You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर जिनेवा में हो रही बातचीत कहां तक पहुंची?

रूस-यूक्रेन युद्ध पर नई बातचीत के लिए अमेरिका, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के प्रतिनिधिमंडल की रविवार को जिनेवा में बैठक हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर जिनेवा में हो रही बातचीत कहां तक पहुंची?

    रूस-यूक्रेन युद्ध पर नई बातचीत के लिए अमेरिका, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के प्रतिनिधिमंडल की रविवार को जिनेवा में बैठक हुई है.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के ऑफ़िस के हेड एंड्री यरमक के मुताबिक़ पहली मीटिंग यूक्रेनी और यूरोपीय प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई. उन्होंने इस मीटिंग को "बहुत रचनात्मक" बताया.

    दूसरी मीटिंग अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई. अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने मीटिंग पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    वहीं यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बातचीत अच्छी चल रही है.

    हालांकि, इस बातचीत के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, “यूक्रेन की 'लीडरशिप' ने हमारी कोशिशों के लिए बिल्कुल भी शुक्रिया नहीं कहा है, और यूरोप अब भी रूस से तेल ख़रीद रहा है."

    वहीं इस बातचीत के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि जिनेवा में अच्छी बातचीत हो सकती है.

    टेलीग्राम पर एक पोस्ट में ज़ेलेंस्की ने लिखा, "हम सभी को सकारात्मक नतीजे की ज़रूरत है."

  3. दिल्ली: वायु प्रदूषण के ख़िलाफ़ छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस का दावा- प्रदर्शनकारियों ने पेपर स्प्रे किया इस्तेमाल

    दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के ख़िलाफ़ छात्रों के एक समूह ने रविवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "हमें साफ़ हवा चाहिए. हमें झूठे डेटा नहीं चाहिए. हम लोगों को यह बताना चाहते हैं कि हम नर्क में जी रहे हैं."

    एक अन्य प्रदर्शनकारी युवा ने कहा, "सरकार को डेटा छिपाना बंद करना चाहिए. पहली बात तो यह है कि सरकार ये मानने के लिए तैयार नहीं है कि प्रदूषण हमारे लिए एक बड़ा ख़तरा है. जब तक वे यह नहीं मानेंगे तब तक कैसे कुछ काम होगा."

    प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ झड़प होने की भी ख़बरें सामने आई हैं. पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों ने उनके ऊपर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया है.

    नई दिल्ली के डीसीपी देवेश कुमार महला ने कहा, "पहली बार ऐसा हुआ है कि पुलिसकर्मियों पर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया गया. हमारे कुछ अधिकारियों की आंखों में पेपर स्प्रे छिड़का गया. उनका आरएमएल अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है."

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “कुछ प्रदर्शनकारी सी-हेक्सागन के अंदर इकट्ठा हो गए और फिर उस बैरिकेड को पार करने की कोशिश करने लगे, जिसे हमने आवाजाही रोकने के लिए लगाया था. उन्होंने बात नहीं मानी और वे बैरिकेड तोड़ सड़क पर आकर बैठ गए.

    "हमने उनसे अनुरोध किया कि हट जाएं, क्योंकि पीछे कई एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ फंसे हुए थे, जिन्हें तुरंत रास्ता चाहिए था. ट्रैफ़िक बाधित न हो, इसलिए हमने उन्हें सी-हेक्सागन से हटाया."

    डीसीपी ने बताया, "उन्हें हटाते समय कई प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से धक्का-मुक्की की, जिसमें हमारे कई कर्मचारी घायल हुए हैं."

  4. टाइटैनिक जहाज़ पर सवार एक यात्री की घड़ी इतने करोड़ रुपये में हुई नीलाम

    टाइटैनिक जहाज़ पर सवार सबसे अमीर यात्रियों में से एक की सोने की जेब घड़ी नीलामी में 2.33 मिलियन अमेरिकी डॉलर (क़रीब 21 करोड़ रुपए) में बिकी है, जो अब तक की एक 'रिकॉर्ड क़ीमत' है.

