झारखंड में मतदान के बाद क्या बोले शिवराज, यूपी उपचुनाव पर सुधांशु त्रिवेदी ने क्या कहा

झारखंड में दूसरे चरण की वोटिंग के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए मतदान ख़त्म हो गया.

सारांश

  • महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म होने के बाद एग्ज़िट पोल्स आने शुरू हो गए हैं.
  • वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल मैच में भारत ने चीन को 1-0 से हराकर ये ख़िताब जीत लिया है.
  • दिल्ली में वायु प्रदूषण के 'गंभीर’ स्तर को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी विभागों में 50 फ़ीसदी ‘वर्क फ़्रॉम होम’ लागू कर दिया है.
  • उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के दौरान दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है.
  • हार्दिक पांड्या आईसीसी की टी-20 क्रिकेटरों की रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर बन गए हैं.
  • अमेरिका ने यूक्रेन की राजधानी कीएव में अपने दूतावास को अस्थायी तौर पर बंद करने का फ़ैसला किया है.

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और अभिषेक पोद्दार

  1. क़तर ने इसराइल और हमास के बीच मध्यस्थता से पीछे हटने की वजह बताई

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता

    इमेज स्रोत, @MofaQatar_EN

    इमेज कैप्शन, क़तर ने इसराइल और हमास के बीच बातचीत से हटने की वजह बताई है

    इसराइल और हमास के बीच शांति समझौते के लिए मध्यस्थता से पीछे हटने के बाद क़तर के विदेश मंत्रालय ने इसपर बयान दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसका कारण बताते हुए कहा है कि बातचीत में शामिल पक्ष गंभीर नहीं थे.

    हालांकि क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि इसका मतलब यह नहीं है कि क़तर की राजधानी दोहा में हमास का कार्यालय बंद हो रहा है.

    अपने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉक्टर अल अंसारी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि दोहा में हमास का दफ़्तर काम करता रहेगा.

    उन्होंने कहा है कि जब तक इस बातचीत को फिर से शुरू करने का फ़ैसला नहीं होता है तब तक ये वार्ता निलंबित है.

    उनका कहना है कि अगर क़तर को लगेगा कि बातचीत में शामिल पक्ष गंभीर हैं तो वो इसके लिए आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाएगा.

    क़तर ने मध्य पूर्व में खुद को एक शांति दूत की भूमिका में ढाला है लेकिन इसराइल और हमास के बीच जारी मौजूदा संघर्ष में युद्धविराम पर बात न बन पाने की वजह से वह बीते सप्ताह मध्यस्थता से पीछे हट गया था.

  2. यूपी उपचुनाव: एसपी ने लगाया मतदाताओं को डराने का आरोप, बीजेपी बोली- बुर्क़ा पहनी महिलाओं की हो पहचान

    Akhilesh

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने सुप्रीम कोर्ट और निर्वाचन आयोग से मामले में दखल देने की मांग की है

    महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों के साथ बुधवार को उत्तर प्रदेश की नौ सीटों पर उपचुनाव भी हो रहा है.

    वोटिंग के बीच समाजवादी पार्टी ने पुलिसकर्मियों पर मतदाताओं को परेशान करने का आरोप लगाया है तो वहीं बीजेपी का कहना है कि कुछ बुर्का पहनी महिलाओं की पहचान उनके आईडी से मेल नहीं खाती हैं.

    दोनों ही पार्टियों ने चुनाव आयोग से मामले में दखल देने की मांग की है. एसपी प्रमुख अखिलेश यादव ने सुप्रीम कोर्ट से भी तत्काल मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा है, "अगर निर्वाचन आयोग का कोई जीता-जागता अस्तित्व है तो वो जीवंत होकर वोटरों के लिए तुरंत सुनिश्चित करें कि लोगों की आईडी पुलिस चेक न करे, रास्ते बंद न किए जाएं, वोटर्स के आईडी ज़ब्त न किए जाएं."

