You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोलंबिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 169 हुई, राहत और बचाव कार्य जारी

कोलंबिया में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में अब तक कम से कम 169 लोगों की मौत हो गई है, जबकि अब भी लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. डब्ल्यूएचओ ने इबोला पर कहा- हम इसका पीछा कर रहे, लेकिन वायरस हमसे आगे है, डेमियन ज़ेन

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने डीआर कांगो में इबोला के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जताई है.

    डब्ल्यूएचओ के मुताबिक़, स्वास्थ्य अधिकारी अब भी वायरस पर क़ाबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन संक्रमण की रफ़्तार उनसे तेज़ बनी हुई है.

    देश में इबोला का मौजूदा प्रकोप आधिकारिक घोषणा से क़रीब तीन महीने पहले ही फैलना शुरू हो गया था.

    डीआर कांगो में 15 मई को इबोला के प्रकोप की आधिकारिक घोषणा की गई थी. लेकिन यह इससे क़रीब तीन महीने पहले ही फैलना शुरू हो गया था. इसके बाद से अब तक 1,960 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, 4,294 मामलों की पुष्टि हुई है.

    डब्ल्यूएचओ के अफ़्रीका डायरेक्टर डॉ मोहम्मद जनाबी ने कहा, "हम वायरस का पीछा कर रहे हैं, जबकि वायरस हमसे आगे है."

    उन्होंने बताया कि एक अध्ययन के अनुसार, वायरस का फैलना फ़रवरी में ही शुरू हो गया था. शुरुआत में कई को मलेरिया या टाइफ़ाइड का मरीज़ समझा गया, जिससे इबोला की पहचान में देरी हुई.

    डब्ल्यूएचओ का कहना है कि स्वास्थ्यकर्मी केवल क़रीब 30 फ़ीसदी मरीज़ों तक ही पहुंच पा रहे हैं. बाक़ी मरीज़ों की घर पर ही मौत हो रही है.

    कुछ इलाक़ों में अंतिम संस्कार की पारंपरिक प्रथाओं से भी संक्रमण फैलने का ख़तरा बढ़ रहा है. कई जगह अंतिम संस्कार के दौरान लोग मृत व्यक्ति के शरीर को छूते हैं.

    इसके अलावा कुछ समुदायों में स्वास्थ्य अधिकारियों पर भरोसा नहीं होने के कारण भी बीमारी को रोकने में दिक़्क़त आ रही है.

  2. राहुल गांधी की मांग पर योगी आदित्यनाथ ने कही ये बात

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछने का अधिकार है, लेकिन जवाब सुनना भी ज़रूरी है.

    योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अपना पक्ष रखने को तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस और विपक्ष को सदन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "लोकतंत्र प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता देता है, तो उत्तर सुनने का दायित्व भी निर्धारित करता है. गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी विद्यार्थियों से जुड़े विषय पर सदन में विस्तारपूर्वक अपना पक्ष रखने के लिए पूर्णतः तैयार हैं."

    उन्होंने लिखा, "कांग्रेस और समूचे विपक्ष से अपेक्षा है कि तथ्यों का सामना करे, सदन की गरिमा बनाए रखे और उत्तर को पूरा सुने. लोकतंत्र में बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं."

    इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं के ख़िलाफ़ कार्रवाई के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में बयान देने की मांग की थी.

  3. पाकिस्तान और ईरान के विदेश मंत्रियों के बीच मक्का समझौते पर क्या बातचीत हुई

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने सोमवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर बात की.

    इस दौरान इसहाक़ डार ने पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हाल ही में हुए मक्का रक्षा समझौते के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी ईरानी विदेश मंत्री को दी.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, बातचीत के दौरान इसहाक़ डार ने मक्का समझौते के उद्देश्यों के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि समझौते का उद्देश्य रणनीतिक सहयोग को मज़बूत करना और क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा में भूमिका निभाना है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "अब्बास अराग़ची ने समझौते के प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराने के लिए इसहाक़ डार का आभार जताया. दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर लगातार संपर्क में रहने पर सहमति जताई."

