ब्रिटेन पहुंचे यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की, पीएम स्टार्मर ने कहा- हम यूक्रेन के साथ

सोमवार को ब्रिटेन पहुंचे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन चांसलर फ़्रेडरिक मर्त्स के साथ बातचीत की.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. ट्रंप ने नेटफ़्लिक्स और वॉर्नर ब्रदर्स के बीच प्रस्तावित डील पर जताई चिंता, ओसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में रविवार को एक कार्यक्रम में शामिल हुए

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेटफ़्लिक्स की ओर से वॉर्नर ब्रदर्स के मूवी स्टूडियो और एचबीओ स्ट्रीमिंग नेटवर्क को ख़रीदने से जुड़ी 72 अरब डॉलर की प्रस्तावित डील पर चिंता जताई है.

    वॉशिंगटन डीसी में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि नेटफ़्लिक्स का मार्केट शेयर "बड़ा" है और दोनों कंपनियों का कंबाइन्ड साइज़ "मसला बन सकता है".

    दोनों कंपनियों ने शुक्रवार को बताया कि वे एक ऐसे समझौते पर पहुंची हैं जिसके तहत वॉर्नर ब्रदर्स की 'हैरी पॉटर' और 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' जैसी फ़्रेंचाइज़ को नेटफ़्लिक्स पर लाया जा सकता है और एक नए मीडिया जायंट की शुरुआत हो सकती है.

    इस प्रस्तावित समझौते ने इंडस्ट्री के कुछ लोगों में चिंता बढ़ा दी है. हालांकि, इस समझौते को अभी कॉम्पिटीशन अथॉरिटीज़ से मंज़ूरी नहीं मिली है.

    इस मामले पर वॉर्नर ब्रदर्स, नेटफ़्लिक्स और व्हाइट हाउस की राय जानने के लिए बीबीसी ने उनसे संपर्क किया है.

    नेटफ़्लिक्स की शुरुआत साल 1997 में एक पोस्टर डीवीडी रेंटल बिज़नेस के रूप में हुई थी. यह आज दुनिया की सबसे बड़ी सब्सक्रिप्शन स्ट्रीमिंग सर्विस बन चुकी है.

    इस समझौते से नेटफ़्लिक्स की स्थिति और मज़बूत हो जाएगी.

  2. थाईलैंड ने कंबोडिया पर हवाई हमले शुरू किए

    थाईलैंड के सैनिक

    इमेज स्रोत, LILLIAN SUWANRUMPHA/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, थाई सेना के प्रवक्ता ने बताया कि कंबोडिया की ओर से हुई फ़ायरिंग की घटना में एक सैनिक की मौत हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    थाईलैंड की रॉयल आर्मी ने कहा है कि कंबोडिया के साथ झड़पों के बाद उसने हवाई हमले शुरू किए हैं. ये हमले थाईलैंड-कंबोडिया की विवादित सीमा क्षेत्र पर किए जा रहे हैं.

    थाईलैंड ने बताया कि सोमवार सुबह उसकी सेना की टुकड़ियों पर कंबोडिया की ओर से फ़ायरिंग हुई. इस घटना में उसके दो सैनिक मारे गए हैं और चार अन्य लोग घायल हुए हैं.

    हालांकि, इसके थोड़ी देर बाद थाईलैंड की सेना ने मरने वाले सैनिकों और घायलों की संख्या में बदलाव किया.

    थाई सेना के प्रवक्ता ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि कंबोडिया की ओर से हुई फ़ायरिंग की घटना में एक सैनिक की मौत हुई है, जबकि 8 सैनिक घायल हुए हैं.

    वहीं, कंबोडिया ने दावा किया है कि हमला थाईलैंड ने शुरू किया और उसने इसका जवाब नहीं दिया.

    दोनों देशों ने एक-दूसरे पर सीज़फ़ायर के उल्लंघन का आरोप लगाया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशिया की मध्यस्थता में थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीज़फ़ायर हुआ था.

    इसी साल जुलाई महीने में सीमा विवाद की वजह से दोनों देशों के बीच पांच दिन संघर्ष चला था. इसमें कम से कम 48 लोग मारे गए थे और लगभग तीन लाख लोग विस्थापित हुए थे.

  3. यूपी के बहराइच में चार महीने के बच्चे पर जंगली जानवर ने किया हमला, डीएफ़ओ ने और क्या बताया

    बहराइच के डीएफ़ओ

    इमेज स्रोत, ANI/DFO

    इमेज कैप्शन, डीएफ़ओ राम सिंह यादव ने बताया कि जंगली जानवरों के हमलों में क़रीब 32 लोग घायल हुए हैं

    उत्तर प्रदेश में बहराइच में इंसानों पर जंगली जानवरों के हमले जारी हैं. रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चार महीने के एक बच्चे पर जंगली जानवर के हमले की घटना सामने आई है.

    डीएफ़ओ राम सिंह यादव ने बताया, "आज रात लगभग डेढ़ बजे मल्लहनपुरवा गांव में सूचना मिली कि एक चार महीने के बच्चे को वन्य जीव उठा ले गया है. गांव में मौजूद टीम तत्काल मौक़े पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी ली गई, लेकिन अब तक बच्चे को नहीं खोजा जा सका है."

