दूसरे टी20 मैच में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर सिरीज़ अपने नाम की

डकवर्थ लुईस नियम (डीएलएस) से भारत को जीत के लिए आठ आवरों में 78 रनों का लक्ष्य दिया गया जिसे भारत ने तीन विकेट के नुक़सान पर हासिल कर लिया.

सारांश

  • गोलान हाइट्स हमला: मृतकों को विदा देने पहुंचे हज़ारों लोग, अंतरराष्ट्रीय जगत ने संयम बरतने की अपील की
  • पेरिस ओलंपिक 2024: मनु भाकर ने शूटिंग में पदक जीतकर भारत का खाता खोला
  • कोचिंग सेंटर हादसा: डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने कहा, छात्रों पर नहीं हुआ लाठीचार्ज
  • सीयूईटी-यूजी के नतीजे घोषित, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बताया कैसे देखें रिज़ल्ट
  • श्रीलंका बनी वुमेन एशिया कप की विजेता, भारत को आठ विकेट से हराया

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, दूसरे टी20 मैच में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर सिरीज़ अपने नाम की

    सूर्यकुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय टीम ने रविवार को दूसरे टी20 मैच में श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया है. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका ने भारत को 162 रनों का लक्ष्य दिया था.

    लेकिन भारतीय पारी शुरू होते ही तीन गेंद बाद बारिश होने लगी और मैच को रोकना पड़ा.

    इसके बाद डकवर्थ लुईस नियम (डीएलएस) से भारत को जीत के लिए आठ आवरों में 78 रनों का लक्ष्य दिया गया जिसे भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.

    भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जयसवाल ने सबसे ज़्यादा 30 रन बनाए. वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली.

    श्रीलंका की तरफ से कुसल मेंडिस ने सबसे ज़्यादा 53 रनों की पारी खेली. वहीं पथुम निसंका ने 32 और कमिंदु मेंडिस ने 26 रन बनाए.

    भारत के लिए रवि बिश्नोई ने तीन विकेट अपने लिए.

    भारतीय टीम इस समय श्रीलंका के दौरे पर है, यहां उसे तीन टी-20 और तीन एकदिवसीय मैचों की सिरीज़ खेलनी है. पहले टी-20 मैच में भी भारत ने श्रीलंका को 43 रनों से हराया था.

    भारत ने तीन टी20 मैचों की सिरीज़ में 2 मैच जीतकर सिरीज़ अपने नाम कर लिया है.

  2. गोलान हाइट्स हमला: मृतकों को विदा देने पहुंचे हज़ारों लोग, अंतरराष्ट्रीय जगत ने संयम बरतने की अपील की

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Reuters

    रविवार को इसराइल के कब्ज़े वाले गोलान हाइट्स में रॉकेट हमले में मारे गए बच्चों और युवाओं के अंतिम संस्कार के लिए हज़ारों लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई.

    गोलान हाइट्स में फुटबॉल की एक पिच पर हिज़्बुल्लाह की ओर से दागा गया रॉकेट गिरा जिसमें 12 बच्चे और किशोर मारे गए थे.

    हालांकि हिज़्बुल्लाह ने इसराइल पर ही गोलान हाइट्स पर हमला करने का आरोप लगाया है.

    हिज़्बुल्लाह ने ड्रूज शहर, मजदल शम्स पर रॉकेट हमले की ज़िम्मेदारी से इनकार किया है.

    अपने एक बयान में हिज़्बुल्लाह ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है कि इसराइली मिसाइलें निशाना चूकते हुए मजदल शम्स और गोलान हाइट्स के इलाके में जाकर गिर गई हैं.

    वहीं इसराइल का यह कहना है कि हमला हिज़्बुल्लाह ने किया है.

    रविवार की सुबह इसराइली सेना ने कहा कि उसने लेबनान के काफी अंदर हिज़्बुल्लाह के सात ठिकानों पर हमला किया है. अभी ये पता नहीं चल पाया है कि इस हमले में कितने लोग हताहत हुए हैं.

    इस बीच वैश्विक नेताओं ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है.

    प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू भी अमेरिका की अपनी यात्रा को ज़ल्द ख़त्म कर इसराइल लौट आए हैं. नेतन्याहू के ऑफिस से जारी एक बयान में कहा गया है कि वे कैबिनेट की बैठक करेंगे.

    सात अक्टूबर 2023 के बाद इसराइल की उत्तरी सीमा पर किया गया ये हमला मौतों के लिहाज़ से सबसे घातक था.

    हमले के तुरंत बाद इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि हिज़्बुल्लाह को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी. इसके कुछ ही घंटे बाद इसराइल ने लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले किए.

    बीते अक्टूबर में जब हमास ने इसराइल पर हमला बोला और इसके जवाब में इसराइल ने ग़ज़ा में लगातार सैन्य अभियान चला रहा है तबसे ही हिज़्बुल्लाह के साथ तनाव बढ़ रहा है.

    इसराइल-हिज़्बुल्लाह के बीच घोषित जंग का ख़तरा लगातार मंडरा रहा है और डर है कि अगर युद्ध छिड़ता है तो पूरे मध्यपूर्व में व्यापक युद्ध फैल जाएगा.

    हिज़्बुल्ला को ईरान का व्यापक समर्थन प्राप्त है, जोकि इसराइल का कट्टर दुश्मन है.

  3. श्रीलंका ने दूसरे टी-20 में भारत को दिया 162 रनों का लक्ष्य

    भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव और श्रीलंका के कप्तान चतिथ असलांका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव और श्रीलंका के कप्तान चतिथ असलांका

    भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टी-20 मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंका की टीम ने भारत को 161 रनों का लक्ष्य दिया है.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. हालांकि पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंका ने सधी हुई शुरुआत की.

    लेकिन नियमित अंतराल पर उसके विकेट भी गिरते रहे. श्रीलंका के लिए सबसे ज़्यादा रन कुसल परेरा ने बनाए.

    कुसल ने 53 रनों की पारी खेली. वहीं पथुम निसंका ने 32 और कमिंदु मेंडिस ने 26 रनों का योगदान दिया. भारत के लिए रवि बिश्वनोई ने सबसे अच्छी गेंदबाज़ी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए.

    भारतीय टीम इन समय श्रीलंका के दौरे पर है, जहां उसे तीन टी-2- और तीन वडे मैचों की सिरीज़ खेलनी है. पहले टी-20 मैच में भी भारत ने श्रीलंका को 43 रनों से हराया था.

  4. उत्तराखंडः हाथ दांत बेचने निकले थे, पुलिस टीम ने तीन तस्करों को किया गिरफ़्तार, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

    हाथी दांत

    इमेज स्रोत, Asif Ali

    हाथी के दांत की तस्करी करने वाले तीन अंतरराज्यीय वन्य जीव तस्करों को उत्तराखंड एसटीएफ़, केंद्रीय वन विभाग और हरिद्वार की श्यामपुर थाना पुलिस ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में गिरफ़्तार किया है.

    तीनों तस्कर हाथी दांत को बेचने के लिए निकले थे.

    एसटीएफ़ के सीओ आरबी चमोला के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अबुल क़लाम और श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा की टीम ने यह कार्रवाई की है.

    हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हाथी का शिकार कहां किया गया था. बरामद हाथी दांत की कीमत लाखों रुपए में बता जा रही है.

    उत्तराखंड एसटीएफ़ के पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल ने बताया, “राज्य में वन्य जीव अंगों की अवैध तस्करी रोकने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमान ने हाल ही में निर्देश जारी किए थे.”

    निर्देश के तहत उत्तराखण्ड एसटीएफ़, तराई केन्द्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर व थाना श्यामपुर की संयुक्त टीम ने एक ज्वांइट ऑपरेशन में कल शाम थाना श्यामपुर जनपद हरिद्वार क्षेत्र से 3 अन्तर्राज्यीय वन्यजीव तस्करों को गिरफ़्तार किया.

