You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी हुई 'गंभीर', ग्रैप- 4 लागू किया गया

दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी सिवियर (गंभीर) होने के बाद यहाँ ग्रैप-4 लागू कर दिया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. दिल्ली में एयर क्वालिटी हुई 'गंभीर', ग्रैप- 4 हुआ लागू

    दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी सिवियर (गंभीर) होने के बाद यहाँ ग्रैप-4 (ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू कर दिया गया है.

    सेंट्रल पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक़ शनिवार शाम क़रीब 7 बजे दिल्ली की एयर क्वीलिटी 478 दर्ज की गई.

    कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमैंट इन नेशनल कैपिटल रिजन एंड एडजॉइनिंग एरिया (सीएक्यूएम) की सब कमेटी ने शनिवार को तत्काल प्रभाव से पूरे एनसीआर में ग्रैप-4 लागू कर दिया है.

    सीएक्यूएम ने एयर क्वालिटी के गंभीर होने के साथ ही लोगों को सलाह दी है कि बच्चे, बुज़ुर्ग, दिल से जुड़ी बीमारियों के मरीज़ या अन्य क्रॉनिक बीमारियों के मरीज़ घर से बाहर निकलने से परहेज़ करें.

    ऐसे लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है. अगर ऐसे लोगों को किसी वजह से घर से निकलना हो तो वो मास्क का इस्तेमाल करें.

    सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक़ शनिवार रात 9 बजे भी दिल्ली का एक्यूआई 455 दर्ज किया गया है.

    ग्रैप का स्टेज-4 क्या होता है?

    • दिल्ली में सभी ट्रकों की एंट्री पर पाबंदी (ज़रूरी सामान लाने वाले ट्रकों को छोड़कर). लेकिन एलएनजी, सीएनजी, इलेक्ट्रिक और बीएस-6 डीज़ल गाड़ियों के दिल्ली में प्रवेश की अनुमति होती है.
    • ज़रूरी सामान लाने वाली गाड़ियों को छोड़कर डीज़ल पर चलने वाली बीएस-4 मीडियम गुड्स व्हीकल और हैवी गुड्स व्हीकल को निश्चित समय के लिए दिल्ली में प्रवेश की अनुमति.
    • बीएस-3 और इससे नीचे के स्टैंडर्ड की दिल्ली से बाहर की गाड़ियों के लिए दिल्ली में प्रवेश पर पाबंदी.
    • ग्रैप स्टेज-3 में बताए गए सभी तरह के निर्माण कार्यों, मरम्मत कार्यों पर रोक.
    • राज्य सरकार कक्षा छह से 9 और कक्षा 11 के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फ़ैसला ले सकती है.
    • इसके साथ ही ग्रैप-3 में बताए गए प्रावधान के मुताबिक़ राज्य सरकार कक्षा पांच तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फ़ैसला ले सकती है.
  2. अमेरिकी प्रतिबंध हटने के बाद बेलारूस ने नोबेल विजेता समेत 123 क़ैदियों को किया रिहा, साराह रेन्सफ़र्ड और डियरबेल जॉर्डन, बीबीसी न्यूज़

    बेलारूस ने अपनी जेलों में बंद 123 क़ैदियों को रिहा कर दिया है. इनमें प्रमुख विपक्षी कार्यकर्ता मारिया कोलेस्निकोवा भी शामिल हैं.

    यह फ़ैसला उस समझौते के बाद लिया गया है, जिसमें अमेरिका पूर्वी यूरोप के इस देश पर लगे प्रतिबंध हटाने पर सहमत हो गया है.

    रिहा किए गए लोगों में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया बियालियात्स्की भी शामिल हैं. कोलेस्निकोवा साल 2020 से जेल में थीं. इस दौरान वह लंबे समय तक एकांत में रखी गईं.

    उनकी रिहाई के लिए लगातार अभियान चलाने वाली उनकी बहन तातियाना खोमिच ने बीबीसी को बताया है कि रिहाई के फ़ौरन बाद उन्होंने अपनी बहन से वीडियो कॉल पर बात की.

    खोमिच ने कहा, “वह आज़ाद हैं, वह ठीक दिख रही हैं, अच्छी लग रही हैं.”

    उन्होंने कहा कि वह अपनी बहन को गले लगाने का इंतज़ार कर रही हैं.

