You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर जिनेवा में हो रही बातचीत कहां तक पहुंची?

रूस-यूक्रेन युद्ध पर नई बातचीत के लिए अमेरिका, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के प्रतिनिधिमंडल की रविवार को जिनेवा में बैठक हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, सुरभि गुप्ता

  1. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के 'बयान' से हुआ विवाद, स्थानीय चुनावों में वोटरों को धमकाने का आरोप

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अजित पवार के एक 'बयान' पर विवाद पैदा हो गया है.

    राज्य के बारामती तहसील में मालेगांव नगर पंचायत चुनाव के लिए प्रचार करते हुए उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो कह रहे हैं कि अगर 'वोटर उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को वोट देते हैं तो वो फ़ंड की कोई कमी नहीं होने देंगे.'

    गौरतलब है कि वो महाराष्ट्र की बीजेपी-एनसीपी-शिवसेना सरकार में वित्त विभाग संभालते हैं.

    अजित पवार के बयान पर राज्य में कांग्रेस ने इसे धमकी बताते हुए, तीख़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.

    कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कहा, "क्या वे यह फ़ंड अपने चाचा के घर से लाए हैं? यह सीधी धमकी है कि अगर आप मुझे वोट नहीं देंगे तो मैं फंड नहीं दूंगा. 11 साल में कोई काम नहीं हुआ, इसलिए अब इस तरह की लालच दी जा रही है. लेकिन यह महाराष्ट्र है और अजित जी शायद भूल गए हैं कि यहां इज्जत चलती है, लालच नहीं."

    जबकि सरकार में शामिल शिवसेना, शिंदे गुट की प्रवक्ता शायना एनसी ने कहा, "महायुति हमेशा विकास के आधार पर ही मतदाताओं तक पहुंचती है. किसी भी क्षेत्र में फ़ंड की कमी नहीं होगी, चाहे वह मालेगांव हो या महाराष्ट्र का कोई और हिस्सा."

    अजित पवार ने क्या 'कहा' था?

    वीडियो में अजित पवार कहते दिख रहे हैं, कि "मालेगांव नगर पंचायत के सभी 18 महायुति उम्मीदवारों को जीत दिलाइए, और मैं आपके हर वादे और हर मांग को पूरा करूंगा. लेकिन अगर आप वोट काटेंगे, तो मैं भी काटूंगा."

    उन्होंने कहा, "आपके पास वोट हैं और मेरे पास फ़ंड हैं, अब फैसला कीजिए कि आपको क्या करना है."

  2. ब्लाइंड वीमेंस वर्ल्ड कप फ़ाइनल: नेपाल ने भारत के सामने 115 रनों का लक्ष्य दिया

    कोलंबो में हो रहे 'फ़र्स्ट वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025' के फ़ाइनल में भारत और नेपाल के बीच मैच हो रहा है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नेपाल की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए.

    नेपाल की ओर से सरिता घिमरे ने सर्वाधिक 35 रन (नॉट आउट) और बिमला राय ने 26 रन बनाए.

    भारतीय टीम के सामने अब 115 रनों का लक्ष्य है.

    टी20 टूर्नामेंट, जिसमें भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका की छह टीमें शामिल हैं, 11 नवंबर को दिल्ली में शुरू हुआ था.

    कुछ मैच बेंगलुरु में खेले गए और अब नॉकआउट मुकाबलों के लिए श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में स्थानांतरित हो गया है.

    16 सदस्यीय भारतीय टीम नौ राज्यों का प्रतिनिधित्व करती है. इनमें कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, असम और बिहार शामिल हैं.

    कई खिलाड़ियों की इस खेल से पहचान स्कूल शिक्षकों, दिव्यांग संगठनों या सामुदायिक शिविरों के ज़रिए हुई.

    क्या हैं नियम

    ब्लाइंड क्रिकेट में धातु के बेयरिंग वाली प्लास्टिक की गेंद का इस्तेमाल होता है जो झनझनाती है.

    इसमें खिलाड़ियों को आंख की रोशनी के आधार पर चिह्नित किया जाता है: B1 (पूरी तरह से दृष्टिबाधित), B2 और B3. टीमों को तीनों तरह के खिलाड़ियों को मैदान में उतारना होगा.