    एसपी प्रमुख ने कहा है, "असली आईडी को नक़ली बताकर जेल में डालने की धमकी न दी जाए, मतदान की गति न घटाई जाए. चुनावी गड़बड़ी की सभी वीडियो रिकॉर्डिंग का रीयल टाइम संज्ञान लेकर तत्काल बेईमान अधिकारी न हटाए जाएं."

    अखिलेश यादव के आरोपों पर जवाब देते हुए बीजेपी प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश उपचुनाव में हार का डर सता रहा है.

    मनीष शुक्ला ने कहा, "समाजवादी पार्टी ने मतदाताओं का भरोसा खो दिया है. इसलिए उन्होंने उपचुनाव के क्षेत्रों में अराजक तत्वों को भेजा है. कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार बुर्क़ा पहनी महिलाओं की पहचान उनके आईडी से मेल नहीं खा रही हैं. बीजेपी निर्वाचन आयोग और प्रशासन से ये मांग करती है कि आईडी कार्ड के मिलान के बग़ैर वोटिंग की इजाज़त न दी जाए."

    यूपी की कटेहरी, करहल, मीरापुर, गाज़ियाबाद, मझवां, सीसामऊ, खैर, फूलपुर और कुंदर्की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं. इनके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे.

  3. यूक्रेन को अमेरिका देगा युद्ध में इस्तेमाल होने वाली लैंड माइन्स, क्या है मकसद?

    लैंड माइन्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका ने इससे पहले यूक्रेन को रूस के अंदर लंबी दूरी की मिसाइल के इस्तेमाल की अनुमति भी दी

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यूक्रेन को एंटी पर्सनल लैंड माइन्स देने पर राज़ी हो गए हैं. अमेरिकी रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बीबीसी से इसकी पुष्टि की है.

    नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर उन्होंने बताया है कि इस तरह के माइन्स जल्द ही यूक्रेन को सौंपे जाएंगे और अमेरिका को उम्मीद है कि इसका इस्तेमाल यूक्रेन की सीमा में होगा.

    अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक़ यूक्रेन भी इस तरह के माइन्स का इस्तेमाल घनी आबादी वाले इलाक़े में नहीं करने को वचनबद्ध है.

    माना जा रहा है कि बीते कुछ महीनों से यूक्रेन के पूर्व की तरफ तेज़ी से बढ़ रही रूसी सेना को रोकने के लिए यह फ़ैसला लिया गया है.

    अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को अपना पदभार ग्रहण करने वाले हैं. इससे दो महीने पहले मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति यूक्रेन को अमेरिकी मदद पर नए फ़ैसले ले रहे हैं.

    कुछ दिन पहले ही अमेरिका ने यूक्रेन को रूस के भीतर लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों के इस्तेमाल की अनुमति दी थी.

    रूस ने मंगलवार को कहा है कि यूक्रेन ने अमेरिका की लंबी दूरी वाली मिसाइलों से रूस के भीतर हमला किया है.

    रूस ने पश्चिमी देशों और नेटो के सदस्य देशों को रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन की मदद के ख़िलाफ़ चेतावनी भी दे रखी है.

  4. गुयाना और बारबडोस पीएम मोदी को देंगे सर्वोच्च सम्मान

    मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी पांच दशक बाद गुयाना की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं

    प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यात्रा पर गुयाना पहुंच गए हैं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर गुयाना के राष्ट्रपति डॉक्टर इरफ़ान अली और प्रधानमंत्री मार्क एंथोनी फिलीप्स को गुयाना में स्वागत के लिए धन्यवाद दिया है.

    इससे पहले पीएम मोदी जी-20 सम्मेलन के लिए ब्राज़ील में थे.

    पीएम मोदी बीते क़रीब पाँच दशक में गुयाना की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं.

    गुयाना में बड़ी आबादी भारतीय मूल के लोगों की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई और प्रसार भारती के अनुसार गुयाना ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सबसे बड़ा सम्मान द ऑर्डर ऑफ़ एक्सेलेंस देने की घोषणा की है.

    इसके अलावा बारबाडोस ने भी पीएम मोदी को अपने प्रतिष्ठिक सम्मान 'ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ़ फ़्रीडम ऑफ़ बारबाडोस' देने की घोषणा की है.

