वाराणसी की दालमंडी में मकानों को तोड़े जाने पर प्रशासन ने क्या कहा

वाराणसी में दालमंडी में 650 मीटर की सड़क चौड़ी की जा रही है. इसको लेकर सड़क के बीच से दोनों तरफ़ 8.5 मीटर पर पड़ने वाले मकानों को तोड़ा जा रहा है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता,दीपक मंडल

  1. 'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' पर क्या बोले राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत

    इमेज स्रोत, X/@ashokgehlot51

    इमेज कैप्शन, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि अब वक़्त आ गया है कि विकास एवं प्रकृति के बीच संतुलन का सख़्ती से पालन कराया जाए

    राजस्थान के बीकानेर ज़िला मुख्यालय पर दो फ़रवरी से जारी 'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के लिए शुभ संकेत बताया है.

    सोमवार को एक वीडियो बयान जारी करते हुए उन्होंने सरकार से जल्द ट्री प्रोटेक्शन एक्ट पर फ़ैसला लेने की अपील की.

    अशोक गहलोत ने कहा, "पहले अरावली और अब खेजड़ी बचाने को लेकर चल रहे आंदोलन राजस्थान के लिए शुभ संकेत हैं. पर्यावरण को लेकर जो चेतना आमजन में आई है वह सराहनीय है."

    "अब वक़्त आ गया है कि विकास एवं प्रकृति के बीच संतुलन का सख़्ती से पालन कराया जाए. बिना पर्यावरण के हम भावी पीढ़ी को क्या जवाब देंगे."

    उन्होंने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि विकास अपने आप में महत्व रखता है, लेकिन विकास और पर्यावरण में संतुलन नहीं रहेगा तो स्थिति बिगड़ेगी और प्रदूषण फैलेगा.

    गहलोत ने कहा, "ग्लोबल वॉर्मिंग हो रहा है और पर्यावरण की दुनिया भर में चर्चा हो रही है."

    गहलोत की राज्य के लोगों से अपील

    अशोक गहलोत ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है, "आंदोलन करने से काम नहीं चलेगा बल्कि प्रदेशवासी अपने-अपने क्षेत्र में संगोष्ठियां करें, चर्चाएं करें और लोगों को समझाएं कि पर्यावरण का क्या महत्व है. कैसे प्रदूषण समाप्त हो. हर नागरिक को यह सोच पैदा करनी चाहिए."

    अशोक गहलोत ने विकास के लिए पश्चिमी राजस्थान में लगाए जा रहे सोलर प्लांट को भी ज़रूरी बताया, लेकिन लाखों खेजड़ी के पेड़ों की कटाई और बढ़ते तापमान पर चिंता जाहिर की है.

    उन्होंने सरकार से इसको लेकर नीति बनाने, रिसर्च करवाने के साथ जनता की सोच को ध्यान में रखते हुए जनहित में फ़ैसला करने की भी मांग की है.

    वहीं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने रविवार रात धरना दे रहे संतों और खेजड़ी बचाओ आंदोलन से जुड़े आंदोलनकारियों से जयपुर में मुलाक़ात की.

    उन्होंने प्रदेश भर में खेजड़ी की कटाई पर रोक लगाते हुए ट्री प्रोटेक्शन एक्ट बनाने का आश्वासन भी दिया है. बीते दिनों विधानसभा में खेजड़ी बचाने के लिए कानून बनाने की घोषणा की गई थी.

  2. टी20 वर्ल्ड कप 2026: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इटली और स्कॉटलैंड का मैच

    कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इटली और स्कॉटलैंड का मैच

    इमेज स्रोत, Dibyangshu SARKAR / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, टॉस के दौरान इटली के कप्तान वेन मेडसन और स्कॉटलैंट के कप्तान रिचर्ड बेरिंग्टन

    आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में सोमवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इटली और स्कॉटलैंड का मैच हो रहा है.

    बांग्लादेश के भारत में मैच खेलने से इनकार के बाद स्कॉटलैंड की टीम को वर्ल्ड कप में जगह दी गई है.

    इटली के कप्तान वेन मेडसन ने स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    स्कॉटलैंड की प्लेइंग इलेवन- जॉर्ज मंसी, माइकल जोंस, ब्रैंडन मक्मलेन, रिचर्ड बेरिंग्टन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), मार्क वॉट, माइकल लीस्क, ऑलिवर डेविडसन, ब्रैड व्हील, ब्रैडली करी.

