You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दूसरे वनडे में भारत को श्रीलंका ने 32 रनों से हराया, सिरीज़ में बनाई 1-0 की बढ़त

श्रीलंका के लिए अविष्का फर्नांडो और कमिदु मेंडिस ने सबसे ज़्यादा 40 रन बनाए. वहीं भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, उन्होंने तीन विकेट लिए.

सारांश

  • पेरिस ओलंपिक 2024: हॉकी में ब्रिटेन को हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंचा भारत
  • बांग्लादेश में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें, 50 से अधिक की मौत
  • नोवाक जोकोविच ने पेरिस ओलंपिक में मेंस सिंगल टेनिस का फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर गोल्ड अपने नाम कर लिया है.
  • बांग्लादेश के सिलहेट स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग ने देश में रह रहे भारतीयों और छात्रों के लिए एडवाइज़री जारी की है.
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वेलोदोमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनको अमेरिका निर्मित पहला एफ़-16 फ़ाइटर जेट मिल गया है.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. ब्रिटेन में हिंसक प्रदर्शन के दौरान 90 से अधिक लोगों को किया गया गिरफ़्तार

    धुर दक्षिणपंथियों के आप्रवासी विरोध प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद शनिवार को ब्रिटेन में 90 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

    हल, लिवरपूल, ब्रिस्टल, मैनचेस्टर, ब्लैकपूल और बेलफास्ट में दुकानों को लूटा गया और पुलिस अधिकारियों पर हमले किए गए. लेकिन सारे प्रदर्शन हिंसक नहीं थे.

    प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने नफ़रत फैलाने का प्रयास करने वाले अतिवादियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने को लेकर पुलिस को सरकार का पूरा समर्थन देने का वादा किया है.

    सोमवार को साउथपोर्ट के मर्सीसाइड में टेलर स्विफ्ट थीम पार्टी में हुई तीन लड़कियों की हत्या के बाद से तनाव काफ़ी बढ़ा हुआ है.

    लिवरपूल में पुलिस वालों पर ईंटें, बोतलें और फ्लेयर फेंके गए, कुर्सी फेंके जाने से एक पुलिस वाले के सिर में भी चोट आई और दूसरे पुलिसकर्मी को लात मारकर बाइक से गिरा दिया गया.

    मर्सीसाइड पुलिस ने कई पुलिस कर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है. पुलिस का कहना है कि दो कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया है. एक कर्मी की नाक टूटने और दूसरे कर्मी का जबड़ा टूटने की आशंका है.

    मर्सीसाइड पुलिस ने कहा है कि उसने 23 लोगों को गिरफ्तार किया है.

    शनिवार को हुई सरकार के मंत्रियों की बैठक में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के प्रवक्ता ने कहा था कि, पीएम ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार और जो हिंसा हम देख रहे हैं दोनों अलग चीज़ें हैं.

    पीएम ने आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सरकार का समर्थन देने की बात कही थी.

  2. विवादों में रहीं मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ ने पेरिस ओलंपिक में पक्का किया पदक

    पेरिस ओलंपिक में विवादों में रहीं अल्जीरिया की मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ ने ओलंपिक में अपना पदक पक्का कर लिया है.

    अल्जीरिया की मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ ने 66 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फ़ाइनल में हंगरी की मुक्केबाज़ अन्ना लुका हमोरी को 5:0 से हराकर ओलंपिक में अपना पदक पक्का किया है.

    ओलंपिक में गुरुवार को हुए एक महिला बॉक्सिंग मैच के बाद विवाद होने से ईमान ख़लीफ़ चर्चा में आ गई थीं.

    गुरुवार को इटली की मुक्केबाज़ एजेंला करिनी और अल्जीरिया की मुक्केबाज़ ईमान ख़लीफ़ के बीच हुआ मैच महज़ 46 सेकेंड में ही खत्म हो गया था.

    एजेंला करिनी ने बीबीसी स्पोर्ट से कहा था, ''मैं मैच पूरा नहीं कर पाई. मेरी नाक में तेज़ दर्द हुआ और मैंने अपने इस अनुभव के बाद ख़ुद से कहा कि मेरे पास जो अनुभव और महिला के रूप में जो परिपक्वता है, उसमें मेरा देश इसका बुरा नहीं मानेगा. मेरे पिता भी बुरा नहीं मानेंगे. लेकिन मैं रुक गई. मैंने ख़ुद से रुकने को कहा.''

