दिवाली और छठ की वजह से ट्रेनों में मुसाफिरों की भीड़- कांग्रेस ने रेल मंत्री से पूछे सवाल
लाइव कवरेज
चंदन कुमार जजवाड़े और अश्वनी पासवान
नमस्कार!
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इज़ाज़त. कल कुछ नई और महत्वपूर्ण खबरों के साथ फिर आपसे जुड़ेंगे.
लेकिन जाने से पहले आप आज की महत्वपूर्ण खबरें नीचे दी गई लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
वह दंपति, जिन्होंने गूगल से लड़ाई लड़ी और कंपनी पर लगा 2.4 अरब पाउंड का जुर्माना. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
इसराइल की जंग उसकी अर्थव्यवस्था को कैसे नुक़सान पहुंचा रही है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
मोहित पांडे की लखनऊ में पुलिस हिरासत में मौत पर छिड़ा सियासी घमासान, पुलिस पर उठे गंभीर सवाल. इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हिज़्बुल्लाह के नए प्रमुख नईम क़ासिम को जानिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नईम क़ासिम हिज़्बुल्लाह के गिने चुने सीनियर नेताओं में से ज़िंदा बचे हैं.(फाइल फोटो)
हिज़्बुल्लाह ने अपने डिप्टी सेक्रेटरी को नया प्रमुख बनाने की घोषणा की है. नईम क़ासिम लंबे समय से हिज़्बुल्लाह के प्रमुख रहे हसन नसरल्लाह की जगह लेंगे.
पिछले महीने इसराइल ने नसरल्लाह को लेबनान की राजधानी बेरूत में एयर स्ट्राइक में मार दिया था.
इसराइल की ओर से किए गए लगातार हमलों में कई सीनियर नेताओं के मारे जाने के बाद नईम क़ासिम हिज़्बुल्लाह के गिने चुने सीनियर नेताओं में से ज़िंदा बचे हैं.
हिज़्बुल्लाह ने नए नेता की घोषणा तब की है, जब इसराइल ने लेबनान में हमले और बढ़ा दिए हैं. पिछले 30 सालों से नईम क़ासिम हिज़्बुल्लाह के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल थे और समूह के जाने-पहचाने नेताओं में से एक थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नईम क़ासिम
हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि नईम को शुरा काउंसिल ने नए नियम के मुताबिक प्रमुख चुना है. नईम के बारे में बहुत जानकारी नहीं है कि वह कहाँ रहते हैं. कुछ रिपोर्ट्स का दावा है कि वह ईरान भाग गए थे. ईरान हिज़्बुल्लाह का प्रमुख समर्थक है.
नसरल्लाह के मारे जाने के बाद हाशिम सैफिद्दीन को हिज़्बुल्लाह की कमान मिलनी थी लेकिन 22 अक्तूबर को इसराइल ने कहा था कि सैफिद्दीन भी मारे जा चुके हैं. इसराइल की घोषणा से तीन हफ़्ते पहले सैफिद्दीन एयर स्ट्राइक में मारे गए थे.
हाल के हफ़्तों में इसराइल ने पूरे लेबनान में हवाई हमले किए हैं.
इसराइल का कहना है कि वह हिज़्बुल्लाह के इन्फ़्रास्ट्रक्चर और उसके लोगों पर हमले कर रहा है. सोमवार की रात इसराइली सेना ने लेबनान के बेका वैली में हमला किया था. इस इलाक़े में हिज़्बुल्लाह का मज़बूत गढ़ माना जाता है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हसन नसरल्लाह की तस्वीर के साथ बेरुत में उनके समर्थक
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि सोमवार की रात इसराइली हमले में कम से कम 60 लोग मारे गए हैं और 50 से ज़्यादा लोग ज़ख़्मी हुए हैं.
इसराइल की सेना ने अब तक इस हमले को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है.
इसराइल की कोशिश है कि लेबनान से लगी सीमा पर सुरक्षा चिंताओं के कारण विस्थापित हुए नागरिकों को फिर से वहाँ बसाए. हिज़्बुल्लाह इसराइल से लगी सीमा पर अक्सर हमले करता रहा है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लेबनान पर इसराइल का हमला
पिछले एक साल में ग़ज़ा में जारी युद्ध के दौरान इसराइल ने हिज़्बुल्लाह पर सख़्ती बढ़ा दी है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले एक साल में 2,700 लोग मारे गए हैं और 12,500 लोग ज़ख़्मी हुए हैं.
हिज़्बुल्लाह ने इस एक साल में इसराइल पर हज़ारों रॉकेट और ड्रोन से हमले किए हैं. हिज़्बुल्लाह के हमले में इसराइल के कम से कम 59 लोग मारे गए हैं.
राजस्थान में मृतक बताकर रोकी जा रही है कई लोगों की पेंशन-एमकेएसएस ने किया दावा, इशाद्रिता लाहिड़ी, बीबीसी संवाददाता
इमेज कैप्शन, झुमकु देवी ने बताया कि उन्हें मृत घोषित कर दिया गया
दिल्ली में मजदूर किसान शक्ति संगठन (एमकेएसएस) ने मंगलवार को दावा किया कि राजस्थान में कई ऐसे लोग हैं जिनके आधार बायोमेट्रिक से मिलान नहीं होने के कारण उन्हें पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "कई लोगों को जिंदा होने के बावजूद मृत घोषित कर दिया गया और उनकी पेंशन रोक दी गई है"
एमकेएसएस ने बताया कि हजारों बुजुर्ग, विकलांग, विधवा और अन्य लाभार्थियों के पेंशन खाते गलतियों के चलते बंद कर दिए गए हैं.
अपने दावे की पुष्टि के लिए एमकेएसएस ने 9 ऐसे लोगों को मीडिया से बातचीत के लिए पेश किया जिनके पेंशन खाते डिजिटल जानकारी दर्ज करने में हुई गलतियों के कारण बंद हो चुके हैं.
इनमें से एक 22 वर्षीय गुड़िया है और वो सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित हैं. उन्हें पिछले दो साल से विकलांगता पेंशन नहीं मिली है.
इमेज कैप्शन, गुड़िया
गुड़िया ने कहा, “दिसंबर 2022 से मेरी पेंशन बंद है..मुझे राज्य से बाहर बताकर मेरी पेंशन बंद कर दी गई. मैं एसडीएम कार्यालय और ज़िला परिषद भी गई, लेकिन आधार बायोमेट्रिक्स मेल नहीं होने के कारण आधार नहीं बन पा रहा है. उम्र के साथ रेटिना और हाथों की लकीरें बदल गई हैं. जब तक आधार नहीं बनेगा तब तक मेरी पेंशन शुरू नहीं होगी.”
क़रीब 74 साल की झुमकु देवी की भी दो साल से पेंशन बंद है और उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया है. ऐसे इसलिए क्योंकि उनके अंगूठे के निशान बायोमेट्रिक्स से मेल नहीं खा रहे.
इमेज कैप्शन, मजदूर किसान शक्ति संगठन की प्रेस कॉन्फ्रेंस
एमकेएसएस के शंकर सिंह ने कहा, "उम्र के साथ हाथों की लकीरें बदल जाती हैं और पुराना बायोमेट्रिक बाद में मेल नहीं खाता. इससे आधार रद्द हो जाता है. ऐसी स्थिति में पेंशनर्स को सूची से हटाने के लिए उन्हें मृत, राज्य से बाहर या कुछ और घोषित कर दिया जाता है.”
एमकेएसएस के संस्थापक निखिल डे का कहना है, “ऐसे लोगों के लिए कोई मुआवजा तक नहीं है. सरकार की कोई जवाबदेही नहीं है.”
भारत ने न्यूज़ीलैंड की महिला क्रिकेट टीम को हराया, स्मृति मंधाना की सेंचुरी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, स्मृति मंधाना ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ शतक बनाया (फाइल फोटो)
गुजरात के अहमदाबाद में खेले गए तीसरे वनडे इंटरनेशनल मुक़ाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड महिला क्रिकेट टीम को हरा दिया है.
भारतीय महिलाओं ने ये मैच छह विकेट से जीता.
न्यूज़ीलैंड टीम ने पहले बैटिंग की और 49.5 ओवर में 232 रन पर सिमट गई थी. इसके जवाब में भारतीय टीम ने आसानी से छह विकेट से मैच जीत लिया. स्मृति मंधाना ने भारत की ओर से सबसे अधिक 100 रनों की पारी खेली.
वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अर्धशतक बनाया और नाबाद रहीं. इसके अलावा शेफ़ाली वर्मा ने 12, यास्तिका भाटिया ने 35 और जेमिमा रॉड्रिग्स ने 11 रन बनाए.
इसी के साथ भारत ने वनडे सिरीज़ भी 2-1 से जीत ली है.
न्यूज़ीलैंड की ओर से ब्रूक हैलिडे ने सबसे अधिक 86 रनों की पारी खेली.
इस शख्स की दौलत में आया जबरदस्त उछाल, बने चीन के सबसे अमीर इंसान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, झांग यिमिंग बने चीन के सबसे अमीर शख्स
टिक टॉक की निर्माता कंपनी बाइटडांस के को-फाउंडर झांग यिमिंग चीन के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं.
हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट ने टिक टॉक के फाउंडर झांग यिमिंग की संपत्ति 49.3 बिलियन डॉलर बताई है जो कि 2023 से 43 प्रतिशत अधिक है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिक टॉक कई देशों में काफी मशहूर है. हालांकि भारत सहित कई देशों में टिक टॉक पर प्रतिबंध लगा है.
अमेरिका में कई दवाब झेलने के बाद भी बाइटडांस को पिछले साल की तुलना में दुनियाभर में 60 प्रतिशत से अधिक लाभ हुआ है.
दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर लाइव सुनिए
इमेज कैप्शन, दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर
बीबीसी हिंदी का पॉडकास्ट ‘दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर‘ प्रियंका और सुमिरन से यहां क्लिक करके लाइव सुनिए.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी के ये नेता हुए बाग़ी, क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अतुल शाह ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले टिकट नहीं मिलने के बाद बीजेपी के दो नेताओं ने बगावत कर दी है.
अतुल शाह ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मुंबादेवी सीट से नामांकन भरा है. वहीं गोपाल शेट्टी नेबोरीवली सीट से नामांकन भरने की बात कही है..
मुंबादेवी सीट से नामांकन भरने के बाद अतुल शाह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "इसका कारण है. मैं इस सीट का कई साल से प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और यहां से किसी और को टिकट दिया गया."
"किसी को भी थोप देंगे."
बोरीवली सीट से नामांकन भरने को लेकर गोपाल शेट्टी ने कहा, " मेरी लड़ाई टिकट नहीं मिलने की नहीं है. मैंने टिकट मांगा ही नहीं. ये वास्तविकता है."
बीजेपी ने बोरीवली सीट से संजय उपाध्याय को चुनावी मैदान में उतारा है. वहीं मुंबादेवी सीट से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने शाइना एनसी को टिकट दिया है.
बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी के साथ गठबंधन महायुति का हिस्सा है.
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी.
फ़िल्म अभिनेता सलमान ख़ान और जीशान सिद्दीकी को धमकी देने वाला यूपी के नोएडा से गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सलमान खान को हाल ही में जान से मारने की धमकी मिली थी (फाइल फोटो)
बॉलीवुड अभिनेता सलमान ख़ान और एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है.
समाचार एजेंसी ने निर्मल नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के हवाले से कहा, "जीशान सिद्दीकी के हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सिद्दीकी और सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई."
उन्होंने कहा कि आगे की जांच के लिए अभियुक्त को मुंबई लाया गया है.
जीशान सिद्दीकी के पिता बाबा सिद्दीकी की हाल ही में मुंबई के बांद्रा ईस्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
क़रीब 48 साल से कांग्रेस में रहे बाबा सिद्दीकी इस साल ही फरवरी में एनसीपी (अजीत पवार गुट) में शामिल हुए थे.