    गेंद ज़मीन के साथ अंडरआर्म फेंकी जाती है. B1 बल्लेबाज़ सुरक्षा के लिए रनर का इस्तेमाल करते हैं, और उनके द्वारा बनाए गए प्रत्येक रन को दो रन माना जाता है.

  3. भारत बनाम दक्षिण अफ़्रीका: गुवाहाटी टेस्ट में मेहमान टीम का स्कोर 300 के पार

    दक्षिण अफ़्रीका का स्कोर भारत के ख़िलाफ़ गुवाहाटी क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 300 के पार हो चुका है. क्रीज़ पर इस समय सेनुरन मुथुस्वामी और कायल डटे हुए हैं. सेनुरन अर्धशतक पूरा कर चुके हैं.

    पहले दिन दक्षिण अफ़्रीका ने 6 विकेट खोकर 247 रन बनाए थे.

    कप्तान टेम्बा बावूमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था. ट्रिस्टन स्टब्स ने 49, कप्तान बावूमा ने 41, एडन मार्करम ने 38 और रेयान रिकल्टन ने 35 रनों की पारी खेली.

    भारत की ओर से सबसे अधिक 3 विकेट स्पिनर कुलदीप यादव ने लिए. वहीं जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया.

    कप्तान शुभमन गिल के घायल होने की वजह से इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत कप्तानी कर रहे हैं. दो टेस्ट मैच की सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका 1-0 से आगे है.

  4. विंग कमांडर नमांश स्याल का शव भारत लाया गया

    भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर नमांश स्याल के शव को भारत लाया गया है.

    समाचार एजेंसियों के मुताबिक़, वायुसेना के एक विशेष विमान से उनके शव को तमिलनाडु के कोयंबटूर में सुलूर एयर बेस पर लाया गया.

    रवाना होने से पहले अमीराती सेना के जवानों ने गॉर्ड ऑफ़ ऑनर देकर उन्हें सम्मानित किया.

    यूएई में भारतीय दूतावास ने एक्स पर जानकारी दी कि राजदूत दीपक मित्तल और सीजी सतीश सिवन ने विंग कमांडर नमांश स्याल को श्रद्धांजलि दी.

    शुक्रवार को दुबई एयर शो के दौरान तेजस प्लेन क्रैश में नमांश स्याल की मौत हो गई थी.

    विंग कमांडर नमांश स्याल हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा ज़िले के रहने वाले थे.

  5. ग़ज़ा में इसराइली सेना के हमले में 22 फ़लस्तीनियों की मौत

    ग़ज़ा के उत्तरी और मध्य इलाक़ों में इसराइली हमलों में कम से कम 22 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    यह जानकारी हमास के चिकित्सा और सिविल डिफेंस अधिकारियों ने दी है.

    अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को पांच जगहों पर हमले हुए जिनमें आवासीय हिस्से भी शामिल हैं. स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतकों में एक वरिष्ठ हमास कमांडर भी हैं.

    इसराइली सेना ने कहा कि उसने ग़ज़ा में जिन जगहों को निशाना बनाया उनका संबंध शनिवार को हुई एक घटना से था.

    सेना के मुताबिक़, एक हथियारबंद शख़्स ग़ज़ा पट्टी में पीली रेखा को पार कर इसराइल के पूर्ण नियंत्रण वाले इलाक़े में चला गया और सैनिकों पर गोली चलाई.

    हमास ने इस आरोप से इनकार किया.

    दोनों पक्ष एक-दूसरे पर छह सप्ताह पहले हुए युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हैं.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से इसराइली हमलों में 310 से अधिक फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

  6. मौलाना अरशद मदनी बोले, 'यहां कोई मुसलमान सर नहीं उठा सकता', जवाब में बीजेपी ये बोली

    जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने भारत में मुसलमानों की स्थिति को लेकर एक बयान दिया है जिस पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है.

    मौलाना अरशद मदनी ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा था, "दुनिया ये समझती है कि मुसलमान अपाहिज हो गया, ख़त्म हो गया...मैं ऐसा नहीं समझता."