    उन्होंने कहा था, ''ये मेरी पूरी ज़िंदगी के लिए यादगार मैच हो सकता था लेकिन उस वक़्त अपनी जान भी बचानी थी."

    इसके बाद इस मैच को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. ईमान ख़लीफ़ के बायोलॉजिकली पुरुष होने पर बहस शुरू हो गई थी.

    विवाद को बढ़ता देख पेरिस ओलंपिक की बॉक्सिंग यूनिट और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर अपना पक्ष रखा था.

    आईओसी ने अपने बयान में कहा था कि पेरिस ओलंपिक के बॉक्सिंग टूर्नामेंट में सभी खिलाड़ी पात्रता और प्रवेश नियमों के मुताबिक हिस्सा ले रहे थे. साथ ही सभी खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक की बॉक्सिंग यूनिट के तय किए मेडिकल नियमों का अनुपालन भी करते हैं.

  3. यूक्रेन ने रूस की पनडुब्बी को डुबोने का किया दावा

    यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि उसने रूस के क़ब्ज़े वाले क्राइमिया के बंदरगाह पर खड़ी रूस की एक पनडुब्बी को हमला कर डुबो दिया है.

    यूक्रेन के जरनल स्टाफ ने बयान जारी कर बताया है कि रूस की किलो क्लास जंगी पनडुब्बी रोस्तोव-ऑन-डॉन जो 2014 में लॉन्च की गई उसे शुक्रवार को मिसाइल से हमला कर डुबो दिया गया है.

    रूस की पनडुब्बी रोस्तोव-ऑन-डॉन पर यह हमला शुक्रवार को पोर्ट सिटी सेवस्तोपोल में किया गया है.

    यह पनडुब्बी कथित तौर पर रूस के काले सागर में ऑपरेट की जा रही चार पनडुब्बियों में से एक है. काले सागर में रूस की ओर से ऑपरेट किए जाने वाला बेड़ा कैलिबर क्रूज़ मिसाइलों को लॉन्च करने में सक्षम है.

    यूक्रेन के इस दावे को लेकर रूस के रक्षा मंत्रालय ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है.

    यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में चार एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम को भी तबाह किया गया है जो रूस के अवैध कब्जे़ वाले क्षेत्र की रक्षा कर रहे थे.

    यूक्रेन के जनरल स्टाफ के बयान में कहा गया है कि रोस्तोव-ऑन-डॉन की तबाही ने एक बार फिर यह साबित किया है कि यूक्रेन के नियंत्रण वाले काले सागर के क्षेत्र में रूसी बेड़े के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं है.

  4. अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा- जैसा भी टिकट मिले तुरंत लेबनान से निकलो

    मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को देखते हुए लेबनान की राजधानी बेरूत स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को किसी भी उपलब्ध टिकट पर जल्द से जल्द लेबनान छोड़ने को कहा है.

    इसी तरह की चेतावनी इससे पहले ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने भी जारी की थी. लैमी ने कहा था कि क्षेत्र में स्थिति तेज़ी से बिगड़ सकती है.

    बुधवार को तेहरान में हुई हमास के नेता इस्माइल हनिया की मौत के बाद ईरान ने इसराइल पर जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है.

    इसराइल के बेरूत में हिज़बुल्लाह के कमांडर फौद शुक्र को मारने का दावा किए जाने के कुछ घंटों बाद ही हनिया की मौत की ख़बर सामने आई थी.

    रविवार रात को उत्तरी इसराइल के बेत हिलेल इलाके़ में हिज़बुल्लाह ने कई रॉकेट दागे थे.

    सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो में एयर डिफेंस सिस्टम को मिसाइलों को निष्क्रिय करते देखा जा सकता है. किसी की मौत होने की जानकारी सामने नहीं आई है.

    जॉर्डन के विदेश मंत्री ने भी चेतवानी जारी करते हुए अपने नागरिकों से तुरंत लेबनान छोड़ने की अपील की है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    3 अगस्त की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें