- अमेरिका का डब्ल्यूएचओ से अलग होना क्या भारत के लिए बुरी ख़बर है?- यहां पढ़ें पूरी स्टोरी
धन्यवाद.
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप से बातचीत के लिए तैयार हुए पुतिन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दो दिन पहले डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में युद्ध ख़त्म नहीं करते हैं तो वह रूस पर और कई कड़े प्रतिबंध लगा देंगे
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध और अन्य वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए तैयार हैं.
पुतिन ने रूस की सरकारी मीडिया से कहा, "हमने हमेशा कहा है और मैं एक बार फिर इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि हम यूक्रेन के मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार हैं."
ट्रंप को "स्मार्ट" और "व्यावहारिक" बताते हुए पुतिन ने कहा कि आज की वास्तविकता के आधार पर अलग-अलग मुद्दों पर "शांति से चर्चा करना" एक अच्छा विचार होगा.
दो दिन पहले ट्रंप ने रूस से "इस बेतुके युद्ध को रोकने" का आग्रह किया था और रूस के ख़िलाफ़ "टैरिफ़ बढ़ाने और प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाने की चेतावनी दी थी.
गुरुवार को ट्रंप ने कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की युद्ध ख़त्म करने के लिए "समझौता करने के लिए तैयार" हैं.
ब्रिटेन: तूफ़ान आयोविन का क़हर, 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही हैं हवाएं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ब्रिटेन में आयोविन तूफ़ान की वजह से काफ़ी नुकसान हुआ है.
ब्रिटेन
में तूफ़ान आयोविन की वजह से हज़ारों घरों में बिजली सप्लाई बंद हो गई है और 20
प्रतिशत उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.
स्कॉटलैंड
के कई इलाक़ों में रेड वेदर वॉर्निंग जारी कर दी गई है. ये चेतावनी तब जारी की जाती
है जब मौसम ख़राब होने के कारण जान और माल के ख़तरे की आशंका होती है.
लाखों
लोगों से कहा गया है कि वो घरों के अंदर ही रहें.
कई
इलाकों में हवाएं 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही हैं. स्कॉटलैंड
में सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं
उत्तरी
आयरलैंड में कई इमारतों को ज़बरदस्त नुकसान पहुंचा है और कई पेड़ों के गिरने की वजह से
कई सड़कें बंद हो गई हैं. वहां सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है.
ब्रिटेन
के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश और बर्फ़बारी की चेतावनी जारी की
गई है.
अमेरिका के बाहर निकलने की घोषणा के बाद डब्ल्यूएचओ का क्या है प्लान?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस एडहानोम गेब्रिएसस
डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति पद पर लौटने का प्रभाव विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) भी महसूस कर रहा है.
न्यूज़ एजेंसियों रॉयटर्स और एएफ़पी के मुताबिक़ डब्ल्यूएचओ का कहना है कि उन्हें लागत में कटौती करनी होगी और समीक्षा करनी होगी कि किन स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए.
यह बयान ट्रंप की उस घोषणा के बाद आया है जब डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता संभालते हुए कह दिया कि अमेरिका डब्ल्यूएचओ से अलग हो जाएगा.
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी पर कोविड-19 महामारी और अन्य वैश्विक स्वास्थ्य संकटों को ठीक से न संभालने का आरोप लगाया.
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक एडहानोम गेब्रिएसस ने 23 जनवरी को एक ज्ञापन में कहा, "इस घोषणा ने हमारी वित्तीय स्थिति को और ज़्यादा गंभीर बना दिया है."
ज्ञापन में कहा गया है कि डब्ल्यूएचओ महत्वपूर्ण क्षेत्रों को छोड़कर, यात्रा खर्चों को काफी कम करने और भर्ती पर रोक लगाने की योजना बना रहा है.
अमेरिका एक साल की नोटिस अवधि के बाद जनवरी 2026 में डब्ल्यूएचओ से बाहर निकलने वाला है.
अमेरिका डब्ल्यूएचओ का सबसे बड़ा वित्तीय सहयोगी है, जो इसकी फंडिंग का लगभग 18% प्रदान करता है.