    इटली की प्लेइंग इलेवन- जस्टिन मोस्का, एंथनी मोस्का, जेजे स्मट्स, वेन मेडसन (कप्तान), हैरी मनेंटी, बेंजमिन मनेंटी, ग्रांट स्टुअर्ट, जियान पिएरो मीड (विकेटकीपर), क्रिसन कलुगामेज़, थॉमस ड्रेका, अली हसन.

  3. यूपी: कानपुर में लेम्बोर्गिनी कार चालक ने कई लोगों को मारी टक्कर, तीन घायल, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    कानपुर की घटना

    इमेज स्रोत, AMIT KUMAR

    इमेज कैप्शन, पुलिस की मुताबिक़ मामले की जांच चल रही है

    उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिल्ली रजिस्टर्ड लेम्बोर्गिनी कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी. इसमें कम से कम तीन व्यक्तियों के घायल होने की ख़बर है.

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ रविवार शाम को ग्वालटोली थाने के रेव के पास काले रंग की कार ने पहले ऑटो फ़िर बाइक सवार एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी.

    इसके बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई, जिसमें कुछ और लोगों को चोट लगी है.

    घटना में घायल विशाल त्रिपाठी ने मीडिया को बताया, "हम बाइक स्टैंड पर लगाकर खड़े थे. तभी पीछे से आवाज़ आई, पलटकर देखा तो गाड़ी पहले ऑटो से टकराई."

    "फ़िर हमारी बाइक को टक्कर मारते हुए आगे खड़े लोगों से टकरा गई. दो लोग अस्पताल गए हैं. बाकी हम लोगों को चोट लगी है. हमने थाने में तहरीर दी है."

    उन्होंने कहा, "शीशा तोड़कर कार चालक को निकाला गया है. ये कार शिवम मिश्रा चला रहे थे."

    कानपुर के पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा, "कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र का मामला है. कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए कई गाड़ियों से टकरा गई."

    उन्होंने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और घायलों का इलाज चल रहा है.

    पुलिस की मुताबिक़ मामले की जांच चल रही है. हालांकि, कार चालक के घर वालों का दावा है कि मिर्गी का दौरा पड़ने की वजह से कार अनियंत्रित हो गई थी. फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

    पुलिस का कहना है कि कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं है.

  4. हांगकांग: उद्योगपति जिमी लाई को 20 साल जेल की सज़ा

    उद्योगपति जिमी लाई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उद्योगपति जिमी लाई के परिवार ने जेल में उनकी बिगड़ती सेहत के बारे में बार-बार चिंता जताई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    हांगकांग की एक अदालत ने लोकतंत्र समर्थक उद्योगपति जिमी लाई को दिसंबर में राष्ट्रीय सुरक्षा अपराधों का दोषी ठहराए जाने के बाद 20 साल जेल की सज़ा सुनाई है.

    ब्रिटिश पासपोर्ट रखने वाले जिमी लाई पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून के तहत विदेशी ताक़तों के साथ साज़िश रचने के दो आरोप थे.

    इसके अलावा, औपनिवेशिक-युग के एक अलग क़ानून के तहत, उनके एप्पल डेली अख़बार में देशद्रोही कॉन्टेंट पब्लिश करने का एक आरोप था. एप्पल डेली अख़बार अब बंद चुका है.

    उन्हें पहले ही दो मामलों में धोखाधड़ी और गैर-क़ानूनी सभाओं में शामिल होने के लिए जेल हो चुकी है.

    जिमी लाई ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है.

    कुछ लोग लाई को 'हीरो' मानते हैं और कुछ उन्हें 'गद्दार' कहते हैं. लाई के परिवार ने जेल में उनकी बिगड़ती सेहत के बारे में बार-बार चिंता जताई है.

    वहीं अधिकारियों का कहना है कि उनका स्वास्थ्य अच्छा है और उनके अधिकारों की "पूरी तरह से रक्षा" की जा रही है.