ग़ाज़ियाबाद में ज़िला जज और वकीलों के बीच बहस हंगामे में बदली, पुलिस तैनात, जावेद चौधरी, ग़ाज़ियाबाद से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज कैप्शन, ग़ाज़ियाबाद में स्थित कोर्ट में पुलिस को तैनात किया गया
ग़ाज़ियाबाद स्थित एक न्यायालय परिसर में ज़िला जज और वकीलों के बीच मंगलवार को बहस हुई. ये विवाद इतना बढ़ा कि ज़िला जज को पुलिस को बुलाना पड़ा.
इसके बाद पुलिस ने कोर्ट रूम से वकीलों को बाहर करने का प्रयास किया. इस दौरान वकीलों ने नारेबाजी की. विवाद बढ़ने के कारण न्यायालय परिसर छावनी में तब्दील हो गया है.
वरिष्ठ अधिवक्ता नाहर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि एक मामले में ज़िला जज के यहां सुनवाई चल रही थी. इसमें वकील जितेंद्र सिंह के अलावा अन्य वकील थे. वकीलों ने ज़िला जज से कहा, "सर मामला जल्दी सुन लीजिए." इसके जवाब में ज़िला जज ने कहा, "मैं अभी नहीं सुन रहा जो आपसे हो सकता है कर लो."
इस बात से वकील गुस्सा हो गए. इसे देखते हुए ज़िला जज ने पुलिस को बुला लिया.
नाहर सिंह यादव ने कहा, "वकीलों ने कहीं भी तोड़फोड़ नहीं की है. ये सब पुलिस ने किया और वकीलों को पीटा. इस मामले को उच्च स्तर पर ले जाया जाएगा. लखनऊ और प्रयागराज सहित पूरे देश के वकील ज़िला जज के ट्रांसफर और पुलिस की हिटलर शाही के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे."
"4 दिन की छुट्टी है और इसके बाद मैं भूख हड़ताल पर भी बैठूंगा."
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय कमिश्नरेट गाजियाबाद दिनेश कुमार ने कहा कि ज़िला जज के कोर्ट रूम में एक केस के बारे में सुनवाई चल रही थी. इसमें अधिवक्ता जितेंद्र सिंह, नाहर सिंह और अन्य वकील थे. इस दौरान वकीलों ने जल्द ही सुनवाई को लेकर ज़िला जज के साथ अभद्रता की. ज़िला जज को वकीलों से सुरक्षित बचाया गया और उन्हें उनके रूम में ले जाया गया.
उन्होंने कहा कि वकीलों ने हंगामा किया और कुर्सियां भी तोड़ी. कोर्ट में भारी पुलिस बल को तैनात किया है.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: शरद पवार की एनसीपी ने एक और सूची की जारी, किसे मिला टिकट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शरद पवार
शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) ने मंगलवार को महाराष्ट़् विधानसभा चुनाव के लिए पांचवीं सूची जारी की.
पार्टी ने पांचवीं सूची में पांच नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा है. माढा सीट से अभिजीत पाटिल, मुलुंड से संगिता वाजे और पंढरपूर से अनिल सावंत को टिकट दिया है.
इमेज स्रोत, @NCPspeaks
इमेज कैप्शन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार की सूची
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार ने सोमवार को भी एक और सूची जारी की थी.
इसमें सात उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया है. काटोल से अनिल देशमुख, खानापुर से वैभव सदाशिव पाटील और सिंदखेड़ा से संदीप बेडसे को टिकट दिया गया
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी.
राज्य में एकनाथ शिंदे की शिवसेना, बीजेपी और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी वाला गठबंधन महायुति है. दूसरी तरफ कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की एनसीपी वाला गठबंधन महाविकास अघाड़ी है.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: कभी हां, कभी ना के बाद नवाब मलिक को मिला पार्टी टिकट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नवाब मलिक अजित पवार की एनसीपी के नेता हैं (फाइल फोटो)
महाराष्ट्र की मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक ने मंगलवार को पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया.