    दक्षिण अमेरिका के इकलौते अंग्रेजी भाषी देश गुयाना को ब्रिटेन ने उपनिवेश के तौर पर बसाया था.

    गुलामी प्रथा की समाप्ति के बाद, ब्रिटेन के औपनिवेशिक देशों में सबसे ज़्यादा भारतीय नागरिक अप्रवासी बनकर गुयाना में ही बसे.

    यही वजह है कि ब्राज़ील की सीमा से सटे और शताब्दियों से वेनेजुएला के साथ सीमा विवाद वाले देश गुयाना में हर दस नागरिकों में चार मूल रूप से भारतीय उपमहाद्वीप से जुड़े हैं.

    इनमें भारत के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं.

  5. महाराष्ट्र में सचिन तेंदुलकर समेत कई ख़ास लोगों ने डाला वोट

    सचिन
    इमेज कैप्शन, सचिन तेंदुलकर ने अपने परिवार के साथ वोट डाला है

    महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों और झारखंड में दूसरे चरण की 38 सीटों के लिए मतदान जारी है.

    महाराष्ट्र में कई इलाक़ों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोटरों की बड़ी भीड़ दिख रही है.

    आज 3 राज्यों की 14 सीटों पर भी उपचुनाव के लिए भी लोग अपना वोट डाल रहे हैं.

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मशहूर क्रिकेटर रहे सचिन तेंदुलकर ने अपने परिवार के साथ मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला है.

    इसके अलावा रिज़र्व बैंक के गवर्नर शशिकांत दास और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने वोट डाल दिया है.

    ख़ास राजनीतिक लोगों की बात करें तो एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले, अजित पवार और बीजेपी नेता चंद्रकांतदा पाटिल ने भी मतदान किया है.

  6. स्पेन के मशहूर टेनिस खिलाड़ी रफ़ाएल नडाल ने टेनिस को कहा अलविदा

    नडाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रफ़ाएल नडाल ने टेनिस को अलविदा कह दिया है

    स्पेन के मशहूर टेनिस खिलाड़ी रफ़ाएल नडाल ने संन्यास ले लिया है. उन्हें क्ले कोर्ट का बादशाह माना जाता था.

    22 ग्रैंड स्लेम विजेता नडाल ने मंगलवार को डेविस कप में अपना आख़िरी मैच खेला. इस मैच में 38 साल के नडाल को लगातार दो सेटों में 6-4, 6-4 से नीदरलैंड्स के बोटिक वान से हार का सामना करना पड़ा है.

    टेनिस से अपने संन्यास की घोषणा करते हुए रफ़ाएल नडाल ने अपने समर्थकों से कहा, “बीस साल के मेरे प्रोफ़ेशनल करियर में आपने अच्छे वक़्त में मेरा साथ दिया और बुरे वक़्त में मुझे खेलते रहने के लिए प्रोत्साहित किया.”

    नडाल को क्ले कोर्ट का बादशाह भी माना जाता था. उन्होंने 14 बार फ्रेंच ओपन सिंगल्स का ख़िताब जीता है. उन्होंने रोलां गैरो में खेले 116 अहम मैचों में 112 में जीत दर्ज की है.

    संन्यास के बाद उन्होंने कहा, "मैं नीदरलैंड्स को इस मौक़े पर बधाई देना चाहता हूं और यहाँ मौजूद स्पेन की पूरी टीम को धन्यवाद देता हूँ."

  7. जानिए झारखंड विधानसभा चुनाव की कुछ अहम सीटों के बारे में

    मतदान के लिए अपील करते छात्र

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग की कोशिश रही है कि वो ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को वोटिंग के लिए प्रोत्साहित कर सके.

    महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों और झारखंड में दूसरे चरण की 38 सीटों के लिए मतदान जारी है. इसके साथ ही आज 3 राज्यों की 14 सीटों पर भी उपचुनाव के लिए भी लोग अपना वोट डाल रहे हैं.

    नज़र डालते हैं झारखंड की कुछ अहम विधानसभा सीटों पर-

    बरहेट - हेमंत सोरेन

    संथाल परगना की बरहेट सीट से मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं. इससे पहले उन्होंने दो बार इस सीट से जीत दर्ज की है.