    आयुष अग्रवाल ने बताया कि उनके कब्जे से सात किलो के हाथी दांत को बरामद किया गया.

    हाथी जिसे वन्यजीव जन्तु संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में रखा गया है, इसका शिकार करना एक गम्भीर अपराध है.

  5. दिल्ली कोचिंग सेंटर हादसा: अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी से किया सवाल- यही है केजरीवाल का मॉडल?

    अनुराग ठाकुर (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty

    इमेज कैप्शन, अनुराग ठाकुर (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के राजेंद्र नगर कोचिंग हादसे पर बयान देते हुए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा.

    अनुराग ने कहा, "आज दिल्ली की क्या हालत कर दी इन्होंने. झीलों का शहर बनाना था इन्हें दिल्ली को. तीन नौजवान बच्चे एक बेसमेंट में डूब कर मर जाते हैं, देश की राजधानी में. ये अरविंद केजरीवाल का मॉडल है. ये आम आदमी पार्टी का मॉडल है."

    अनुराग ने कहा कि, "इन्होंने दिल्ली को किस स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है. उन परिवारों से पूछिये जिन्होंने अपने नौजवान बच्चों को खोया है. क्या बीत रही होगी उनपर."

    अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा "जिनको उज्जल भविष्य के लिए कोचिंग सेंटर भेजा गया था, क्या पता था कि बेसमेंट उनको निगल जाएगा."

    दिल्ली की घटना पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी एक एक्स पोस्ट करते हुए लिखा, "दिल्ली स्थित कोचिंग सेंटर में एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हुई विद्यार्थियों की मृत्यु अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं."

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस दुर्घटना में असमय हुए जनपद अंबेडकर नगर की छात्रा के शोकाकुल परिजनों से मिलने और दिल्ली के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी हरसंभव मदद करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है.

  6. दिल्ली राजेंद्र नगर हादसा: दिवंगत श्रेया यादव के चाचा ने कहा- प्रशासन ने हमें जानकारी नहीं दी

    श्रेया यादव यूपी के अंबेडकरनगर की रहने वाली थीं.

    इमेज स्रोत, श्रेया यादव यूपी के अंबेडकरनगर की रहने वाली थीं.

    इमेज कैप्शन, श्रेया यादव यूपी के अंबेडकरनगर की रहने वाली थीं.

    दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में हुए हादसे की वजह से जान गंवाने वाली श्रेया के चाचा धमेंद्र यादव ने कहा है कि प्रशासन की ओर से उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली.

    धमेंद्र यादव ने बीबीसी से बात करते हुए कहा, "प्रशासन ने हमसे संपर्क नहीं किया. सिर्फ पोस्टमार्टम के लिए फ़ोन आया था."

    "न्यूज़ के माध्यम से हमें जानकारी मिली थी और हम खुद यहां आ गए थे. यहां आकर हमने खुद ही आकर पता लगाया. आधिकारिक तौर पर हमें अभी किसी ने कुछ नहीं बताया."

    श्रेया यादव उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर की रहने वाली थीं.

    दिल्ली के राजेंद्र नगर में शनिवार शाम एक कोचिंग सेंटर की बेसमेंट में पानी भर गया. इस हादसे की वजह से तीन बच्चों की जान चली गई है.

  7. मनु भाकर ने मेडल जीतने के बाद भगवद् गीता को लेकर क्या कहा

    मनु भाकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनु भाकर

    पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने वाली य़ूटर मनु भाकर ने एक सोशल मीडिया एक्स पोस्ट के ज़रिए उनका समर्थन करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया है.

    मनु भाकर ने पोस्ट किया, "यह पदक जीतना मेरे लिए ही नहीं बल्कि मेरा समर्थन करने वाले सभी लोगों के लिए एक सपना सच होने जैसा है."