    यह रिहाई मिन्स्क में बेलारूस के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत जॉन कोएल के साथ हुई बातचीत के बाद हुई.

    अमेरिका ने इस बातचीत में पोटाश पर लगे प्रतिबंध हटाने पर सहमति दी है. पोटाश उर्वरक का अहम घटक है और बेलारूस इसका बड़ा निर्यातक देश है. बेलारूस रूस का क़रीबी सहयोगी माना जाता है.

    कोएल ने कहा, “जैसे-जैसे दोनों देशों के रिश्ते सामान्य होंगे, वैसे-वैसे और प्रतिबंध हटाए जाएंगे.”

    बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको को यूरोपीय संघ ‘राष्ट्रपति’ के रूप में मान्यता नहीं देता है.

  3. तिरुवनंतपुरम नगर निगम में बीजेपी ने रचा इतिहास, केरल निकाय चुनावों में और क्या हुआ?, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के चुनावों में जीत दर्ज की है. उसने तक़रीबन चार दशक तक इस शहर की सत्ता में रही लेफ़्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ़) को हराया है.

    तिरुवनंतपुरम में बीजेपी की जीत को एलडीएफ़ विरोधी लहर का संकेत माना जा रहा है, जो केरल की सत्ता में है. वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ़्रंट (यूडीएफ़) ने छह में से चार नगर निगमों में जीत दर्ज की है.

    इकलौते कोझिकोड नगर निगम में एलडीएफ़ ने जीत दर्ज की है.

    हाल ही में केरल में छह नगर निगमों, 14 ज़िला पंचायतों, 86 नगर पालिकाओं, 152 ब्लॉक पंचायतों और 951 ग्राम पंचायत के चुनाव हुए थे.

    तिरुवनंतपुरम में बीजेपी ने 50 सीटें जीतीं, उसके बाद एलडीएफ़ को 29 और यूडीएफ़ को 19 सीटें मिलीं. एक दशक पहले भी उसने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में काफ़ी सीटें जीती थीं, लेकिन इस जीत को दक्षिणी राज्य में एक "संभावित टर्निंग पॉइंट" के तौर पर देखा जा रहा है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को "केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक पल" बताया है और जीत के लिए लोगों को धन्यवाद दिया है.

    ये चुनाव ज़्यादातर स्थानीय मुद्दों पर हुए, लेकिन दो मुद्दे चुनावी बयानबाज़ी पर हावी रहे.

    पहला मुद्दा सबरीमाला के स्वामी अयप्पा मंदिर से सोने की चोरी का था और दूसरा मुद्दा पालक्काड के कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटाथिल पर यौन उत्पीड़न के आरोप का था.

    राजनीतिक विश्लेषक प्रोफ़ेसर जे प्रभाष बीबीसी न्यूज़ हिंदी से कहते हैं, "यह एलडीएफ़ के लिए साख गिरने वाली बात है. तिरुवनंतपुरम से लेकर कासरगोड तक, एलडीएफ़ के ख़िलाफ़ एंटी-इनकंबेंसी है. यहां तक ​​कि तिरुवनंतपुरम में भी, जहां बीजेपी को बहुमत मिला है, कमज़ोर कांग्रेस ने इस बार अपनी सीटों की संख्या बढ़ा दी है."

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को ईएनबीए अवॉर्ड्स में 'बेस्ट न्यूज़ कवरेज हिन्दी' का मिला सिल्वर पुरस्कार

    ईएनबीए अवॉर्ड्स में बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को 'बेस्ट न्यूज़ कवरेज हिन्दी' का सिल्वर अवॉर्ड दिया गया है.

    बेस्ट न्यूज़ कवरेज- हिन्दी की कैटेगरी में बीबीसी संवाददाता जुगल पुरोहित और देबलीन रॉय की रिपोर्ट- "ग्राउंड इन्वेस्टिगेशन: हसीना के जाने के बाद, बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर क्या बीत रही है?" को ये अवॉर्ड मिला है.

    यह पुरस्कार समारोह शनिवार, 13 दिसंबर को नई दिल्ली के होटल इरोज़ में आयोजित किया गया था.

    यहां देखिए बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वो ग्राउंड रिपोर्ट-

  5. हैदराबाद में फ़्रेंडली मैच में हिस्सा लेंगे मेसी, तैयारियों को लेकर क्या बोले तेलंगाना के मंत्री

    फ़ुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी शनिवार शाम को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय (आरजीआई) क्रिकेट स्टेडियम में एक फ़्रेंडली मैच खेलेंगे.

    तेलंगाना सरकार में मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने मेसी के इस टूर को लेकर कहा, "यह हमारे लिए, ख़ासकर हमारे तेलंगाना राज्य और ख़ूबसूरत शहर हैदराबाद के लिए सौभाग्य की बात है कि मेसी जैसा खिलाड़ी यहां आकर फ़्रेंडली मैच खेलेगा."

    उन्होंने कहा, "हम सभी बहुत उत्साहित हैं...मैच शायद 10 मिनट या 15 मिनट के लिए होगा. यहां पुलिस और प्रशासन ने सभी ज़रूरी एहतियाती क़दम उठाए हैं."

    उन्होंने कहा कि कोलकाता में जो हुआ, वो हैदराबाद में नहीं होगा. हैदराबाद में मेसी के कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी हिस्सा लेंगे.

    शनिवार सुबह कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में मेसी के कार्यक्रम के दौरान फ़ैन्स का गुस्सा फूट पड़ा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि वे मेसी को देखने पहुंचे थे, लेकिन 'ख़राब व्यवस्था के कारण' वे उन्हें देख नहीं पाए.

  6. मेसी के कोलकाता कार्यक्रम में हुई घटना को लेकर बीजेपी बोली- बुरी तरह तबाह हो गया है पश्चिम बंगाल

    बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, "फ़ुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी के कार्यक्रम में सॉल्ट लेक स्टेडियम में जिस प्रकार की अव्यवस्था, भगदड़ हुई, उससे सिर्फ़ कोलकाता नहीं, पश्चिम बंगाल नहीं, हर भारतीय का सिर शर्म से झुक गया."

    "पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने ट्वीट में कहा कि वो वह 'इस घटना से बहुत परेशान हैं', लेकिन मैं यह साफ़ करना चाहता हूं कि यह पश्चिम बंगाल है जो आपके शासन में बुरी तरह तबाह हो गया है."

    "ये सिर्फ़ आपके दुखी होने या विचलित होने की बात नहीं है. आपके शासनकाल में पश्चिम बंगाल जिस दुखद और दर्दनाक स्थिति की तरफ़ पहुंच गया है, ये घटना उसका प्रमाण है."

    बीजेपी प्रवक्ता ने पूरे विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "मैं विपक्ष से पूछना चाहता हूं कि इस तरह के आयोजनों में ऐसी अव्यवस्था आपके राज्यों में क्यों होती है. 4 जून 2025 को बेंगलुरु में आईपीएल के बाद ऐसी ही घटना होती है."

    "उसके बाद 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु में ऐसी अराजकता और अव्यवस्था करूर ज़िले में होती है...यह दर्शाता है कि वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत लचर है."

    वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्टेडियम में 'अव्यवस्था' पर दुख जताया और माफ़ी मांगी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "सॉल्ट लेक स्टेडियम में अव्यवस्था को देखकर मैं हैरान हूं. मैं हज़ारों खेल प्रेमियों और प्रशंसकों के साथ उस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्टेडियम जा रही थी, जहां सभी अपने पसंदीदा फ़ुटबॉलर लियोनेल मेसी की एक झलक पाने के लिए जुटे थे."

    इस हंगामे के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस का कहना है कि हालात सामान्य हैं और मुख्य आयोजक को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

  7. यूएन की अधिकारी ने पाकिस्तान सरकार से इमरान ख़ान को लेकर की यह अपील

    संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष प्रतिनिधि ने पाकिस्तान सरकार से पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के साथ हिरासत में अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार से जुड़ी रिपोर्ट्स के संबंध में तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

    यूएन की विशेष प्रतिनिधि एलिस जिल एडवर्ड्स ने पाकिस्तानी अधिकारियों से अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि इमरान ख़ान की हिरासत अंतरराष्ट्रीय मानदंडों और मानकों के तहत हो.

    इस साल सितंबर महीने में इमरान ख़ान की क़ानूनी टीम ने पूर्व प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी के साथ जेल में हुए दुर्व्यवहार के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष प्रतिनिधि से संपर्क किया था.

    संयुक्त राष्ट्र की अधिकारी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इमरान खान को 26 सितंबर, 2023 को रावलपिंडी की अडियाला जेल में स्थानांतरित किए जाने के बाद से कथित तौर पर बहुत ही एकांत कारावास में रखा गया है, जहां उन्हें दिन में 23 घंटे अपनी कोठरी में रखा जाता है, जबकि बाहरी दुनिया से उनकी पहुंच भी बेहद सीमित है.

    उन्होंने मांग की कि 'इमरान ख़ान का एकांत कारावास को बिना किसी देरी के समाप्त किया जाए'.

    इस मामले में पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है. हालांकि, इससे पहले सरकार ने बार-बार दावा किया है कि इमरान ख़ान को जेल में दूसरे क़ैदियों से ज़्यादा सुविधाएं मिल रही हैं.

    इस महीने की शुरुआत में इमरान ख़ान से उनकी बहन उज़मा खान ने मुलाकात की, जिसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा था कि इमरान ख़ान का 'स्वास्थ्य ठीक है, लेकिन वह कह रहे थे कि उन्हें मानसिक यातनाएं दी जा रही हैं.'

  8. पंकज चौधरी का यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनना कितना तय, स्वतंत्र देव सिंह ने बताया

    उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया है कि बीजेपी यूपी प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सिर्फ़ एक नामांकन दाख़िल हुआ है.

    उन्होंने कहा, "एक नामांकन हुआ है. पंकज चौधरी का सिंगल नामांकन हुआ है. (नामांकन के लिए) 3 बजे तक समय निर्धारित था और एक नामांकन हुआ है और पर्चे की जांच की जा रही है. घोषणा कल होनी है."

    पंकज चौधरी केंद्र सरकार में राज्य मंत्री हैं. शनिवार को उन्होंने यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाख़िल किया. इस दौरान उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे.

    स्वतंत्र देव सिंह ने बताया, "बीजेपी की जो चुनाव प्रक्रिया है...बूथ, मंडल, ज़िला और फिर प्रदेश का चुनाव...आज प्रदेश का चुनाव संपन्न हुआ है और लोग भी उत्साहित हैं."

    ये पूछे जाने पर कि सिर्फ़ एक नामांकन होने के नाते क्या ये तय है कि पंकज चौधरी यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे.

    इस पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, "एक ही नाम है, तो पंकज चौधरी का नाम लगभग कन्फ़र्म है, लेकिन घोषणा कल करेंगे."

  9. मेसी से जुड़े कोलकाता कार्यक्रम में हुई घटना पर पुलिस ने अब तक क्या एक्शन लिया?

    फ़ुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कोलकाता इवेंट में हुई घटना पर पश्चिम बंगाल पुलिस के अधिकारियों का बयान आया है.

    एडिशनल डायरेक्टर जनरल (एडीजी) लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य आयोजक को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    उन्होंने कहा, "अब हालात सामान्य हैं. दूसरा हिस्सा जांच का है. एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है...वे (आयोजक) कह रहे हैं कि (फ़ैन्स के टिकट के पैसे) वापस करेंगे. हम देखेंगे कि यह कैसे किया जा सकता है."

    शनिवार सुबह सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई घटना पर पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने भी मीडिया से बात की.

    उन्होंने बताया, "फ़ैन्स में इस बात को लेकर कुछ गुस्सा था कि वे (मेसी) खेल नहीं रहे थे...योजना ये थी कि वे (मेसी) आएंगे और कुछ लोगों से मिलकर चले जाएंगे. सरकार ने एक कमिटी बना दी है, जो इस घटना के सभी पहलुओं पर गौर करेगी."

    उन्होंने बताया कि आयोजकों से कहा गया है कि लोगों को उनके टिकट के पैसे वापस किए जाएं, अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो उनके ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने कहा, "हम यह पक्का करने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं कि इस कुप्रबंधन के लिए (ज़िम्मेदार लोगों को) सज़ा ज़रूर मिले."

  10. यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने अपना नामांकन दाख़िल किया

    केंद्र सरकार में राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाख़िल कर दिया है.

    इस मौके़ पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे.

    अगले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए शनिवार को नामांकन भरा जा रहा है. इस दौरान बीजेपी कार्यालय पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी से पत्रकारों ने उनका नाम सबसे ऊपर होने को लेकर उनकी प्रतिक्रिया मांगी.

