You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, हिज़्बुल्लाह ने इसराइल से समझौते को ख़ारिज किया, कहा- 'प्रतिरोध जारी रहेगा'

हिज़्बुल्लाह के महासचिव शेख़ नईम कासिम ने लेबनान और इसराइल के बीच अमेरिका की मध्यस्थता से हुए फ्रेमवर्क समझौते को 'अपमानजनक, शर्मनाक और संप्रभुता का आत्मसमर्पण' बताया

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. हिज़्बुल्लाह ने इसराइल से समझौते को किया ख़ारिज, कहा- 'प्रतिरोध जारी रहेगा'

    हिज़्बुल्लाह के महासचिव शेख़ नईम कासिम ने लेबनान और इसराइल के बीच अमेरिका की मध्यस्थता से हुए 'फ्रेमवर्क समझौते' को ख़ारिज कर दिया है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, उन्होंने इसे लेबनान की संप्रभुता का उल्लंघन करने और इसराइली कब्ज़े को वैध बनाने का प्रयास बताया है.

    ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, शनिवार को जारी एक बयान में शेख़ नईम कासिम ने कहा, "इस समझौते के बजाय, ईरान और अमेरिका के बीच हुए एमओयू को लागू किया जाना चाहिए और इसराइल की लेबनान से वापसी तक प्रतिरोध जारी रहना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "हिज़्बुल्लाह के हथियार डालने की शर्त पर दक्षिणी लेबनान से इसराइली सैनिकों की वापसी करना एक बेहद ख़तरनाक प्रस्ताव है. यह समझौता इसराइल के दीर्घकालिक कब्ज़े और लेबनानी क्षेत्रों के विलय का मार्ग आसान कर सकता है."

    आईआरएनए के अनुसार, हिज़्बुल्लाह के महासचिव शेख़ नईम कासिम ने दावा किया, "ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में हस्ताक्षरित समझौते में लेबनान के ख़िलाफ़ युद्धविराम और 60 दिनों के भीतर इसराइली सेना की पूरी वापसी की गारंटी दी थी, जबकि वर्तमान समझौते में लेबनान ने अपनी राजनयिक श्रेष्ठता और प्रतिरोध की शक्ति खो दी है."

    उन्होंने इस समझौते को "अपमानजनक, शर्मनाक और संप्रभुता का आत्मसमर्पण" बताया और कहा कि "हिज़्बुल्लाह इसराइली कब्ज़े के अंत तक अपना प्रतिरोध जारी रखेगा."

    इस बीच लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने शनिवार को बताया कि एक इसराइली ड्रोन ने दक्षिणी लेबनान के नबातीह क्षेत्र पर हमला किया.

    यह हवाई हमला इसराइल और लेबनान के बीच अमेरिका की मध्यस्थता से हुए सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करने के एक दिन बाद हुआ. इस घटना के बाद पहले से नाज़ुक संघर्ष विराम को लेकर जोखिम और बढ़ गया है.

    ईरान और अमेरिका के बीच पिछले दिनों समझौते (एमओयू) में लेबनान में संघर्ष को भी शामिल किया गया था और इस समझौते के टिकाऊ होने में लेबनान का मुद्दा काफ़ी अहम है.

  3. 'ऑपरेशन सिंदूर' में छह जवानों की मौत को लेकर मीडिया रिपोर्टों पर रक्षा मंत्रालय ने दिया बयान

    रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पोस्ट में "ग़लत दावा किया गया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में जान गंवाने वाले जवानों के बारे में पहली बार कुछ दिन पहले ही जानकारी सार्वजनिक की गई."

    प्रेस इन्फ़ॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से जारी रक्षा मंत्रालय की प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि जवानों को पहले ही आधिकारिक रूप से श्रद्धांजलि और सम्मान दिया जा चुका है.

    पीआईबी के मुताबिक़, "11 मई 2025 को हुई आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तत्कालीन डीजीएमओ (डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशन्स) ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी थी और उनके बलिदान का सार्वजनिक रूप से ज़िक्र किया था."

    बयान में बताया गया है, "14 अगस्त 2025 की प्रेस रिलीज़ में इन छह जवानों को वीरता पुरस्कार दिए जाने की जानकारी भी दी गई थी और यह उनके साहस और सर्वोच्च बलिदान की औपचारिक राष्ट्रीय मान्यता थी."

    "भारतीय सेना ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर बिना देरी के इन जवानों को श्रद्धांजलि दी थी. इसके बाद 15 जनवरी 2026 को जयपुर में आयोजित सेना दिवस परेड में सेना प्रमुख ने तीन जवानों के परिजनों को सेना मेडल (वीरता) दिया था. वहीं 8 अक्तूबर 2025 को वायु सेना प्रमुख ने भी एक समारोह में संबंधित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया था."

    हाल ही में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों के नाम अंकित करने के मुद्दे पर पीआईबी ने कहा कि इसके लिए तय प्रक्रिया और प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है.

    रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा है कि इस मुद्दे पर बेवजह विवाद खड़ा किया गया है.

  4. अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर क्या वादा किया

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर से कथित चढ़ावा चोरी की घटना पर तीखी टिप्पणी की है.

    आज़मगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, "लोगों की पहले भी यही भावना थी कि ये धर्म से ज़्यादा धन की तरफ़ ध्यान देते हैं. इनके लिए धन ही धर्म है. ये जो हुआ है वह बहुत चिंताजनक है. हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ है."

    अखिलेश यादव ने सवाल खड़े किए, "मुख्यमंत्री जी ये दावा करते हैं कि उन्होंने अयोध्या जाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है, लेकिन उनका क्या सूचना तंत्र था..."

    अखिलेश यादव ने आगे कहा, "जो सूचना मिल रही है कि इतने लाख रुपये निकले… सिंधी समाज ने आरोप लगाया है कि उन्होंने इतनी चांदी की शिलाएं दी थीं या हीरा दिया था या गुप्त दान था. ये आस्था के साथ जो खिलवाड़ किया है, उसे प्रभु श्रीराम कभी माफ़ नहीं कर सकते."

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “हम धर्मनिष्ठता और सत्यनिष्ठता के साथ ये संकल्प लेते हैं कि नई सरकार बनाकर ‘अयोध्या’ को एक ऐसी अनुपम-अनुकरणीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करेंगे, जहाँ दुनिया भर से आए श्रद्धालु सच्ची आध्यात्मिकता का अद्वितीय अनुभव करेंगे.”

    उन्होंने कहा कि वो अयोध्या के सनातन मान को आस्था-श्रद्धा, अखंड विश्वास और सच्ची भावना के ‘सियाराम-धाम’ के रूप में फिर से स्थापित करेंगे.

  5. राहुल गांधी ने महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा का पेपर लीक होने पर क्या कहा

    महाराष्ट्र में रविवार यानी 28 जून को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक के बाद रद्द कर दी गई है.

    इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में टिप्पणी की है.

    राहुल गांधी ने लिखा, ''एक और पेपर लीक. एक और परीक्षा रद्द. इस बार महाराष्ट्र का टीईटी. देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को वसूली का सिस्टम बना दिया गया है, जिससे देश का हर युवा असुरक्षित है.''

    राहुल गांधी ने लिखा, ''यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, यह युवाओं के भविष्य की चोरी है.''

    महाराष्ट्र में रविवार यानी 28 जून को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक के बाद रद्द कर दी गई है. महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने इसकी पुष्टि की है.

    महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने राज्य भर में कुल 1028 केंद्रों पर 28 जून को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 आयोजित की थी.

    इसके लिए कुल 4 लाख 28 हज़ार 122 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. इनमें से 2 लाख 26 हज़ार 363 सेवारत शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होना था.

    इससे पहले मई महीने में पेपर लीक की शिकायतों के बाद नीट 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई थी.

  6. वेनेज़ुएला: भूकंप में कई विदेशी नागरिकों की मौत, अब तक क्या पता है

    रिपोर्ट्स के मुताबिक़ वेनेज़ुएला में बुधवार को आए विनाशकारी भूकंप में कम से कम 40 विदेशी नागरिकों की मौत हुई है और कई अब भी लापता हैं.

    वेनेज़ुएला के अधिकारियों के मुताबिक़, भूकंप की वजह से देश में अब तक कम से कम 920 लोगों की मौत हो चुकी है.

    अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स से अब तक जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक़, इन मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.

    पुर्तगाल के बेजा एयरबेस से जारी अपडेट में सामुदायिक विभाग से जुड़े मंत्री एमीडियो सूज़ा ने बताया कि वेनेज़ुएला में 28 पुर्तगाली नागरिकों की मौत हुई है. स्थानीय मीडिया ने यह ख़बर दी है.

    वहीं चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने वेनेज़ुएला में चीनी दूतावास के हवाले से बताया कि वेनेज़ुएला के भूकंप मे सात चीनी नागरिकों की मौत हो गई है.

    स्पेन के विदेश मंत्री होज़े मैनुएल अल्बारेस के हवाले से स्पेनिश मीडिया ने बताया कि वेनेज़ुएला में पांच स्पेनिश नागरिकों की मौत हुई है, जबकि उसके 119 लोग अब भी लापता हैं.

    ब्राज़ील की सरकार ने भी पुष्टि की है कि मृतकों में देश के दो नागरिक शामिल हैं.

    इटली के विदेश मंत्रालय ने भी भूकंप में इटली मूल के एक वेनेज़ुएलाई नागरिक की मौत हुई है.

  7. मंगेतर की हत्या का मामला: पुलिस ने सिया गोयल के माता-पिता और भाई को पूछताछ के लिए बुलाया

    पुलिस ने शनिवार को पुणे के 25 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में अभियुक्त सिया गोयल के माता-पिता और भाई को पूछताछ के लिए लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन बुलाया.

    पुणे पुलिस ने 18 जून को सिया गोयल को अपने मंगेतर की हत्या करने के आरोप में गिरफ़्तार किया है. इस मामले में सिया के साथ उनके साथी चेतन चौधरी को भी गिरफ़्तार किया गया है.

    इस केस के सिलसिले में शनिवार को सिया के माता-पिता यानी प्रवीण और पूजा गोयल के साथ ही उनके भाई साहिल सुबह पुलिस स्टेशन पहुँचे.

    इससे पहले शुक्रवार को, पुलिस ने साहिल से 10 घंटे से ज़्यादा समय तक पूछताछ की थी.

    आरोप है कि चेतन से सलाह-मशविरा के बाद सिया 18 जून को केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ क़िले ले गई और अपने साथी की मदद से मंगेतर केतन अग्रवाल को क़िले से धक्का दे दिया.

    पुलिस ने पत्रकारों को बताया कि इसके बाद युवती ने इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की.

  8. महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामला: कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने क्या कहा?

    महाराष्ट्र में रविवार 28 जून को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का पेपर लीक होने पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    सीजेपी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''कल टीईटी का पेपर होने वाला था. एक दिन पहले पेपर रद्द किया जाता है, इससे साबित हो गया कि चाहे नेशनल लेवल हो या स्टेट लेवल हो, बीजेपी की सरकार इस देश में एक भी पेपर नहीं करवा पाती.''

    दीपके ने कहा कि 'इनका (बीजेपी) डबल इंजन, डबल लीक बन चुका है.'

    अभिजीत दीपके ने कहा, "यह कोई पहली बार नहीं हुआ है… मैं देश के युवाओं को बताना चाहता हूं कि बीजेपी की सरकार को आपके भविष्य से कोई लेना-देना नहीं है. उनको आपकी पढ़ाई से कोई लेना देना नहीं है."

    कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा, "साल 2015 से 148 पेपर लीक हुए हैं. पिछले 20 साल में 10 करोड़ से ज़्यादा छात्रों की ज़िंदगी बर्बाद हो गई. अगर इससे आप प्रभावित नहीं है और इसलिए आप सोचते हैं कि 'यह मेरी समस्या नहीं है', तो दोबारा सोचें."

