You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सीरिया: अलेप्पो में विद्रोहियों के कब्ज़े वाले इलाक़े पर रूस ने किए हवाई हमले

ब्रिटेन स्थित निगरानी समूह सीरिया ऑब्ज़र्वेटरी फ़ॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) के अनुसार, सीरिया में विद्रोही गुटों ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो के अधिकतर हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है.

सारांश

  • महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष ने महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख़ के बारे में जानकारी दी है
  • दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऊपर शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने तरल पदार्थ फेंका है
  • चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों को लेकर कांग्रेस के सवालों का जवाब दिया है
  • वायनाड लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र में पहली जनसभा की है
  • संभल में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध, अखिलेश ने बीजेपी पर साधा निशाना

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अभिषेक पोद्दार

  1. इसराइल में रह रहे भारतीयों के बारे में राज्यसभा में पूछे गए सवाल पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

    इसराइल में रह रहे भारतीयों की स्थिति जानने के लिए राज्यसभा में पूछे गए सवाल का विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है.

    विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया, "इस समय इसराइल में करीब 32 हज़ार भारतीय श्रमिक हैं, जिनमें से करीब 12 हज़ार श्रमिक अक्तूबर 2023 के बाद इसराइल पहुंचे हैं."

    "भारत-इसराइल समझौते के तहत भारतीय श्रमिकों को इसराइली नागरिकों की तरह ही श्रम अधिकार दिए जाएंगे. साथ ही उन्हें उचित आवास, चिकित्सा बीमा और सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी."

    विदेश मंत्रालय ने बताया, "इस मौजूदा संघर्ष में दो भारतीय नागरिकों की मौत हुई है. एक की मौत मार्च 2024 में लेबनान से हुए हमले में हुई, जबकि दूसरे नागरिक की मौत मई 2024 में ग़ज़ा में हुई. इसके अलावा तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं."

    केरल से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (सीपीआई) के सांसद पीपी सुनीर ने 28 नवंबर को राज्यसभा में इसराइल में रह रहे भारतीयों के बारे में सवाल पूछा था, जिसके जवाब में भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह बयान जारी किया है.

  2. तमिलनाडु-पुडुचेरी के तटों से आज टकराएगा चक्रवाती तूफ़ान फेंगल, मौसम विभाग ने क्या बताया

    बंगाल की खाड़ी में पैदा हुए चक्रवाती तूफ़ान फेंगल के तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट पर आज दोपहर तक टकराने की आशंका है.

    कई तटीय क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई है और तमिलनाडु के महाबलिपुरम में शुक्रवार को समंदर में ऊंची लहरें देखने को मिलीं.

    राज्य सरकार ने स्कूल कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा करते हुए मछुआरों को समंदर में न जाने की चेतावनी दी है.

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह तूफ़ान तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से आज दोपहर को टकराएगा.

    आईएमडी ने कहा, "चक्रवाती तूफ़ान फेंगल चेन्नई के दक्षिण-पूर्व में लगभग 210 किमी दूर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में है."

    "यह तूफ़ान पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा. शनिवार, 30 नवंबर को यह पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी के समुद्री तटों से होकर गुजरेगा."

    आईएमडी ने बताया, "इस दौरान हवा की गति 70 से 80 किमी प्रति घंटा से लेकर 90 किमी प्रति घंटा तक होगी."

    कई इलाक़ों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

    तमिलनाडु और पुडुचेरी में प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और किसी भी तरह की परीक्षा या विशेष कक्षाएं आयोजित करने से मना कर दिया है.

  3. अजमेर शरीफ़ दरगाह के बारे में दिए जा रहे बयानों पर सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने क्या कहा?

    अजमेर शरीफ दरगाह में शिव मंदिर होने के दावे के बाद सर्वे को लेकर हो रही बयानबाजी पर भारतीय सूफ़ी सज्जादानशीन परिषद के अध्यक्ष और खुद को ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के वंशज बताने वाले सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने कहा है कि दिल्ली में बैठे कुछ नेता जनता तक गलत संदेश पहुंचा रहे हैं.

    अजमेर दरगाह के प्रमुख उत्तराधिकारी सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने कहा, "पिछले दो दिनों में हमने देखा है कि दरगाह मुद्दे पर कई तरह के बयान आ रहे हैं. दिल्ली में बैठे कुछ नेता ग़ैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं."

    चिश्ती ने कहा, "लोगों में यह संदेश जा रहा है कि सर्वे के आदेश दे दिए गए हैं, जबकि अजमेर दरगाह के लिए कोई आदेश नहीं आया है. 20 दिसंबर को अदालत मामले की सुनवाई करने जा रहा है. संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं."

    उन्होंने कहा, "अभी तक यही आदेश हुए हैं, लेकिन जो ज़िम्मेदार राजनेता हैं वो बयान दे रहे हैं कि सर्वे का आदेश दिया गया है. जनता तक गलत संदेश नहीं जाना चाहिए."

    सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने संभल के शाही मस्जिद मामले पर भी बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने संभल मस्जिद के सर्वे के आदेश पर फिलहाल अंतरिम रोक लगा दी है. मैं सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत करता हूं. मैं चाहता हूं कि अजमेर दरगाह को ध्यान रखते हुए सुप्रीम कोर्ट स्वतः संज्ञान ले."

    चिश्ती ने कहा, "जब तक सुप्रीम कोर्ट प्लेसेस ऑफ़ वर्शिप एक्ट पर अंतिम फैसला नहीं ले लेता तब तक देश की सभी अदालतों को निर्देश दिया जाना चाहिए कि किसी भी धार्मिक स्थल पर चाहे वो मंदिर हो, मस्जिद हो या दरगाह हो, किसी भी रूप में सर्वे के आदेश ना दिए जाएं."

  4. कनाडा पर ज़्यादा टैरिफ़ के एलान के बाद ट्रंप से मिलने पहुंचे जस्टिन ट्रूडो, जेसिका मर्फ़ी, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो फ्लोरिडा पहुंच चुके हैं. एक सूत्र ने बीबीसी से इस ख़बर की पुष्टि की है.

    यह मुलाकात ऐसे वक्त में हो रही है जब कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने कनाडा पर 25 फ़ीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है.

    कनाडाई मीडिया ने यह रिपोर्ट किया है कि ट्रूडो शुक्रवार शाम को फ्लोरिडा के पाम बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड कर चुके हैं. जहां से वह ट्रंप से मिलने उनके घर यानी मार-ए-लागो एस्टेट जाएंगे.

    इस हफ़्ते की शुरुआत में दोनों नेताओं ने फोन पर बात की थी, जब ट्रंप ने घोषणा की थी कि जनवरी में पदभार ग्रहण करने के बाद वे मेक्सिको और कनाडा से अमेरिका में आने वाले सभी उत्पादों पर ज़्यादा टैरिफ लगाएंगे.

    ट्रूडो की इस यात्रा पर ना ही ट्रंप की टीम ने कोई जवाब दिया है और ना ही ट्रूडो के कार्यालय ने कोई जानकारी दी है.

    यह यात्रा ट्रूडो के सार्वजनिक कार्यक्रमों की सूची में शामिल नहीं थी. सूत्रों से यह पता चला है कि दोनों नेता साथ में डिनर करेंगे.

  5. सीरिया में विद्रोहियों ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो पर कब्ज़ा किया, राफ़ी बर्ग, मध्य पूर्व डिजिटल संपादक

    सीरिया के विद्रोही गुट ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो के कई इलाकों को अपने नियंत्रण में ले लिया है. यूनाइटेड किंगडम (यूके) स्थित संस्था सीरियन ऑब्सर्वेटरी फ़ॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने यह दावा किया है.

    एसओएचआर ने शुक्रवार शाम को कहा कि विद्रोहियों ने शहर के आधे से ज़्यादा इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया है.

    बीते सालों में विद्रोहियों ने सीरियाई सरकार पर यह सबसे बड़ा हमला किया है. साल 2016 में सेना से बाहर निकाले जाने के बाद राष्ट्रपति बशर अल-असद की सेना से पहली बार लड़ने वाले विद्रोही अलेप्पो तक पहुंचे हैं.

    इस्लामिस्ट मिलिटेंट समूह हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) से जुड़े एक चैनल में वीडियो पोस्ट किया गया है जिसमें शहर के अंदर वाहनों में विद्रोही लड़ाके दिखाई दे रहे हैं.

    बीबीसी वेरिफाई ने इस फुटेज को अलेप्पो के पश्चिमी उपनगर में का बताया है.

    सरकारी सुरक्षा बलों का कहना है कि बुधवार को एचटीएस और सहयोगी गुटों के हमले के बाद सुरक्षा बलों ने अलेप्पो और इदलिब प्रांतों के कई शहरों में अपना नियंत्रण फिर से हासिल कर लिया है.

    साल 2011 में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनों का सरकार के दमन किए जाने के बाद शुरू हुए गृह युद्ध में अब तक पांच लाख से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह दोपहर दो बजे तक आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाउंगा.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - अजमेर शरीफ़ दरगाह: सूफ़ीवाद, सियासत और संत परंपरा के रहस्यवाद का अनूठा गुलिस्तान. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - बांग्लादेश और भारत में बढ़ा तनाव, ढाका के मीडिया में संभल में हिंसा पर तीखे सवाल. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - संभल में जामा मस्जिद पर सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा, उसके बाद अब क्या होगा. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - चिन्मय कृष्ण दास का बांग्लादेश इस्कॉन और सनातनी जागरण से क्या है रिश्ता. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - इसराइल-हिज़्बुल्लाह के बीच युद्धविराम मध्य पूर्व के लिए मोहलत है या समाधान? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.