भारतीय सेना ने दिए 'जवानों के दुर्व्यवहार' के आरोपों की जाँच के आदेश

भारतीय सेना ने गुरुवार को कश्मीर के किश्तवाड़ में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अभियान के दौरान आम नागरिकों के उत्पीड़न की ख़बरों के बाद जाँच के आदेश दे दिये हैं.

सारांश

  • पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के आदिवासी ज़िले कुर्रम में यात्री वाहनों पर गोलीबारी में गई 38 लोगों की जान.
  • अमेरिका की ओर से भारतीय कारोबारी गौतम अदानी पर आरोप तय किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अदानी की गिरफ़्तारी की मांग की है
  • यूक्रेन का कहना है कि रूस ने उसकी ओर एक इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल यानी आईसीबीएम दागी है.
  • अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ग़ज़ा में सीज़फ़ायर के लिए पेश किए गए प्रस्ताव पर वीटो कर दिया है.
  • गुरुवार को भारतीय शेयर बाज़ार बंद होने पर अदानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई.
  • पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए टूर्नामेंट डायरेक्टर के तौर पर सुमैर अहमद को नियुक्त किया है.

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और अभिषेक पोद्दार

  1. कनाडा के अख़बार में निज्जर की हत्या से जुड़ी रिपोर्ट पर भारत ने दिया ये जवाब

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बेतुके आरोपों से भारत-कनाडा संबंध और ख़राब हो सकते हैं

    भारत ने कनाडाई अख़बार के उस आरोप को बकवास बताया है, जिसमें दावा किया गया है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साज़िश के बारे में पहले से पता था.

    कनाडा के अख़बार द ग्लोब एंडमेल ने एक रिपोर्ट में एक अधिकारी का नाम लिए बग़ैर उनके हवाले से दावा किया था कि निज्जर की हत्या की साज़िश रचे जाने के बारे में पीएम मोदी को पहले से जानकारी थी.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस रिपोर्ट से जुड़े सवाल पर कहा, "आमतौर पर हम मीडिया रिपोर्टों के बारे में कोई बयान नहीं देते हैं. हालंकि, कनाडाई सरकार के एक सूत्र के हवाले से एक अख़बार में छपी ख़बर को हम ख़ारिज करते हैं. इस तरह की बातों से दोनों देशों के बीच रिश्ते पर ही असर होगा जो पहले से तनावपूर्ण है."

    ख़ालिस्तान समर्थक कनाडाई नागरिक हरदीप सिंह निज्जर की पिछले साल हत्या हो गई थी. इस मामले में कनाडा ने भारत की भूमिका पर सार्वजनिक रूप से सवाल खड़े किए हैं.

    हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 को कनाडा में एक गुरुद्वारे की पार्किंग में हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. निज्जर कनाडा के वैंकूवर स्थित गुरु नानक सिख गुरुद्वारा के अध्यक्ष भी थे.

  2. गौतम अदानी पर अमेरिका में तय हुए आरोपों के बाद बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने क्या कहा?

    अमित मालवीय

    इमेज स्रोत, X/Amit Malviya

    इमेज कैप्शन, अमित मालवीय ने जयराम रमेश के आरोपों का जवाब दिया है

    अमेरिका में भारतीय कारोबारी गौतम अदानी पर आरोप तय होने के बाद विपक्षी दलों की ओर से आ रही प्रतिक्रिया के बाद अब बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर जवाब दिया है.

    अमिल मालवीय ने अपने पोस्ट में कांग्रेस नेता जयराम रमेश के आरोपों का जवाब दिया है.

    अमित मालवीय ने लिखा है, "किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसे पढ़ लेना बेहतर है. आप जिस दस्तावेज़ के आधार पर बात कर रहे हैं उसके मुताबिक़ आरोप लगाए गए हैं. और जब तक कोई आरोप साबित नहीं होता है तब तक व्यक्ति को बेक़सूर माना जाता है.”

    अमित मालवीय ने इस मामले को संसद के शुरू रहे शीतकालीन सत्र के जोड़कर भी सवाल खड़े किए हैं.

    उन्होंने लिखा है, "आरोप की जड़ में सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया को भारत और अमेरिकी कंपनियों के ज़रिए 12 गीगा वॉट बिजली की सप्लाई से जुड़ा है. इसलिए यह एसईसीआई का स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियों यानी एसडीसी के साथ पावर परचेज़ एग्रीमेंट में शामिल होने का मामला है. और अदानी ग्रीन एनर्जी का अमेरिकी रिन्यूएबल एनर्जी अज़्यूर पावर के साथ समझौता हुआ था."