    इस पर उन्होंने कहा, "निश्चित तौर पर बहुत महत्वपूर्ण दिन है. उत्तर प्रदेश बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए राज्य के सभी विधायक आए हैं, लोकसभा के सभी सदस्य भी आए हैं. उसी के तहत मैं भी आया हूं."

    उन्होंने कहा, "बैठक होगी, पार्टी जो निर्णय लेगी, उस पर काम होगा."

  11. अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  12. यूपी के बहराइच में मां के बगल में सो रही बच्ची को उठा ले गया 'जंगली जानवर', सैय्यद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में शनिवार तड़के एक बच्ची को जंगली जानवर उठा ले गया. ग्रामीण और वन विभाग की टीम बच्ची की तलाश में जुटी है.

    यह घटना कैसरगंज इलाक़े की है, जहां शनिवार तड़के घर के बरामदे में मां के साथ सो रही एक साल की बच्ची पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया. जब तक घर वाले कुछ समझ पाते जानवर उसे लेकर गन्ने के खेतों की ओर भाग गया.

    घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा और रेंजर ओंकार यादव वन कर्मियों के साथ मौक़े पर पहुंचे.

    रेंजर ओंकार यादव ने बताया कि एक मासूम पर 'जंगली जानवर' के हमला करने की सूचना मिली थी, हम सभी लोग मौक़े पर पहुंचे हैं. बच्ची की तलाश की जा रही है.

    बहराइच में लोग भेड़ियों के आतंक से ख़ौफ़ में हैं. ये इलाक़ा भारत-नेपाल सीमा से सटे तराई अंचल का है, जहाँ भेड़ियों के हमलों की कई घटनाएं हुई हैं.

  13. मेसी को देखने पहुंचे फैंस ने कोलकाता के स्टेडियम में की तोड़फोड़, लगाए ये आरोप

    फ़ुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी ग्रेटेस्ट ऑफ़ ऑल टाइम (जीओएटी) टूर के तहत शनिवार को कोलकाता पहुंचे, जहां वह सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुए एक कार्यक्रम में शामिल हुए.

    मेसी के जाने के बाद उनकी एक झलक को पाने के लिए स्टेडियम पहुंचे फैंस का गुस्सा फूट पड़ा. फैंस का आरोप है कि वह मेसी को देखने वहां पहुंचे थे, लेकिन 'ख़राब व्यवस्था के कारण' वे उन्हें नहीं देख पाए.

    स्टेडियम में फैंस की ओर से कुर्सी और बोतल फेंकने और तोड़फोड़ करने की तस्वीरें सामने आई हैं. फैंस ने ख़राब व्यवस्था का आरोप लगाते हुए पैसे वापस करने की मांग की.

    एक फैन ने आरोप लगाया कि इस इवेंट की 'सबसे सस्ती टिकट 5 हज़ार रुपये की थी' और फैंस उन्हें देख भी नहीं पाए. उन्होंने पुलिस पर 'कार्रवाई' का आरोप भी लगाया और टिकट के पैसे वापस करने की मांग की.

    एक अन्य फैन ने भी पैसे वापस करने की मांग करते हुए कहा कि वे सब मेसी को देखना चाहते थे, लेकिन उनके साथ 'स्कैम हुआ'. उन्होंने आरोप लगाया कि 'मंत्री अपने बच्चों के साथ वहां मौजूद थे और आम लोग कुछ भी नहीं देख पाए'.

  14. प्रियंका गांधी ने मनरेगा का नाम बदलने की चर्चाओं पर क्या कहा?

    महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने इस पर सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने कहा कि ऐसी चीज़ों से 'सरकार के रिसोर्सेज़ व्यर्थ होते हैं और पैसे भी लगते हैं'. हालांकि, मनरेगा का नाम बदलने को लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

    कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में मनरेगा का नाम बदलने पर फ़ैसला लिया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक़, अब मनरेगा का नाम 'पूज्य बापू ग्रामीण रोज़गार योजना' किया जाएगा.

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "मैं समझ नहीं सकती कि इसके पीछे मानसिकता क्यों है, क्या है? क्योंकि इसमें महात्मा गांधी जी का नाम है."

    उन्होंने कहा, "दूसरा ये कि जब भी नाम बदला जाता है तो सरकार के रिसोर्सेज़ फिर से व्यर्थ होते हैं. क्योंकि हर चीज़ को रीनेम करना होता है, सारे ऑफ़िस रीनेम होते हैं, सब कुछ रीनेम करना पड़ता है तो एक बड़ी एक्सरसाइज़ होती है, जिसमें पैसे भी लगते हैं."

