमेरिकी टैरिफ़ से निपटने का इंडियन 'ट्रंप कार्ड' LIVE
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
इसराइल ने कहा- ग़ज़ा सिटी को 'खाली करना ही होगा'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा सिटी पर इसराइल ने हमले बढ़ा दिए हैं.
इसराइल ने कहा है कि फ़लस्तीनियों को ग़ज़ा सिटी खाली करनी होगी. मौजूदा समय में वहां लगभग दस लाख लोग रहते हैं.
इसराइली सेना के प्रवक्ता अविख़ाय अद्रेई ने लोगों से कहा कि वे ग़ज़ा के दक्षिणी हिस्से में चले जाएं. उनका दावा है कि वहां खाली जगह उपलब्ध है और जाने वालों को मानवीय सहायता दी जाएगी.
यह घोषणा ऐसे समय की गई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में जंग के बाद ग़ज़ा की स्थिति पर एक बैठक करने जा रहे हैं.
हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटों में पूरे क्षेत्र में 76 लोग मारे गए हैं और लगभग 300 लोग घायल हुए हैं.
इस बीच संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख ने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इसराइली बलों द्वारा हजारों जैतून के पेड़ नष्ट किए जाने की निंदा की है.
वोल्कर टर्क ने कहा कि सेना की यह कार्रवाई 'फ़लस्तीनियों पर जारी दमन और ज़बरदस्ती' की एक और बानगी है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मंगलवार को तेल अवीव में हज़ारों इसराइली सड़क पर उतरे और तत्काल युद्धविराम की मांग की.
अमेरिका के मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ़ ने राष्ट्रपति ट्रंप की बैठक के बारे में जानकारी देते हुए फ़ॉक्स न्यूज़ को बताया कि जंग के बाद अमेरिका, ग़ज़ा पट्टी के प्रबंधन के लिए एक व्यापक योजना तैयार कर रहा है.
राष्ट्रपति ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि उनकी योजना ग़ज़ा पर नियंत्रण करने और वहां के नागरिकों को स्थानांतरित करने की है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या इसराइल को युद्ध समाप्त करने और हमास के कब्ज़े में बंधक बनाए गए इसराइली नागरिकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए अलग तरह से काम करना चाहिए, तो विटकॉफ़ ने कहा कि यह मामला "किसी न किसी तरह, निश्चित रूप से इस साल के अंत से पहले" सुलझ जाएगा.
इस बीच मंगलवार को तेल अवीव में हजारों लोग इकट्ठा हुए और तत्काल युद्धविराम और इसराइली बंधकों को वापस लाने की मांग की.
ओपनएआई पर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप, मां-बाप पहुंचे कोर्ट
इमेज स्रोत, The Raine Family
इमेज कैप्शन, परिजनों का आरोप है कि किशोर एडम रेने के सुसाइड में ओपनएआई के चैटबोट ने उकसाया था.
कैलिफ़ोर्निया
के एक दंपति ने अपने किशोर बेटे की मौत के लिए ओपनएआई पर उकसाने का मुकदमा
किया है.
उनका आरोप
है कि कंपनी के चैटबोट चैटजीपीटी ने उनके बेटे को
आत्महत्या के लिए उकसाया.
मैट और
मारिया रेन के 16 वर्षीय बेटे
एडम रेन की अप्रैल में मौत हो गई थी. यह ओपनएआई के ख़िलाफ़ ‘रॉन्गफ़ुल डेथ’ का पहला मामला है.
परिवार ने
अदालत में चैट लॉग भी शामिल किए हैं, जिनमें एडम रेन ने चैटजीपीटी से सुसाइड के अपने विचार
साझा किया था.
उनका कहना
है कि चैटबोट ने उसके "सबसे हानिकारक और आत्मघाती विचारों" को सही
ठहराया और उसे बढ़ावा दिया.
ओपनएआई ने बीबीसी से कहा है कि इस
मामले की कंपनी समीक्षा कर रही है.
यदि आपको आत्महत्या के विचार आ रहे हैं या आपकी जानकारी में किसी और के साथ ऐसा होता है, तो आप भारत में आसरा वेबसाइट या वैश्विक स्तर पर बीफ्रेंडर्स वर्ल्डवाइड के ज़रिए सहयोग ले सकते हैं.