    गौरतलब है कि दोनों नेताओं ने बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी चर्चा की.

  4. अमेरिकी कोर्ट का बड़ा फ़ैसला, अदानी पर चल रहा आपराधिक केस ख़त्म

    अमेरिका की एक अदालत ने अदानी समूह के चेयरमैन गौतम अदानी और उनके भतीजे सागर अदानी के ख़िलाफ़ कथित धोखाधड़ी और रिश्वतख़ोरी से जुड़े आपराधिक आरोपों को स्थायी रूप से ख़ारिज कर दिया है.

    दो साल से चल रही इस आपराधिक कार्यवाही को ख़त्म कर दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अमेरिका के ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ न्यूयॉर्क की ज़िला अदालत ने न्याय विभाग की ओर से दायर मामले को ख़ारिज करने की याचिका मंज़ूर कर ली.

    अदालत ने गौतम अदानी, सागर अदानी और अदानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के पूर्व सीईओ विनीत जैन के ख़िलाफ़ लगाए गए आरोपों को ख़ारिज किया है. इन आरोपों में सिक्योरिटीज़ फ़्रॉड की साज़िश, वायर फ़्रॉड की साज़िश और सिक्योरिटीज़ फ़्रॉड शामिल थे.

    अदालत का यह फ़ैसला 'डिसमिसल विद प्रेजुडिस' के तहत आया है. इसका मतलब है कि इन आपराधिक आरोपों पर दोबारा मुक़दमा दाख़िल नहीं किया जा सकता और आपराधिक कार्यवाही स्थायी रूप से ख़त्म हो गई है.

    गौतम अदानी ने इस फ़ैसले का स्वागत किया है. उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, "मैं उन सभी लोगों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने हम पर, व्यवस्था पर और भारत की न्याय देने की क्षमता पर कभी भरोसा नहीं खोया. हम वही काम करते रहेंगे जो सबसे ज़्यादा मायने रखता है- अपने देश के लिए निर्माण करना, ऐसे वैल्यू तैयार करना जो हमारे बाद भी बना रहे और ख़ुद से बड़े उद्देश्य के लिए काम करना."

    गौरतलब है कि यह मामला नवंबर 2024 में सामने आया था. अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया था कि गौतम अदानी, सागर अदानी, अदानी ग्रीन एनर्जी के तत्कालीन सीईओ विनीत जैन और अन्य लोग भारतीय सरकारी अधिकारियों को क़रीब 25 करोड़ डॉलर की कथित रिश्वत देने की साज़िश में शामिल थे.

  5. अभिजीत दीपके ने रांची स्टूडेंट प्रोटेस्ट में हुई पुलिस कार्रवाई पर ये कहा

    झारखंड में परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के ख़िलाफ़ अनशन कर रहे देवेंद्र महतो से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल के ज़रिए बात की.

    दीपके ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी और देवेंद्र महतो के साथ वीडियो कॉल की तस्वीर भी पोस्ट की.

    अभिजीत दीपके ने बताया कि देवेंद्र महतो पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं. दीपके के मुताबिक़, महतो ने उन्हें बताया कि अस्पताल ले जाने से पहले पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिसमें उन्हें चोटें आईं. उन्होंने सीने में दर्द होने की बात भी कही.

    दीपके ने एक्स पर लिखा, "चाहे जंतर-मंतर हो या झारखंड, छात्रों के ख़िलाफ़ पुलिस की इस तरह की कार्रवाई क्रूर और अमानवीय है. सीजेपी देवेंद्र महतो और उनकी मांगों के समर्थन में मज़बूती से खड़ी है."

    दीपके ने महतो को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए कहा, "हम उनके साहस और हिम्मत को सलाम करते हैं."

    गौरतलब है कि सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने झारखंड की राजधानी रांची में विधानसभा तक मार्च निकाला था. इस दौरान पुलिस के लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के वीडियो भी सामने आए थे.