    इसिडोर स्ट्रॉस और उनकी पत्नी इडा भी उन 1,500 से ज़्यादा लोगों में थे, जिनकी मौत टाइटैनिक जहाज़ डूबने की वजह से हुई थी.

    14 अप्रैल 1912 को साउथेम्प्टन (इंग्लैंड) से न्यूयॉर्क जा रहा टाइटैनिक जहाज़ एक हिमखंड से टकराकर डूब गया था.

    कुछ दिन बाद स्ट्रॉस का शव अटलांटिक महासागर से मिला था. उनके साथ मिली निजी चीज़ों में 18 कैरेट सोने की जूल्स जर्गेंसन पॉकेट वॉच भी शामिल थी.

    यह घड़ी स्ट्रॉस परिवार के पास रखी हुई थी, लेकिन इसे शनिवार को पश्चिमी इंग्लैंड के विल्टशायर के डेविज़ेस शहर में हेनरी एल्ड्रिज़ एंड सन नाम के नीलामी घर में बेच दिया गया.

  5. ट्रंप ने कहा- यूक्रेन की लीडरशिप शुक्रिया कहना भी नहीं जानती

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन के नेताओं ने युद्ध ख़त्म कराने की अमेरिका की कोशिशों के लिए 'थोड़ा सा भी शुक्रिया' नहीं कहा है.

    सोशल मीडिया साइट ‘ट्रुथ सोशल’ पर उन्होंने लिखा, “यूक्रेन की 'लीडरशिप' ने हमारी कोशिशों के लिए बिल्कुल भी शुक्रिया नहीं कहा है, और यूरोप अब भी रूस से तेल ख़रीद रहा है."

    ट्रंप ने लिखा, "मुझे वह युद्ध विरासत में मिला है, जो कभी होना ही नहीं चाहिए था. यह युद्ध हर किसी के लिए नुक़सानदेह है. ख़ासकर उन लाखों लोगों के लिए जिनकी जान बेवजह गई."

    ट्रंप ने ये पोस्ट तब किया है, जब जिनेवा में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के प्रतिनिधिमंडल की बातचीत चल रही है.

  6. जी20 समिट का समापन, पीएम मोदी ने आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस को लेकर क्या कहा

    दक्षिण अफ़्रीका के जोहानसबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन का समापन हो गया है. इस सम्मेलन की अगले साल अध्यक्षता अमेरिका करेगा.

    समापन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 बैठक के एक सत्र को संबोधित किया. इस सत्र का नाम ‘ए फ़ेयर ऐंड जस्ट फ़्यूचर फ़ॉर ऑल- क्रिटिकल मिनरल्स, डीसेंट वर्क, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस’ था.

    पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया को ऐसा विकास मॉडल अपनाना होगा, जिसमें सतत विकास, भरोसेमंद व्यापार और पारदर्शी वित्त व्यवस्था हो, ताकि तरक्की का फ़ायदा हर इंसान को पहुंचे.

    पीएम मोदी ने कहा कि तकनीक सिर्फ़ पैसे कमाने के लिए नहीं बल्कि लोगों के लिए होनी चाहिए और यह सिर्फ़ एक देश तक सीमित नहीं रहनी चाहिए.

    आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि एआई का इस्तेमाल दुनिया की भलाई के लिए होना चाहिए और इसके लिए वैश्विक समझौते की ज़रूरत है.

    नई दिल्ली जी20 शिखर सम्मेलन में टैलेंट मोबिलिटी पर हुई प्रगति का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी ने एक प्रस्ताव भी रखा. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जी20 को ‘ग्लोबल फ़्रेमवर्क फ़ॉर टैलेंट मोबिलिटी’ विकसित करना चाहिए.

