गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कारों का एलान, सूची में कौन-कौन शामिल?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो कीर्ति चक्र और 14 शौर्य चक्र सहित कई वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव और अश्वनी पासवान

  1. अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने कुंभ मेले के दौरान संन्यास लेने की वजह बताई

    ममता कुलकर्णी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने किन्नर अखाड़ा में संन्यास ग्रहण किया है.

    90 के दशक की फ़िल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने शुक्रवार को प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में अपनी आध्यात्मिक यात्रा शुरू की है.

    समाचार वेबसाइट द हिंदू के मुताबिक उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि अब उन्हें माई ममता नंद गिरी के नाम से जाना जाएगा.

    द हिंदू के मुताबिक उत्तर प्रदेश सरकारी की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि ममता कुलकर्णी ने कुंभ मेले में पहले किन्नर अखाड़ा में संन्यास ग्रहण किया उसके बाद उन्हें नया नाम दिया गया.

    पिंड दान करने के बाद किन्नर अखाड़ा में उनका पट्टाभिषेक किया गया.

    मीडिया से बात करते हुए अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने कहा कि 'यह महादेव महाकाली का आदेश था और मेरे गुरू का आदेश था.'

    आकाश की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “आज दिन उन्होंने चुना था मैंने कुछ नहीं किया.”

  2. ऑर्डिनेंस फ़ैक्ट्री धमाका मामले में देवेंद्र फडणवीस ने मुआवज़े का किया एलान

    देवेंद्र फडणवीस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुक्रवार को ऑर्डिनेंस फ़ैक्ट्री में हुए धमाके में आठ लोगों की मौत हुई है.

    महाराष्ट्र के भंडारा ज़िले में ऑर्डिनेंस फ़ैक्ट्री में विस्फोट के कारण छत गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई थी. साथ ही इस हादसे में 7 लोग घायल हो गए थे.

    अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे में मारे गए लोगों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवज़ा देने की बात कही है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.

    ज़िला नियंत्रण कक्ष की जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह क़रीब दस बजे आयुध निर्माणी जवाहर नगर में विस्फोट हुआ, छत ढह गई और कुछ लोग उसके नीचे दब गए थे.

    इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा था, "मैं दिवंगत लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ. दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़े हैं. मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ.”

  3. मस्क, मिस्टर बीस्ट या लैरी एलिसन- कौन ख़रीद सकता है टिकटॉक?, लिली जमाली, उत्तरी अमेरिका टेक्नोलॉजी संवाददाता

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वह चाहते हैं कि टिकटॉक को ओरैकल ख़रीदे.

    जिमी डोनाल्ड्सन जिन्हें हम मिस्टर बीस्ट के नाम से भी जानते हैं उन्होंने अपने लाखों टिकटॉक फॉलोवर्स से अमेरिका में टिकटॉक को ख़रीदने के लिए अपनी बिड के बारे में बताया है.

    उन्होंने कहा, "मैं आप लोगों का नया सीईओ बन सकता हूं, इसे लेकर मैं उत्साहित हूं."

    मिस्टर बीस्ट के इस पोस्ट को सोमवार से लेकर अब तक 73 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है. मिस्टर बीस्ट ने कहा है कि वह बिड से जुड़ी जानकारी साझा नहीं कर सकते हैं.

    इस महीने की शुरुआत में ब्लूमबर्ग ने रिपोर्ट किया था कि चीन टिकटॉक को अमेरिकी अरबपति एलन मस्क को बेचने के बारे में विचार कर रहा है. एलन मस्क अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के क़रीबी सहयोगियों में से एक हैं.

    एलन मस्क पहले से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के मालिक हैं.

    इसी सप्ताह एलन मस्क ने एक्स पर लिखा था, “फ़िलहाल टिकटॉक को अमेरिका में संचालन की अनुमति है, लेकिन चीन में एक्स के संचालन की अनुमति नहीं है यह ठीक नहीं है. कुछ बदले जाने की ज़रूरत है.”

    मंगलवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान एक पत्रकार ने ट्रंप से सवाल किया था कि वह मस्क के टिकटॉक ख़रीदने के लिए तैयार हैं. इस पर उन्होंने कहा था कि “हां, अगर वह ख़रीदना चाहेंगे तो.”

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "मैं चाहूंगा कि ओरैकल के चेयरमैन लैरी टिक टॉक को ख़रीदें जो उस वक्त मंच पर राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मौजूद थे. लैरी एलिसन भी ट्रंप के समर्थकों में से एक हैं."

    औरैकल टिकटॉक को सर्वर प्रदान करने वाली मुख्य कंपनियों में से एक है. पिछले साल ओरैकल ने चेतावनी दी थी कि टिकटॉक के बैन होने से उसे काफी नुकसान पहुंच सकता है.

  4. ट्रंप ने गर्भपात के लिए दी जाने वाली सरकारी सहायता को रोकने का उठाया क़दम

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका में गर्भपात के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता पर रोक लगाने के कार्यकारी आदेश दिए हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गर्भपात के लिए दी जाने वाली सरकारी सहायता को रोकने के लिए एक कार्यकारी आदेश जारी किया है.