    मनु ने सभी का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि मैं NRAI, SAI, युवा मामले और खेल मंत्रालय, कोच जसपाल राणा सर, हरियाणा सरकार और OGQ की तहे दिल से आभारी हूं.

    उन्होंने लिखा, "मैं इस जीत को अपने देश को उनके अविश्वसनीय समर्थन और प्यार के लिए समर्पित करती हूं."

    मनु भाकर ने यह भी कहा कि मैं गीता पढ़ती हूं. गीता में कृष्ण, अर्जुन से कहते हैं कि तुम अपने कर्म पर ध्यान दो और फल की चिंता मत करो. मेरे दिमाग में यही चल रहा था. मैं बस यही सोच रही थी कि मुझे मेरा काम करना है.

    मनु भाकर ने रविवार को 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में 221.7 प्वाइंट हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता.

    इसी के साथ मनु शूटिंग में ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी भी बन गई हैं.

  8. सीयूईटी-यूजी के नतीजे घोषित, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बताया कैसे देखें रिज़ल्ट

    एनटीए ने जारी किया सीयूईटी का रिज़ल्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एनटीए ने जारी किया सीयूईटी का रिज़ल्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रविवार को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस एग्ज़ाम टेस्ट (CUET) के नतीजे जारी कर दिए हैं.

    एनटीए ने एक पब्लिक नोटिस जारी कर बताया है कि कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सीयूईटी का एग्ज़ाम हाइब्रिड मोड में आयोजित कराया था. यानी छात्रों के पास परीक्षा देने के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट या फिर पेन-पेपर मोड दोनों का ही विकल्प मौजूद था.

    एनटीए ने सीयूईटी टेस्ट 15, 16, 17, 18, 21, 22, 24 और 29 मई 2024 को आयोजित कराया था. इस टेस्ट में कुल 13.48 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे.

    एनटीए ने जारी किया सीयूईटी का रिजड़ल्ट

    इमेज स्रोत, nta.ac.in

    इमेज कैप्शन, एनटीए ने जारी किया सीयूईटी का रिज़ल्ट

    सीयूईटी की परीक्षाओं को भारत में कुल 379 शहरों और देश के बाहर कुल 26 शहरों में आयोजित कराया गया था.

    एनटीए के मुताबिक़ अगर परीक्षार्थी को रिज़ल्ट को लेकर कोई शिकायत दर्ज करानी है तो वो 24 घंटों के बीतर rescuetug@nta.ac.in पर अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं.

  9. दिल्ली कोचिंग सेंटर हादसा: डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने कहा, छात्रों पर नहीं किया गया लाठीचार्ज

    सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी एम हर्षवर्द्धन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी एम हर्षवर्द्धन

    दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके़ में एक इमारत के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के मामले पर अब डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन का बयान सामने आया है.

    डीसीपी हर्षवर्धन ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “छात्रों पर कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ है बल्कि उन पर हल्का बल प्रयोग करके रोड जाम को खाली कराया गया है.”

    डीसीपी ने यह भी कहा, ”हमने कोई कसर नहीं छोड़ी है. फिर चाहे वो उचित क़ानूनी कार्रवाई हो या फिर दोषियों को गिरफ़्तार करना हो. हम और हमारी पूरी टीम स्टुडेंट्स की भावनाओं का बहुत अच्छी तरह से समझते हैं.”

    डीसीपी का कहना है कि उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कई बार अनुरोध किया वो रास्ते से हट जाएं और पूसा रोड को जाम ना करें.

    शनिवार को राजेंद्र नगर इलाक़े में एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोगों की मौत हो गई थी.

  10. श्रीलंका बनी वुमेन एशिया कप की विजेता, भारत को आठ विकेट से हराया

    श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम (फ़ाइल फ़ोटो)

    वुमेन एशिया कप में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया है.