पटना के सरकारी स्कूल में पांचवीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, स्कूल के बाथरूम में जली अवस्था में मिली, सीटू तिवारी, पटना से बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Dharmendra
इमेज कैप्शन, पटना कन्या मध्य विद्यालय में बच्ची की जलने से मौत
पटना के एक
कन्या मध्य विद्यालय की पांचवीं की छात्रा की संदिग्ध अवस्था में मौत के बाद आक्रोषित परिजनों ने हंगामा किया.
बुधवार को दोपहर क़रीब 12.45 बजे छात्रा स्कूल में बाथरूम में
जली अवस्था में मिली थी. 12 साल की ये बच्ची अमला टोला मध्य विद्यालय में पढ़ती
थी.
स्कूल के
बाथरूम में बच्ची के कैसे जली, ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया
है.
बच्ची को
गंभीर अवस्था में पटना मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी
मौत हो गई.
स्कूल में
पढ़ने वाली एक बच्ची की मां फ़ातिमा शेख़ ने बताया, “मेरी
बच्ची दौड़कर आई और उसने बताया कि स्कूल में कांड हो गया. हम लोग पहुंचे तो बच्ची
जली हुई थी. बच्ची की मां घरेलू नौकरानी का काम करती है.”
इस घटना के
बाद स्थानीय पुलिस जब पहुंची तो उन्हें अभिभावकों का गुस्सा झेलना पड़ा.
पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बच्ची की मौत की पुष्टि करते हुए बताया, “स्कूल में बच्ची बीते चार पांच
दिनों से नहीं आई थी. वो आज एसेंबली में पहुंची और उसके बाद वो वॉशरूम में चली गई.
स्कूल में लगे कैमरा को खंगाला जा रहा है. टीचर्स के बयान लिए जा रहे हैं.”
बच्ची जिस
बाथरूम में जली अवस्था में मिली, उसकी जांच एफएसएल टीम कर रही
है.
डेनमार्क में गुप्त अभियान से बढ़ा तनाव, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डेनमार्क में अमेरिकी नागरिकों के गुप्त अभियान की रिपोर्ट के बाद बढ़ा तनाव.
ग्रीनलैंड में अमेरिकी नागरिकों के गुप्त अभियान की ख़बरों के बाद डेनमार्क के विदेश मंत्री ने कोपेनहेगन में अमेरिका के शीर्ष राजनयिक को तलब किया है.
डेनमार्क के पब्लिक ब्रॉडकास्टर डीआर ने एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा कि इन अभियानों का मक़सद ग्रीनलैंड समाज में घुसपैठ करना और उसे डेनमार्क से अलग कर अमेरिका में शामिल करने को बढ़ावा देना था.
हालांकि रिपोर्ट यह स्पष्ट नहीं कर सकी कि ये लोग किसके लिए काम कर रहे थे.
डेनिश ख़ुफ़िया एजेंसी ने चेतावनी दी है कि ग्रीनलैंड को 'विभिन्न प्रकार के प्रभाव अभियानों' का निशाना बनाया जा रहा है.
विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने कहा, "राज्य (डेनमार्क) के आंतरिक मामलों में किसी भी तरह के दख़ल की कोशिश अस्वीकार्य होगी."
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि वह ग्रीनलैंड को अपने देश में मिलाना चाहते हैं.
ग्रीनलैंड एक स्वतंत्र राष्ट्र नहीं है बल्कि वो डेनमार्क का एक स्वायत्त क्षेत्र है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने डेनमार्क पर इस क्षेत्र में पर्याप्त निवेश नहीं करने का आरोप लगाया है.
कुछ महीने पहले ग्रीनलैंड के दौरे में डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसन ने अमेरिका को चेतावनी दी थी, "आप किसी दूसरे देश को अपने में नहीं मिला सकते."
डेनमार्क नेटो और यूरोपीय संघ का सदस्य है और लंबे समय से अमेरिका को अपने सबसे करीबी सहयोगियों में मानता आया है. लेकिन ट्रंप की घोषणा ने डेनमार्कवासियों को हैरान कर दिया है.
ट्रंप ने इस साल कहा था कि वह इसे बलपूर्वक कब्ज़ा करने की संभावना से इनकार नहीं करेंगे.
पुल की मजबूती जांचने के लिए उस पर 96 ट्रक खड़े किए गए. यह पुल बीपान नदी से 625 मीटर की ऊंचाई पर बना है.