    मनरेगा योजना को साल 2005 में राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम के तौर पर लाया गया था, जिसे साल 2009 में बदलकर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम कर दिया गया. इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सालभर में 100 दिनों के रोज़गार की गारंटी देना था.

  15. संसद हमले में मारे गए जवानों को पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

    साल 2001 में संसद में हुए हमले में मारे गए सुरक्षा बलों के जवानों को संसद परिसर में शनिवार को श्रद्धांजलि दी गई.

    इस दौरान उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय बोर्ड की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई नेता मौजूद रहे.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा, "संसद भवन पर हुए कायराना आतंकवादी हमले के दौरान एक अटूट ढाल बनकर खड़े रहे बहादुर सुरक्षाकर्मियों को याद करते हुए उन्हें दिल से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं."

    वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "आतंकवादियों को मुँहतोड़ जवाब देते हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को नमन करता हूँ. यह राष्ट्र वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा."

    साल 2001 में 13 दिसंबर के दिन कुछ हथियारबंदों ने संसद पर हमला कर दिया था. इस हमले में 14 लोग मारे गए थे.

  16. भारत पर ट्रंप के टैरिफ़ को ख़त्म करने के लिए अमेरिकी संसद में लाया गया प्रस्ताव

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ़ को ख़त्म करने के लिए अमेरिकी संसद (कांग्रेस) में प्रस्ताव पेश किया गया है.

    यह प्रस्ताव कांग्रेस के सदस्य राजा कृष्णमूर्ति, डेबोरा रॉस और मार्क वीसी की ओर से लाया गया.

    इसका मक़सद ट्रंप की ओर से भारत पर लगाए गए 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को समाप्त करना और व्यापार पर अमेरिकी कांग्रेस के संवैधानिक अधिकार को बहाल करना बताया गया.

    राजा कृष्णमूर्ति ने कहा, "भारत के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप की ग़ैर-जिम्मेदाराना टैरिफ़ रणनीति एक अहम साझेदारी को कमज़ोर करती है. अमेरिकी हितों को आगे बढ़ाने की बजाय ये टैरिफ़ सप्लाई चेन को बाधित करते हैं, अमेरिकी मज़दूरों को नुकसान पहुंचाते हैं और कंज्यूमर्स के लिए लागत बढ़ाते हैं."

    वहीं मार्क वीसी ने कहा, "भारत एक अहम सांस्कृतिक, आर्थिक और रणनीतिक साझेदार है और ये ग़ैरक़ानूनी टैरिफ़ आम लोगों पर एक तरह का टैक्स है."

    राष्ट्रपति ट्रंप ने इस साल भारत समेत दुनियाभर के कई देशों पर टैरिफ़ लगाया. पहले उन्होंने भारत पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया था, लेकिन अगस्त महीने में रूस से तेल ख़रीद का हवाला देते हुए ट्रंप ने भारत पर 25 फ़ीसदी अतिरिक्त टैरिफ़ लगा दिया.

    इस वजह से भारत से अमेरिका निर्यात होने वाले सामानों पर वर्तमान में 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लागू है.

  17. ट्रंप की घोषणा के बाद भी थाईलैंड-कंबोडिया के बीच जारी है लड़ाई

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीज़फ़ायर की घोषणा के बाद भी शनिवार तड़के दोनों देशों के बीच लड़ाई जारी रही.

    ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के नेताओं ने "आज (शुक्रवार) शाम से सभी तरह की गोलीबारी रोकने पर सहमति जताई है, और मेरे साथ किए गए मूल शांति समझौते पर लौटने का फैसला किया है."

    लेकिन शुक्रवार-शनिवार की रात गोलाबारी जारी रही. इस बीच, थाईलैंड की सेना कई रणनीतिक ठिकानों पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश कर रही हैं.

    थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुटिन चार्नविराकुल ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति से कहा था कि सीज़फायर तभी संभव होगा, जब कंबोडिया अपनी सभी सेनाएं वापस बुला ले और बारूदी सुरंगें हटा दे.

    उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, "थाईलैंड तब तक सैन्य कार्रवाई करता रहेगा, जब तक हमें अपनी ज़मीन और लोगों के लिए कोई और नुक़सान या ख़तरा महसूस होता रहेगा. मैं यह साफ़ करना चाहता हूं. आज सुबह की हमारी कार्रवाई यह स्पष्ट संदेश दे रही है."