वक़्फ़ बिल पर जेपीसी की बैठक से निलंबित किए जाने पर असदुद्दीन ओवैसी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक में असदुद्दीन ओवैसी भी शामिल थे
शुक्रवार को वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक पर संसदीय समिति की बैठक में हंगामे के बाद दस विपक्षी सदस्यों को दिन भर के लिए निलंबित किए जाने पर निलंबित होने वाले सांसदों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “वक़्फ़ बिल बेहद नाज़ुक मामला है.”
उन्होंने कहा, “अगर सरकार इसको बुलडोज़ करके जेपीसी के ज़रिए संसद में लाना चाहती है तो इसका क़ानूनी तौर पर और एक समुदाय पर बहुत बुरा असर पड़ने वाला है.”
ओवैसी ने दावा किया है कि इसमें संशोधन के लिए जो प्रस्ताव किए जा रहे हैं वो वक़्फ़ संपत्ति को बचाने के लिए नहीं, बर्बाद करने के लिए किए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा, “बड़े अफसोस के साथ हमें यह कहना पड़ रहा है कि बीजेपी जिस तरह से यह करना चाहती है, वह तरीक़ा गलत है. सरकार जो कुछ भी कर रही है वह वक़्फ़ के पक्ष में नहीं है.
असदुद्दीन ओवैसी ने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है.
वहीं इस पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, “इससे पहले भी सांसद (विपक्षी) कई जेपीसी का हिस्सा रहे हैं और जेपीसी के अंदर क्या नियम और प्रक्रिया होती हैं इसका सबको अनुभव है.”
उन्होंने कहा, “लेकिन ऐसा जेपीसी हमने नहीं देखा होगा कि एक साथ 10 सदस्यों को निलंबित किया गया हो.”
उन्होंने आगे कहा, “हमने संसद में देखा जहां पर 140 सांसदों को एक ही दिन निलंबित किया गया, आज वही प्रक्रिया हमें संसद की कमेटी में देखने को मिली.
ग़ज़ा युद्दविराम: इसराइली बंधकों की दूसरी लिस्ट जारी कर सकता है हमास
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, पिछले रविवार से हमास और इसराइल के बीच ग़ज़ा में युद्धविराम लागू हो गया है
ग़ज़ा युद्धविराम समझौते के तहत शनिवार को हमास ने उन चार इसराइली बंधकों के नाम जारी किए जिन्हें आज़ाद किया जाना है.
उन बंधकों को इसराइल की जेल में कै़द 180 फ़लस्तीनी कै़दियों के बदले रिहा किया जाएगा.
पिछले रविवार से लागू हुए युद्धविराम का यह दूसरा चरम होगा. पहले अदला-बदली में 3 इसराइली बंधकों के बदले 90 फ़लस्तीनी कै़दियों को रिहा किया गया था.
इस युद्ध विराम समझौते से वह युद्ध रुक गया जो 7 अक्तूबर 2023 को हमास की ओर से इसराइल पर हमले के बाद शुरू हुआ था.
इस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बनाकर वापस ग़ज़ा ले जाया गया था.
ग़ज़ा के हमास की ओर संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इसराइल के हमलों में 47,200 से ज़्यादा फ़लस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें से ज़्यादातर नागरिक हैं.
अमेरिका में बिना दस्तावेज रह रहे भारतीयों के बारे में क्या बोला विदेश मंत्रालय
इमेज स्रोत, MEA
इमेज कैप्शन, अवैध आप्रवासन को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से प्रतिक्रिया आई है
भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अवैध आप्रवासन पर प्रतिक्रिया दी है.
प्रेस ब्रीफ़िंग में उन्होंने कहा, "हम अवैध आप्रवासन के ख़िलाफ़ हैं. खासकर क्योंकि यह संगठित अपराध के कई रूपों से जुड़ा हुआ है."
उन्होंने कहा, "भारतीयों के लिए सिर्फ़ अमेरिका ही नहीं बल्कि दुनिया में कहीं भी अगर वे हैं, भारतीय नागरिक हैं और वे ज़्यादा समय तक रह रहे हैं या किसी देश में बिना उचित दस्तावेज़ के हैं, तो हम उन्हें वापस ले जाएंगे.”