  7. दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के लिए भारतीय टीम का एलान, केएल राहुल होंगे कप्तान

    बीसीसीआई ने दक्षिण अफ़्रीका के साथ शुरू होने वाली वनडे सिरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है.

    30 नवंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के कप्तान केएल राहुल होंगे.

    ये रहेगी टीम-

    रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल.

    इस सिरीज़ का पहला मैच 30 नवंबर को रांची में, दूसरा मैच 3 दिसंबर को रायपुर में और तीसरा मैच 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा.

  8. अमित शाह ने बताया दिल्ली में पकड़ी गई 262 करोड़ की ड्रग्स

    गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि नई दिल्ली में 262 करोड़ रुपये की मेथामफेटामाइन ड्रग ज़ब्त की गई है.

    उन्होंने लिखा, "हमारी सरकार बहुत तेज़ी से ड्रग कार्टेल को ख़त्म कर रही है...नई दिल्ली में 262 करोड़ रुपये कीमत की 328 किलोग्राम मेथामफेटामाइन ज़ब्त करके और दो लोगों को गिरफ़्तार करके एक बड़ी कामयाबी मिली है."

    शाह ने इसके लिए एनसीबी (नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम को बधाई दी है.

    मेथामफेटामाइन एक शक्तिशाली और उत्तेजक नशीला पदार्थ है, जो सेंट्रल नर्वस सिस्टम पर असर डालता है.

  9. स्मृति मंधाना के पिता के स्वास्थ्य पर डॉक्टर ने क्या जानकारी दी?

    भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना के पिता सांगली के सर्वहित हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर में भर्ती हैं.

    हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ नमन शाह ने बताया, "स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना को लगभग साढ़े 11 बजे सीने के बायीं तरफ दर्द के साथ हार्ट अटैक के लक्षण डेवलप हुए थे."

    "सर्वहित हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर, सांगली में शिफ़्ट करने के बाद उनकी जांच की गई. उनको ऑब्ज़रवेशन में रखने की ज़रूरत है. अगर ज़रूरत पड़ी तो एंजियोग्राफ़ी भी करनी पड़ सकती है."

    डॉ नमन शाह ने बताया कि स्मृति के पिता का ब्लड प्रेशर थोड़ा बढ़ा हुआ है.

    इससे पहले स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहीन मिश्रा ने बताया था कि अपने पिता की तबीयत ख़राब होने के कारण स्मृति ने अपनी शादी फ़िलहाल टाल दी है.

  10. वियतनाम: बाढ़ से कम से कम 90 लोगों की मौत, 12 लापता, ओटिली मिशेल, बीबीसी न्यूज़

    वियतनाम में कई दिनों की भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 12 लोग लापता हैं.

    वियतनाम की सरकार का कहना है कि देश भर में 1,86,000 घरों को नुक़सान पहुंचा है और 30 लाख से ज़्यादा मवेशी बह गए हैं.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, पहाड़ी प्रांत डाक लाक पर गंभीर असर पड़ा है, जहां 16 नवंबर से अब तक 60 से अधिक मौतें हो चुकी हैं.

    वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह ने रविवार सुबह दक्षिण अफ़्रीका से एक वर्चुअल इमरजेंसी मीटिंग की अध्यक्षता की. यहां वह जी20 समिट में हिस्सा ले रहे हैं.

    वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण वियतनाम में मौसम से जुड़ी आपदाओं का ख़तरा बढ़ गया है.

  11. गुवाहाटी टेस्ट: दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने पर दक्षिण अफ़्रीका से 480 रन पीछे भारतीय टीम

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल ख़त्म हो गया है. दक्षिण अफ़्रीका को ऑलआउट करने के बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम का स्कोर 6.1 ओवर में बिना किसी नुक़सान के 9 रन है.

    यशस्वी जायसवाल ने सात और केएल राहुल ने दो रन बनाए हैं. भारतीय टीम 480 रन से पीछे है.