    गर्भपात के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता के प्रावधानों को हाइड संशोधन के रूप में जाना जाता है. इसे पहली बार 1980 में लागू किया गया था. हालांकि तब से लेकर अब तक इसमें कई बार सुधार हो चुके हैं.

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस क़ानून को ख़त्म करने की कोशिश की थी पर वह नाकाम रहे थे. ट्रंप की ओर से जारी किए गए कार्यकारी आदेश में कहा गया है कि बाइडन प्रशासन ने इसकी बड़े पैमाने पर अनदेखी की.

    यह क़ानून ज़्यादातर सरकारी मेडिकल कार्यक्रम के तहत कम आय वाली महिलाओं साथ ही सेना और सरकारी कर्मचारियों पर असर डालता है.

    सुप्रीम कोर्ट के लिए चुने गए ट्रंप के एक जज ने दशकों पुराने इस क़ानून को हटा दिया था और कहा था कि अमेरिका में गर्भपात के लिए नीति अलग अलग राज्यों की ओर से निर्धारित की जानी चाहिए.

  5. यूक्रेन ने रूस की ऑयल रिफ़ाइनरी पर ड्रोन से हमला करने का किया दावा

    रूस यूक्रेन युद्ध
    इमेज कैप्शन, रूस ने कहा है कि उसने यूक्रेन के 121 ड्रोनों को गिरा दिया है.

    यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने रूस के रियाज़ान में स्थिति एक ऑयल रिफ़ाइनरी और मॉस्को को कम से कम 121 ड्रोनों के ज़रिए निशाना बनाया है.

    रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान इसे अपनी तरह का इकलौता बड़ा अभियान बताया जा रहा है.

    बीबीसी की ओर से सत्यापित वीडियो फुटेज़ में मॉस्को के दक्षिण पूर्व में रियाज़ान क्षेत्र में स्थिति रिफ़ाइनरी और पंपिंग स्टेशन के ऊपर आग की लपटों को उठते देखा जा सकता है.

    यूक्रेन के अधिकारियों ने इसी रिफ़ाइनरी को निशाना बनाकर हमला करने की बात कही है.

    रूस का कहना है कि उसने 13 क्षेत्रों में यूक्रेन के 121 ड्रोनों को गिरा दिया है. जिसमें मॉस्को और रियाज़ान क्षेत्र शामिल हैं. रूस ने किसी तरह के नुक़सान की कोई जानकारी नहीं दी है.

    वहीं दूसरी ओर यूक्रेन ने यह भी बताया है कि कीएव में रूस की ओर से एक रिहायशी इमारत पर किए गए ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल हुआ है.

  6. हमास ने उन चार महिला बंधकों के नाम जारी किए जिन्हें वो आज छोड़ेगा, रफ़ी बर्ग, बीबीसी न्यूज़

    ग़ज़ा युद्धविराम समझौता

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, युद्धविराम के तहत हमास की ओर से शनिवार को चार इसराइली महिला सैनिकों को छोड़ा जाएगा.

    हमास ने ग़ज़ा युद्धविराम समझौते के तहत छोड़े जाने वाले इसराइली बंधकों की दूसरी सूची जारी कर दी है.

    युद्धविराम समझौते के तहत शनिवार को हमास ने चार इसराइली बंधकों को छोड़ने की बात कही है. हमास ने इन चार बंधकों के नाम भी बताए हैं.

    हमास ने बताया है कि ये चारों इसराइली सैनिक हैं, जिनके नाम करीना एरिएव, डेनिएला गिल्बोओ, लेवी और लिरी अल्बाग है.

    इन चारों इसराइली सैनिकों को 180 फ़लस्तीनी क़ैदियों के बदले छोड़ा जाएगा.

    पिछले रविवार से लागू हुए ग़ज़ा युद्धविराम समझौते के तहत ये दूसरा मौक़ा है, जब बंधकों और क़ैदियों की अदला-बदली की जाएगी.

    पहली अदला-बदली के दौरान हमास ने 90 फ़लस्तीनी क़ैदियों के बदले तीन बंधकों को रिहा किया था.

    सात अक्तूबर 2023 को हमास की ओर से इसराइल पर हमला किया गया था, जिसमें 1200 इसराइली लोगों की मौत हुई थी. इस हमले में हमास की ओर से 251 इसराइली लोगों को बंधक बनाया गया था.

    हमास के हमले के बाद इसराइल की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 47,200 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    • इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को क्या भारत के दबाव में पाकिस्तान दौरा टालना पड़ा? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
    • कई शहरों में अचानक क्यों बंद हुए फ़िटजी के कोचिंग सेंटर, क्या है पूरा मामला. मामले की पूरी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.
    • अमेरिका का डब्ल्यूएचओ से अलग होना क्या भारत के लिए बुरी ख़बर है? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
    • ट्रंप की रूस को धमकी पर रूस और यूक्रेन में कैसी चर्चा. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.