इससे पहले, उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी पर्चा दाखिल किया था और कहा था कि अगर पार्टी टिकट नहीं देती है और वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे.
पार्टी की उम्मीदवारी मिलने पर नवाब मलिक ने कहा, "राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एबी फॉर्म दे दिया है. इसे हमने 2.55 पर जमा कर दिया है. अब मैं अधिकारिक तौर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार हूं,"
इससे पहले नवाब मलिक ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा था, " राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भी नामांकन दाखिल किया है."
"अभी तक पार्टी का एबी फॉर्म नहीं मिला है. नामांकन भरने के बाद समय के भीतर पार्टी का एबी फॉर्म मिल जाता है तो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे. ऐसा नहीं हुआ तो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ूंगा."
महाराष्ट्र की मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से फिलहाल समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी विधायक हैं.
महाराष्ट्र में एक तरफ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना, बीजेपी और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी वाला गठबंधन महायुति है.
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की एनसीपी वाला गठबंधन महाविकास अघाड़ी है.
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी.
ब्रेकिंग न्यूज़, हिज़्बुल्लाह ने अपना नया प्रमुख चुना, नईम क़ासिम को मिली कमान
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, हिज़्बुल्लाह के नए प्रमुख नईम क़ासिम
लेबनान के हथियारबंद गुट हिज़्बुल्लाह ने अपना नया प्रमुख नईम क़ासिम को चुना है. इससे पहले वो गुट के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल थे.
लेबनान के बेरूत में हुए इसराइली हवाई हमले में उसके नेता हसन नसरल्लाह मारे गए थे. हाल ही में इसराइल ने हिज़्बुल्लाह के कई वरिष्ठ नेताओं को मारा है.
हसन नसरल्लाह के बाद उनके उत्तराधिकारी माने जाने वाले हाशिम सैफ़िद्दीन भी इसराइली हमले में मारे गए थे.
शराब नीति मामले में ईडी ने रांची में की छापेमारी, आईएएस विनय चौबे और गजेंद्र सिंह के आवास पर मारे छापे, आनंद दत्त, रांची से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज कैप्शन, विनय चौबे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सचिव रह चुके हैं
छत्तीसगढ़ और झारखंड में कथित तौर पर हुए शराब नीति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को रांची में छापेमारी की.
यह छापेमारी उत्पाद विभाग के तत्कालीन संयुक्त सचिव आईएएस विनय चौबे और संयुक्त सचिव गजेंद्र सिंह के रांची स्थित आवास पर हुई. विनय चौबे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सचिव भी रह चुके हैं.
शराब नीति मामले से जुड़ा यह मामला छत्तीसगढ़ में दर्ज है.
मामले में रांची के विकास कुमार ने एफआईआर दर्ज कराने को लेकर आवेदन दिया था. इसमें उन्होंने बताया था कि कथित शराब घोटाले की पूरी साजिश रायपुर में रची गई.
विकास सिंह ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ के अधिकारी अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर, अरुणपति त्रिपाठी और उनके सिंडिकेट ने शराब घोटाला करके छत्तीसगढ़ सरकार को अरबों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया.
इसी सिंडिकेट ने झारखंड के अधिकारियों के साथ मिलकर झारखंड की आबकारी नीति में परिवर्तन किया. इससे सरकार का राजस्व प्रभावित हुआ. इसके अलावा दोनों राज्यों के अधिकारियों ने मिलकर मैन पावर सप्लाई में भी घोटाला किया है.
इस मामले में ईडी ने बीते साल 23 अगस्त को रांची, दुमका, देवघर और कोलकाता के 32 ठिकानों पर छापेमारी की थी. इस दौरान वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव, शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी और उनसे जुड़े लोगों के यहां छापेमारी हुई थी.
इस छापेमारी के बाद शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.
झारखंड में बीते तीन सालों में ईडी की ओर से की गई विभिन्न मामलों की कार्रवाई में सीएम हेमंत सोरेन, आईएएस पूजा सिंघल और आईएएस छवि रंजन सहित अब तक 50 से अधिक लोग गिरफ्तार हुए हैं.
