गोवा: सीएम सावंत ने बताया- नाइट क्लब हादसे में कितने लोगों की मौत दम घुटने से हुई

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया है कि अर्पोरा के नाइट क्लब में आग लगने के मामले में चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर मिलेंगे.

    तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. गोवा: सीएम सावंत ने बताया- नाइट क्लब हादसे में कितने लोगों की मौत दम घुटने से हुई

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नाइट क्लब में आग लगने की घटना पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस की

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया है कि अर्पोरा के नाइट क्लब में आग लगने के मामले में चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    शनिवार की देर रात हुई घटना की जानकारी देते हुए सीएम सावंत ने कहा, "घटना होने के 45 मिनट के अंदर पुलिस और फ़ायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर मौजूद थी. लेकिन कई रुकावटों के कारण फ़ायर डिपार्टमेंट की टीम के लिए ठीक क्लब तक पहुंचना मुश्किल था. फिर भी आधे घंटे के अंदर वहां जो फ़ायर कंट्रोल करना था, उन्होंने किया."

    "उन्हें ऊपर सिर्फ़ दो शव दिखे थे, इसीलिए पहले उन्होंने सिर्फ़ दो शव की बात कही. लेकिन बाद में जब क्लब के अंडरग्राउंड गए, तब बाकी 23 शव दिखे. इन शवों पर कोई फ़ायर इंजरी नहीं थी. दम घुटने के कारण मौत हुई."

    इस दुर्घटना में कुल 25 लोगों की मौत हुई है.

    सीएम सावंत ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट जो सामने आई है, उसके मुताबिक़ क्लब में जो इलेक्ट्रिकल फ़ायर क्रैकर्स जलाते हैं, उससे आग लगी.

    पुलिस ने बताया कि इस मामले में चीफ़ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंहानिया और गेट मैनेजर प्रियांशु ठाकुर को गिरफ़्तार किया गया है.

    वहीं क्लब के मालिक सौरभ लुथरा और गौरव लुथरा के ख़िलाफ़ भी एफ़आईआर दर्ज है.

  3. इंडिगो की अब कितनी फ़्लाइट शुरू हो चुकी हैं, कंपनी ने इसका दिया अपडेट

    इंडिगो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नागर विमानन मंत्रालय के मुताबिक़ इंडिगो का फ़्लाइट शेड्यूल सामान्य स्तर पर लौट रहा है

    इंडिगो ने कहा है कि उसके 138 डेस्टिनेशन में से 137 डेस्टिनेशन ऑपरेशन में हैं. कंपनी 1650 से ज़्यादा फ़्लाइटें ऑपरेट करने की स्थिति में आ गई है, जो कि शनिवार की 1500 फ़्लाइटों के मुक़ाबले ज़्यादा है.

    इंडिगो ने एक्स पर पोस्ट किया है कि 15 दिसंबर तक की बुकिंग से जुड़े कैंसलेशन या रीशेड्यूलिंग पर पूरी छूट दी जा रही है. वहीं रिफ़ंड और सामान वापस करने की प्रक्रिया जारी है.

    नागर विमानन मंत्रालय ने भी प्रेस रिलीज़ जारी कर कहा है कि इंडिगो के प्रदर्शन में आज लगातार सुधार देखा गया है और फ़्लाइट शेड्यूल सामान्य स्तर पर लौट रहे हैं.

    मंत्रालय ने बताया कि इंडिगो का फ़्लाइट ऑपरेशन 5 दिसंबर को 706 था, जो 6 दिसंबर को 1,565 और रविवार को इसके 1,650 तक पहुंचने की संभावना है.

  4. ब्रिटेन के लैंडो नॉरिस ने अपना पहला फ़ॉर्मूला वन ख़िताब जीता

    लैंडो नॉरिस

    इमेज स्रोत, Zak Mauger/LAT Images

    इमेज कैप्शन, लैंडो नॉरिस एक ब्रिटिश रेसिंग ड्राइवर हैं

    ब्रिटिश ड्राइवर लैंडो नॉरिस ने इस साल की फ़ॉर्मूला वन वर्ल्ड चैंपियनशिप जीत ली है.

    नॉरिस ने अबू धाबी ग्रैंड प्रिक्स में तीसरे पायदान पर रहकर यह ख़िताब अपने नाम किया है.