    सीजेपी ने कहा, "अगर हम अभी अपने अधिकारों के लिए खड़े नहीं हुए तो यह व्यवस्था कभी नहीं बदलेगी."

    महाराष्ट्र में रविवार यानी 28 जून को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक के बाद रद्द कर दी गई है. महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने इसकी पुष्टि की है.

    महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने राज्य भर में कुल 1028 केंद्रों पर 28 जून को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 आयोजित की थी.

    इसके लिए कुल 4 लाख 28 हज़ार 122 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. इनमें से 2 लाख 26 हज़ार 363 सेवारत शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होना था.

    इससे पहले मई महीने में पेपर लीक की शिकायतों के बाद नीट 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई थी.

  9. केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने ली 99 लाख रुपये की सब्सिडी, कहा- 'मैंने कुछ नहीं छिपाया'

    केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी को उनके खेत के लिए एक स्कीम के तहत अपने ही कृषि मंत्रालय से 99 लाख रुपये की सब्सिडी मिली है, इस मुद्दे पर उन्होंने सफ़ाई दी है.

    भागीरथ चौधरी ने कहा, "मैं एक किसान हूँ और बचपन से ही खेती-बाड़ी से जुड़ा रहा हूँ. मैं उन्नत किस्म की खेती करता हूं, जैसा कि प्रधानमंत्री जी ने भी अपील की है. मैंने पॉलीहाउस लगाया था, इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि वहाँ (गांव में) ज़मीन के नीचे पानी बिल्कुल नहीं है."

    उन्होंने कहा, "पॉलीहाउस की छत पर बारिश का पानी इकट्ठा हो जाता है, इसी से मैं पूरे साल पेड़-पौधों और खेती के लिए पानी का इस्तेमाल करता हूं. मैं पॉलीहाउस में खीरे, टमाटर, शिमला मिर्च टमाटर उपजाता हूं."

    भागीरथ चौधरी ने आगे कहा, "मैंने कुछ भी नहीं छिपाया है. हज़ारों किसान पॉलीहाउस लगा रहे हैं और सब्सिडी ले रहे हैं, उसी के तहत मैंने भी ली थी. मैंने 2018 में इसके लिए अप्लाई किया था. मैंने वहाँ एक बोर्ड लगाया है और उन सभी लोन और सब्सिडी का ज़िक्र किया है जो मैंने लिए हैं."

    "मैं वहाँ किसानों को नई तकनीकों और प्राकृतिक खेती की ट्रेनिंग भी देता हूँ. मैंने कुछ छिपा कर काम नहीं किया है?..."

    भागीरथ चौधरी राजस्थान की अजमेर लोकसभा सीट से बीजेपी के सांसद हैं.

  10. झारखंड: गढ़वा में 'टंकी के दूषित' पानी से 100 छात्राएं बीमार, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए रांची से

    झारखंड के गढ़वा ज़िले के एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की क़रीब 100 छात्राएं फ़ूड पॉइंज़निंग की वजह से बीमार पड़ गई हैं.

    यह स्कूल खरौंधी इलाक़े में स्थित है.

    गढ़वा के ज़िलाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "विद्यालय की तीन सौ छात्राओं में से लगभग सौ छात्राएं इलाज के लिए अस्पताल भेजी गईं."

    उन्होंने कहा, "कल (शुक्रवार) रात जानकारी मिली थी कि बड़ी संख्या में छात्राएं फूड पॉइज़निंग से अस्वस्थ हो गई हैं. मैंने फौरन सिविल सर्जन को इलाज के निर्देश दिए. फिलहाल सभी छात्राएं स्वस्थ हैं."

    वहीं, अभिभावकों का कहना है कि इलाक़े में एहतियातन मुहर्रम की वजह से बिजली आपूर्ति रोक दी गई थी. उनका कहना था कि ताजिए में तार लगने से करंट की घटनाओं को देखते हुए इलाक़े में ऐसा किया गया था.

    अभिभावकों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति न होने के कारण हॉस्टल में पानी की सुविधा भी ठप हो गई, ऐसे में छात्राओं को हॉस्टल की छत पर लगी प्लास्टिक की टंकी का बेहद गर्म पानी पीना पड़ा.