यह दुनिया का सबसे ऊंचा और पहाड़ी इलाके में बना सबसे फैलाव वाला ब्रिज है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस ब्रिज पर पांच दिन तक स्ट्रेस टेस्ट चलेगा और फिर सितंबर के आख़िर में इसे ट्रैफ़िक के लिए खोल दिया जाएगा.
स्टालिन बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुए, तमिल में दिया भाषण
इमेज स्रोत, @RahulGandhi
इमेज कैप्शन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन बिहार के मुजफ़्फ़रपुर पहुंचे
कांग्रेस नेता और लोक सभा में नेता
प्रतिपक्ष इन दिनों बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाल रहे हैं.
आज मुजफ़्फ़रपुर पहुंची
इस यात्रा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी शामिल हुए.
इंडिया गठबंधन में डीएमके पार्टी एक
अहम साझेदार है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यात्रा
के दौरान एक सभा में स्टालिन ने मतदाता सूची से नामों को हटाने को ख़तरनाक़
बताया.
स्टालिन ने अपना भाषण तमिल में दिया,
जिसे हिंदी में अनुवाद कर सुनाया गया. इस पर भीड़
ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया.
उन्होंने कहा, "बिहार का नाम आते ही हमें लालू प्रसाद यादव जी याद आते हैं. सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता ही उनकी पहचान है."
स्टालिन ने कहा कि ‘अगर बिहार विधानसभा चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हुए तो इंडिया गठबंधन
ज़रूर जीतेगा.’
डीएमके अध्यक्ष स्टालिन अपनी बहन और
पार्टी सांसद कनिमोझी के साथ बिहार पहुंचे थे.
राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में उनकी बहन और वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, राजद नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी
यादव और भाकपा-माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य शामिल थे.
इमेज स्रोत, @RahulGandhi
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य, एमके स्टालिन, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी
उधर, जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि रेवंत रेड्डी और एम.के. स्टालिन को 'बिहारियों के ख़िलाफ़' अपमानजनक बातों के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए.
उन्होंने कहा, "उन्होंने हैदराबाद और चेन्नई में बिहारी लोगों के ख़िलाफ़ बातें कहीं थीं. उदयनिधि स्टालिन ने कहा था कि बिहारी तमिलनाडु में मज़दूर बनकर काम करने और शौचालय साफ करने आते हैं. क्या बिहारी लोगों के बारे में उनकी यही सोच है?... उस समय तेजस्वी ने भी इसका विरोध किया था. आज जब वे उनके साथ हैं, तो इसके लिए वे क्या सफाई देना चाहते हैं?"
राहुल गांधी ने क्या कहा?
यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा, "ट्रंप ने आज कहा कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध चल रहा था, तब मैंने नरेंद्र मोदी को फोन किया और उनसे कहा कि 24 घंटे के भीतर जो कुछ भी हो रहा है उसे रोक दें. और नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे नहीं, बल्कि सिर्फ पांच घंटे में सबकुछ रोक दिया.”
उन्होंने मीडिया पर पक्षपाती होने के आरोप लगाया और कहा कि न्यायपालिका में भी दलित, आदिवासी या पिछड़े वर्गों का प्रतिनिधित्व बहुत कम है.
उन्होंने आरोप लगाया, "बीजेपी का गुजरात मॉडल कोई विकास का नहीं, वोट चोरी का मॉडल है."
दक्षिण कोरिया में क्लासरूम में फ़ोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर बैन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया के सभी स्कूलों में स्मार्टफ़ोन पर प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक पास हो गया है.
दक्षिण कोरिया की संसद ने एक बिल को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत स्कूलों में कक्षा के दौरान मोबाइल फ़ोन और अन्य स्मार्ट डिवाइस के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लग जाएगी.
इसके साथ ही दक्षिण कोरिया उन देशों की सूची में शुमार हो गया है जिन्होंने युवाओं में फ़ोन की लत और पढ़ाई पर उसके असर को देखते हुए पाबंदी लगाई है.
हालांकि दक्षिण कोरिया के अधिकांश स्कूलों ने अपने यहां ये नियम पहले से लागू कर रखा है.
यह प्रतिबंध दक्षिण कोरिया के नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत मार्च 2026 से लागू होगा.
कुछ देशों जैसे फ़िनलैंड और फ़्रांस ने सीमित पैमाने पर पाबंदी लगाई है और यह नियम केवल छोटे बच्चों के स्कूलों में लागू होता है.
