अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा पर बीजेपी ने कराया हमला- आतिशी

अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा पर बीजेपी ने कराया हमला- आतिशी

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और अश्वनी पासवान

  1. चक्रवाती तूफ़ान 'दाना' से कोलकाता में बारिश और जलभराव, तस्वीरों में देखें

    'दाना' तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'दाना' तूफ़ान

    चक्रवाती तूफ़ान 'दाना' ओडिशा के तट से टकरा चुका है.

    ओडिशा के साथ साथ चक्रवाती तूफ़ान 'दाना' का असर पश्चिम बंगाल पर भी देखने को मिला है. यहां कई इलाकों में बारिश हो रही है, जिससे जलभराव हो गया है.

    पश्चिम बंगाल में तूफ़ान का असर इन तस्वीरों में दिख रहा है:

    पश्चिम बंगाल में 'दाना' की वजह से हो रही बारिश

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas

    इमेज कैप्शन, इस बीच ओडिशा के सीएम मोहन माझी के मुताबिक़, 'दाना' चक्रवात की वजह से राज्य के कुल 5,84,888 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. हालांकि शुक्रवार की सुबह तक यह संख्या 600,000 से ज़्यादा पहुंच सकती है.
    'दाना' तूफ़ान की वजह से निचले हिस्सों में भरा पानी

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas

    इमेज कैप्शन, 'दाना' तूफ़ान की वजह से पश्चिम बंगाल के कोलकाता में निचले हिस्सों में भरा पानी
    कोलकाता के कई रिहायशी इलाकों में भी बारिश के बाद जलभराव हो गया है

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas

    इमेज कैप्शन, कोलकाता के कई रिहायशी इलाकों में भी बारिश के बाद जलभराव हो गया है
  2. पुणे टेस्ट: 156 रनों पर सिमटी भारतीय टीम की पहली पारी, न्यूज़ीलैंड से 103 रन पीछे

    भारत न्यूज़ीलैंड टेस्ट मैच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैच के दौरान शुभमन गिल

    पुणे टेस्ट के दूसरे दिन भारत की पारी 156 रनों पर सिमट गई. टीम के लिए सबसे अधिक 38 रन रवींद्र जडेजा ने बनाए.

    लेकिन उनके अलावा कोई और बल्लेबाज़ 30 से अधिक रन नहीं बना सका.

    वहीं न्यूज़ीलैंड के लिए 53 रन देकर मिचेल सैंटनर ने सात विकेट लिए हैं. भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने भी एक पारी में सात विकेट लिए थे.

    पहले दिन न्यूज़ीलैंड की पारी 259 रनों पर सिमटी थी.

    पहली पारी सिमटने के बाद भारत न्यूज़ीलैंड से 103 रन पीछे है.

  3. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले के अभियुक्त को दी ज़मानत

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली शराब नीति में कथित घोटाले से जुड़े केस में जेल में बंद अमनदीप सिंह ढल को ज़मानत दे दी है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले के बाद कथित दिल्ली शराब नीति घोटाले के मामले में जेल में बंद सभी अभियुक्तों को ज़मानत मिल चुकी है.

    इन अभियुक्तों में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और बीआरएस की नेता के कविता भी शामिल हैं.

    सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस उज्ज्वल भुयन की पीठ ने चार जून 2024 के दिल्ली हाई कोर्ट के ऑर्डर पर यह फ़ैसला सुनाया है.

    दिल्ली हाईकोर्ट ने सीबीआई मामले में ढल की नियमित जमानत के लिए उनकी याचिका ख़ारिज कर दी थी. हाईकोर्ट के इसी फ़ैसले को अमनदीप सिंह ढल ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा, “इस मामले के लगभग 300 गवाह हैं, जिनसे सीबीआई को पूछताछ करनी है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अभियुक्त डेढ़ साल से हिरासत में हैं.”

    सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि और ज़्यादा हिरासत से कोई भी उद्देश्य पूरा नहीं होगा. कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अमनदीप सिंह ढल को पहले ही ज़मानत मिल गई थी.

  4. पुणे टेस्ट: भारत ने लंच तक सात विकेट खोकर बनाए 107 रन, न्यूज़ीलैंड से अब भी 152 रन पीछे

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, GETTY

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली एक रन बनाकर हुए आउट

    पुणे में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने लंच ब्रेक होने तक सात विकेट खोकर 107 रन बना लिए हैं.

    अपनी पहली पारी में भारतीय टीम अभी भी न्यूज़ीलैंड से 152 रन पीछे है. पहली पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम का कोई भी बल्लेबाज़ हाफ़ सेंचुरी भी नहीं बना सका.

    इस टेस्ट मैच के पहले दिन कप्तान रोहित शर्मा के रूप में भारत का पहला विकेट गिरा था. भारतीय कप्तान टिम साउदी की गेंद पर बिना खाता खोले ही बोल्ड हो गए.

    वहीं दूसरे दिन का खेल शुरू होने के कुछ ही देर बाद भारत ने शुभमन गिल के रूप में अपना दूसरा विकेट भी गंवा दिया. भारत के लिए अभी तक शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज़्यादा 30 रन बनाए हैं. वहीं विराट कोहली भी केवल एक रन बनाकर सैंटनर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए.

    भारत तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में पहले ही 1-0 से पीछे चल रहा है. बेंगलुरु में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराया था.

    न्यूज़ीलैंड के लिए मिचेल सैंटनर ने चार विकेट लिए हैं.

  5. कश्मीर के बारामूला में सेना के वाहन पर चरमपंथी हमले में दो सैनिकों की मौत, सेना ने क्या बताया

    भारतीय सेना (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय सेना (सांकेतिक तस्वीर)

    जम्मू कश्मीर के बारामूला के बूटापथरी सेक्टर में भारतीय सेना के वाहन में किए गए चरमपंथी हमले में दो जवानों की मौत हो गई है.

    भारतीय सेना ने अब इन दोनों ही जवानों के नाम भी जारी कर दिए हैं. भारतीय सेना की शाखा चिनार कोर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, ''उन्होंने हमारी रक्षा और सेवा के लिए खड़े रहना चुना. उनकी शहादत ने हमें असली साहस का मतलब बताया है.''

    भारतीय सेना के अंग ने अपनी पोस्ट में लिखा,''चिनार कोर राइफ़लमैन कैसर अहमद शाह और राइफ़लमैन जीवन सिंह को उनकी शहादत के लिए सैल्यूट करता है. जिन्होंने अपनी ड्यूटी को निभाते हुए अपनी जान दे दी. चिनार कोर उनकी असीम वीरता और बलिदान को सलाम करता है.''

    शुक्रवार को भारतीय सेना के एक वाहन पर चरमपंथी हमले की ख़बर सामने आई थी. भारतीय सेना के मुताबिक़ इस हमले में दो सैनिक और दो पोर्टर घायल हुए थे और उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया था.

    जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह और एलजी मनोज सिन्हा ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दुख जताया था.

  6. तूफ़ान दाना : ओडिशा के सीएम ने कहा हवाई सेवाएं हुईं सामान्य, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं पर क्या बोले

    एयरपोर्ट पर जमा यात्रियों की भीड़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एयरपोर्ट पर जमा यात्रियों की भीड़

    ओडिशा के सीएम मोहन माझी ने चक्रवात 'दाना' के बारे में जानकारी देते हुए कहा ''चक्रवात दाना 24 और 25 अक्तूबर की रात को भिरतकर्णिका और धामरा तटों के बीच टकराया.''

    उन्होंने कहा, “ये प्रक्रिया 25 तारीख़ की सबह सात बजे तक चली. इसके बाद राजकनिका और राजनगर ब्लॉक और भद्रक के धामरा और चांदवाली में तेज हुआ. इस दौरान इसकी रफ़्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही. इस दौरान 40 से 100 मिमी. तक बारिश हुई.''