    लैंडो नॉरिस

    इमेज स्रोत, Clive Rose/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैकलारेन एससीएल39 मर्सिडीज़ में जश्न मनाते लैंडो नॉरिस

    डिफेंडिंग चैंपियन, डच ड्राइवर मैक्स वेरस्टैपेन चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रहे. सीज़न की शुरुआत में वह मुक़ाबले से बाहर लग रहे थे, लेकिन उन्होंने ज़ोरदार वापसी की.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया के ऑस्कर पियास्त्री चैंपियनशिप में तीसरे स्थान पर रहे.

  5. गोवा: नाइट क्लब में हुए हादसे के बाद क्या कदम उठाए गए, सीएम सावंत ने बताया

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि नाइट क्लब में आग लगने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच कराने का फ़ैसला किया गया है

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अर्पोरा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग में जान गंवाने वालों लोगों के परिवार के लिए पांच लाख रुपये सहायता राशि की घोषणा की है.

    इस दुर्घटना पर सीएम प्रमोद सावंत ने कहा, "मैंने डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट, एसपी साउथ, फ़ायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के डिप्टी डायरेक्टर, डायरेक्टर फ़ोरेंसिक्स की एक कमिटी बनाकर मजिस्ट्रेट जांच कराने का फैसला किया है, ताकि उन प्रक्रियागत कमियों का पता लगाया जा सके जिस वजह से यह घटना हुई और एक हफ़्ते के अंदर सरकार को रिपोर्ट सौंपी जा सके."

    उन्होंने कहा, "डीजीपी ने दोषियों के ख़िलाफ़ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, जिसमें क्लब के मालिक, मैनेजर और जिन्होंने परमिशन दी थी, वे सभी शामिल हैं."

    "राजस्व सचिव की अध्यक्षता में एक कमिटी बनाई जाएगी जो ऐसे क्लब, बिजनेस की जगहों वगैरह का ऑडिट करेगी, जो बिना वैध अनुमति के चल रहे हैं और जहां बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने की संभावना है. इस कमिटी ने ऐसी सभी जगहों के लिए एक एसओपी बनाई है ताकि यह पक्का हो सके कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों."

    सीएम सावंत ने बताया कि मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को 50 हज़ार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.

  6. इंडिगो एयरलाइन ने अब तक कुल कितने करोड़ रुपये यात्रियों को रिफ़ंड किए?

    इंडिगो का ऑपरेशनल संकट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नागर विमानन मंत्रालय ने इंडिगो को निर्देश दिया है कि यात्रियों के सभी सामान 48 घंटे के अंदर डिलीवर किया जाएं

    नागर विमानन मंत्रालय ने बताया है कि हाल ही में इंडिगो के ऑपरेशनल संकट से हुई परेशानी को दूर करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि यात्रियों को लगातार असुविधा न हो, इसके लिए उसने तेज़ी से और निर्णायक क़दम उठाए हैं.

    मंत्रालय ने अब तक उठाए कदमों की जानकारी देते हुए एक प्रेस रिलीज़ जारी की है.

    इसमें बताया गया है, "देशभर में हवाई यात्रा संचालन तेज़ी से सामान्य हो रहा है. दूसरी सभी घरेलू एयरलाइंस सुचारू रूप से और पूरी क्षमता से काम कर रही हैं, जबकि इंडिगो के प्रदर्शन में आज लगातार सुधार देखा गया है और फ्लाइट शेड्यूल सामान्य स्तर पर लौट रहे हैं."

    मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा स्थिति में ओवरचार्जिंग को रोकने के लिए प्रभावित रूटों पर हवाई किराए की सीमा तय की गई है.

    मंत्रालय ने कहा, "हाल ही में फ़्लाइट कैंसल होने के कारण मांग में बदलाव और हवाई किराए में अस्थायी बढ़ोतरी को देखते हुए, मंत्रालय ने तत्काल प्रभाव से हवाई किराए पर एक सीमा लागू की थी."

    "इस आदेश के लागू होने के बाद से, प्रभावित रूटों पर किराया कुछ हद तक कम हो गया है. सभी एयरलाइंस को संशोधित किराए को पालन करने का निर्देश दिया गया है."

    रिफ़ंड और रीशेड्यूलिंग को लेकर मंत्रालय ने कहा, "यात्रियों को वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, इंडिगो को सख़्त निर्देश जारी किए गए हैं कि कैंसल या बहुत ज़्यादा देरी वाली फ़्लाइट के सभी रिफ़ंड आज रात 8:00 बजे तक पूरे कर दिए जाएं."