  5. जापान के आम चुनाव में पीएम सनाई तकाइची की शानदार जीत, पीएम मोदी ने दी बधाई

    जापान की पीएम सनाई तकाइची

    इमेज स्रोत, Kim Kyung-Hoon/Pool/Reuters/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जापान की पीएम सनाई तकाइची की पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत

    जापान में रविवार को हुए आम चुनाव में प्रधानमंत्री सनाई तकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बहुमत हासिल किया है.

    सत्ताधारी एलडीपी और जापान इनोवेशन पार्टी के गठबंधन ने 465 सदस्यों वाले निचले सदन में 352 सीटें जीती हैं.

    एनएचके सहित कई जापानी मीडिया आउटलेट्स ने इसे "ऐतिहासिक जीत" बताया है.

    तकाइची की जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "जापान-भारत की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी दुनिया में शांति, स्थिरता और खुशहाली को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभाती है."

    "मुझे पूरा भरोसा है कि महामहिम (सनाई तकाइची) के बेहतरीन नेतृत्व में, जापान और भारत के बीच दोस्ताना रिश्ते भविष्य में और भी ऊंचे स्तर पर पहुंचेंगे."

  6. ईरानी नोबेल पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को एक और मामले में सज़ा

    नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नरगिस मोहम्मदी को ईरान में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के लिए साल 2023 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था

    ईरानी नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को एक और मामले में सज़ा सुनाई गई है. ईरान की एक कोर्ट ने उन्हें साढ़े सात साल की जेल की सज़ा सुनाई है.

    ये जानकारी उनके वकील मोस्तफ़ा निली ने रविवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में दी है.

    नरगिस मोहम्मदी के वकील मोस्तफ़ा निली ने लिखा, "उन्हें 'मिलीभगत कर साज़िश रचने' के आरोप में छह साल और 'प्रोपेगेंडा गतिविधियों' के लिए डेढ़ साल जेल की सज़ा सुनाई गई है."

    मोहम्मदी बीते कई साल से जेल की कई सज़ाएं काट रही हैं. दिसंबर 2024 में मेडिकल कारणों से उन्हें जेल से तीन हफ़्ते के लिए अस्थायी रिहाई दी गई थी.

    हालांकि, गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक़ एक्टिविस्टों और पश्चिमी देशों के दबाव के चलते उनकी रिहाई का समय बढ़ गया.

    उनकी सबसे हालिया गिरफ़्तारी दिसंबर, 2025 में एक शोक सभा में "भड़काऊ बयान" देने के आरोप में हुई थी.

    इसी मामले में ईरान के उत्तर-पूर्वी शहर मशहद की एक कोर्ट ने उन्हें साढ़े सात जेल की सजा सुनाई है.

    53 साल की मोहम्मदी को ईरान में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के लिए साल 2023 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

  7. टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और भारत का मुक़ाबला होगा या नहीं, राजीव शुक्ला ने ये बताया

    बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि सब आईसीसी के ऊपर छोड़ा हुआ है

    टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल में 15 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच तय मुक़ाबले को लेकर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला से रविवार रात सवाल किया गया.

    इस पर उन्होंने जवाब दिया, "मैं इन चीज़ों पर कोई कमेंट नहीं करूंगा, न बीसीसीआई की तरफ़ से इस पर कोई कमेंट है. सारी चीज़ आईसीसी पर छोड़ी हुई है. आईसीसी जो फ़ैसला लेगा, हम वो मानेंगे."

    राजीव शुक्ला ने कहा, "सब आईसीसी के ऊपर छोड़ा हुआ है."

    पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलने की घोषणा की है. पाकिस्तान सरकार के मुताबिक़ उसने ये फ़ैसला ऐसा बांग्लादेश के प्रति समर्थन में किया है.

    दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आकर मैच खेलने से इनकार किया था और अपने मैचों के वेन्यू बदलने की मांग की थी.

    फिर आईसीसी ने बांग्लादेश को इस टूर्नामेंट से बाहर करते हुए स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया.

    भारत के ख़िलाफ़ टी20 वर्ल्ड कप मुक़ाबले के पाकिस्तान के प्रस्तावित बहिष्कार पर जारी गतिरोध को सुलझाने की कोशिश जारी है.

    इस बीच, रविवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नक़वी ने लाहौर में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम से मुलाक़ात की.

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के उपाध्यक्ष इमरान ख़्वाजा भी भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर गतिरोध सुलझाने की कोशिश में रविवार को लाहौर पहुंचे.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.