पाकिस्तान में 30 एकड़ ज़मीन को लेकर सांप्रदायिक हिंसा, 43 लोगों की मौत
कुर्रम के पारा चिनार के उपनगर बुशेहरा में ये घटना हुई है.
सारांश
- राहुल गांधी ने संसद में भाषण देते हुए केंद्रीय बजट को बीजेपी का चक्रव्यूह कहा
- पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का अर्जेंटीना के खिलाफ मैच 1-1 से ड्रॉ रहा
- ब्रिटेन के साउथपोर्ट में चाकूबाज़ी से कम से कम 8 लोग घायल
- बॉम्बे हाई कोर्ट ने पतंजलि आयुर्वेद पर चार करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया
- पाकिस्तान में 30 एकड़ ज़मीन को लेकर सांप्रदायिक हिंसा में 43 लोगों की मौत
लाइव कवरेज
दीपक मंडल
इसराइली पीएम अमेरिका दौरा के बीच से ही आए वापस, हिज़्बुल्लाह को दी भारी क़ीमत चुकाने की धमकी

इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइल के नियंत्रण वाले गोलान हाइट्स पर रॉकेट हमले के बाद प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू अपना अमेरिकी दौरा बीच में छोड़ कर वापस आ गए हैं. लौटने के बाद उन्होंने अपनी सिक्योरिटी कैबिनेट की बैठक की.
सिक्योरिटी कैबिनेट की मीटिंग के दौरान प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री योआव गैलेंट को लेबनानी चरमपंथी संगठन हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया.
इस बीच,अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है- संकेत यही है कि गोलान हाइट्स पर हिज़्बुल्लाह ने ही रॉकेट दागे हैं.

इमेज स्रोत, EPA
शनिवार को गोलान हाइट्स में फुटबॉल की एक पिच पर दागे गए रॉकेट से 12 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में ज़्यादातर बच्चे हैं.
हमले के तुरंत बाद इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि हिज़्बुल्लाह को इसकी भारी क़ीमत चुकानी होगी. इसके कुछ ही घंटे बाद इसराइल ने लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले किए.
बीते अक्टूबर में जब हमास ने इसराइल पर हमला बोला और इसके जवाब में इसराइल ने ग़ज़ा में लगातार सैन्य अभियान चला रहा है, तबसे ही हिज़्बुल्लाह के साथ तनाव बढ़ रहा है.
इसराइल-हिज़्बुल्लाह के बीच घोषित जंग का ख़तरा लगातार मंडरा रहा है और डर है कि अगर युद्ध छिड़ता है तो पूरे मध्य-पूर्व में व्यापक युद्ध फैल जाएगा.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.
28 जुलाई की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