    "इंडिगो ने अब तक कुल 610 करोड़ रुपये के रिफ़ंड प्रोसेस किए हैं. फ़्लाइट कैंसल होने के कारण प्रभावित यात्रा को रीशेड्यूल करने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क लेने की अनुमति नहीं है."

    मंत्रालय ने इंडिगो को यह भी निर्देश दिया है कि यात्रियों के सभी सामानों का पता लगाकर 48 घंटे के अंदर डिलीवर किया जाए.

  7. बेनिन के गृह मंत्री ने कहा- तख़्तापलट की कोशिश नाकाम की गई, पॉल एनजिए, बीबीसी अफ़्रीका और लुसी फ़्लेमिंग, बीबीसी न्यूज़

    बेनिन के गृह मंत्री अलासेन सइदू

    इमेज स्रोत, gouv.bj

    इमेज कैप्शन, बेनिन के गृह मंत्री अलासेन सइदू ने लोगों से अपनी गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रखने की अपील की है

    अब बेनिन के गृह मंत्री अलासेन सइदू ने सरकारी टीवी पर घोषणा की है कि देश में तख़्तापलट की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है.

    इससे पहले, सेना के एक गुट ने टीवी पर ही राष्ट्रपति पैट्रिस टैलोन को पद से हटाकर सत्ता पर क़ब्ज़ा करने की घोषणा की थी.

    बेनिन स्थित फ़्रांसीसी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कोटोनाउ शहर में राष्ट्रपति के आवास के पास गोलीबारी की ख़बर मिलने की बात कही थी.

    चश्मदीदों ने बीबीसी को बताया कि उन्होंने गोलियों की आवाज़ सुनी. उन्होंने सरकारी टीवी के लिए काम करने वाले कुछ पत्रकारों को बंधक बनाए जाने की जानकारी दी.

    राष्ट्रपति के एक सलाहकार ने बीबीसी को बताया कि राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और फ्रांसीसी दूतावास में हैं.

    गृह मंत्री अलासेन सइदू ने कहा, "रविवार सुबह, 7 दिसंबर 2025 को, सैनिकों के एक छोटे गुट ने देश और उसकी संस्थाओं को अस्थिर करने के उद्देश्य से विद्रोह शुरू कर दिया."

    उन्होंने कहा, "इस स्थिति का सामना करते हुए, बेनिनी सशस्त्र बल गणतंत्र के प्रति प्रतिबद्ध रहे. सेना ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और हमले के प्रयास को नाकाम करने में मदद की."

    "इसलिए सरकार लोगों से अपील करती है कि वे अपनी गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रखें."

    कोटोनोउ के ऊपर हेलीकॉप्टर उड़ते देखे गए हैं और शहर की कई सड़कों पर भारी सैन्य तैनाती के साथ सड़कों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं.

    बेनिन, जो कि पहले फ़्रांसीसी उपनिवेश था, उसको अफ़्रीका के सबसे स्थिर लोकतंत्रों में से एक माना जाता है. यह महाद्वीप के सबसे बड़े कपास उत्पादकों में से एक है, लेकिन दुनिया के सबसे ग़रीब देशों में से एक भी है.

  8. सीआईएसएफ़ की तरह बिहार में बीआईएसएफ़ बनाने की तैयारी में एनडीए सरकार

    बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल बिहार सरकार में उद्योग मंत्री भी हैं

    बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और बिहार सरकार में उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने राज्य में बिहार इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फ़ोर्स (बीआईएसएफ़) बनाने का प्रस्ताव भेजने का फ़ैसला लिए जाने की जानकारी दी है.

    उन्होंने कहा, "हमने सरकार को देश में सीआईएसएफ़ (सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फ़ोर्स) की तरह बिहार में बीआईएसएफ़ यानी बिहार इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फ़ोर्स बनाने का प्रस्ताव भेजने का फ़ैसला किया है."

    "जब से नई सरकार आई है, निवेशकों में नया माहौल बना है और वे बिहार में भारी निवेश करने और इंडस्ट्री लगाने के लिए उत्सुक हैं. इसलिए, औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा के लिए हम बीआईएसएफ़ का प्रस्ताव भेजेंगे."

    उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार में काफ़ी उद्योग का जाल बिछने वाला है.

  9. हुमायूं कबीर ने कहा- 'बाबरी मस्जिद की नींव' रखने का राजनीति से संबंध नहीं

    विधायक हुमायूं कबीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शनिवार को फीता काटकर 'बाबरी मस्जिद' का प्रतीकात्मक शिलान्यास किया था

    पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखने वाले तृणमूल कांग्रेस से निकाले गए विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है.

    हुमायूं कबीर ने कहा, "कल मैंने जो मस्जिद की नींव रखी, उससे राजनीति का कोई संबंध नहीं है. राजनीति अलग है और 'बाबरी मस्जिद' की नींव अलग है."

    "जिस मक़सद से 'सनातन संस्कृति संसद' पवित्र गीता का पाठ कर रही है, उसी मक़सद से हम क़ुरान का पाठ करवाएंगे...हम एक लाख लोगों को इकट्ठा करके उन्हें खाना खिलाएंगे और फिर बाबरी मस्जिद का काम शुरू होगा."

    उन्होंने कहा, "बाबरी मस्जिद 450 साल तक अयोध्या में थी, उसे तोड़ दिया गया, वहां राम मंदिर बनाया गया और मस्जिद के लिए दूसरी जगह दी गई लेकिन वे इसे नहीं बना पाए. अब हम मुर्शिदाबाद में 'बाबरीमस्जिद' बना रहे हैं तो किसी को इससे कोई तकलीफ़ नहीं होनी चाहिए."

  10. बेनिन में सेना के एक गुट ने किया तख़्तापलट का एलान, क्या बोली सरकार, पॉल एनजिए, बीबीसी अफ़्रीका और लुसी फ़्लेमिंग, बीबीसी न्यूज़

    टीवी पर बेनिन के सैनिकों की घोषणा

    इमेज स्रोत, BTV

    इमेज कैप्शन, नेशनल टीवी पर बेनिन के सैनिकों ने तख़्तापलट की घोषणा की है

    पश्चिम अफ़्रीकी देश बेनिन में सेना के एक गुट ने नेशनल टीवी पर घोषणा की है कि उन्होंने राष्ट्रपति पैट्रिस टैलोन को पद से हटाकर सत्ता पर कब्ज़ा कर लिया है.

    बेनिन स्थित फ़्रांसीसी दूतावास से मिले संदेश में कहा गया है कि बेनिन के कोटोनाउ शहर में राष्ट्रपति के आवास के पास गोलीबारी की ख़बर मिली है.

    सैनिकों ने संविधान पर रोक और देश की सभी ज़मीनी सीमाओं के साथ-साथ हवाई क्षेत्र को भी बंद करने की घोषणा की है.

    लेकिन राष्ट्रपति के क़रीबी अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति ठीक हैं और टीवी स्टेशन पर सैनिकों का एक छोटा समूह है, जिसे बाक़ी सेना का समर्थन हासिल नहीं है.

    बेनिन के विदेश मंत्री शेगुन अदजादी बाकरी ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स को बताया, "स्थिति नियंत्रण में है. सेना का एक बड़ा हिस्सा अभी भी वफ़ादार है और हम स्थिति को अपने नियंत्रण में ले रहे हैं."

    राष्ट्रपति भवन में एक अनाम व्यक्ति ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "यह लोगों का एक छोटा समूह है जो केवल टेलीविज़न को नियंत्रित करता है. शहर और देश पूरी तरह सुरक्षित हैं."

    सैनिकों की ओर से जारी बयान के अनुसार, लेफ़्टिनेंट कर्नल तिगरी पास्कल उनकी सैन्य परिषद का नेतृत्व करेंगे.

  11. गोवा के नाइट क्लब में आग की घटना पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी को घेरा

    कांग्रेस नेता यूरी अलेमाओ

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ

    गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार की रात भीषण आग लगने की घटना पर गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस नेता यूरी अलेमाओ ने कहा, "डॉ. प्रमोद सावंत और बीजेपी की डबल-इंजन सरकार के नेतृत्व में गोवा राज्य में प्रशासन की नाकामी और क़ानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह फ़ेल होने के कारण 25 बेगुनाह लोगों की जान चली गई."