इसमें से कुछ को जमानत मिली है और बचे हुए अभी भी जेल में हैं.
नमस्कार
अब तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े इस लाइव पेज के ज़रिये आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक आगे की ख़बरें पहुंचाएगा..
आप इस वक़्त हमारी वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
मोहित पांडे की लखनऊ में पुलिस हिरासत में मौत पर छिड़ा सियासी घमासान, पुलिस पर उठे गंभीर सवाल. पूरी ख़बर यहाँ क्लिक कर पढ़ें.
ईरान पर इसराइल के हमले के बारे में सैटेलाइट तस्वीरों से क्या पता चलता है? - पढ़ें बीबीसी इस ख़बर के बारे में विस्तार से.
फ़र्ज़ी जज नौ साल तक गुजरात में कैसे चला रहा था नकली अदालत. पढ़िए पूरी ख़बर
सेबी चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच पर कांग्रेस ने लगाए नए आरोप, सरकार से किए सवाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस पार्टी सेबी चेयरपर्सन माधबी बुच पर कई बार आरोप लगा चुकी है
कांग्रेस पार्टी ने सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच पर नए आरोप लगाए हैं. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि कांग्रेस दो सितंबर से माधबी पुरी बुच के ख़िलाफ़ मामले को उठा रही है.
पवन खेड़ा ने कांग्रेस के ताज़ा आरोपों में कहा है, "माधबी जी की मुंबई में एक और प्रॉपर्टी है, जो उन्होंने 'ग्रीन वर्ल्ड बिल्डकॉन एंड इन्फ़्रा को किराए पर दी. इस कंपनी के मालिक मुकुल बंसल और विपुल बंसल के प्रोफेशनल जीवन का एक बड़ा हिस्सा 'इंडिया बुल्स' के टॉप पोजिशन पर रहा है. सेबी ने 'इंडिया बुल्स' के कई केस देखे हैं, मतलब 'इंडिया बुल्स' के टॉप मैनेजमेंट में जो लोग रहे हैं, माधबी बुच अपनी प्रॉपर्टी उन्हें किराए पर देती हैं."
पवन खेड़ा का कहना है, "यह सेबी के कोड ऑफ कंडक्ट के सेक्शन 4, 7 और 8 का उल्लंघन है. सेबी की चेयरपर्सन माधबी जी के अनलिस्टिड कंपनी में जो शेयर हैं, उन कंपनियों का पैराडाइज पेपर में नाम आता है, जिसमें प्रीडिबल हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी को सरकार के स्टार्टअप फंड से पैसा मिला है. इस कंपनी के सबसे पहले शेयर ख़रीदने वालों में माधबी बुच जी का नाम है."
इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी एक्स पर पोस्ट के ज़रिए सेबी की चेयरपर्सन पर आरोप लगाए.
राहुल गांधी ने लिखा, "सेबी अध्यक्ष माधबी बुच आईसीआईसीआई से किस बात के पैसे ले रही थीं?
अध्यक्ष रहते हुए गैरसूचीबद्ध कंपनी में शेयर कैसे रख सकती थीं? उस कंपनी को 'स्टार्टअप इंडिया' के करोड़ों रुपए क्यों मिले?
सरकार किस डर से इस पर कार्रवाई नहीं कर रही?"
इससे पहले माधवी बुच और उनके पति धवल बुच पर अमेरिकी शॉर्ट सेलर फ़ंड हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया था कि उनकी उन ऑफ़शोर कंपनियों में हिस्सेदारी रही है, जो अदानी समूह की वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी हुई थीं.
इस आरोप पर सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच ने दो पन्नों का एक बयान जारी कर हिंडनबर्ग के दावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी.
लेबनान का दावा - इसराइली हमले में पूर्वी बेका घाटी में 60 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लेबनान का दावा- ताज़ा इसराइली हमले में 60 लोगों की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश के पूर्वी बेका घाटी में हुए इसराइली हमले में कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई है. इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं.