    थाईलैंड और कंबोडिया के बीच नए सिरे से हुई लड़ाई में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है और दोनों तरफ़ से 7 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

  18. दिल्ली में स्मॉग, इन इलाक़ों में एक्यूआई 400 पार

    राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह ज़्यादातर इलाक़ों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के पार रहा.

    यानी राजधानी के ज़्यादातर इलाक़ों की हवा 'गंभीर' स्तर पर है, जो कि स्वास्थ्य के लिए बहुत ही ख़तरनाक मानी जाती है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक़, शनिवार सुबह आनंद विहार इलाक़े का एक्यूआई 436 रहा. वहीं बुराड़ी में एक्यूआई 415 दर्ज हुआ.

    शनिवार सुबह आठ बजे दिल्ली में एक्यूआई:

    • चांदनी चौक- 419
    • आईटीओ- 425
    • नरेला- 431
    • नजफ़गढ़- 312
    • मुंडका- 426
    • आरके पुरम- 404
    • रोहिणी- 436
    • शादीपुर- 375

    राज्यसभा में गुरुवार को दिल्ली में एक्यूआई से जुड़े एक सवाल पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि साल 2025 में जनवरी से नवंबर के बीच दिल्ली का औसत एक्यूआई जो 2018 में 213 था वह कम होकर 187 हुआ है.

    उन्होंने कहा, "2025 के दौरान दिल्ली में एक भी दिन एक्यूआई 450 नहीं हुआ है, हम उसको कंट्रोल रखने में सक्षम हुए हैं."

  19. स्टार फ़ुटबॉलर लियोनेल मेसी कोलकाता पहुंचे, एयरपोर्ट पर दिखी हज़ारों की भीड़

    स्टार फ़ुटबॉलर अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी शनिवार सुबह कोलकाता पहुंच गए हैं. उनके साथ फ़ुटबॉलर लुइस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल भी आए हैं.

    मेसी जीओएटी इंडिया टूर 2025 के तहत कोलकाता पहुंचे हैं. इस दौरान कोलकाता एयरपोर्ट पर मेसी की एक झलक पाने के लिए हज़ारों फैंस पहुंचे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मेसी के स्वागत के लिए हजारों लोग आधी रात के बाद तक इंतजार करते रहे. उनका प्लेन शनिवार तड़के 2.26 बजे कोलकाता में लैंड हुआ.

    जीओएटी इंडिया टूर 2025 के तहत मेसी तीन दिन भारत में बिताएंगे. इस दौरान वह देश के चार शहरों का दौरा करेंगे.

  20. ईरान: नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी गिरफ़्तार, नोबेल कमेटी क्या बोली, आंद्रे रोडेन-पॉल

    ईरान के सुरक्षा बलों ने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता और महिला अधिकार कार्यकर्ता नरगिस मोहम्मदी को "हिंसक तरीके से गिरफ़्तार" किया है. यह जानकारी उनके फ़ाउंडेशन ने दी है.

    नरगिस फ़ाउंडेशन के मुताबिक़, 53 साल की मोहम्मदी को ईरान के पूर्वी शहर मशहद में दूसरे कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ़्तार किया गया.

    नोबेल कमेटी ने कहा है कि वह "नरगिस मोहम्मदी की गिरफ़्तारी से बेहद चिंतित है" और उसने अधिकारियों से अपील की है कि "मोहम्मदी को जहां भी रखा गया है उसकी जानकारी दी जाए. उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए और बिना शर्त उन्हें रिहा किया जाए".

    ईरान सरकार की ओर से इस मामले पर कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है.

    मोहम्मदी को ईरान में महिलाओं पर हो रहे दमन के ख़िलाफ़ संघर्ष और मानवाधिकारों को बढ़ावा देने के लिए 2023 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था.

    दिसंबर 2024 में उन्हें मेडिकल आधार पर जेल से तीन हफ़्ते की अस्थायी रिहाई दी गई थी. वह 2021 से तेहरान की कुख्यात एविन जेल में बंद थीं. इसके बाद उनकी जल्द ही जेल में वापसी की उम्मीदें थीं. मोहम्मदी कई सज़ाओं का सामना कर रही हैं.