    फ़ाइनल में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका को 166 रनों का लक्ष्य दिया था.

    इसे श्रीलंका ने केवल दो विकेट खोकर 18.4 ओवरों में हासिल कर लिया. हालांकि श्रीलंका का पहला विकेट केवल 7 रन पर ही गिर गया था.

    लेकिन उसके बाद कप्तान चमरी अतापत्तू और हर्षिता समरविक्रमा के बीच 87 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई. कप्तान चमरी अतापत्तू ने 61 और हर्षिता ने नाबाद 69 रनों की पारी खेली.

    इसके अलावा कविशा दिलहारी ने भी नाबाद 30 रनों का योगदान दिया. भारत की तरफ़ से दीप्ति शर्मा ही एक विकेट लेने में कामयाब हो सकीं.

    इससे पहले भारत ने भी पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सधी हुई शुरुआत की. भारत की तरफ से ओपनर स्मृति मंधाना ने सबसे ज़्यादा 60 रन बनाए थे.

    भारत ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया था.

  11. दिल्ली फायर सर्विसेज़ के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने कहा, मापदंडों के अनुसार इमारत को दी गई थी एनओसी

    राजेंद्र नगर में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाली छात्रा
    इमेज कैप्शन, राजेंद्र नगर में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाली छात्रा

    दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग में हुए हादसे पर दिल्ली फायर सर्विसेज़ के डायरेक्टर अतुल गर्ग का कहना है कि, "क़रीब 7 बजकर 12 मिनट पर हमने दमकल की पांच गाड़ियां भेजी थीं. लेकिन जब तक गाड़ियां वहां पहुंची, बेसमेंट में पानी भर गया था."

    अतुल गर्ग ने कहा कि जो भी पानी पंप के ज़रिए सड़क पर फेंका जा रहा था वो वापस बेसमेंट में चला जा रहा था.

    उन्होंने कहा, "जब सड़क का पानी थोड़ा कम हुआ तब जाकर बेसमेंट से पानी बाहर निकाला जा सका. उसके बाद हमें वहां तीनों बच्चों के शव मिले."

    बिल्डिंग को फ़ायर एनओसी दिए जाने के सवाल पर अतुल गर्ग ने कहा कि इस बिल्डिंग को फ़ायर मापदंडों के हिसाब से एनओसी दिया गया था.

    अतुल गर्ग ने कहा, "ये हादसा इसलिए हुआ क्योंकि क्योंकि मालिक ने जानबूझ कर बेसमेंट का ग़लत इस्तेमाल किया. हम इस पर कार्रवाई करेंगे और इनका एनओसी भी रद्द करेंगे. हम दूसरी अथॉरिटीज़ से भी इन पर कार्रवाई करने के लिए कहेंगे."

  12. समाजवादी पार्टी ने माता प्रसाद पांडेय को बनाया यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष

    अखिलेश यादव के सात माता प्रसाद पांडे (बाएं से पहले)

    इमेज स्रोत, @yadavakhilesh

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव के सात माता प्रसाद पांडे (बाएं से पहले)

    उत्तर प्रदेश विधानसभा में माता प्रसाद पांडेय नए नेता प्रतिपक्ष चुने गए हैं.

    सामजवादी पार्टी प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट के ज़रिए उनको इसकी बधाई दी है.

    अखिलेश ने अपनी पोस्ट में लिखा “अति वरिष्ठ समाजवादी नेता श्री माता प्रसाद पांडेय जी के उप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ!”

    माता प्रसाद पांडे ने बयान देते हुए कहा कि जो बैठक हुई है उसमें सरकार की जो नाक़ामियां हैं, चाहे वो बिजली की समस्या हो या क़ानून की समस्या हो, बेरोजगारी की समस्या हो या भ्रष्टाचार की समस्या हो, सभी पर बात हुई है. हम विधानसभा में सरकार को उसपर घेरने की कोशिश करेंगे.