    दो अस्वस्थ छात्राओं के अभिभावक कामेश्वर राम का दावा है, "आरओ (वाटर फ़िल्टर) के बंद होने से छात्राएं टंकी का दूषित गर्म पानी पीने को मजबूर हुईं, तो उसी पानी से बने भोजन ने छात्राओं को गंभीर रूप से बीमार किया."

    उनका आरोप है, "शाम सात बजे बच्चियों के बीमार होने की जानकारी मिलने के बाद वे अन्य अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचे. लेकिन उन्हें छात्राओं से मिलने नहीं दिया गया."

    उनका आरोप है कि लगभग डेढ़ घंटे इंतज़ार के बाद स्थानीय थाना प्रभारी के हस्तक्षेप से वे सभी अभिभावक स्कूल के अंदर पहुंचे.

    अभिभावकों के आरोपों पर ज़िलाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा कहते हैं, "मैं मानता हूं कि विद्यालय प्रबंधन से लापरवाही तो हुई है. लेकिन मैंने जांच शुरू कर दी है, जो भी दोषी होंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी."

  11. वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग और डेब्यू के बारे में पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने दिया बयान

    भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के खेल की तारीफ़ की है.

    दिलीप वेंगसरकर का कहना है कि वैभव सूर्यवंशी अपने हैंड-आई कोआर्डिनेशन से ऐसे शानदार शॉट खेलते हैं कि उनकी बैटिंग अविश्वसनीय लगती है.

    वेंगसरकर ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि 15 साल के सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौक़ा मिलेगा.

    वेंगसरकर ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "उन्हें जब भी मौक़ा मिलेगा वो आयरलैंड और उसके बाद इंग्लैंड के दौरे पर उसका पूरा फ़ायदा उठाएंगे."

    मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की टीम के साथ ब्रिटेन के दौरे पर गए वेंगसरकर ने कहा, "मुझे यकीन है कि उन्हें मौक़ा मिलेगा, और जब मौक़ा मिलेगा तो वो उसे दोनों हाथों से लपक लेंगे क्योंकि वो बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. वो सचमुच अविश्वसनीय हैं."

    वेंगसरकर ने कहा, "वो एक टैलेंटेड युवा खिलाड़ी हैं जिन्होंने टी-20 में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, और मुझे यकीन है कि वो टेस्ट मैच में भी अच्छा करेंगे. लेकिन हमें यह देखना होगा कि वो लंबे फ़ॉर्मेट में कैसा खेलते हैं, जो बहुत ज़रूरी है."

    "उनकी बल्लेबाज़ी का अंदाज़ बिल्कुल अलग है. जब हम बड़े हो रहे थे, तो हमें सिर्फ़ 'वी (V)' में और ज़मीन पर शॉट खेलने के लिए कहा जाता था. मुझे लगता है कि आजकल, अलग-अलग फ़ॉर्मेट की वजह से अलग तरह से कोचिंग दी जाती है."

  12. ट्रंप ने यूरोपीय देशों को 100% टैरिफ़ की दी धमकी, जानिए क्या है वजह

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिग्गज अमेरिकी टेक कंपनियों पर डिजिटल सर्विसेस टैक्स लगाने वाले सभी यूरोपीय देशों पर 100 फ़ीसदी इंपोर्ट टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है.

    अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा है कि 'कई यूरोपीय देश ऐसा टैक्स लागू करने पर विचार कर रहे हैं और कुछ इसे लागू करने के क़रीब पहुंच चुके हैं.'

    उन्होंने चेतावनी दी कि सज़ा के तौर पर अमेरिकी टैरिफ़ तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे और किसी भी मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरी तरह 'निरस्त' कर दिया जाएगा.

    उन्होंने लिखा, "कृपया इस बयान को इस तरह समझा जाए कि ऐसा टैक्स लगाने वाले किसी भी देश को तत्काल अमेरिका भेजे जाने वाले सभी सामान पर 100 फ़ीसदी टैरिफ़ का सामना करना पड़ेगा."