रणधीर जायसवाल ने कहा, “बशर्ते उनके दस्तावेज़ हमारे साथ साझा किए जाएं ताकि हम उनकी राष्ट्रीयता की पहचान कर सकें और यह सुनिश्चित कर सकें कि वे वास्तव में भारतीय हैं.”
उन्होंने कहा, “अगर ऐसा होता है तो हम मामले को आगे बढ़ाएंगे और उन्हें भारत वापस लाने में मदद करेंगे.”
विदेश मंत्रालय की ओर से यह बयान तब आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध आप्रवासन को लेकर अपना सख़्त रुख़ दिखाया है.
रणजी ट्रॉफ़ी: रोहित शर्मा दूसरी पारी में भी फ़ेल, शार्दुल ठाकुर ने जड़ा शतक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मुंबई टीम की ओर से बल्लेबाज़ी करते हुए पहली पारी में रोहित शर्मा ने केवल तीन रन बनाया था
जम्मू और कश्मीर के ख़िलाफ़ खेले जा रहे रणजी ट्रॉफ़ी मुक़ाबले में मुंबई टीम की ओर से बल्लेबाज़ी करते हुए फ़िर एक बार भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा फ्लॉप हो गए.
रोहित शर्मा दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 35 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हो गए.
रोहित इससे पहले पहली पारी में 19 गेंद पर केवल तीन रन ही बना पाए थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शार्दुल ठाकुर
वहीं दूसरी पारी में मुंबई टीम की ओर से शार्दुल ठाकुर फिर एक बार अच्छी पारी खेलते हुए शतक बनाया.
मुंबई टीम की ओर से शार्दुल ठाकुर ने पहली पारी में सबसे ज़्यादा 51 रन बनाए थे.
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ हुई टेस्ट सिरीज़ में रोहित शर्मा बुरे फ़ॉर्म से जूझते नज़र आए थे.
वक़्फ़ बिल पर जेपीसी की बैठक में हंगामा, 10 विपक्षी सांसद निलंबित
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जेपीसी की बैठक में हंगामे के बाद बाद समिति ने विपक्ष के 10 सांसदों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया
शुक्रवार को वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक पर संसदीय समिति की बैठक में हंगामे के बाद विपक्षी सदस्यों को दिन भर के लिए निलंबित कर दिया गया.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ निलंबित विपक्षी सांसदों में कल्याण बनर्जी, असदुद्दीन ओवैसी समेत 10 लोग शामिल हैं.
इस पर कांग्रेस सांसद और जेपीसी सदस्य इमरान मसूद ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, "बहुत जल्दबाज़ी कर रहे हैं. ये बस तमाशा बना रहे हैं, इस मामले को लेकर वे सीरियस नहीं हैं."
उन्होंने कहा, "हम सभी लोग एक ही बात कह रहे थे कि 27 जनवरी को होने वाली बैठक को 31 जनवरी को कर लीजिए."
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने
जेपीसी बैठक में 'इमरजेंसी जैसी हालत' का आरोप लगाया.
पत्रकारों से बात करते हुए कल्याण
बनर्जी ने कहा, “हम लोगों ने बार बार कहा
कि यह मीटिंग 30-31 जनवरी को कराई जाए, लेकिन उन्होंने नहीं सुना. जब हम कल रात
में दिल्ली पहुंचे, बैठक का एजेंडा बदल दिया गया. पहले हमें बताया गया कि बिंदुवार
बात होगी."
"जो कुछ अंदर हुआ वह इमरजेंसी कार्यवाही जैसा है. वे दिल्ली के चुनाव की
वजह से जल्दबाज़ी कर रहे हैं...यह राजनीति से प्रेरित है. चेयरमैन किसी की नहीं
सुनते..यह ज़मींदारी जैसा है. वे विपक्षी सदस्यों को कोई सम्मान नहीं देते. जेपीसी
नाटक बन गया है.”