    गुवाहाटी टेस्ट मैच की अपनी पहली पारी में दक्षिण अफ़्रीका ने कुल 489 रन बनाए हैं. सेनुरन मुथुस्वामी ने सबसे अधिक 109 रन और मार्को येनसन ने 93 रन बनाए.

    पहले दिन दक्षिण अफ़्रीका ने 6 विकेट खोकर 247 रन बनाए थे. कप्तान टेम्बा बावूमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    भारत की ओर से सबसे अधिक चार विकेट कुलदीप यादव ने लिए हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए हैं.

    कप्तान शुभमन गिल के घायल होने की वजह से इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत कप्तानी कर रहे हैं. दो टेस्ट मैच की सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका 1-0 से आगे है.

  12. स्मृति मंधाना ने पिता की तबीयत ख़राब होने की वजह से अपनी शादी टाली

    भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहीन मिश्रा ने बताया है कि पलाश मुच्छल के साथ उनकी शादी फ़िलहाल टाल दी गई है.

    तुहीन मिश्रा ने बताया कि स्मृति मंधाना के पिता की तबीयत ख़राब होने के कारण ये तय किया गया है.

    उन्होंने कहा, "आज सुबह जब स्मृति के पापा श्रीनिवास मंधाना नाश्ता कर रहे थे, तब उनकी तबीयत ख़राब होने लगी थी. हमने थोड़ी देर इंतज़ार किया, लेकिन तबीयत और बिगड़ने लगी, तो उनको हॉस्पिटल ले जाया गया है, अभी वो अंडर ऑब्ज़रवेशन हैं."

    तुहीन मिश्रा ने कहा, "स्मृति मंधाना ने तय किया है कि जब तक उनके पापा ठीक नहीं हो जाते हैं, तब तक शादी पोस्टपोन रहेगी."

    स्मृति मंधाना की शादी रविवार को महाराष्ट्र के सांगली में होने वाली थी.

  13. वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025 में जीत के बाद क्या बोलीं भारतीय टीम की कप्तान?

    भारतीय टीम ने नेपाल को हराकर वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025 का ख़िताब अपने नाम किया है. इस जीत के बाद टीम की कप्तान दीपिका टी.सी. ने कहा कि उन्हें पूरी टीम पर गर्व है, टीम ने ख़ुद को साबित किया है.

    दीपिका टी.सी. ने कहा, "हमें बहुत अच्छा लग रहा है. हमें बहुत गर्व है और यह एक बहुत बड़ी जीत है...हमारी पूरी टीम ने बहुत मेहनत की... यह एक बहुत मज़बूत टीम है."

    कोलंबो में हुए पहले वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025 के फ़ाइनल में भारत ने नेपाल को सात विकेट से हराया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नेपाल की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए थे. नेपाल की ओर से सरिता घिमरे ने सर्वाधिक 35 रन (नॉट आउट) और बिमला राय ने 26 रन बनाए.

    भारतीय टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 12.1 ओवर में ही ये लक्ष्य पूरा कर लिया.

    भारत की ओर सर्वाधिक रन करुना के ने 27 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि फुला सारेन ने 27 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें चार चौके थे.

  14. गुवाहाटी टेस्ट: दक्षिण अफ़्रीका को पहली पारी में भारत ने 489 रन पर किया ऑलआउट

    गुवाहाटी टेस्ट मैच की अपनी पहली पारी में दक्षिण अफ़्रीका ने कुल 489 रन बनाए हैं. सेनुरन मुथुस्वामी ने सबसे अधिक 109 रन और मार्को येनसन ने 93 रन बनाए.

    गुवाहाटी टेस्ट का रविवार को दूसरा दिन है. पहले दिन दक्षिण अफ़्रीका ने 6 विकेट खोकर 247 रन बनाए थे. कप्तान टेम्बा बावूमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    भारत की ओर से सबसे अधिक चार विकेट कुलदीप यादव ने लिए हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए हैं.