    "इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि 25 लोगों की जान चली गई हो. यह क्लब ग़ैर-क़ानूनी तरीके़ से चल रहा था और इसे गिराने के लिए कहा गया था. इसे किसने रोका? उन्हें तुरंत गिरफ़्तार किया जाना चाहिए. इस सरकार को नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफ़ा देना चाहिए."

  12. एशेज़ टेस्ट सिरीज़: ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरा मैच भी जीता

    इंग्लैंड को हराने के बाद जश्न मनाते ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और जेक वेदराल्ड

    इमेज स्रोत, Robert Cianflone/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलियाई टीम के स्टीव स्मिथ और जेक वेदराल्ड नाबाद रहे

    ऑस्ट्रेलिया ने एशेज़ सिरीज़ का दूसरा टेस्ट मैच भी जीत लिया है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ब्रिस्बेन टेस्ट में इंग्लैंड को आठ विकेट से हराया है.

    दूसरे टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड ने 334 रन बनाए थे, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी पहली पारी में 511 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.

    दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 241 रन बनाए. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सामने 65 रन का टारगेट था. इस लक्ष्य को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दो विकेट के नुक़सान पर 10 ओवर में हासिल कर लिया.

    पांच मैचों की इस सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया 2-0 से आगे हो गई है. ऑस्ट्रेलिया ने पहला टेस्ट मैच भी आठ विकेट से जीता था.

  13. गोवा: नाइट क्लब में आग लगने की घटना पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी से पूछे सवाल

    आम आदमी पार्टी की नेता और पार्टी की गोवा प्रभारी आतिशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी की नेता और पार्टी की गोवा प्रभारी आतिशी ने सीएम प्रमोद सावंत से सवाल किया कि नाइट क्लब पर अभी तक कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया?

    शनिवार की रात गोवा के अर्पोरा में एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

    इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी की नेता और पार्टी की गोवा प्रभारी आतिशी ने गोवा की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सवाल किया है कि बिना लाइसेंस के एक नाइट क्लब कैसे चल रहा था.

    आतिशी ने कहा, "कल देर रात अर्पोरा में एक नाइट क्लब में आग लग गई, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई है. कई लोग अभी भी गंभीर रूप से घायल हैं...जिनकी जान गई है, उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. जो अभी अस्पताल में भर्ती हैं, हम उम्मीद करते हैं कि वो जल्दी ठीक हों."

    उन्होंने कहा, "गोवा की बीजेपी सरकार को जवाब देना होगा कि बिना लाइसेंस के एक नाइट क्लब वॉटर बॉडी पर कैसे चल रहा था...और अगर लाइसेंस और मंज़ूरी नहीं थी तो बिजली का कनेक्शन कैसे मिला? लिकर लाइसेंस कैसे मिला?"

    "अगर आप नॉर्थ कोस्टल बेल्ट में जाएंगे, तो हर नाइट क्लब और रेस्तरां मालिक आपको बताएगा कि हफ़्ता वसूली होती है, सारे नेता हफ़्ता वसूली करते हैं और इसी भ्रष्टाचार की वजह से आज 25 लोगों की जान चली गई. मैं (सीएम) प्रमोद सावंत से पूछना चाहती हूं कि अभी तक कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया? बीजेपी को इन सवालों के जवाब देने होंगे."

    वहीं गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू ने अरपोरा में आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत पर कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, उन्हें (घायलों को) मेडिकल मदद दी जा रही है. हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वे सभी ठीक हो जाएं."

    "चीफ सेक्रेटरी ने मुझसे कहा है कि वो सभी नियामक विभागों की समीक्षा करेंगे. यह परेशान करने वाली बात है...राष्ट्रपति ने भी अपनी संवेदनाएं भेजी हैं...मेडिकल स्टाफ़ अपनी ड्यूटी के प्रति सचेत लग रहा है और वे अपना बेस्ट कर रहे हैं."

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. 'शादी अब टूट चुकी है'- स्मृति मंधाना ने तोड़ी चुप्पी

    स्मृति मंधाना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना का कहना है कि पलाश मुच्छल के साथ होने वाली उनकी शादी अब टूट चुकी है.

    पलाश मुच्छल के साथ शादी टलने के बाद स्मृति ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.

    मंधाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा बयान जारी किया और इस बात की जानकारी दी है कि पलाश मुच्छल के साथ उनकी शादी टूट गई है.