    हेमंत सोरेन साल 2009 से 2010 में राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं. साल 2013 में उन्होंने पहली बार झारखंड के मुख्यमंत्री का पद संभाला.

    उनके सामने बीजेपी की तरफ़ से गमालियल हेम्ब्रम चुनाव मैदान में होंगे. पहले वे राज्य की ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन यानी आजसू का हिस्सा भी रह चुके हैं.

    गांडेय - कल्पना सोरेन

    इस सीट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन चुनावी मैदान में हैं. इसी साल इस सीट पर हुए उपचुनाव में कल्पना सोरेन ने जीत दर्ज की थी.

    कल्पना सोरेन भारतीय सेना के रिटायर्ड अधिकारी अम्पा मुर्मू की बेटी हैं. उनके सामने बीजेपी की मुनिया देवी की चुनौती होगी, जो मौजूदा समय में गिरिडीह की जिला परिषद अध्यक्ष हैं.

    धनवार - बाबूलाल मरांडी

    इस सीट से झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी चुनाव मैदान में हैं. उन्होंने साल 2019 विधानसभा चुनाव में भी इस सीट से जीत दर्ज की थी.

    साल 2000 में बिहार से अलग होने के बाद मरांडी एनडीए के नेतृत्व में झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बने थे. साल 2006 में उन्होंने बीजेपी छोड़कर झारखंड विकास मोर्चा का गठन किया था. लेकिन साल 2020 में उन्होंने अपनी पार्टी का विलय बीजेपी में कर दिया.

    उनके सामने सीपीआई (एमएल) के राज कुमार यादव की चुनौती होगी, जिन्होंने साल 2014 विधानसभा चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज की थी.

  8. महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग शुरू- जानिए कुछ अहम सीटों के बारे में

    वोटिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग शुरू हो गई है (सांकेतिक तस्वीर)

    महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों और झारखंड के दूसरे चरण की 38 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है.

    इस अलावा आज 3 राज्यों की 14 सीटों पर भी उपचुनाव के लिए भी वोटिंग हो रही है.

    झारखंड में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हुआ था.

    महाराष्ट्र में हो रहे विधानसभा चुनावों की कुछ अहम सीटों पर नज़र डालते हैं.

    नागपुर दक्षिण-पश्चिम - देवेंद्र फडणवीस

    नागपुर की इस विधानसभा सीट से मौजूदा उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लगातार चौथी बार चुनावी मैदान में हैं. 2008 में परिसीमन के बाद से ही इस सीट पर देवेंद्र फडणवीस का कब्ज़ा रहा है.

    साल 2014 से लेकर 2019 तक वो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी रहे हैं.

    उनके सामने कांग्रेस ने प्रफुल गुडाधे को टिकट दिया है, जो कि 2014 के चुनाव में देवेंद्र फडणवीस से हार चुके हैं.

    कोपरी-पचपखड़ी - एकनाथ शिंदे

    ठाणे जिले की इस विधानसभा सीट से राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खु़द चुनाव लड़ रहे हैं. 2008 में सीट के बनने के बाद से ही एकनाथ शिंदे ने हर चुनाव में यहां से जीत दर्ज की है.

    उनके सामने इस सीट से आनंद दिघे के भतीजे केदार दिघे की चुनौती होगी. आनंद दिघे को एकनाथ शिंदे का राजनीतिक गुरु कहा जाता है.

    बारामती विधानसभा सीट - अजीत पवार

    पुणे जिले की इस विधानसभा सीट से राज्य के उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार चुनाव लड़े रहे हैं. इस सीट पर साल1991 में हुए उपचुनाव के बाद से ही अजित पवार ने सात बार जीत दर्ज की है.

    साल 1991 में वह बारामती लोकसभा सीट से सांसद चुने गए लेकिन उन्होंने बाद में सीट से इस्तीफा दे दिया. 2019 में वह शरद पवार की एनसीपी से अलग हुए और बीजेपी के साथ साझा सरकार में उप-मुख्यमंत्री का पद संभाला.