  13. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को टीम में मौक़ा नहीं देने के फ़ैसले का क्यों किया समर्थन

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर आर अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के ख़िलाफ़ प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं देने के फ़ैसले का समर्थन किया है.

    उन्होंने कहा कि क्रिकेट टीम में किसी 'व्यक्ति विशेष के लिए' जगह नहीं होती.

    अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' में आर अश्विन ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी बहुत अच्छा प्लेयर है. बहुत बार हमने तारीफ़ भी की है. पर हमको ये समझना चाहिए कि ये क्रिकेट टीम है, कोई इंडिविजुअल के लिए टीम नहीं बनाते और गौतम गंभीर ने कहा है कि टीम को प्राथमिकता देनी है, कोई सुपरस्टार कल्चर नहीं रहेगा."

    उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि सुपरस्टार खेल के लिए ग्रेट होते हैं. उनकी वजह से खेल को बेचना आसान होता है. लेकिन अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने क्या ग़लती की है, जो उनको टीम से बाहर करके वैभव सूर्यवंशी को खेलने दिया जाए."

    "संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने एक साथ ओपनिंग बैटिंग की है. संजू ने वर्ल्ड कप में भी बहुत बढ़िया किया. अगर इन दोनों में से किसी को बाहर बिठाकर वैभव सूर्यवंशी को खेलाया जाता है तो टीम गेम कहने का मतलब क्या है?"

    हालांकि, अश्विन ने वैभव की तारीफ़ भी की और उन्हें 'बड़ा एंटरटेनर' बताया.

    उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं वैभव सूर्यवंशी के आप सब फ़ैंस हैं, वह बहुत बड़ा एंटरटेनर है, लेकिन किसी क़ीमत पर नहीं. बहुत बार बाहर बैठकर मैच देखने की भी वैल्यू है. उसको बाहर बैठने दो, टीम की सेवा करने दो, पानी पिलाने दो. उसमें सीखने को बहुत सारी चीज़ें मिलेंगी."

    अश्विन ने कहा, "एक बड़ा और महान खिलाड़ी ऐसे रातभर में नहीं बन जाता. हो सकता है कि वैभव सूर्यवंशी को एक बार मौक़ा मिले और वह फिर कभी भी टीम से ड्रॉप न हो. सचिन तेंदुलकर के साथ जो हुआ, वह हो सकता है."

    "मेरा कहना ये है कि बाहर बैठना भी एक रोल है. इसमें कोई शर्म की बात नहीं है. अभी टीम में जगह नहीं है, लेकिन जब जगह बनेगी वह खेलेगा."

  15. तमिल फ़िल्म डायरेक्टर भाग्यराज का निधन, सीएम विजय ने किया ये एलान

    बीबीसी तमिल सेवा के मुताबिक़, तमिल फ़िल्म इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों में से एक भाग्यराज का शनिवार को निधन हो गया.

    उन्हें ख़राब स्वास्थ्य कारणों से चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हुआ.

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने एलान किया है कि भाग्यराज का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से किया जाएगा.

    भाग्यराज ने एक्टर, डायरेक्टर और डायलॉग राइटर के तौर पर तमिल फ़िल्म इंडस्ट्री में अपना योगदान दिया. उन्होंने डायरेक्टर और एक्टर, दोनों ही रूप में अपनी पहचान बनाई.

    वह दिवंगत डायरेक्टर भारतीराजा के स्टूडेंट थे. उन्होंने भारतीराजा के निर्देशन में बनी फ़िल्म '16 वयतिनिले' में सहायक निर्देशक के रूप में काम किया और अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत की.

    इस फ़िल्म में रजनीकांत, कमल हासन और श्रीदेवी ने अभिनय किया था.