    स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर को होने वाली थी, लेकिन उसी दिन इसे टाल दिया गया था.

    इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने पोस्ट में स्मृति ने लिखा, "पिछले कुछ हफ़्तों से मेरी निजी ज़िंदगी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं और मुझे लगा कि अब इस बारे में स्पष्ट रूप से बात करना ज़रूरी है."

    उन्होंने कहा, "मैं एक निजी स्वभाव की व्यक्ति हूं और आगे भी ऐसा ही रहना चाहती हूं, लेकिन मैं साफ़ करना चाहती हूं कि शादी अब टूट चुकी है."

    स्मृति मंधाना ने कहा, "मैं चाहती हूं कि यह किस्सा यहीं पर ख़त्म हो जाए और आप सभी से आग्रह करती हूं कि इसे आगे न बढ़ाएं. इस समय दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करें और हमें थोड़ा वक़्त दें ताकि हम अपनी तरह से इस स्थिति को समझ सकें और आगे बढ़ सकें."

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि हम सभी को एक बड़े उद्देश्य की ओर बढ़ना चाहिए और मेरे लिए वह हमेशा अपने देश का प्रतिनिधित्व करना रहा है."

    "मैं भारत के लिए खेलना चाहती हूं, जीतना चाहती हूं और जितना लंबा संभव हो सके टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती हूं. मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा."

  16. टीम इंडिया पर टिप्पणी को लेकर दक्षिण अफ़्रीका के कोच ने तोड़ी चुप्पी

    दक्षिण अफ़्रीका क्रिकेट टीम के कोच शुक्री कॉनराड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ़्रीका क्रिकेट टीम के कोच शुक्री कॉनराड

    दक्षिण अफ़्रीका क्रिकेट टीम के कोच शुक्री कॉनराड ने कहा कि टीम इंडिया को लेकर दिए गए 'घुटने टेकने' वाले बयान में उनका कोई ग़लत इरादा नहीं था.

    उस टिप्पणी की आलोचना होने के बाद अब उन्होंने पहली बार मीडिया से बात की और कहा कि उन्हें अपने शब्दों के चयन पर पछतावा है.

    उन्होंने कहा कि उनका मक़सद किसी तरह की दुर्भावना दिखाना नहीं था.

    58 साल के कॉनराड ने विशाखापत्तनम में भारत के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे के बाद कहा कि वह एक बेहतर शब्द चुन सकते थे, क्योंकि उनकी कही बात को अलग-अलग संदर्भों में समझा गया.

    'ग्रॉवल' (अंग्रेज़ी) शब्द की क्रिकेट इतिहास में एक विवादित पृष्ठभूमि है.

    कॉनराड ने यह शब्द गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट के चौथे दिन इस्तेमाल किया था, जब दक्षिण अफ्रीका ने देर से घोषणा कर भारत को 549 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था.

    दिन के खेल के बाद उन्होंने कहा था कि वे चाहते थे कि भारतीय टीम मैदान पर अधिक समय तक खड़ी रहे.

    उन्होंने कहा था, "हम चाहते थे कि भारतीय खिलाड़ी मैदान पर ज़्यादा समय बिताएं. हम चाहते थे कि वे सचमुच घुटने टेकें."

    इस बयान के बाद उनकी आलोचना हुई, जिसमें दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ और कमेंटेटर डेल स्टेन भी शामिल थे.

    शनिवार को बोलते हुए कॉनराड ने कहा कि उनका केवल इतना मतलब था कि वे चाहते थे कि भारत लंबे समय तक फील्डिंग में रहे और उनके लिए हालात मुश्किल हों.

    उन्होंने कहा, "अब मुझे शब्दों का और भी ध्यान रखना होगा, क्योंकि किसी भी बात का अलग संदर्भ निकाल लिया जाता है."

  17. रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर जारी बातचीत के बीच यूक्रेनी शहर पर हमला

    ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, EPA

    रूस ने यूक्रेन पर शनिवार रातभर हवाई हमले जारी रखे.

    यह हमला उस समय हुआ जब कुछ घंटों पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने युद्ध ख़त्म करने को लेकर चल रही बातचीत पर टिप्पणी की थी.

    उन्होंने कहा था कि फ़्लोरिडा में तीन दिन चली बातचीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप की वार्ता टीम से उनकी फोन कॉल 'बहुत रचनात्मक' रही है.

    यूक्रेन के एक बड़े औद्योगिक शहर क्रेमेनचुक के मेयर ने बताया कि शहर पर 'बड़े स्तर' का हमला हुआ. फिलहाल इस हमले में किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है.

    वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने अलग-अलग इलाक़ों में यूक्रेन के 77 ड्रोन मार गिराए हैं.

    ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं जब युद्ध ख़त्म करने की कोशिशें जारी हैं.

  18. 'मैं डीआरएस में बहुत ख़राब हूं', कुलदीप यादव ने ऐसा क्यों कहा?

    कुलदीप यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुलदीप यादव ने सिरीज़ के आख़िरी मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 4 विकेट लिए थे

    भारतीय गेंदबाज़ कुलदीप यादव ने कहा है कि वह डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) लेने में 'बहुत ख़राब' हैं.

    दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में भारत की जीत के बाद उन्होंने यह प्रतिक्रिया दी है.

    क्रिकेट में डीआरएस अंपायरों को सही निर्णय लेने में मदद करता है, लेकिन कुलदीप का कहना है कि गेंदबाज़ होने के कारण उन्हें अक्सर लगता है कि उनकी हर अपील सही है.

    उन्होंने कहा, "रोहित और केएल भाई विकेट के पीछे रहते हैं, इसलिए उन्हें ज़्यादा आइडिया रहता है कि गेंद कहां लगी है. मैं डीआरएस में बहुत ख़राब हूं. मुझे ऐसा लगता है कि आउट ही है."

    कुलदीप ने कहा, "आपके पास दो ही डीआरएस होते हैं और अगर सही गाइड करने वाले लोग नहीं हैं तो आप दोनों ख़राब कर देंगे."

    कुलदीप यादव का बयान

    इमेज स्रोत, Getty Images

  19. सूडान में किंडरगार्टन पर हमला, 50 लोगों की मौत, 33 बच्चे शामिल

    सूडान

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सूडान में युद्ध के कारण लाखों लोग विस्थापित हुए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    सूडान के कालोकी शहर में हुए ड्रोन हमले में एक किंडरगार्टन (छोटे बच्चों का स्कूल) को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 50 लोगों की मौत हुई. मरने वालों में 33 बच्चे शामिल हैं.

    गुरुवार को हुए इस हमले के लिए सूडान के डॉक्टर्स नेटवर्क और सेना ने अर्द्धसैनिक समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ़) को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    आरएसएफ़ की ओर से इस पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    अर्द्धसैनिक समूह ने इसके उलट सेना पर आरोप लगाया है कि उसने शुक्रवार को दारफ़ुर क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में एक बाज़ार और चाड की सीमा से लगे अद्रे बॉर्डर क्रॉसिंग पर स्थित फ्यूल डिपो को निशाना बनाया.

    अप्रैल 2023 से सूडान गृहयुद्ध की चपेट में है. आरएसएफ़ और सेना के बीच सत्ता संघर्ष चल रहा है. दोनों पहले सहयोगी थे, लेकिन अब एक-दूसरे के ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं.

  20. अमेरिका रूस को अब नहीं मानेगा 'सीधा ख़तरा', दिमित्री पेस्कोव ने और क्या बताया

    रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति में संशोधन कर रूस को 'सीधा ख़तरा' कहना बंद करने के फ़ैसले का रूस ने स्वागत किया है.

    सरकारी समाचार एजेंसी तास ने रविवार को रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के हवाले से ये बात कही है.

    2014 में क्राइमिया पर कब्जे और 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद अमेरिकी नीतियों में रूस को एक बड़े ख़तरे के तौर पर पेश किया जाता रहा है. लेकिन शुक्रवार को जारी नई अमेरिकी नीति में भाषा कुछ नरम दिखाई देती है और सीमित सहयोग की बात की गई है.

    पेस्कोव ने कहा कि संशोधित रणनीति में रूस को सीधे ख़तरे के रूप में बताए जाने वाले शब्दों को हटा दिया गया है और अब रणनीतिक स्थिरता के मामलों में सहयोग पर ज़ोर दिया गया है.

    उन्होंने कहा, "हम इसे एक सकारात्मक क़दम मानते हैं." पेस्कोव ने यह भी कहा कि रूस इस दस्तावेज़ का विस्तार से अध्ययन करने के बाद ही कोई निष्कर्ष निकालेगा.