वहीं इटली, नीदरलैंड्स और चीन जैसे देशों ने सभी स्कूलों में फ़ोन इस्तेमाल पर रोक लगा दी है.
यूक्रेन ने माना, रूसी सेना उसके प्रमुख औद्योगिक इलाक़े में घुसी
इमेज स्रोत, Russian ministry of defence
इमेज कैप्शन, रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक तस्वीर जारी कर दावा किया है कि रूसी सैनिक ज़ापोरिज़्के गांव के अंदर प्रवेश कर चुके हैं, लेकिन यूक्रेन का कहना है कि उसका नियंत्रण अभी क़ायम है.
यूक्रेन की सेनाओं ने स्वीकार किया
है कि रूस की सेना नीप्रोपेत्रोव्स्क के पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र में घुस गई है
और वहां पांव जमाने की कोशिश कर रही है.
यूक्रेनी सेना एक वरिष्ठ अधिकारी ने
बीबीसी को बताया, "नीप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र पर इस पैमाने का यह पहला हमला है."
हालांकि उन्होंने दावा किया कि रूसी सेना
की बढ़त को रोक दिया गया है.
इन गर्मियों में अपने हमलों के दौरान
रूस पहले से दावा करता रहा है कि वो इस इलाक़े में प्रवेश कर चुका है और उसकी
सेनाएं दोनेत्स्क क्षेत्र से आगे बढ़कर यूक्रेनी इलाके में घुसने की कोशिश कर रही
हैं.
जून की शुरुआत में रूसी अधिकारियों
ने कहा था कि नीप्रोपेत्रोव्स्क में आक्रमण शुरू हो गया है, लेकिन ताज़ा यूक्रेनी रिपोर्टों के मुताबिक़, रूसी सेना ने मुश्किल से
क्षेत्रीय सीमा को पार किया है.
जंग से पहले नीप्रोपेत्रोव्स्क की
आबादी 30 लाख से अधिक थी और यह डोनबास के बाद यूक्रेन में भारी उद्योगों का दूसरा
सबसे बड़ा केंद्र था. डोनबास में दोनेत्स्क और लुहान्स्क क्षेत्र शामिल हैं.
पाकिस्तान: गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में बाढ़ का पानी घुसा, 18 श्रद्धालु समेत लगभग 100 लोग फंसे
इमेज स्रोत, Mian Shahid Iqbal
इमेज कैप्शन, गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में बाढ़ का पानी घुस गया है.
रावी नदी उफान पर है और पाकिस्तान और भारत की सीमा के कुछ इलाक़े इसकी जद में आ गए हैं.
बाढ़ का पानी पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में भी घुस गया है.
करतारपुर प्रोजेक्ट के डिप्टी सेक्रेटरी का कहना है कि बाढ़ का पानी गुरुद्वारा करतारपुर में घुसने से लगभग 100 लोग फंसे हुए हैं, जिनमें 18 स्थानीय श्रद्धालु भी शामिल हैं.
बीबीसी उर्दू संवाददाता उमर दराज़ नांगियाना के अनुसार, डिप्टी सेक्रेटरी का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं करतारपुर की तस्वीरें उनके स्टाफ़ ने जारी की थीं. उन्होंने पुष्टि की कि तस्वीरों में दिख रहा पानी बारिश का नहीं बल्कि बाढ़ का था.
करतारपुर प्रशासन के एक अधिकारी का कहना है कि पास की रावी नदी में आई बाढ़ से पानी करतारपुर में घुस गया, जिसकी ऊंचाई नौ से दस फ़ीट है.
प्रशासन का कहना है कि बचाव या आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी अब तक वहां नहीं पहुंच पाए हैं.
डिप्टी सेक्रेटरी का कहना है कि वहां फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलिकॉप्टर बुलाने की कोशिश की जा रही है.
इससे पहले, स्थानीय पत्रकार मियां शाहिद इक़बाल ने बीबीसी को बताया कि बाढ़ की स्थिति के कारण गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के पास बने बांध में दरार आने से पानी गुरुद्वारा में भी घुस गया है.
मियां शाहिद के अनुसार, शकरगढ़ को नारोवाल ज़िले से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग डूब गया है. डिप्टी कमिश्नर नारोवाल के अनुसार, अब तक 250 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है.