    इससे पहले सामाजवादी पार्टी ने भी एक ज्ञापन जारी कर इसकी सूचना दी थी. ज्ञापन के अनुसार महबूब अली को अधिष्ठाता मंडल, कमाल अख्तर को मुख्य सचेतक और राकेश कुमार को उपसचेतक नियुक्त किया गया है.

    इससे पहले अखिलेश यादव ही उत्तर प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष थे. लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के कन्नौज से जीतने के बाद अखिलेश संसद चले गए थे.

    अब अखिलेश की जगह उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी माता प्रसाद पांडे निभाते नज़र आएंगे.

  13. राहुल गांधी ने मनु भाकर को ओलंपिक में पदक जीतने पर दी बधाई

    ओ ये जिन और किम येजी के साथ मनु भाकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ओ ये जिन और किम येजी के साथ मनु भाकर

    मनु भाकर के पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला मेडल जीतने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मे भी खुशी जताई है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट करते हुए लिखा, “पेरिस ओलंपिक गेम्स 2024 में भारत को अपना पहला पदक जीतते देखकर गर्व हुआ!”

    मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर शूटिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है.

    राहुल गांधी ने लिखा, ”ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज. हमारी बेटियों ने हमें एक शानदार शुरुआत दी है. आगे भी बहुत कुछ होगा.”

    भारतीय निशानेबाज़ मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में रविवार को 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग के महिला वर्ग के फ़ाइनल में तीसरे स्थान पर रही हैं.

    उन्हें कांस्य पदक मिला है. इसी के साथ पेरिस ओलंपिक में भारत को अपना पहला पदक मिल गया है.

    उन्हें मुक़ाबले में 221.7 प्वाइंट हासिल हुए हैं. इसी के साथ मनु भाकर भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं.

    इस मुक़ाबले में पहला और दूसरा स्थान पर दक्षिण कोरिया की खिलाड़ियों को मिला. दक्षिण कोरिया की ओ ये जिन 243.2 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहीं वहीं 241.3 अंकों के साथ दूसरा स्थान किम येजी को मिला.

  14. पेरिस ओलंपिक: रामिता जिंदल ने 10 मीटर एयर राइफ़ल प्रतियोगिता के फ़ाइनल में बनाई जगह

    पेरिस ओलंपिक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेरिस ओलंपिक

    पेरिस ओलंपिक के 10 मीटर एयर राइफ़ल महिला क्वालिफिकेशन राउंड में रामिता जिंदल ने फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली है.

    स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ने इस बारे में एक एक्स पोस्ट करते हुए लिखा कि रामिता जिंदल ने 631.5 के स्कोर के साथ फाइनल में जगह बनाई, वे 5वें स्थान पर रहीं.

    स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि एलावेनिल वलारिवन ने 630.7 के स्कोर के साथ 10वां स्थान हासिल किया.

    वहीं पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. शनिवार को हुए ग्रुप-बी के एक मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को तीन के मुक़ाबले दो गोल से हरा दिया.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, पेरिस ओलंपिक 2024: मनु भाकर ने शूटिंग में पदक जीतकर भारत का खाता खोला

    मनु भाकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनु भाकर

    पेरिस ओलंपिक में भारतीय शूटर मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर भारत को पहला मेडल दिलाया है. मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीता है. मनु भाकर 221.7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.

    मनु भाकर के पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा, “एक ऐतिहासिक पदक! बहुत बढ़िया मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला पदक जीतने के लिए.”

    प्रधानमंत्री ने मनु को बधाई देते हुए लिखा कि, कांस्य पदक के लिए बधाई.यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं. एक अविश्वसनीय उपलब्धि!

    प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही उम्मीद की जा रही थी कि मनु भारत को पहला पदक दिला सकेंगी.

    शनिवार को क्वालिफ़िकेशन राउंड में मनु भाकर ने 580 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहकर फ़ाइनल में अपने लिए जगह बनाई थी.