यह इलाक़ा हिज़्बुल्लाह का मज़बूत गढ़ है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ घाटी में 12 जगहों पर हुए हमले में 58 लोग घायल भी हुए हैं.
हालाँकि इस हमले पर इसराइली सेना की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
बीते पाँच हफ़्तों से इसराइल ने लेबनान के अलग-अलग इलाकों में हज़ारों हवाई हमले किए हैं. उसका कहना है कि वो इज़्बुल्लाह के ठिकानों, बुनियादी ढांचे और हथियारों को निशाना बना रहा है.
इसराइल और फ़लस्तीन समर्थक हिज़्बुल्लाह के बीच लेबनान की सीमा के आर-पार 8 अक्तूबर 2023 से संघर्ष चल रहा है. इस दिन लेबनानी हथियारबंद गुट हिज़्बुल्लाह ने लेबनान से सटे उत्तरी इसराइल पर रॉकेट दाग़े थे.
इससे एक दिन पहले ही यानी 7 अक्तूबर 2023 को हिज़्बुल्लाह के सहयोगी हमास ने दक्षिणी इसराइल पर बड़ा हमला किया था.
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि बीते एक साल में लेबनान में इसराइली हमले में 2600 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और 12 हज़ार से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आरोपों का गिरिराज सिंह ने दिया ये जवाब
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, गिरिराज सिंह ने झारखंड से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आरोपों का जवाब दिया है
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया है कि घुसपैठिए पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत में प्रवेश करते हैं और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उनके लिए रेड कार्पेट बिछाती हैं.
समचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में गिरिराज सिंह से सवाल किया गया कि झारखंड के मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि सीमा की सुरक्षा केंद्र सरकार के हाथ में है जबकि आरोप राज्य सरकार पर लगाया जाता है.
इसी सवाल के जवाब में गिरिराज सिंह ने कहा कि "बंग्लादेशी घुसपैठियों के लिए पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और झारखंड में हेमंत सोरेन ने रेड कार्पेट बिछाया है."
हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार के पास किसानों को आत्मनर्भर बनाने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन सरकार करोड़पति मित्रों के कर्ज़ माफ़ कर रही है.
हेमंत सोरेन के इस आरोप पर गिरिराज सिंह ने कहा है कि हेमंत सोरेन कांग्रेस के साथ हैं, जिसने केवल एक बार किसानों के कर्ज़ माफ़ किए हैं, जबकि मोदी सरकार ने किसानों को तीन लाख़ करोड़ से ज़्यादा दिए हैं.
आदित्य ठाकरे के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ रहे सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा- यह राजनीतिक लड़ाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वर्ली सीट पर आदित्य ठाकरे और मिलिंद देवड़ा आमने -सामने हैं
शिवसेना शिंदे गुट के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा मंगलवार को मुंबई की वर्ली विधानसभा सीट से अपना पर्चा भरेंगे.
मिलिंद देवड़ा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा है, "बालासाहेब ठाकरे और मेरे पिता मुरली देवड़ा एक दूसरे के काफी क़रीब थे. यह कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है. यह राजनीतिक लड़ाई है."
"मैं कोई नकारात्मक अभियान नहीं चलाना चाहता हूं. मुख्यमंत्री शिंदे केवल लोगों का सकारात्मक विकास चाहते हैं."
वर्ली विधानसभा सीट अब हाई प्रोफाइल सीट बन चुकी है क्योंकि मिलिंद के सामने यहां मौजूदा विधायक आदित्य ठाकरे हैं. ठाकरे शिवसेना (यूबीटी) के विधायक हैं.
रविवार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना ने अपनी दूसरी लिस्ट मेंराज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा की उम्मीदवार की घोषणा की थी.
सांसद रहते हुए उनका विधानसभा चुनाव मैदान में उतरना कई लोगों का ध्यान खींच रहा है.
इस सीट पर तीन ''सेनाएं''- शिवसेना, शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना आमने-सामने हैं.