    "एक आदमी ममदानी दुनिया का मेयर बन सकता है. लंदन के अंदर एक ख़ान मेयर बन सकता है. हिंदुस्तान के अंदर किसी मुस्लिम यूनिवर्सिटी का कोई आदमी वाइस चांसलर नहीं बन सकता. और बनेगा तो आज़म ख़ान की तरह जेल के अंदर जाएगा."

    "आज देखिए अल फ़लाह का क्या हो रहा है. जेल में वो पड़ा हुआ है और कितनी साल जेल के अंदर गुजरते हैं कोई नहीं जानता. आज़ादी के बाद से गवर्नमेंट लगी हुई है कि मुसलमान को सर नहीं उठाने देना है...यहां किसी यूनिवर्सिटी का कोई वाइस चांसलर नहीं बन सकता है."

    बीजेपी नेता मोहसिन रज़ा ने प्रतिक्रिया देते हुए मदनी परिवार पर ‘मुसलमानों को गुमराह’ करने का आरोप लगाया.

    समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, “मदनी परिवार ने मुसलमानों को सिर्फ़ गुमराह करने और लूटने का काम किया है. वे दूसरों के सिर पर ठीकरा फोड़ते हैं. लंबे समय से उन्होंने सरकारों से ग्रांट लिया और निजी स्वार्थ में काम करते रहे, लेकिन मुसलमानों का उत्थान नहीं किया.”

    उन्होंने कहा, “इन्होंने कितनी यूनिवर्सिटी बना दी, कितनी संस्थाएं बनाईं और कितने मुसलमानों का भला कर दिया.”

    उधर कांग्रेस नेता उदित राज ने मदनी के बयान का समर्थन किया है.

    उन्होंने कहा, "मैं बयान का समर्थन करता हूं. आज़म ख़ान ने डुप्लिकेट पैन कार्ड रखा. ये ग़लत है. लेकिन यहां तो प्रधानमंत्री की डिग्री फ़र्जी है..लाखों वोटर्स डुप्लिकेट हैं. लाखों डुप्लिकेट आधार हैं. कोई गया जेल. अब जैसे अल फ़लाह यूनिवर्सिटी है, मैं मानता हूं कि कोई गया और उसने गुप्त रूप से टेररिस्ट कृत्य किया. उसको माफ़ नहीं करना चाहिए लेकिन पूरी यूनिवर्सिटी को टार्गेट नहीं करना चाहिए, बंद नहीं करना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "मुस्लिमों पर ऐसे हमले होते हैं. बुलडोज़र मुसलमानों के घरों पर ही चलता है."

  7. टाइटैनिक के एक यात्री की घड़ी की रिकॉर्ड बोली, इतने में बिकी

    टाइटैनिक दुर्घटना में मारे गए एक यात्री की सोने की पॉकेट वॉच नीलामी में 1.78 मिलियन पाउंड यानी क़रीब 21 करोड़ रुपए में बिकी.

    इसिडोर स्ट्रॉस और उनकी पत्नी आइडा उन क़रीब 1,500 लोगों में शामिल थे जिनकी मौत 14 अप्रैल 1912 को टाइटैनिक जहाज के आइसबर्ग (हिमखंड) से टकराने के बाद हुई. ये जहाज़ साउथेम्प्टन से न्यूयॉर्क जा रहा था.

    दुर्घटना के कुछ दिन बाद उनके शव अटलांटिक से बरामद हुए थे और उनके सामान में 18 कैरेट की गोल्ड जूल्स जर्गेंसन पॉकेट वॉच भी शामिल थी.

    यह घड़ी स्ट्रॉस परिवार के पास ही संरक्षित थी और शनिवार को विल्टशायर के डेवाईज़ेस में हेनरी ऑल्ड्रिज एंड सन ऑक्शनियर्स में बेची गई.

    स्ट्रॉस एक अमेरिकी व्यवसायी, राजनेता और न्यूयॉर्क के मेसीज डिपार्टमेंट स्टोर के सह-मालिक थे.

    माना जाता है कि दुर्घटना के बाद उनकी पत्नी ने लाइफ़बोट में जगह लेने से इसलिए मना कर दिया था क्योंकि वह अपने पति को छोड़कर नहीं जाना चाहती थीं और उन्होंने कहा था कि वह उनके साथ ही मरना पसंद करेंगी.