    "चूंकि ये महंगी बिजली महंगी थी, इसलिए स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियां इसे खरीदना नहीं चाह रही थीं. यही कारण है कि अमेरिकी फ़र्म अज़्यूर के साथ मिलकर अदानी कंपनी ने जुलाई 2021 से लेकर फरवरी 2022 के बीच ओडिशा (बीजेडी शासित), तमिलनाडु (डीएमके), छत्तीसगढ़ (कांग्रेस) और आंध्र प्रदेश (वाईएसआरसीपी) 265 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर राशि का भुगतान किया. यहां जिन राज्यों का ज़िक्र किया गया है वहां उस समय विपक्षी दलों की सरकार थी. इसलिए, सवाल उठाने से पहले कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा स्वीकार की गई घूस के बारे में जवाब दीजिए."

    बुधवार को न्यूयॉर्क के अटॉर्नी ने गौतम अदानी पर अमेरिका में धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज किया था.

    उन पर अमेरिका में अपनी एक कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दिलाने के लिए 25 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने और इस मामले को छिपाने का आरोप लगाया गया है.

    अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया कि अदानी और उनकी कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के लिए भारतीय अधिकारियों को भुगतान करने पर सहमति जताई थी.

  3. पर्थ में भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट से पहले यशस्वी जायसवाल को विराट ने दी क्या सलाह?

    यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने शुक्रवार से पर्थ में शुरू हो रहे टेस्ट मैच से पहले एक वीडियों में ऑस्ट्रेलिया के मौसम, क्रिकेट के मैदान और विकेट के बारे में बात की की है.

    यशस्वी जायसवाल ने अपने क्रिकेट करियर को बेहतर करने में विराट कोहली की सलाह का ज़िक्र भी किया है.

    बीसीसीआई ने यशस्वी जायसवाल का यह वीडियो अपने सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया है.

    जायसवाल ने इस वीडियो में कहा, "यह ऑस्ट्रेलिया का मेरा पहला दौरा है तो मैं बहुत उत्साहित हूं कि यहां खेलने का मौक़ा मिले और अच्छा खेलूं. यहां बॉल अलग आता है, विकेट अलग है. लेकिन यह हमें पता है और हम इसके लिए मानसिक तौर पर तैयार हैं."

    कमिंस और बुमराह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ऑसट्रेलिया दौरे में पांच टेस्ट मैच खेल वाली है

    यशस्वी जायसवाल ने कहा है कि वो मैदान पर मौजूद रहना चाहते हैं और विकेट का सामना करना चाहते हैं.

    उन्होंने कहा है, "जब मैंने बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलना शुरू किया तो मैंने विराट कोहली से बात की. विराट ने मुझे बताया कि लंबे समय तक खेलने के लिए ख़ुद को कैसे अनुशासित रखना है और मैने इसे फ़ॉलो किया है. मैंने कोहली को नियमित तौर पर ऐसा करते हुए देखा है.

    "नेट पर एकदम तैयार हो कर जाना चाहिए. मैं हमेशा अच्छा खाने और अच्छी नींद की कोशिश करता हूं."

    भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई है. पर्थ में 22 नवंबर को दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच शुरू हो रहा है. भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में कुल पाँच टेस्ट मैच खेलेगी.

  4. ऑस्ट्रेलिया में बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने के लिए संसद में विधेयक पेश

    फ़ोन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कई परिवारों में फ़ोन के साथ बच्चों का समय गुज़ारना एक समस्या बन गई है.

    ऑस्ट्रेलिया की संसद के निचले सदन में एक विधेयक पेश किया गया है. इसके तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने का प्रस्ताव किया गया है.

    यह विधेयक गुरुवार को पेश किया गया है.

    ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ का कहना है, “यह पाबंदी एक्स, टिक टोक, फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम को लेकर होगी. यह बच्चों को सोशल मीडिया के नुक़सान से बचाने के लिए है.”

    ऑस्ट्रेलिया का नया क़ानून इस तरह की पाबंदी के लिए एक फ्रेमवर्क मुहैया कराएगा. 17 पन्नों के इस दस्तावेज़ को अगले हफ़्ते ऑस्ट्रेलियाई सीनेट में पेश किया जा सकता है.

    ऑस्ट्रेलिया में कई अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत किया है.

    हालाँकि कई जानकार इस पर सवाल भी खड़े कर रहे हैं. उनका कहना है कि क्या बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखा जाना चाहिए और क्या उनको ऐसा करने से रोका जाना संभव है.

  5. गौतम अदानी पर अमेरिका में लगे धोखाधड़ी के आरोप, कांग्रेस ने क्या कहा?

    गौतम अदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गौतम अदानी पर अमेरिका में रिश्वत से जुड़े गंभीर आरोप तय किए गए हैं. (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय कारोबारी गौतम अदानी पर अमेरिका में लगे रिश्वत के आरोपों के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है.