    ओडिशा के सीएम ने सरकार की तैयारियों पर जानकारी देते हुए कहा, ''प्रशासनिक तत्परता की वजह से कोई भी हताहत नहीं हुआ है. जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई है. लगभग 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. करीब छह हज़ार गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया. लगभग 1600 बच्चों का जन्म हुआ है. ”

    मोहन माझी के मुताबिक़, '' एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं सामान्य हो गई हैं. एक बजे तक सभी सड़कों पर अवरोध साफ़ कर दिया जाएगा. शाम छह बजे तक बिजली की सेवाएं भी सामान्य हो जाएगी.''

  7. बाबा सिद्दीकी के बेटे ज़ीशान सिद्दीकी कांग्रेस छोड़ एनसीपी अजित पवार गुट में शामिल

    ज़ीशान सिद्दीकी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़ीशान सिद्दीकी (फ़ाइल फ़ोटो)

    बाबा सिद्दीकी के बेटे ज़ीशान सिद्दीकी ने कांग्रेस छोड़ कर एनसीपी (अजित पवार गुट) को जॉइन कर लिया है.

    ज़ीशान सिद्दीकी ने अजित पवार की मौजूदगी में एनसीपी जॉइन की. इस मौके पर ज़ीशान ने कहा, “ये मेरे और मेरे परिवार के लिए एक भावुक क्षण है. मैं अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे का शुक्रिया अदा करता हूं. उन्होंने इस कठिन समय में मुझपर भरोसा दिखाया.”

    ज़ीशान सिद्दीकी ने कहा कि मुझे बांद्रा ईस्ट से नामांकन मिला है. मुझे पूरा विश्वास है कि सभी लोगों के प्यार और समर्थन से मैं इस बार भी बांद्रा ईस्ट से ज़रूर जीतूंगा.

    ज़ीशान सिद्दीकी इससे पहले कांग्रेस के टिकट पर मुंबई के बांद्रा ईस्ट से विधायक बने थे. उनके दिवंगत पिता बाबा सिद्दीकी भी पहले कांग्रेस में ही थे.

    हालांकि वह भी इसी साल जून में एनसीपी (अजित पवार गुट) में शामिल हुए थे. 12 अक्तूबर की रात बांद्रा इलाक़े में ही बाबा सिद्दीकी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.

  8. तस्वीरों में: चक्रवाती तूफ़ान दाना का ख़तरा, लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया

    ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर उठतीं लहरें

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर उठतीं लहरें

    ओडिशा के तटीय क्षेत्र से चक्रवाती तूफ़ान ‘दाना' के टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़ इस प्रक्रिया के शुक्रवार सुबह तक जारी रहने की संभावना है.

    ओडिशा की लगभग आधी जनसंख्या के इस चक्रवाती तूफ़ान से प्रभावित होने की आशंका है.

    हुबली नदी पर नाव से चेतावनी जारी करती पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हुबली नदी पर नाव से चेतावनी जारी करती पुलिस

    आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक़, 'दाना' तूफ़ान पिछले छह घंटों में पंद्रह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा और फिर केंद्रपाड़ा जिले के भीतकर्णिका और भद्रक जिले के धामरा के बीच पहुंचा. इस दौरान हवा की गति करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे थी.

    'दाना' तूफ़ान का असर ओडिशा के साथ साथ पश्चिम बंगाल पर भी देखने को मिल रहा है. इस तूफ़ान की वजह से पश्चिम बंगाल के तटवर्ती इलाक़ों में भी तेज़ हवाएं चल रही हैं और लगातार बारिश हो रही है.

    भारतीय सेना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय सेना

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार भारतीय नौसेना ने 'दाना' चक्रवाती तूफ़ान के मद्देनज़र सहायता और बचाव अभियान की तैयारियों को भी शुरू कर दिया है.