पटना में निर्माणाधीन मेट्रो टनल में हुए हादसे में दो की मौत, 6 घायल, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना
इमेज स्रोत, NEERAJ
इमेज कैप्शन, पटना में निर्माणाधीन मेट्रो टनल में हादसे में दो मज़दूरों की मौत हो गई है
बिहार की राजधानी पटना में निर्माणाधीन मेट्रो टनल में मिट्टी निकालने वाली लोको मशीन का ब्रेक सोमवार देर रात फेल होने से दो मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 6 अन्य घायल हो गए हैं.
पीरबहोर थाना जिसके अंतर्गत घटनास्थल आता है, उसके थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम ने बीबीसी को बताया, ''दो मजदूरों की मौत हुई है. मनोज बेरा और विजय बेरा. ये दोनों ही ओडिशा के रहने वाले थे. हादसे में घायल छह अन्य लोगों का इलाज चल रहा है. इसमें कुछ मजदूर बिहार के जमुई के और कुछ कटक (ओडिशा) के हैं.”
हालांकि घटनास्थल पर मौजूद पटना मेट्रो की जनसंपर्क अधिकारी मोनिषा दुबे ने एक मजदूर की मौत की पुष्टि की थी.
ये हादसा पटना साइंस कॉलेज के पास निर्माणाधीन टनल के पास हुआ है. वहां मौजूद पत्रकार नीरज कुमार ने बताया, '' इस लोको मशीन में इंजन लगा हुआ था जो फेल होने के बाद बेकाबू हुआ. इसमें दो मजदूरों की मौत हुई. इस घटना के बाद मजदूर बहुत आक्रोशित थे.''
जनसंपर्क अधिकारी मोनिषा दुबे ने बताया, “ रात दस बजे ये हादसा टनल नंबर एक के पास हुआ. मामले की जांच की जा रही है.
पटना में मेट्रो का काम चल रहा है. इसी साल जून महीने में राज्य सरकार ने मुज़फ़्फ़रपुर, गया, दरभंगा और भागलपुर में भी मेट्रो चलाने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है.
कासरगोड पटाखा भंडार में आग लगने के बाद ज़िले की पुलिस प्रमुख ने बीबीसी से कहा- 8 घायलों की हालत गंभीर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केरल के कासरगोड में पटाखे के भंडार में आग लगने से क़रीब 150 लोग घायल हो गए हैं (सांकेतिक तस्वीर)
केरल के कासरगोड में थेय्यम उत्सव के दौरान अंजुथम्बलम मंदिर में पटाखे फटने से 154 लोगों के घायल होने पर ज़िले की डिस्ट्रिक्स पुलिस चीफ़ (एसपी) ने बीबीसी से बातचीत की है.
पुलिस अधीक्षक डी शिल्पा के मुताबिक़ अंजुथम्बलम मंदिर में दो दिनों से पटाखे रखे गए थे, क्योंकि वहाँ थेय्यम उत्सव दो दिनों का होता है.
उनका कहना है, "पटाखों को उस जगह के काफ़ी क़रीब स्टोर किया गया था जहां लोग इकट्ठा होते हैं. उस जगह पर कोई सुरक्षा भी नहीं रखी गई थी."
"इस घटना में 154 लोग घायल हुए हैं जिनमें 97 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से 8 लोगों की हालत गंभीर है."
इससे पहले सोमवार रात को केरल के कासरगोड में थेय्यम उत्सव के दौरान अंजुथम्बलम मंदिर में पटाखे फटने से बड़ी संख्या में उत्सव में शामिल लोग इसकी चपेट में आ गए थे.
यह दुर्घटना मंदिर में आतिशबाज़ी के दौरान हुई, जब पटाखे के भंडार में आग लग गई.
घायलों को कासरगोड, कन्नूर और मंगलुरू के अलग-अलग अस्पताल ले जाया गया है.
कासरगोड से कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन ने कहा है, "कारसगोड से एक दर्दनाक ख़बर सुनने को मिल रही है, इस घटना में घायल हुए 154 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है."
उन्होने आरोप लगाया है, "उत्तरी मालाबार में थेय्यम लोगों के लिए एक पर्व है और पुलिस इसके लिए चौकस नहीं थी."