    कप्तान शुभमन गिल के घायल होने की वजह से इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत कप्तानी कर रहे हैं. दो टेस्ट मैच की सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका 1-0 से आगे है.

  15. विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया, उनके स्कूल के पूर्व छात्र क्या बोले?

    दुबई में क्रैश हुए तेजस विमान के पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर शुक्रवार को कांगड़ा में उनके पैतृक गांव पटियालकर लाया गया.

    उनके अंतिम संस्कार के लिए उनके गांव वालों से लेकर उनके स्कूल के लोग भी पटियालकर पहुंचे.

    पालमपुर के राजीव जमवाल ने कहा, "वह मेरे ही स्कूल, सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा में पढ़े थे. मैं यहां हमारे अपने पायलट नमांश के अंतिम संस्कार पर आया हूं. वह 12वीं के बाद एनडीए में चले गए थे."

    "एनडीए में वह सबसे अच्छे परफ़ॉर्मर थे और एयरफ़ोर्स में भी, वह सबसे अच्छे पायलटों में से एक थे. हम यहां उन्हें सम्मान देने आए हैं."

    उन्हीं के स्कूल के पंकज चड्ढा ने कहा, "हमने अपना एक अनमोल रत्न खो दिया. वह स्कूल का गर्व थे. उन्होंने हमेशा स्कूल का बहुत नाम किया."

    नमांश स्याल के गांव के संदीप कुमार ने कहा, "हमारे गांव में मातम का माहौल है...बहुत बुरा लग रहा है. शब्द नहीं हैं...ऐसा नहीं होना चाहिए था."

  16. रूस-यूक्रेन युद्ध पर जिनेवा में होगी बातचीत, ट्रंप की योजना पर यूरोप के नेताओं का क्या रुख़ है?, मैट स्पाइवे और क्रिस मेसन बीबीसी न्यूज़

    रूस-यूक्रेन युद्ध पर नई बातचीत के लिए अमेरिका, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के प्रतिनिधिमंडल रविवार को जिनेवा में बैठक करने वाले हैं.

    यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध ख़त्म करने के लिए 28-पॉइंट की शांति योजना का प्रस्ताव देने के बाद होने जा रही है.

    इस योजना में पूर्वी यूक्रेन के कुछ हिस्सों से यूक्रेनी सैनिकों को वापस बुलाना और देश के दक्षिणी बॉर्डर को फ्रीज़ करना शामिल होगा.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा ट्रंप की शांति योजना को लेकर कहा कि यह एक समझौते का आधार बन सकती है.

    वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनका देश "इतिहास के सबसे मुश्किल पलों में से एक" का सामना कर रहा है, क्योंकि उन पर ट्रंप की इस योजना को मानने का दबाव है.

    शनिवार को दक्षिण अफ़्रीका में जी20 सम्मेलन में जारी एक संयुक्त बयान में, यूक्रेन के सहयोगियों ने ट्रंप की इस योजना का विरोध किया.

    उन्होंने चिंता जताई कि इससे "यूक्रेन पर हमला होने का ख़तरा" बढ़ जाएगा.

    शनिवार दोपहर, यूके सहित नौ यूरोपीय देशों के साथ-साथ जापान, कनाडा और यूरोपियन यूनियन (ईयू) ने भी ट्रंप की शांति योजना पर चिंता ज़ाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि यह एक “शुरुआती ड्राफ़्ट” है, जिस पर “और काम करने की ज़रूरत होगी.”

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  18. ब्लाइंड वीमेंस वर्ल्ड कप फ़ाइनलः नेपाल को हरा कर भारतीय टीम बनी चैंपियन

    कोलंबो में हो रहे 'फ़र्स्ट वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025' के फ़ाइनल में भारत ने नेपाल को सात विकेट से हराकर ख़िताब जीत लिया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नेपाल की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए थे.