    ओडिशा के बालासोर में बच्चों को राहत सामग्री देतीं महिलाएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ओडिशा के बालासोर में बच्चों को राहत सामग्री देतीं महिलाएं

    ओडिशा के सीएम मोहन माझी के मुताबिक़, 'दाना' चक्रवात की वजह से राज्य के कुल 5,84,888 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. हालांकि शुक्रवार की सुबह तक यह संख्या 600,000 से ज़्यादा पहुंच सकती है.

    ओडिशा सरकार ने दाना प्रभावित इलाकों से निकाले गए लोगों को रखने के लिए 7200 साइक्लोन सेंटर बनाए हैं.

    एयरपोर्ट पर जमा यात्री

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एयरपोर्ट पर जमा यात्री

    'दाना' चक्रवाती तूफ़ान की वजह से पश्चिम बंगाल और ओडिशा दोनों ही जगहों पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है.

    हवाई, रेल और रोड तीनों ही तरह की यातायात सेवाओं पर असर पड़ा है. जहां भुवनेश्वर के बीजू पटनायक हवाई अड्डे पर हवाई सेवाएं प्रभावित हैं तो वहीं कोलकाता के कोलकाता के नेता सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर भी उड़ानों पर असर देखा गया है.

    इसके अलावा दोनों ही राज्यों के बस अड्डों पर भी यातायात प्रभावित हुआ है या रोका गया है.

    भारतीय रेल ने इस क्षेत्र में चलने वाली करीब 150 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है. दोनों राज्यों के बड़े स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ देखी जा सकती है.

    रास्ते पर गिरा पेड़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रास्ते पर गिरा पेड़

    'दाना' चक्रवात की वजह से ओडिशा में लगातार बारिश हो रही है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ऐसी आशंका जताई है कि ओडिशा के 16 ज़िलों में लगातार हो रही बारिश की वजह से अचानक बाढ़ आ सकती है.

    इसके अलावा लगातार हो रही बारिश से राज्य में कई सारे जगहों पर सड़कों पर पेड़ भी उखड़ कर गिर गए हैं. जिस वजह से लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है.

  9. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट का आज दूसरा दिन, बैटिंग करने उतरेंगे गिल और यशस्वी जायसवाल

    दूसरे टेस्ट के पहले दिन के खेल के दौरान वॉशिंगटन सुंदर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दूसरे टेस्ट के पहले दिन के खेल के दौरान वॉशिंगटन सुंदर

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पुणे में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का शुक्रवार को दूसरा दिन है.

    पहले दिन का खेल ख़त्म होने तक भारतीय टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 16 रन बना लिए हैं.

    दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन न्यूज़ीलैंड की टीम ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने का फ़ैसला किया था.

    भारतीय टीम ने पहली पारी में अच्छी बॉलिंग का प्रदर्शन किया और न्यूज़ीलैंड की टीम को 259 रनों पर ही रोक दिया.

    भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज़्यादा सात विकेट लिए. वहीं न्यूज़ीलैंड के लिए डेविन कॉनवे ने 76 और रचिन रवींद्र ने 65 रन बनाए.

    हालांकि अपनी पहली पारी खेलने उतरी भारतीय टीम का पहला विकेट केवल एक रन पर ही गिर गया.

    कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले ही टिम साउदी की गेंद पर बोल्ड हो गए.

    फ़िलहाल यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल दूसरे दिन का खेल शुरू करने उतरेंगे.

    भारतीय टीम तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में पहले ही 1-0 से पीछे हो गई है. न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ है.

    इसी सिरीज़ का पहला मैच बेंगलुरु में हुआ था, जिसे कि मेहमान टीम ने जीत लिया था.

    दूसरा टेस्ट मैच पुणे में खेला जा रहा है और तीसरा टेस्ट मैच एक नवंबर से मुंबई में शुरू होगा.