  6. आयरलैंड को हराकर अफ़ग़ानिस्तान ने किया 2027 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफ़ाई

    अफ़ग़ानिस्तान ने तीसरे वनडे में आयरलैंड को तीन विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ अफ़ग़ानिस्तान ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया है.

    दरअसल, बेलफ़ास्ट (आयरलैंड) में सोमवार को खेले गए मुकाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. टीम ने आयरलैंड को 46.3 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट कर दिया. जवाब में अफ़ग़ानिस्तान ने 44.5 ओवर में ही 7 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

    राशिद ख़ान ने अफ़ग़ानिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने नाबाद 37 रन की पारी खेलने के साथ गेंदबाज़ी में भी 3 विकेट हासिल किए.

    अफ़ग़ानिस्तान वनडे रैंकिंग में फ़िलहाल आठवें नंबर पर है. आयरलैंड के ख़िलाफ़ यह टीम की लगातार दूसरी जीत है. इस जीत के साथ अफ़ग़ानिस्तान 30 सितंबर 2026 तक वनडे रैंकिंग में टॉप-8 में बना रहेगा. यही 2027 वनडे वर्ल्ड कप के सीधे क्वालिफ़िकेशन की कटऑफ़ डेट है.

    वहीं, अफ़ग़ानिस्तान के सीधे क्वालिफ़ाई करने के बाद वेस्टइंडीज़ का वर्ल्ड कप क्वालिफ़ायर खेलना तय हो गया है.

    वेस्टइंडीज़ को भारत के ख़िलाफ़ दो वनडे मैच खेलने हैं. हालांकि, दोनों मैच जीतने के बावजूद टीम वनडे रैंकिंग में टॉप-8 में नहीं पहुंच सकेगी. वेस्टइंडीज़ फ़िलहाल 10वें नंबर पर है.

    गौरतलब है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने एलान किया था कि आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में 14 टीमें हिस्सा लेंगी. इससे पहले 2023 के वर्ल्ड कप में 10 टीमों ने हिस्सा लिया था.

  7. टीजी मोहनदास को ज़मानत, नीट प्रदर्शन पर कथित टिप्पणी को लेकर हुई थी गिरफ़्तारी

    केरल की एक अदालत ने सोमवार को दक्षिणपंथी राजनीतिक टिप्पणीकार टीजी मोहनदास को ज़मानत दे दी. उन्हें नीट पेपर लीक को लेकर हुए प्रदर्शन पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने गिरफ़्तार किया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एडिशनल चीफ़ जुडिशल फ़र्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट मिथुन गोपी जीएस ने मोहनदास को ज़मानत दी. पुलिस ने उन्हें रविवार शाम कोच्चि स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया था. सोमवार सुबह उनकी गिरफ़्तारी दर्ज की गई.

    मोहनदास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. अदालत में पेश किए जाने के बाद उनके वकील ने ज़मानत याचिका दाखिल की.

    मामले की जांच कर रही तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच के दौरान कुछ और धाराएं भी जोड़ी गई हैं. इनमें महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने और गंभीर धमकी देने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं.

    अभियोजन पक्ष ने आगे की जांच के लिए मोहनदास की पुलिस हिरासत की मांग की. साथ ही आशंका जताई कि प्रभावशाली व्यक्ति होने के कारण वह ज़मानत पर रिहा होने के बाद गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं और सबूतों से छेड़छाड़ कर सकते हैं.

    वहीं, बचाव पक्ष ने मोहनदास की उम्र और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का हवाला देते हुए ज़मानत की मांग की. उनके वकील ने अदालत से कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी अपराध ज़मानती हैं.

    दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मोहनदास को ज़मानत दे दी. अदालत ने उन्हें तीन दिनों तक जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया है.

    इसके अलावा, जब भी पुलिस को उनकी ज़रूरत हो, उन्हें जांच में उपस्थित होना होगा. अदालत ने ज़मानत पर रहने के दौरान इसी तरह का अपराध दोबारा नहीं करने का भी निर्देश दिया.