  16. भारत बनाम आयरलैंड: जय मूंदड़ा की मां बोलीं, 'उसने सबकी लाज रखी', पिता की भी आई प्रतिक्रिया

    आयरलैंड की ओर से खेलते हुए जय मूंदड़ा ने अपने डेब्यू मैच में भारत के ख़िलाफ़ चार ओवरों में 26 रन देकर दो विकेट झटके. उन्होंने अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

    राजस्थान के टोंक में जन्मे जय मूंदड़ा के इस प्रदर्शन पर उनके माता-पिता की प्रतिक्रिया आई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जय मूंदड़ा की मां विद्या मूंदड़ा ने कहा, "बहुत खुशी हो रही है मुझे. हालांकि भारत हार गया इसका दुख है. लेकिन बेटे का प्रदर्शन इतना अच्छा गया कि उसने सबकी लाज रखी."

    उन्होंने कहा, "अपने देश का, अपने परिवार का, अपनी कॉलोनी का, राजस्थान का जो नाम किया उसके लिए गर्व महसूस हो रहा है."

    मूंदड़ा की मां ने कहा कि जय का बचपन क्रिकेट खेलने में बीता. उन्हें शुरू से ही क्रिकेट से लगाव था.

    वहीं, उनके पिता कन्हैया लाल मूंदड़ा ने कहा, "मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता, इतनी ज़्यादा ख़ुशी है. बच्चे ने जिस जुनून से कल खेला, जिस तरह से उसने मेहनत की, पहली गेंद में विकेट लेकर इतिहास रच दिया."

    उन्होंने कहा, "हर तरफ़ से बधाइयों के तांते लगे हैं. सबके फ़ोन आ रहे हैं मेरे पास. सारे रिश्तेदार और परिवार ख़ुश हैं."

  17. क़तर के रास लाफ़ान में हुए विस्फोट में मारे गए आठ और भारतीयों के शव भारत भेजे गए

    दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने बताया है कि क़तर के रास लाफ़ान में हुए धमाके में जान गंवाने वाले आठ भारतीय नागरिकों के शव भारत भेजे गए हैं.

    इन्हें मिलाकर अब तक कुल 12 नागरिकों के शव भारत भेजे जा चुके हैं. इससे पहले चार भारतीयों के शव एक दिन पहले गुरुवार को भारत भेजे गए थे.

    भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, "रास लाफ़ान हादसे में दुर्भाग्य से जान गंवाने वाले आठ भारतीय नागरिकों के पार्थिव अवशेष 26 जून को भारत भेज दिए गए हैं. 12 में से चार पार्थिव अवशेष 25 जून को भेजे गए थे."

    सोमवार को भारतीय दूतावास ने बताया था कि क़तर के रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में एक फैक्ट्री में हुए धमाके में 13 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 12 भारतीय थे.

  18. आयरलैंड के लिए डेब्यू में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारत में जन्मे जय मूंदड़ा को जानिए, मैट गॉल्ट, बीबीसी स्पोर्ट के नॉर्दर्न आयरलैंड सीनियर जर्नलिस्ट

    आयरलैंड ने पहले टी-20 मैच में भारत को 34 रन से शिकस्त दी है. आयरलैंड के इस शानदार प्रदर्शन के प्रमुख किरदारों में भारत में जन्मे तेज़ गेंदबाज़ जय मूंदड़ा भी शामिल हैं.

    यह मैच उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू मैच था, जिसमें उन्होंने 26 रन देकर दो विकेट लिए. उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट हासिल किया.

    मूंदड़ा ने कहा, "यह मेरे लिए, मेरे परिवार के लिए और मेरी टीम के साथियों के लिए बहुत बड़ा स्टेज था. वे सभी मेरा हौसला बढ़ा रहे थे, इसलिए मैं सिर्फ़ शांत रहने और वही करते रहने की कोशिश कर सकता हूँ जो अब तक करता आया हूँ, क्योंकि उसी ने मुझे आगे बढ़ने में मदद की है."

    उन्होंने कहा कि वह अपने डेब्यू को 'ज़िंदगी भर' संजोकर रखेंगे.

    उन्होंने कहा, "मैं उत्साहित भी था. भारत जैसी टीम के ख़िलाफ़ ख़ुद को परखना और पहली ही गेंद पर विकेट हासिल करना, ऐसे में मैं ख़ुद को ज़्यादा भावुक नहीं होने देना चाहता था क्योंकि तब भी नौ विकेट लेने बाकी थे."