  10. जम्मू कश्मीर में सेना के वाहन पर हमले में दो सैनिक घायल, क्या बोली सरकार

    चिनार कोर

    इमेज स्रोत, @ChinarcorpsIA

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    जम्मू कश्मीर के बूटापथरी सेक्टर में हुए चरमपंथी हमले पर राज्य के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “बूटापथरी सेक्टर में हुए जघन्य आतंकी हमले पर सेना के शीर्ष अधिकारियों से बात की. आतंकवादियों को बेअसर करने के लिए तत्काल और मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश दिए. ऑपरेशन जारी है. हमारे शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा.”

    इससे पहले भारतीय सेना की शाखा चिनार कोर ने अपने एक्स एकाउंट से पोस्ट करते हुए बताया था, “दोनों तरफ़ से गोलीबारी हुई है. बारामुला के बूटापथरी सेक्टर में भारतीय सेना और अतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई है.”

    सेना ने बताया कि गोलीबारी में दो सैनिक और दो पोर्टर घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया है.

    जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने भी पूरी घटना पर अपनी चिंता ज़ाहिर की है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, उत्तरी कश्मीर के बूटापथरी इलाक़े में सेना के वाहनों पर हुए हमले की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. इसमें कुछ लोग हताहत और घायल हुए हैं.”

    जम्मू कश्मीर के सीएम ने लिखा कि हाल के दौरान कश्मीर में एक के बाद एक हुए ये हमले गंभीर चिंता की बात है. मैं इस हमले की कड़ी निंदा करता हूँ.

  11. दाना तूफ़ान के कारण ओडिशा के 16 ज़िलों में बाढ़ का ख़तरा, क्या बोले राज्य के सीएम

    दाना चक्रवात (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Gett

    इमेज कैप्शन, दाना चक्रवात (सांकेतिक तस्वीर)

    ओडिशा में चक्रवात दाना की वजह से लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक से आने वाली बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ऐसी आशंका जताई है कि ओडिशा के 16 ज़िलों में लगातार हो रही बारिश की वजह से अचानक बाढ़ आ सकती है.

    इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और बाढ़ से पैदा हो सकने वाले संभावित प्रभावों को कम करने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं.

    पश्चिम बंगाल भी हाई अलर्ट पर है. राज्य के कई तटीय ज़िलों से हज़ारों लोगों के सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दाना के संभावित असर वाले जिलो में हालात पर निगरानी की जिम्मेदार सचिव स्तर के अधिकारियों को सौंपी है. इलाके में कई कंट्रोल रूम खोले गए हैं.

    करीब एक हज़ार राहत शिविर खोले गए हैं. इलाके के स्कूलों और सरकारी भवनों में भी लोगों के रहने-खाने का इंतजाम किया गया है.

    चक्रवात दाना पिछले दो महीनों में भारतीय तट पर आने वाला दूसरा चक्रवाती तूफान है. इससे पहले अगस्त के अंत में चक्रवात 'असना' ने प्रायद्वीप को प्रभावित किया था.

    इस तूफान का नाम क़तर ने चुना है. यह नाम चक्रवातों के लिए बनाए गए मानकों के अनुसार रखा गया है.

  12. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    पीएम मोदी ने ब्रिक्स के आख़िर में ऐसा क्या कहा कि चीन और रूस को चुभने वाला बताया जा रहा- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    युवराज सिंह की संस्था का ब्रेस्ट कैंसर पर विज्ञापन विवाद में क्यों- इस ख़बर को पढ़ने यहां क्लिक करें.

    बेरूत पर घातक इसराइली हमले में बचने वालों ने क्या बताया- इस ख़बर को पढ़ने यहां क्लिक करें.

    एलन मस्क और मुकेश अंबानी के बीच आख़िर किस बात की चल रही है 'लड़ाई'- इस ख़बर को पढ़ने यहां क्लिक करें.