  8. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से किस बात के लिए मांगा मुआवज़ा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ हालिया सैन्य संघर्ष को लेकर मुआवज़े की मांग की है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान युद्ध के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवज़े की मांग कर रहा है, तो अमेरिका भी ईरान से उन लोगों के लिए मुआवज़ा मांग सकता है, जो ईरान के हमलों में मारे गए या गंभीर रूप से घायल हुए.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं देख रहा हूं कि ईरान के प्रतिनिधि पिछले पांच महीने के सैन्य संघर्ष के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवज़े की मांग कर रहे हैं (यह संघर्ष इसलिए शुरू हुआ क्योंकि वे परमाणु हथियार नहीं छोड़ेंगे), जबकि हमारी किसी भी बातचीत या बैठक में इसका कभी ज़िक्र नहीं हुआ."

    उन्होंने लिखा, "लेकिन यह एक दिलचस्प विचार है, अब मैं भी ईरान से मुआवज़े की मांग कर रहा हूं. यह मुआवज़ा उन सभी लोगों के लिए होगा, जिन्हें उन्होंने मार दिया और गंभीर रूप से घायल किया. इन हमलों और संघर्षों के लिए ईरान जाना जाता है, जिनका नेतृत्व शुरुआत में जनरल सुलेमानी ने किया था. इसमें यूएसएस कोल पर मारे गए लोगों के परिवार और लड़ाई में मारे गए हज़ारों अन्य लोग भी शामिल हैं."

    ट्रंप ने लिखा "इसके अलावा, पिछले 50 वर्षों में ईरान ने जिन लाखों निर्दोष प्रदर्शनकारियों को मारा है, उनके परिवारों को भी मुआवज़ा दिया जाना चाहिए. इनमें पिछले पांच महीनों में मारे गए 52,000 लोग भी शामिल हैं. मैंने अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि वे भविष्य में होने वाली किसी भी बातचीत में इस मांग को मज़बूती से रखें."

    ग़ौरतलब है कि ईरान के प्रतिनिधि बातचीत में लगातार यह मुद्दा उठाते रहे हैं कि उनके देश को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवज़ा दिया जाए.

  9. कोलंबिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 132 हुई, देश में आपातकाल घोषित

    कोलंबिया में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. 7.4 तीव्रता के इस भूकंप में कम से कम 132 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

    हालात को देखते हुए देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है. अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है.

    कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा के मुताबिक़, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे आया. भूकंप का केंद्र चोको प्रांत में ज़मीन से क़रीब 103 किलोमीटर की गहराई में था. इसके झटके पश्चिमी कोलंबिया के सैकड़ों किलोमीटर तक फैले बड़े इलाक़े में महसूस किए गए.

    भूकंप से सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में कॉफ़ी उत्पादन के लिए मशहूर पेरेइरा शहर और उसके आसपास का क्षेत्र शामिल है. वैले डेल काउका क्षेत्र में भी भूकंप से भारी नुकसान की ख़बर है.

    भूकंप के केंद्र से क़रीब 55 किलोमीटर दूर स्थित पेरेइरा शहर में भारी तबाही हुई है. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक़, पेरेइरा शहर और आसपास के इलाक़ों में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है और 65 इमारतें ढह गई हैं. इनमें से 15 इमारतों में लोगों के फंसे होने की आशंका है. शहर के कुछ हिस्सों में स्थानीय समयानुसार मंगलवार सुबह 5 बजे तक कर्फ़्यू लगाया गया है.

    पेरेइरा से क़रीब 160 किलोमीटर दक्षिण में स्थित काली शहर में भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक़, यहां 32 इमारतें ढह गई हैं. काली भूकंप के केंद्र से क़रीब 200 किलोमीटर दूर है.

    बचाव और राहत अभियान जारी है. प्रशासन ढही हुई इमारतों में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान चला रहा है. अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.