    "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुँचकर भारत के ख़िलाफ़ खेलना एक सपना सच होने जैसा है. यह ख़ास है, एक शानदार एहसास."

    टोंक से आयरलैंड तक का सफ़र

    जयपुर के पास स्थित छोटे से शहर टोंक में जन्मे 29 साल के मूंदड़ा ने 2021 में क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूरी बनाई और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए आयरलैंड चले गए.

    लेकिन आयरलैंड में बसने के बाद उन्होंने डबलिन के लेनस्टर क्रिकेट क्लब के लिए खेलना शुरू किया और 2023 में आयरिश सीनियर कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे.

    मूंदड़ा लेनस्टर लाइटनिंग के लिए भी नियमित रूप से खेलते रहे हैं, लेकिन उन्हें पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह जोश लिटिल के चोटिल होने के कारण मिली.

    उन्होंने कहा, "क्रिकेट आयरलैंड ने मुझे यह मौक़ा दिया."

    "मैं इसके लिए ख़ुद को बहुत ख़ुशनसीब मानता हूँ. यह सिर्फ़ अपना फ़र्ज़ निभाने की बात है. मैं वही कर रहा हूँ जो अब तक करता आया हूँ."

    "अब भी यह सब पूरी तरह समझ में आ रहा है, लेकिन यह एक लंबी सीढ़ी का छोटा-सा क़दम है और उम्मीद है कि आगे भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है."

    बेलफ़ास्ट में चमकने वाले आयरलैंड के पदार्पण करने वाले खिलाड़ियों में मूंदड़ा अकेले नहीं थे. इस मैच में मैथ्यू हॉलर्ड ने भी डेब्यू किया. उन्होंने 28 रन देकर तीन विकेट लिए और प्लेयर ऑफ़ द मैच का अवॉर्ड जीता.

  19. डोनाल्ड ट्रंप अगले साल आ सकते हैं भारत, अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं. उन्होंने यह बात समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में कही है.

    रुबियो ने यह कहा कि भारत और अमेरिका ट्रेड डील के बहुत क़रीब हैं.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि सब कुछ शानदार ढंग से आगे बढ़ रहा है. मेरा मतलब है कि संबंध काफ़ी मज़बूत हैं. जी-7 में राष्ट्रपति की प्रधानमंत्री के साथ बहुत अच्छी मुलाक़ात हुई थी. और हम एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं."

    रुबियो ने कहा, "हम इसे पूरा करने से बस कुछ ही क़दम दूर हैं और संकेत बहुत सकारात्मक हैं. हम बहुत जल्द एक और क्वाड बैठक में फिर से शामिल होने की उम्मीद कर रहे हैं."

    "मैं ख़ुद भी इस साल के अंत से पहले दोबारा (भारत) लौटने का इंतज़ार कर रहा हूं और अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति (ट्रंप) की यात्रा की व्यवस्था पर काम कर रहा हूं."

  20. अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस बोले, 'हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा'

    अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि 'हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा'.

    अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को ईरान के मिसाइल-ड्रोन ठिकानों और रडार ठिकानों पर हमला किया. यह कार्रवाई उस ड्रोन हमले के बाद हुई, जिसमें होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहे एक मालवाहक जहाज़ (कार्गो शिप) को निशाना बनाया गया था.

    इसके बाद जेडी वेंस एक्स पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड की उस पोस्ट को रीपोस्ट किया, जिसमें ईरान पर अमेरिकी हमले की जानकारी दी गई थी.

    वेंस ने अपनी पोस्ट में लिखा, "ईरान ने युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. हमने उसका पालन किया है. अगर उन्हें एमओयू (समझौते) को लागू करने के तरीक़े पर कोई असहमति है, तो वे हमें फ़ोन कर सकते हैं. लेकिन हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सीज़फ़ायर के 'मूर्खतापूर्ण उल्लंघन' का आरोप लगाया था.