    टोक्यो ओलंपिक 2020 में मनु भाकर इसी इवेंट में 12वें स्थान पर रही थीं. भाकर ने इनर 10 में 27 बार शॉट लगाए, जो क्वालिफ़िकेशन में किसी भी अन्य शूटर से ज़्यादा हैं.

    साल 2021 में मनु भाकर ने 'बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर ऑफ़ द ईयर 2020' अवॉर्ड जीता था.

    इसी प्रतियोगिता में ओ यी जिन ने गोल्ड मेडल और साउथ कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता है.

  16. वुमेन एशिया कप फ़ाइनल: भारत ने टॉस जीता, स्मृति मंधाना-शेफ़ाली वर्मा ने की सधी हुई शुरुआत

    भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर

    वुमेन एशिया कप का फ़ाइनल मैच भारत और श्रीलंका के बीच हो रहा है. फ़ाइनल मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सधी हुई शुरुआत की है.

    फ़ाइनल में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. एशिया कप का यह फ़ाइनल मैच श्रीलंका के रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    भारतीय टीम ने बांग्लादेश की टीम को 10 विकेट से हराकर फ़ाइनल में अपनी जगह बनाई है. वहीं श्रीलंका की टीम पाकिस्तान को हराकर फ़ाइनल तक पहुंची है.

    टीम इंडिया प्लेइंग स्कॉड- स्मृति मंधाना, शेफ़ाली वर्मा, उमा छेत्री, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, तनुजा कंवर, रेणुका ठाकुर सिंह.

    श्रीलंका प्लेइंग स्कॉड- विष्मी गुणारत्ने , चमरी अतापत्तू (c), हर्षिता समाराविक्रमा, नीलाक्षी डिसिल्वा, हसिनी परेरा, कविशा दिलहारी, अनुष्का संजीवनी, सुगंधिका कुमारी, इनोशी प्रियदर्शिनी, उदेशिका प्रबोधनी, सचिनी निसांसला.

  17. राजेंद्र नगर हादसे पर राहुल गांधी ने कहा- ये पूरे सिस्टम की असफलता

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी

    दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाक़े के कोचिंग सेंटर में हुए हादसे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स एक पोस्ट के ज़रिए अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    राहुल गांधी ने लिखा, "दिल्ली की एक बिल्डिंग के बेसमेंट में पानी भर जाने के कारण प्रतियोगी छात्रों की मृत्यु बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है."

    राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में बीते दिनों करंट लगने से हुई एक छात्र की मौत पर भी दुख ज़ाहिर करते हुए लिखा, "कुछ दिन पहले बारिश के दौरान बिजली का करंट लगने से एक छात्र की मृत्यु हुई थी. सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी भावपूर्ण संवेदनाएं व्यक्त करता हूं."

    राहुल गांधी ने इस घटना को सिस्टम की असफलता क़रार दिया. उन्होंने कहा कि "इन्फ्रास्ट्रक्चर का ये कोलैप्स सिस्टम की संयुक्त असफलता है. असुरक्षित निर्माण, लचर टाऊन प्लानिंग और हर स्तर पर संस्थाओं की गै़रज़वाबदेही की क़ीमत आम नागरिक अपना जीवन गंवाकर चुका रहा है."

    राहुल ने यह भी कहा कि सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन हर नागरिक का अधिकार और सरकारों का दायित्व है.

    शनिवार को राजेंद्र नगर इलाक़े में एक यूपीएससी कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोगों की मौत हुई है.

  18. दिल्ली राजेंद्र नगर हादसा: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बोले- क्या दिल्ली में क़ानून काम कर रहा है?

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाक़े के कोचिंग सेंटर में हुए हादसे पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाए हैं.

    पवन खेड़ा ने कहा है कि क्या दिल्ली में कानून अपना काम कर रहा है?

    पवन खेड़ा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "बेसमेंट में पानी भरने की वजह से तीन बच्चों की जान चली गई. यह प्राकृतिक आपदा नहीं है, बल्कि यह मानव के द्वारा बनाई गई त्रासदी है."

