भारत और चीन के बीच एलएसी पर हुए समझौते के लिए विदेश मंत्री ने सेना को दिया श्रेय

शनिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर गश्त को लेकर चीन के साथ हुए सफल समझौते का श्रेय सेना को दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. इसराइली हमलों के थमने के बाद दोबारा बहाल हुईं ईरान की हवाई सेवाएं

    बाहल हुईं ईरान की हवाई सेवाएं (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बहाल हुईं ईरान की हवाई सेवाएं (सांकेतिक तस्वीर)

    इसराइली हमलों के थमने के बाद ईरान ने अपनी उड़ान सेवाओं को दोबारा से बहाल कर दिया है.

    ईरान के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजे से सभी उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी.

    इसराइल के ईरान पर किए गए हवाई हमलों के बाद, ईरान ने अपनी हवाई सेवाओं को बंद कर दिया था.

    इससे पहले इसराइली सेना ने कहा था कि वह ईरान के “सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले कर रही है.”

    बाद में खुद ईरान ने भी कहा था कि इसराइल ने उसके सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए हैं.

    ईरान की वायुसेना ने कहा था कि इसराइल ने तेहरान, खुज़ेस्तान और इलम प्रांतों के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था.

    वहीं आईडीएफ़ की तरफ से थोड़ी देर पहले जारी किए गए बयान के मुताबिक़, “इसराइली सेना ने ईरान के कई इलाक़ों में अपने सटीक हमलों को पूरा कर लिया है और उसके विमान सुरक्षित लौट आए हैं.”

  2. ईरान ने बताया इसराइल ने उसके किन सैन्य ठिकानों पर किए हमले?

    ईरान पर इसराइल ने किए हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान पर इसराइल ने किए हमले, तेहरान का एक दृश्य

    खुद पर हुई इसराइली हमले को लेकर ईरान का कहना है कि इसराइल ने उसके सैन्य ठिकानों पर हमला किया है.

    इसराइल ने भी अपने हमलों को लेकर यही बयान दिया था कि उसने ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं.

    ईरान की वायुसेना का कहना है कि राजधानी तेहरान, खुज़ेस्तान और इलाम प्रांतों के सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं.

    ईरान की वायुसेना का यह भी कहना था कि उन्होंने इसराइली हमलों का मुक़ाबला किया, लेकिन फिर भी कुछ जगहों पर थोड़ा-बहुत नुक़सान हुआ है.

    वहीं इसराइली सेना ने कहा है कि उसने ईरान की मिसाइल बनाने की जगहों को निशाना बनाया था.

    इसराइली सेना का कहना है कि उसने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर ईरान पर हवाई हमले किए थे.

    इसराइली विमानों ने ईरान की मिसाइल बनाने वाली जगहों पर हमला किया. साथ ही सतह से हवा में वार करने वाली मिसाइलों और दूसरे ईरानी सैन्य उपकरणों को भी इन हमलों में निशाना बनाया गया.

  3. न्यूज़ीलैंड की टीम 255 रनों पर सिमटी, भारत को जीत के लिए मिला 359 रनों का लक्ष्य

    विकेट लेने के बाद रवींद्र जडेजा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विकेट लेने के बाद रवींद्र जडेजा

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पुणे में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड की दूसरी पारी 255 रनों पर सिमट गई है.

    अब भारत को इस मैच को जीतने के लिए 359 रनों का लक्ष्य हासिल करना है. तीसरे दिन का खेल शुरू होने पर न्यूज़ीलैंड की टीम के पास 301 रनों की बढ़त थी.

    लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों ने अच्छी बॉलिंग का प्रदर्शन किया और न्यूज़ीलैंड की टीम को ज़्यादा बढ़त लेने से रोकने में कामयाब रहे.

    इससे पहले दूसरे दिन भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड के 259 रनों के जवाब में 156 रनों के कुल स्कोर पर ही सिमट गई थी. भारत की पहली पारी में कोई भी बल्लेबाज़ अर्धशतक भी नहीं लगा पाया था.

    हालांकि न्यूज़ीलैंड की पहली और दूसरी दोनों ही पारियों में भारतीय गेंदबाज़ों का प्रदर्शन ज़रूर बेहतर रहा. जहां पहली पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने सात विकेट लिए थे, वहीं दूसरी पारी में भी सुंदर को चार, अश्निन को दो और जडेजा को तीन सफलताएं मिलीं.

    तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत पहले ही 1-0 से पीछे है. अब उसे इस सिरीज़ में बराबरी के लिए 359 रनों के स्कोर को हासिल करना है.

  4. यूएन ने ग़ज़ा के उत्तरी हिस्से में चल रही लड़ाई को बताया इसराइल-हमास युद्ध का ‘सबसे काला दौर’

    ग़ज़ा के एक अस्पताल का दृश्य

    इमेज स्रोत, World Health Organization

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा के एक अस्पताल का दृश्य

    संयुक्त राष्ट्र संघ के मानवाधिकारों के प्रमुख वोल्कर टर्क का कहना है कि ग़ज़ा के उत्तरी भाग में चल रही लड़ाई, इसराइल-हमास युद्ध का सबसे ‘काला दौर’ है.