    उन्होंने बताया, "टीमें अन्य क्षेत्रों में भी बच्चे की तलाश कर रही हैं. जहां भी सूचनाएं मिल रही हैं हर जगह बच्चे को खोजा जा रहा है. जल्द ही हम बच्चे को रेस्क्यू करेंगे."

    इसके अलावा डीएफ़ओ राम सिंह यादव ने बताया कि पिछले तीन महीने में इस क्षेत्र में 10 मौतें हुई हैं और क़रीब 32 लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा चार भेड़िए भी मारे गए हैं.

    बीते कई महीनों से बहराइच और आसपास के इलाक़ों में भेड़ियों के हमले की घटनाएं सामने आई हैं.

  4. शंघाई में भारतीय वाणिज्य दूतावास भवन का उद्घाटन

    शंघाई में भारतीय वाणिज्य दूतावास

    इमेज स्रोत, X/@IndiaInShanghai

    इमेज कैप्शन, शंघाई स्थित वाणिज्य दूतावास चीन में भारत का सबसे पुराना दूतावास है

    भारत ने चीन के शंघाई में स्थित कॉन्सुलेट जनरल (वाणिज्य दूतावास) के नए भवन का उद्धाटन किया है. इसकी जानकारी शंघाई में भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने दी है.

    शंघाई में भारत के कॉन्सुलेट जनरल के आधिकारिक एक्स अकाउंट के ज़रिए बताया गया, "चीन में भारत के राजदूत पीके रावत और कॉन्सुल जनरल प्रतीक माथुर ने शंघाई में नए ऑफ़िस का उद्घाटन किया. इसे संबंधों को मज़बूती देने और सेवाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से बनाया गया है."

    शंघाई में भारत के कॉन्सुलेट जनरल का नया भवन क़रीब 32 साल बाद शुरू किया गया है. यह चीन में भारत का सबसे पुराना वाणिज्य दूतावास है, जिसकी स्थापना 1950 में की गई थी.

    भारतीय वाणिज्य दूतावास के मुताबिक़, उद्घाटन समारोह में 30 देशों के कॉन्सुल जनरल और भारतीय प्रवासी समुदाय समेत कई लोग शामिल हुए.

  5. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों को लेकर डीके शिवकुमार क्या बोले

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीके शिवकुमार ने कहा कि यह बेंगलुरु और कर्नाटक की शान का सवाल है

    कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि वह चिन्नास्वामी स्टेडियम से आईपीएल के मैचों को किसी दूसरे स्टेडियम में शिफ़्ट नहीं होने देंगे.

    शिवकुमार ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के चुनाव में मतदान करने के बाद रविवार को एक्स पर लिखा, "आईपीएल के मैचों को चिन्नास्वामी स्टेडियम से शिफ़्ट नहीं होने दिया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "यह बेंगलुरु और कर्नाटक की शान का सवाल है. हम सुनिश्चित करेंगे कि आईपीएल मैच यहीं हों."

    बीते साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चैंपियन बनने के बाद जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना में 11 लोगों की मौत हुई थी. डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

    इसके साथ ही उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम के विकल्प के तौर पर एक नया क्रिकेट स्टेडियम बनाने की भी बात कही.

    पूर्व क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने केएससीए के अध्यक्ष बने हैं. उन्होंने कहा कि वह चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों को दोबारा आयोजित कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    वेंकटेश प्रसाद ने एक्स पर लिखा, "केएससीए अध्यक्ष के तौर पर ज़िम्मेदारी संभालते हुए बहुत ख़ुशी हो रही है. चिन्नास्वामी में आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट वापस लाने और कर्नाटक क्रिकेट की तरक़्क़ी के लिए हर स्तर पर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं."

  6. ट्रंप बोले- रूस जंग रोकने से जुड़े प्रस्ताव पर राज़ी लेकिन ज़ेलेंस्की...

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Brendan SMIALOWSKI / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ज़ेलेंस्की प्रस्ताव से सहमत हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह थोड़ा निराश हैं क्योंकि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन के बीच चल रही जंग को रोकने से जुड़े प्रस्ताव को अब तक नहीं पढ़ा है.

    ट्रंप ने रविवार को कहा, "हमने रूस के राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से बात की है. मैं थोड़ा निराश हूं क्योंकि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने अब तक प्रस्ताव को पढ़ा नहीं है."

    उन्होंने कहा, "रूस इससे राज़ी है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ज़ेलेंस्की इससे सहमत हैं. उनके लोगों को यह पसंद है लेकिन वह तैयार नहीं हैं."

    रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को रोकने के लिए लगातार बातचीत चल रही है. इस बीच रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार बमबारी की ख़बरें भी आ रही हैं.

    रूस ने यूक्रेन पर शनिवार को रातभर हवाई हमले किए. यूक्रेन के एक बड़े औद्योगिक शहर क्रेमेनचुक के मेयर ने बताया कि शहर पर 'बड़े स्तर' का हमला हुआ.

    वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने अलग-अलग इलाक़ों में यूक्रेन के 77 ड्रोन मार गिराए.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.