भारी बारिश के चलते भारत और पाकिस्तान के बीच बहने वाली नदियां, नाले उफान पर हैं और पाकिस्तान में बाढ़ के कारण हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ट्रंप के 50 फ़ीसदी टैरिफ़ पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बुधवार को भारत पर 50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ़ लागू हो गया है
भारत पर अमेरिका के 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार की आलोचना की है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, "ट्रंप का डबल टैरिफ़ लागू हो गया है. इसका असर निश्चित रूप से अमेरिका को होने वाले हमारे श्रम-आधारित निर्यात पर पड़ेगा- ख़ासकर कपड़ा, ज्वेलरी, लेदर और इंजीनियरिंग पर."
जयराम रमेश ने पीएम मोदी के 'मेक इंडिया ग्रेट अगेन' (एमआईजीए) के नारे की आलोचना की है. इसे ट्रंप के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (एमएजीए) से प्रेरित बताया जाता है.
उन्होंने लिखा, "पिछले चौबीस घंटों में, अमेरिकी वाणिज्य मंत्री ने एच1बी वीज़ा के ख़िलाफ़ भी बयान दिया है, जिसके सबसे बड़े लाभार्थी भारतीय आईटी प्रोफेशनल रहे हैं. यह राष्ट्रपति ट्रंप के एमएजीए समर्थकों की प्रमुख मांगों में से एक रही है."
"वही एमएजीए जिसका इस्तेमाल प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल फ़रवरी में अपने तथाकथित जीतने वाले फ़ॉर्मूले एमएजीए + एमआईजीए = एमईजीए में किया था. मोदी का बनाया यह एमईजीए अब भारत के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन गया है."
फ़रवरी 2025 में अपनी दो दिवसीय अमेरिका यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि 'एमएजीए' और 'एमआईजीए' का संयुक्त दृष्टिकोण विकास के लिए एक बड़ी साझेदारी बन जाएगा.
क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने की आईपीएल से संन्यास लेने की घोषणा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 2024 के आख़िर में भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रविचंद्रन अश्विन ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर सबको चौंका दिया था
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास लेने की घोषणा की है.
बुधवार को अश्विन ने एक्स पर लिखा, "आज का दिन ख़ास है और इसलिए शुरुआत भी ख़ास है. कहते हैं कि हर अंत के साथ एक नई शुरुआत होती है. मेरा वक़्त एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में आज ख़त्म हो रहा है, लेकिन अब मेरी यात्रा अलग-अलग लीगों में खेल की संभावनाओं को नए रूप में जानने के तौर पर शुरू हो रही है."
अश्विन ने कहा, ''सालों से मिली शानदार यादों और रिश्तों के लिए मैं सभी फ़्रेंचाइज़ी का शुक्रिया अदा करता हूं.''
अश्विन आईपीएल में पांचवें सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं. उन्होंने 7.2 के इकॉनमी रेट से 187 विकेट चटकाए हैं.
अश्विन आईपीएल में सबसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा थे और उनकी आख़िरी टीम भी सीएसके ही थी.
इसके अलावा वह राइज़िंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले और किंग्स इलेवन पंजाब (वर्तमान में पंजाब किंग्स) की कप्तानी भी की थी.
ग़ज़ा में इसराइली हमले में पत्रकारों की मौत पर भारत ने दुख जताया
इमेज स्रोत, AP
इमेज कैप्शन, इसराइली हमले में पत्रकार मरियम अबू डग्गा की मौत हो गई. वह समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के लिए काम करती थीं.
ग़ज़ा में इसराइली हमले में मारे गए पत्रकारों को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.
विदेश मंत्रालय ने कहा, "पत्रकारों की हत्या ख़ौफ़नाक और बेहद दुखद है. भारत ने हमेशा संघर्ष के दौरान आम लोगों की मौत की निंदा की है. हमें जानकारी है कि इसराइली अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं."
दक्षिणी ग़ज़ा के ख़ान यूनिस स्थित नासेर अस्पताल पर इसराइली हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए थे. हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक़, मरने वालों में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के लिए काम करने वाले पांच पत्रकार भी शामिल हैं.
कई मीडिया संस्थानों ने पुष्टि की कि मरने वाले पत्रकार रॉयटर्स, एपी, अल जज़ीरा और मिडिल ईस्ट आई के लिए काम करते थे.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इसे एक 'दुखद दुर्घटना' बताया और कहा कि सैन्य अधिकारी 'इसकी गहन जांच कर रहे हैं.'