    इसराइल का कहना है कि वह हमास के लड़ाकों को संगठित होने से रोकने के लिए इन इलाक़ों में ज़मीनी हमले कर रहा है.

    वोल्कर टर्क ने कहा, “इसराइली सेना पूरी आबादी को बमबारी, घेराबंदी और भुखमरी के जोखिम में डाल रही है.” इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र संघ के मानवाधिकारों के प्रमुख ने वैश्विक नेताओं से ग़ज़ा के मामले में कार्रवाई करने की अपील की है.

    वोल्कर टर्क ने कहा कि जिनेवा सम्मेलनों के तहत देशों का कर्तव्य है कि वे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का सम्मान सुनिश्चित करें.

    हालांकि इसराइली सेना ने संयुक्त राष्ट्र संघ के इस बयान पर तत्काल कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी थी. लेकिन इसराइली सेना का कहना है कि उन्होंने छह अक्तूबर को ग़ज़ा के उत्तरी क्षेत्र में सैकड़ों हमास लड़ाकों को मारा है और जबालिया से 45 हज़ार नागरिकों को निकाला है.

    इससे पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख ने कहा था कि वह उत्तरी ग़ज़ा के अस्पतालों में इसराइली सेना की कार्रवाई से परेशान है.

    वहीं ग़ज़ा में हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना था कि इसराइली सेना ने अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों, मरीज़ों और विस्थापितों को हिरासत में ले लिया है.

    इस पर इसराइली सेना का कहना था कि वे ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर हमास के लड़ाकों से निपटने के लिए इस क्षेत्र में दाख़िल हुए हैं.

  5. बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में मुंबई पुलिस और पंजाब पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन में किया एक अभियुक्त को गिरफ़्तार

    बाबा सिद्दिक़ी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बाबा सिद्दीकी (फ़ाइल फ़ोटो)

    बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में मुंबई पुलिस और पंजाब पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ़्तार किया है.

    पंजाब पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है. पंजाब पुलिस के डीजीपी ऑफ़िस (डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस) के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से इस बारे में एक पोस्ट भी की गई है.

    डीजीपी ऑफ़िस की पोस्ट के मुताबिक़, “मुंबई पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में मुंबई निवासी सुजीत सुशील सिंह को गिरफ़्तार किया है, जो बाबा सिद्दीकी की हाई प्रोफ़ाइल हत्या में वांछित था.”

    पंजाब पुलिस के मुताबिक़, “सुजीत बाबा सिद्दीकी की हत्या की साज़िश में शामिल में था और उसने तीन दिन पहले ही इस योजना के बारे में नितिन गौतम और एक अन्य अभियुक्त को बताया था. सुजीत ने उनको सहायता भी पहुंचाई. आगे की जांच के लिए उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है.”

    12 अक्तूबर की रात मुंबई के बांद्रा इलाक़े में एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

  6. ईरान पर इसराइली हमले के बाद पड़ोसी इराक़ ने बंद किए अपने सभी हवाई अड्डे

    बगदाद का इंटरनेशनल एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बग़दाद का इंटरनेशनल एयरपोर्ट

    इराक़ के परिवहन मंत्री का कहना है कि क्षेत्र में चल रहे सैन्य अभियानों को देखते हुए देश के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया गया है.

    इसराइल ने ईरान पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं. ईरान की पश्चिमी सीमा इराक़ से लगती है.

    रॉयटर्स ने इराक़ की सरकारी मीडिया एजेंसी आईएनए के हवाले से कहा है कि नई सूचना जारी होने तक क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए देश के पूरे एयर ट्रैफ़िक और सभी हवाई अड्डों की सेवाओं को बंद कर दिया गया है.

    एक इसराइली अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ को बताया कि तेहरान में स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बचे से पहले तक इसराइल का हवाई हमला जारी था.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स और एएफ़पी ने सीरिया के सरकारी मीडिया सना का हवाला देते हुए बताया है कि सीरिया की राजधानी दश्मिक के पास भी धमाकों की आवाज़ों को सुना गया है.

    सना के हवाले से रॉयटर्स ने कहा है कि हमलों में मध्य और दक्षिणी सीरिया में स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है.

  7. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट का तीसरा दिन, 301 रनों से आगे मेहमान टीम

    दूसरे दिन अर्धशतक लगाने के बाद टॉम लाथम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दूसरे दिन अर्धशतक लगाने के बाद टॉम लाथम

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पुणे में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का आज यानी शनिवार को तीसरा दिन है.

    दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक न्यूज़ीलैंड की टीम ने भारत पर 301 रनों की बढ़त बना ली है.

    न्यूज़ीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 198 रन बना लिये हैं. तीसरे दिन न्यूज़ीलैंड के लिए टॉम बंडल और ग्लेन फ़िलिप्स पारी को आगे बढ़ाने के लिए उतरेंगे.