उधर, वक़्फ़ संशोधन बिल पर बनी जेपीसी के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, "कल्याण बनर्जी ने मेरे ख़िलाफ़ असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल किया और मुझे गालियां दीं."
उन्होंने कहा, "मैं उनसे अनुरोध करता रहा कि उन लोगों को बोलने दें, जिन्हें हमने आमंत्रित किया है. हमने सदन को बार-बार स्थगित किया लेकिन वे (विपक्षी सांसद) नहीं चाहते थे कि बैठक जारी रहे."
उन्होंने आगे कहा, "इसलिए मुझे लगता है कि मजबूर होकर निशिकांत दुबे ने प्रस्ताव किया और उस पर सभी ने अपनी सहमति जताई."
चीन ने जापानी स्कूल बस पर हमले के मामले में एक व्यक्ति को मौत की सज़ा सुनाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन की एक अदालत के मुताबिक़ झोउ ने अपने ऊपर भारी कर्ज के कारण इस हमले को अंजाम दिया
चीन में एक जापानी मां और बच्चे पर चाकू से हमला करने वाले एक शख़्स को मौत की सज़ा सुनाई गई है.
हमले से बच्ची और उसकी मां को बचाने की कोशिश करने वाली एक दूसरी महिला की हमलावर ने हत्या कर दी थी. जापान की सरकार ने ये जानकारी दी.
ख़बर के मुताबिक़ 52 साल के हमलावर झोउ जियाशेंग ने पिछले साल 24 जून को ये हमला किया था. वो अपनी नौकरी जाने और कर्ज़ की वजह से परेशान था.
अदालत के मुताबिक़ उस कारण वह जीने की इच्छा खो चुका था.
यह हमला चीन के सूज़ौ प्रांत में एक जापानी स्कूल के बाहर हुआ था और यह पिछले वर्ष चीन में विदेशियों पर हुए तीन हमलों में से एक था.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब चीन में हाल के दिनों में कई हाई-प्रोफाइल केस में मौत की सज़ाएं दी गई हैं.
सैफ़ अली ख़ान पर हमले में अभियुक्त की पुलिस हिरासत बढ़ी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सैफ़ अली ख़ान पर हमले के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त
अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले के मामले में अभियुक्त मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम शहज़ाद की पुलिस हिरासत 29 जनवरी तक बढ़ा दी गई है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक मुंबई की एक अदालत ने अभियुक्त की पुलिस हिरासत बढ़ाई है.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सैफ़ अली ख़ान पर हमले के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त की पुलिस हिरासत बढ़ी
इससे पहले भी अभियुक्त की पुलिस हिरासत बढ़ाई गई थी.
मुंबई पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार करने के बाद कहा था कि वो बांग्लादेश का हो सकता है.
सैफ़ अली ख़ान पर गुरुवार तड़के उनके बांद्रा स्थित घर में एक शख़्स ने कई बार चाकू से वार किया था.
महाराष्ट्र: ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में विस्फोट से आठ की मौत, सीएम ने जताया दुख
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के भंडारा ज़िले में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में विस्फोट के कारण छत गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई है. साथ ही इस हादसे में 7 लोग घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है.
मलबे से पांच लोगों को बचाया गया. आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अब भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर में एक कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे. उसी दौरान मृतकों और घायलों की संख्या के बारे में जानकारी दी. इस मौके पर मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी गई.
जिला नियंत्रण कक्ष की जानकारी के अनुसार सुबह करीब दस बजे आयुध निर्माणी जवाहर नगर में विस्फोट हुआ. छत ढह गई और कुछ लोग उसके नीचे दब गए.
घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, तहसीलदार और अन्य जरूरी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. यह भी बताया गया कि एसडीआरएफ को और मदद के लिए बुलाया गया है.
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मैं दिवंगत लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ. दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़े हैं. मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ.
अब बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इजाज़त. आगे इस लाइव पेज के ज़रिए बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक दिन की बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.
फ़िलहाल, हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, पूर्व विधायक अनंत सिंह ने मोकामा गोलीबारी के मामले में किया सरेंडर, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अनंत सिंह
पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है.