    नेपाल की ओर से सरिता घिमरे ने सर्वाधिक 35 रन (नॉट आउट) और बिमला राय ने 26 रन बनाए.

    भारतीय टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 12.1 ओवर में ही ये लक्ष्य पूरा कर लिया.

    भारत की ओर सर्वाधिक रन करुना के ने 27 गेंदों पर 42 रन बनाए जबकि फुला सारेन ने 27 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें चार चौके थे.

  19. लक्ष्य सेन ने रचा इतिहास, जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टाइटल

    भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने रविवार को जापान के युशी तनाका को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन मेंस सिंगल्स का ख़िताब अपने नाम कर लिया.

    उन्होंने युशी तनाका को 21-15, 21-11 से हराया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सिडनी में हुए ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर 500 जीतने पर उन्हें 4.75 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि मिली.

    लक्ष्य सेन फ़ाइनल में बहुत अच्छे फ़ॉर्म में थे और 26 साल के तनाका को उन्होंने कुल 38 मिनटों में ही हरा दिया.

    दुनिया के नंबर 26 खिलाड़ी तनाका की कई ग़लतियों के कारण लक्ष्य सेन ने ओपनिंग में ही 6-3 से बढ़त हासिल कर ली थी. और पहला सेट 21-15 से जीत लिया.

    दूसरे सेट में भी वो प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी पर पूरी तरह हावी दिखे.

    लक्ष्य ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था और पिछले साल लखनऊ में सुपर 300 मैच जीता था.

  20. मौलाना अरशद मदनी के बयान पर जेडीयू ने 'गिनाए मुसलमान वाइस चांसलरों के नाम'

    भारत में मुसलमानों की स्थिति को लेकर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के बयान पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, “यह हिंदुस्तान है और यहां की जम्हूरियत इतनी सुरक्षित और संरक्षित है कि आप न्यूयॉर्क जा रहे हैं. ज़रा माननीय नीतीश कुमार की ओर नज़रें तो इनायत कर लीजिए, फ़ैज़ान मुस्तफ़ा चाणक्या लॉ इंस्टीट्यूट के वाइस चांसलर हैं, जो देश में मानक माना जा रहा है. मौलाना मजरउल अरबी फ़ारसी विश्वविद्यालय, डॉ. मोहम्मद आलमगीर बिहार में वाइस चांसलर हैं.”

    "तो जम्हूरियत है संविधान है, सभी धर्म के लोगों, हर जाति के लोगों को काम करने का अधिकार है.”

    मौलाना अरशद मदनी ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा था, “हिंदुस्तान के अंदर किसी मुस्लिम यूनिवर्सिटी का कोई आदमी वाइस चांसलर नहीं बन सकता. और बनेगा तो आज़म ख़ान की तरह जेल के अंदर जाएगा."

    इस पर बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया आई थी और इसे ‘मुसलमानों को गुमराह’ वाला बताया.

    बीजेपी नेता शाहनावज़ हुसैन ने हा, “उनका बयान ग़ैरज़िम्मेदाराना है. जमीयत उलेमा-ए-हिंद भारत की आज़ादी में शामिल रहा, उनसे ये उम्मीद नहीं थी कि वो इस तरह का बयान देंगे.”

    उन्होंने कहा, “उनको ये मालूम होना चाहिए कि भारत का मुसलमान भारत का राष्ट्रपति बन सकता है, क्रिकेट, हॉकी का कैप्टन बन सकता है, भारत का मुसलमान चीफ़ जस्टिस बन सकता है, वो एयर चीफ़ मार्शल बन सकता है, भारत का मुसलमान हर वो पद पा सकता है जो भारत के संविधान ने उसे अधिकार दिया है.”

    उन्होंने कहा, “मौलाना अरशद मदनी को मुल्क को बदनाम करने का कोई हक़ नहीं है, उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए.”