    उनके सामने उनके भतीजे युगेंद्र पवार एनसीपी (शरद पवार) की चुनौती होगी, जो कि शरद पवार की अगुवाई में चुनाव लड़ रहे हैं.

    वर्ली - आदित्य ठाकरे

    मुंबई शहर में आने वाली इस सीट से शिवसेना (उद्धव ठाकरे) प्रमुख के बेटे आदित्य ठाकरे चुनाव लड़े रहे हैं. उन्होंने अपने पहले चुनाव में इस सीट से 2019 का विधानसभा चुनाव जीता था.

    उनके सामने शिवसेना (शिंदे गुट) की तरफ से राज्यसभा सांसद मिलिंद देवरा को उतारा गया है. जिन्होंने इसी साल जनवरी में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था.

    बांद्रा पूर्व - जीशान सिद्दीकी

    बांद्रा पूर्व की इस सीट से दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी दूसरी बार एनसीपी (अजित पवार) के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं. 2019 में उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर इस सीट से चुनाव जीता था.

    इनके पिता लंबे समय तक कांग्रेस के नेता रहे, लेकिन इस साल के फरवरी महीने में उन्होंने अजित गुट की एनसीपी का हाथ थाम लिया था. वहीं अगस्त 2024 में जीशान को कांग्रेस ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया. अपने पिता की हत्या के बाद वह भी अजित गुट की एनसीपी में शामिल हो गए.

    इनके सामने शिवसेना (उद्धव बाला ठाकरे) से वरुण सरदेसाई की चुनौती होगी, जो आदित्य ठाकरे के मौसेरे भाई हैं.

    मानखुर्द-शिवाजीनगर- नवाब मलिक

    मुंबई की इस सीट से एनसीपी (अजित गुट) की टिकट पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक चुनाव लड़ रहे हैं.

    इन्होंने 1984 में पहली बार उत्तर मुंबई सीट से 25 साल की उम्र में बीजेपी के प्रमोद महाजन और कांग्रेस के गुरूदास कामत के ख़िलाफ़ चुनाव लड़कर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी.

    वह उद्धव ठाकरे की कांग्रेस और एनसीपी के साथ गठबंधन सरकार में अल्पसंख्यक, उद्यम और कौशल विकास विभाग के मंत्री भी रहे.

    इनके सामने शिवसेना (शिंदे गुट) की चुनौती होगी, जिन्हें बीजेपी सरकार से समर्थन मिल रहा है.

  9. महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों के लिए आज वोटिंग

    वोटर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा के अलावा आज तीन राज्यों की 14 सीटों पर उपचुनाव भी हो रहे हैं. (सांकेतिक तस्वीर)

    बुधवार को महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों और झारखंड में दूसरे चरण की 38 सीटों के लिए मतदान हो रहा है.

    इसके साथ ही आज 3 राज्यों की 14 सीटों पर भी उपचुनाव के लिए भी लोग अपना वोट डाल रहे हैं.

    जिन राज्यों में उपचुनाव हो रहा है, उनमें केरल की एक सीट, पंजाब की चार सीट और उत्तर प्रदेश की नौ सीटें शामिल है. इन राज्यों में त्योहार के कारण मतदान की तारीख़ों को बदल दिया गया था.

    दोनों राज्यों की सभी सीटों और उपचुनाव की सभी सीटों के लिए वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी.

    महाराष्ट्र की अहम सीटें

    महाराष्ट्र विधानसभा की 288 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है. जिसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. ऐसे में आइए राज्य की सभी चर्चित चेहरों की सीटों पर नज़र डालते हैं.

  10. नमस्कार!

    आज दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    बीजेपी नेता पर महाराष्ट्र चुनाव से एक दिन पहले पैसे बांटने के आरोप, राहुल गांधी क्या बोले. क्या है पूरा विवाद, जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    राजस्थान में फ़िल्म फ़ेस्टिवल को बीच में रोके जाने से जुड़ा पूरा विवाद क्या है? इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    मणिपुर की हिंसा से निपटने को लेकर मोदी सरकार पर क्यों उठते हैं सवाल? ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.