दरअसल बीती 22 जनवरी को पटना के मोकामा प्रखंड के पचमहला थाना के नौरंगा गांव में अनंत सिंह के लोगों और सोनू-मोनू गुट में गोलीबारी हुई थी.
ये गोलीबारी कथित तौर पर सोनू-मोनू के ईंट भट्ठे में काम करने वाले मुंशी मुकेश सिंह से पैसों के लेनदेन को लेकर हुई थी.
22 जनवरी की शाम साढ़े चार बजे हुई इस गोलीबारी के मामले में कुल चार एफआईआर दर्ज हुई थी. जिसमें से एक में अनंत सिंह भी नामजद थे.
इससे पहले पटना पुलिस सोनू सिंह और अनंत सिंह गुट के सदस्य रोशन की गिरफ्तारी कर चुकी थी. शुक्रवार सुबह से ही पटना पुलिस ने अनंत सिंह के लदमा गांव स्थित घर के पास अपनी उपस्थिति बढ़ा दी थी, जिसके बाद अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर किया.
शुक्रवार सुबह भी मुकेश सिंह के घर पर गोलीबारी हुई है. हालांकि ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने इस मामले को बीबीसी से बातचीत में संदिग्ध बताया था.
केजरीवाल ने योगी आदित्यनाथ से अमित शाह को क्यों समझाने के लिए कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने सही मुद्दा उठाया है
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के दिल्ली में रैली किए जाने पर कहा, "योगी आदित्यनाथ दिल्ली आए. दिल्ली में उनका स्वागत है."
"कल योगी आदित्यनाथ ने मुद्दा उठाया कि दिल्ली में क़ानून व्यवस्था चरमरा गई. दिल्ली के लोग और मैं इससे सहमत हूँ."
केजरीवाल ने दावा किया, "दिल्ली के अंदर 11 गैंगस्टर घूम रहे हैं. 11 गैंगस्टर के अपने-अपने समूह हैं."
उन्होंने कहा कि दिल्ली में व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है, महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया और हर रोज 17 बच्चों का अपहरण हो रहा है.
केजरीवाल ने कहा, "योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उन्होंने यूपी में क़ानून व्यवस्था ठीक कर दी है. मैं नहीं जानता कि यूपी में क़ानून व्यवस्था ठीक हुई है कि नहीं, लेकिन योगी आदित्यनाथ सही कह रहे हैं तो दिल्ली की क़ानून व्यवस्था अमित शाह के हाथ में हैं."
"योगी आदित्यनाथ से मेरा निवेदन है कि वो अमित शाह को समझाएं कि क़ानून व्यवस्था कैसे ठीक की जाती है."
दरअसल, योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दिल्ली के जनकपुरी में रैली की.
उन्होंने इस दौरान कई सवाल उठाते हुए कहा था, "अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी ने दिल्ली के अंदर अराजकता को बढ़ावा देने का काम किया है."
योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त, सुरक्षित और सुविधा संपन्न राज्य है."
जोकोविच को सेमीफ़ाइनल बीच में छोड़ने पर झेलनी पड़ी दर्शकों की नाराज़गी, ज़ेवरेव ने किया बचाव
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नोवाक जोकोविच के साथ एलेक्ज़ेंडर ज़ेवरेव
नोवाक जोकोविच के ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफ़ाइनल को बीच में बाएं पैर में समस्या के कारण छोड़ने पर दर्शकों ने नाराज़गी जताई और उन पर चिल्लाने लगे.
एलेक्ज़ेंडर ज़ेवरेव ने मुकाबले के बाद और फ़ाइनल में पहुँचने पर कहा, "मैं पहली चीज़ कहना चाहता हूँ कि कृपया दोस्तों, जब कोई खिलाड़ी चोट के कारण बाहर हो जाता है तो उसके ख़िलाफ़ ऐसा मत करो."
"मैं जानता हूँ कि हर किसी ने टिकट के लिए पैसे दिए हैं और हर कोई अच्छा पाँच सेट का मैच देखना चाहता है."