    आइडा स्ट्रॉस का शव कभी नहीं मिला.

    आइडा स्ट्रॉस ने जहाज पर रहते हुए एक ख़त पोस्ट किया था, जो टाइटैनिक के स्टेशनरी पर लिखा गया था. यह पत्र नीलामी में 100,000 पाउंड (1.17 करोड़ रुपये) में बिका.

    टाइटैनिक से जुड़े स्मृति-चिह्नों की इस नीलामी में कुल 30 मिलियन पाउंड (क़रीब 352.38 करोड़ रुपये) की रकम जुटी.

  8. संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप 30) में जीवाश्म ईंधन पर नहीं बनी बात

    तीख़े विवादों के बाद, ब्राज़ील के बेलेम में हुआ संयुक्त राष्ट्र का जलवायु शिखर सम्मेलन (कॉप30) जीवाश्म ईंधन पर बिना समझौते के साथ समाप्त हो गया.

    ब्रिटेन और यूरोपीय संघ समेत 80 से अधिक देशों के लिए ये निराशाजनक है, जो चाहते थे कि बैठक में तेल, कोयला और गैस के इस्तेमाल को कम करने पर सहमति बने.

    लेकिन तेल उत्पादक देशों ने इस बात पर ज़ोर दिया कि उन्हें अपनी अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ाने के लिए अपने जीवाश्म ईंधन संसाधनों का उपयोग करने का अधिकार होना चाहिए.

    यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि वैश्विक तापमान वृद्धि को औद्योगिक युग से पहले के स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के प्रयास नाकाम होते दिख रहे हैं.

    कोलंबिया के प्रतिनिधि ने शनिवार को हुई प्लेनरी की अंतिम बैठक में इस बात पर तीख़ी प्रतिक्रिया दी कि देशों को समझौते पर 'आपत्ति जताने से रोका जा रहा है.'

    अंतिम समझौते में देशों से ‘स्वेच्छा से जीवाश्म ईंधन कम करने’ की अपील की गई है.

    ऐसा पहली बार है कि अमेरिका ने जलवायु सम्मेलन में अपना कोई प्रतिनिधि नहीं भेजा. राष्ट्रपति ट्रंप पेरिस समझौते से अमेरिका को अलग कर चुके हैं. उन्होंने जलवायु परिवर्तन को ‘एक धोखा’ करार दिया है.

  9. अब ट्रंप ने कहा, 'यूक्रेन युद्ध पर अमेरिकी प्लान आख़िरी ऑफ़र नहीं'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के लिए अमेरिका का प्रस्ताव 'अंतिम' नहीं है.

    यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेन के सहयोगी देशों ने इस प्रस्ताव को लेकर चिंता जताई.

    शनिवार को यूरोप, कनाडा और जापान के नेताओं ने कहा कि इस योजना में ‘न्यायसंगत और टिकाऊ शांति’ के लिए अहम बातें हैं लेकिन ‘और काम करने की ज़रूरत’ होगी.

    उन्होंने सीमाओं में बदलाव और यूक्रेन की सेना छोटा करने के प्रस्ताव पर चिंता जताई.

    रविवार को ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, अमेरिका और यूक्रेन के सुरक्षा अधिकारी जिनेवा (स्विट्ज़रलैंड) में मुलाकात करेंगे.

    इस योजना को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की कह चुके हैं कि ‘या तो यूक्रेन को अपनी गरिमा छोड़नी होगी या अमेरिका का साथ.’

    दरअसल, ट्रंप के इस पीस प्लान को रूस की ओर झुका हुआ माना जा रहा है.

    ट्रंप ने यूक्रेन को 28 बिंदुओं वाली योजना स्वीकार करने के लिए 27 नवंबर तक का समय दिया है, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कहा है कि यह योजना समझौते का ‘आधार’ बन सकती है.

    शनिवार को जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या मौजूदा मसौदा यूक्रेन के लिए उनका अंतिम प्रस्ताव है, तो उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, "नहीं, यह मेरा अंतिम प्रस्ताव नहीं है."

    उन्होंने आगे कहा, "किसी न किसी तरह हमें इस युद्ध को ख़त्म करना है, इसलिए हम इस पर काम कर रहे हैं."

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.