    "दिल्ली में दूसरे राज्यों से पढ़ने के लिए बच्चे आते हैं. लेकिन क्या यह देखा जा रहा है जो ये कोचिंग सेंटर चल रहे हैं इनका ढांचा क़ानूनी तौर पर सही है? पानी के निकलने का क्या प्रबंधन है. क्या एमसीडी इन सब को देख रहा है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    पवन खेड़ा ने कहा, "ये वो सवाल हैं जो कि इस हादसे के इर्द-गिर्द घूम रहे हैं. पिछले हफ्ते भी दिल्ली में करंट लगने की वजह से एक बच्चे की जान चली गई. क्या पढ़ने आ रहे बच्चों को इस तरह के हालात का सामना करना पड़ेगा. कार्रवाई होनी चाहिए और जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. इस शहर में ऐसा नहीं हो सकता है."

    शनिवार शाम राजेंद्र नगर के एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने की वजह से तीन बच्चों की मौत हो गई है.

  19. दिल्ली के राजेंद्र नगर हादसे के लिए एमसीडी की मेयर ने किसे ज़िम्मेदार ठहराया?

    शैली ओबेरॉय (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शैली ओबेरॉय (फाइल फोटो)

    दिल्ली नगर निगम की मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा है कि राजेंद्र नगर इलाक़े में हुए हादसे के लिए ज़िम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

    शनिवार को राजेंद्र नगर इलाक़े में एक यूपीएससी कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोगों की मौत हुई है.

    शैली ओबेरॉय ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "यह दुखद है कि तीन बच्चों की मौत हुई है. मैंने एमसीडी कमिश्नर को दो आदेश दिए हैं. पहला दिल्ली में जितने भी कोचिंग सेंटर एमसीडी के अंतर्गत आते हैं और वो नियमों के ख़िलाफ़ चल रहे हैं, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए."

    "दूसरा आदेश ये है कि अगर एमसीडी का कोई भी अधिकारी इस मामले के लिए ज़िम्मेदार है तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए."

    शैली ओबेरॉय ने कहा, "इस बिल्डिंग का कम्पलीशन सर्टिफिकेट 2021 में मिला था. इसमें साफ साफ लिखा था कि बेसमेंट का इस्तेमाल स्टोरेज और कार पार्किंग के लिए होगा. गैरकानूनी तरीके से कोचिंग सेंटर बेसमेंट में चल रहे हैं तो उन पर कार्रवाई होगी. इस मामले में कोई अधिकारी भी ज़िम्मेदार होगा तो उस पर भी कार्रवाई होगी."

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    वहीं आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "दिल्ली के बहुत सारे इलाक़ों में कोचिंग सेंटर गैरकानूनी तरीके से बच्चों को पढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं."

    "जहां हादसा हुआ है वहां भी बेसमेंट में बच्चे पढ़ रहे थे. वहां से कोई गाड़ी गुज़री है और गुज़रते वक्त दरवाज़े से टक्कर हुई और पानी बेसमेंट में चला गया."

    दुर्गेश पाठक ने कहा, "लेकिन सवाल यही है कि बेसमेंट में बच्चे क्यों थे. बेसमेंट में लाइब्रेरी खोल रखी है, बच्चों को पढ़ाया जा रहा है. ये सब गैरकानूनी है और इनके ख़िलाफ़ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए."

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  20. देखिए: दिल्ली के राजेंद्र नगर में कोचिंग इंस्टीट्यूट की इमारत के बाहर अब क्या हैं हालात, ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता चंदन जजवाड़े, कैमरा: देवाशीष

    दिल्ली के राजेंद्र नगर में कोचिंग इंस्टीट्यूट में जहां तीन छात्रों की मौत हुई, उस इमारत के बाहर अब क्या हैं हालात. क्लिक करके देखिए.

    इमारत