"लेकिन आपको ये समझना होगा कि पिछले 20 साल में नोवाक जोकोविच ने टेनिस को सब कुछ दिया है."
नोवाक जोकोविच पहले सेट में 1 घंटे 21 मिनट तक खेले, लेकिन इसके बाद वो आगे नहीं खेल पाए.
बिहार के मोकामा में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अनंत सिंह
बिहार पुलिस ने कहा है कि मोकामा में हुई गोलीबारी के मामले में दो गिरफ्तारी हुई है.
पटना के एसएसपी ने कहा, "मामले में सोनू और रोशन की गिरफ्तारी हुई है. अभी भी छापेमारी चल रही है."
अनंत सिंह की तरफ से क्या गिरफ्तारी हुई है? इसके जवाब में उन्होंने कहा, "इसमें भी छापेमारी हुई है, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई. हम जल्द ही करेंगे."
उन्होंने बताया कि एसडीपीओ गांव में हैं. जाँच कर रहे हैं और इसके बाद ही कुछ बयान दे पाएंगे.
पूर्व विधायक अनंत सिंह के लोगों और सोनू-मोनू गैंग के बीच गोलीबारी का मामला सामना आया है.
समाचार एजेंसी एएनआई से इस मामले पर एसपी सिहाग ने कहा था, “मोकामा स्थित नौरांगा गांव में दो गुटों के बीच शाम को गोलीबारी होने की सूचना मिली थी. यह मामला पास के एक गांव में घर का ताला खुलवाने से जुड़ा है.”
“यह इलाक़ा पचमाला पुलिस थाना के अंतर्गत आता है. सूचना मिलने के बाद मौके पर तुरंत एक पुलिस टीम भेजी गई थी. तब तक दोनों गुट वहां से भाग गए थे.”
बीबीसी संवाददाता सीटू तिवारी ने नौरंगा गांव के लोगों और पत्रकारों से बात की. इसमें उन्होंने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि अनंत सिंह और सोनू-मोनू के बीच कई सालों से अच्छा संबंध नहीं रहा. लेकिन, बीते दो साल से दोनों के बीच अच्छा संबंध बने थे.
ब्रेकिंग न्यूज़, नोवाक जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफ़ाइनल से हुए बाहर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच सेमीफ़ाइनल से बाहर हो गए हैं,जिसके बाद एलेक्ज़ेंडर ज़ेवरेव फ़ाइनल में पहुंच गए
ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफ़ाइनल से शुक्रवार को टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच बाहर हो गए हैं.
जोकोविच ने एलेक्ज़ेंडर ज़ेवरेव के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल मुकाबला बाएं पैर में समस्या के कारण बीच में ही छोड़ दिया.
नोवाक जोकोविच पहले सेट में 1 घंटे 21 मिनट तक खेले, लेकिन इसके बाद वो आगे नहीं खेल पाए.
इसी के साथ एलेक्ज़ेंडर ज़ेवरेव ऑस्ट्रेलियन ओपन के फ़ाइनल में पहुँच गए हैं.
डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और टैरिफ़ पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप के साथ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (फाइल फोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि चीन से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ़ लगाने की योजना सही है.
उन्होंने फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में कहा, "चीन को अमेरिका से बहुत सारा पैसा मिलता है और वे उस पैसे का इस्तेमाल अपनी सेना में करते हैं."
फॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में ट्रंप से सवाल किया गया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनके कैसे रिश्ते हैं?
इसके जवाब में उन्होंने हाल ही में शी जिनपिंग के साथ हुई बातचीत को 'अच्छा' और 'दोस्ताना' बताया.
ट्रंप ने कहा कि कोरोना से पहले उन दोनों के बीच "बहुत अच्छे संबंध" थे.
उन्होंने कहा, "चीन महत्वाकांक्षी देश है और वो महत्वाकांक्षी (राष्ट्रपति शी) आदमी हैं. वो मेरे दोस्त की तरह थे और हमारे संबंध बहुत अच्छे थे."
ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि वह चीन से आयात पर दस फ़ीसदी टैरिफ़ लगाएंगे.