    न्यूज़ीलैंड के लिए अभी तक कप्तान टॉम लाथम ने सबसे ज़्यादा 86 रन बनाए हैं. वहीं भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने अभी तक चार विकेट लिए हैं.

    इससे पहले दूसरे दिन का खेल शुरू होने पर 156 रन बनाकर भारतीय पारी सिमट गए. दूसरे दिन लगातार अंतराल पर भारत के विकेट गिरते रहे.

    यहां तक कि कोई भी बल्लेबाज़ अर्धशतक के आंकड़े को भी ना छू सका. रवींद्र जडेजा ने सबसे ज़्यादा 38 रन बनाए.

    तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत पहले ही 1-0 से पीछे है. न्यूज़ीलैंड की टीम ने बेंगलुरू में खेला गया पहला टेस्ट मैच आठ विकेट से जीता था.

    ऐसे में सिरीज़ को बराबरी पर लाने के लिए भारत के लिए इस टेस्ट मैच को जीतना ज़रूरी है.

  8. ईरान पर इसराइली हवाई हमले पर अमेरिकी रक्षा विभाग के हेडक्वार्टर ने क्या कहा?

    पेंटागन में संबोधन देते अमेरिकी रक्षा विभाग के प्रेस सेक्रेटरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेंटागन में संबोधन देते अमेरिकी रक्षा विभाग के प्रेस सेक्रेटरी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन का कहना है कि इसराइल के ईरान पर किए गए हवाई हमलों में अमेरिका शामिल नहीं है.

    इसराइल ने ईरान पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं. पेंटागन ने कहा है कि इसराइल ने पहले ही हमें हमले के बारे में सूचना दे दी थी.

    इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को ईरान पर इसराइली हमले के बारे में सूचना दे दी गई है.

    एक अमेरिकी अधिकारी ने बीबीसी के यूएस न्यूज़ पार्टनर सीबीएस को बताया कि राष्ट्रपति को इसराइली हवाई हमलों के बारे में सूचना दे दी गई है और वे पूरी घटना पर बारीक़ी से नज़र बनाए हुए हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को भी इसराइली हमले के बारे में सूचना दी गई है और वे भी मामले पर अपनी बारीक नज़र बनाए हुई हैं.

    ईरान पर शुरू किए गए हवाई हमले को लेकर इसराइली सेना का कहना है कि वो ‘ईरान के सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले’ कर रही है.

    वहीं ईरान के सरकारी मीडिया ने कहा कि राजधानी तेहरान में तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं.

    हमलों के कारण के बारे में बताते हुए बीबीसी के मध्य पूर्व क्षेत्र के संपादक सेबेस्टियन अशर का कहना है कि, ईरान पर इसराइली हमला जवाबी कार्रवाई हो सकती है.

    सेबेस्टियन अशर के मुताबिक़, ईरान ने महीने भर पहले इसराइल पर 200 बैलेस्टिक मिसाइलें दागी थीं. इसराइली हमले उसी का जवाब हैं.

  9. क्या चीनी हैकरों ने की थी डोनाल्ड ट्रंप का फ़ोन टैप करने की कोशिश?

    डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि हो सकता है कि चीन से जुड़े साइबर अपराधियों ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके साथी सीनेटर जेडी वेंस के इस्तेमाल किए गए फोन या नेटवर्क को टैप करने की कोशिश की हो.

    मामले से जुड़े कई सूत्रों ने बीबीसी के यूएस न्यूज़ पार्टनर सीबीएस न्यूज़ से इसकी पुष्टि की है.

    सूत्रों का कहना है कि ट्रंप-वेंस अभियान को इस बारे में सचेत भी किया गया था कि उनके फ़ोन पर साइबर अटैक हो सकता है.

    वहीं एक और व्यक्ति ने बीबीसी न्यूज़ को बताया है कि हैरिस-वाल्ज़ अभियान से जुड़े लोगों को भी साइबर अटैक के लिए निशाने पर लिया गया था. हालांकि फ़िलहाल इन दोनों ही मामलों में ज़्यादा जानकारी निकलकर सामने नहीं आई है.

    अमेरिकी न्याय मंत्रालय और एफ़बीआई ने इस पूरे मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. एफ़बीआई और इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी एजेंसी (सीआईएसए) ने अपने एक साझा बयान में कहा है कि हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि चीनी हमलावरों ने हमारे नेटवर्क में कैसे सेंध लगाई?

    संयुक्त बयान में यह भी कहा गया कि घटना की जांच की जा रही है. वहीं ट्रंप अभियान से जुड़े लोगों ने इस पूरे मामले के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी को आरोपी ठहराया है.

  10. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - ईरान पर इसराइल ने शुरू किए हमले, तेहरान में तेज़ धमाकों की आवाज़ें- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - मालदीव के लिए भारत क्या चीन के कारण अहम हो गया है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - जस्टिस संजीव खन्ना होंगे अगले चीफ़ जस्टिस, ये हैं उनके सुनाए पांच अहम फ़ैसले- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी के बयान पर लोग दे रहे हैं तीखी प्रतिक्रिया- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.