    जयराम रमेश ने लिखा है कि कांग्रेस ऐसे आरोप जनवरी 2023 से लगा रही है और गौतम अदानी से जुड़े मामलों पर जेपीसी की मांग कर रही है.

    बुधवार को न्यूयॉर्क के अटॉर्नी ने गौतम अदानी पर अमेरिका में धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज किया था.

    उन पर अमेरिका में अपनी एक कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दिलाने के लिए 25 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने और इस मामले को छिपाने का आरोप लगाया गया है.

    अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया कि अदानी और उनकी कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी अक्षय ऊर्जा (रिन्यूल एनर्जी) कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दिलाने के लिए भारतीय अधिकारियों को भुगतान करने पर सहमति जताई थी.

    महुआ मोइत्रा ने क्या कहा?

    तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी इस मामले पर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "अमेरिकी अभियोजकों ने गौतम अदानी पर 2200 करोड़ रुपये के रिश्वत का आरोप लगाया है. यह रकम अदानी रिन्यूल एनर्जी के फ़ायदे के लिए बाज़ार की कीमतों से ज़्यादा दर पर बिजली ख़रीदने के लिए भारतीय अधिकारियों को दिया गया."

    जाने माने वकील प्रशांत भूषण ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट किया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "अदानी भूल गए कि अमेरिका में मोदी का शासन नहीं है जहां वो ईडी, सेबी और सीबीआई से आसानी से बच सकते हैं."

  6. अमेरिका के टेक्सस राज्य ने दिया डोनाल्ड ट्रंप को ये ऑफ़र

    अमेरिका-मेक्सिको बॉर्डर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, टेक्सस अमेरिका-मेक्सिको बॉर्डर पर मौजूद है

    अमेरिका में टेक्सस के अधिकारियों ने कहा है कि वो नव नियुक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अवैध प्रवासियों को रखने के लिए ज़मीन मुहैया कराने का ऑफ़र दे रहे हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़ वो अमेरिका-मेक्सिको बॉर्डर पर अवैध प्रवासियों का कैंप बनाने के लिए क़रीब 1400 एकड़ ज़मीन का ऑफ़र कर रहे हैं.

    टेक्सस के भूमि विभाग से जुड़े अधिकारी की चिट्ठी के मुताबिक़, “इस ज़मीन पर अमेरिका के इतिहास के हिंसक अपराधियों को देश से बाहर निकालने, उनपर मुक़दमा चलाने या डिटेन करने के लिए कैंप बनाया जा सकता है.”

    डोनाल्ड ट्रंप आने वाले 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर दूसरी बार पदभार संभालेंगे.

    ट्रंप ने पहले से ही अवैध प्रवासियों को लेकर कठोर नीति अपनाने की बात कही है.

  7. सीबीएसई ने जारी की 10वीं और 12वीं की डेटशीट, कब शुरू होंगी परीक्षाएं?

    छात्र

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सीबीएसई ने साल 2025 के बोर्ड एग्जाम्स के तारीख तय कर दिए हैं. (सांकेतिक तस्वीर)

    केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने साल 2025 की 10वीं और 12वीं क्लास की परीक्षा के तारीख़ों की घोषणा कर दी है. इनकी शुरुआत 15 फ़रवरी से होगी.

    सीबीएसई की ये परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी. ऐसा पहली बार है जब छात्रों को 86 दिन यानी क़रीब तीन महीने पहले ही परीक्षा की तारीख़ों की जानकारी मिल गई है.

    इस परीक्षा की शुरुआत दसवीं क्लास की इंग्लिश की परीक्षा से होगी. जबकि बारहवीं क्लास की पहली परीक्षा भी इसी तारीख़ को होगी. इस दिन बारहवीं के छात्रों के फ़िज़िकल एजुकेशन की परीक्षा होगी.

    सीबीएसई ने कहा है कि उसने परीक्षा के कार्यक्रम बनाने में आमतौर पर किसी छात्र के दो विषयों की परीक्षा की तारीखों में पर्याप्त अंतर रखा है, ताकि छात्रों को मदद मिल सके.

    सीबीएसई ने कहा है कि 12वीं की परीक्षा का कार्यक्रम इस तरह से तैयार किया गया है ताकि छात्रों को अन्य प्रवेश परीक्षा देने में सहुलियत मिल सके.

  8. आज दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    -एग्ज़िट पोल: महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव को लेकर क्या हैं अनुमान, किसकी बन सकती है सरकार? ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    -भारत महिला एशियन हॉकी चैंपियन, ओलंपिक के झटके के बाद कैसे किया कमाल? जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    -संभल की जामा मस्जिद को लेकर विवाद क्या है और कैसा है शहर का माहौल? पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.