मध्य प्रदेश के मऊगंज ज़िले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित रेप का मामला सामने आया है.
नाबालिग लड़की अपनी ममेरी बहन और उसके पति समेत कुछ और लोगों के साथ बाहर गई थी जब उसके साथ कथित बलात्कार की घटना हुई.
पुलिस के अनुसार, ये घटना 22 नवम्बर की है, जिसकी जानकारी गुरुवार को सामने आई है. घटना के बाद अगली सुबह लड़की को उसके घर के पास छोड़ दिया था जिसके बाद लड़की ने परिवार को इसकी जानकारी दी थी.
लड़की के परिजनों ने पुलिस को इस मामले की जानकारी दी जिसके बाद चार व्यक्तियों जिसमें लड़की के मामा, उनकी बेटी और दामाद सहित सरकारी एम्बुलेंस के ड्राइवर के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.
पत्रकारों से बात करते हुए रीवा के डीआईजी साकेत प्रकाश पांडे ने बताया, "लड़की अपने ननिहाल में थी, जहां उसकी मामा की बेटी ने घूमने का प्लान बनाया था. एक वैन गाड़ी में लड़की, उसके मामा की बेटी और पति और दो अन्य लोग घूमने निकले थे."
"बीच में मामा की बेटी उतर गई और जिसके बाद लड़की ने बताया कि उसके साथ एक व्यक्ति ने गंदा काम किया है. अभी तक इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. शेष को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा."
डीआईजी साकेत प्रकाश ने बताया, "मामले में सामूहिक बलात्कार की बात नहीं आ रही है, लेकिन क्योंकि अन्य लोगों की मौजूदगी और सहायता से ये घटना हुई है, इसलिए उन्हें भी अभियुक्त बनाया गया है."
मामले की जांच में शामिल मऊगंज के एडिशनल सुप्रिटेंडेंट अनुराग पांडे ने बताया, "लड़की के साथ एक शासकीय वाहन एम्बुलेंस में रेप की घटना होना पाया गया है. इसकी जांच की जा रही है कि वाहन गांव में कैसे पहुंचा, किस कारण गया था. इसमें चार लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है."
मध्य प्रदेश राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार साल 2023 में राज्य में हर दिन यौन उत्पीड़न के 14 मामले दर्ज हुए हैं. पूरे साल में 5,348 महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले दर्ज हुए है.