You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हिज़्बुल्लाह के नए प्रमुख नईम क़ासिम को जानिए

हिज़्बुल्लाह ने अपने डिप्टी सेक्रेटरी को नया प्रमुख बनाने की घोषणा की है. नईम क़ासिम लंबे समय से हिज़्बुल्लाह के प्रमुख रहे हसन नसरल्लाह की जगह लेंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और अश्वनी पासवान

  1. केरल: कासरगोड में थेय्यम उत्सव के दौरान अंजुथम्बलम मंदिर में पटाखे फटने से 150 लोग घायल

    केरल के कासरगोड में थेय्यम उत्सव के दौरान अंजुथम्बलम मंदिर में पटाखे फटने से 150 लोग घायल हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सोमवार रात को हुए इस हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    यह दुर्घटना मंदिर में आतिशबाज़ी के दौरान हुई है.

    घायलों को कासरगोड, कन्नूर और मंगलुरू के अलग-अलग अस्पताल ले जाया गया है.

    कासरगोड से कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन ने कहा है, "कारसगोड से एक दर्दनाक ख़बर सुनने को मिल रही है, इस घटना में घायल हुए 154 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है."

    उन्होने आरोप लगाया है, "उत्तरी मालाबार में थेय्यम लोगों के लिए एक पर्व है और पुलिस इसके लिए चौकस नहीं थी."

  2. डोनाल्ड ट्रंप बोले ग़लत दिशा में जा रहा है अमेरिका, हैरिस ने दी उन्हें आई क्यू टेस्ट की चुनौती

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार के डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ग़लत दिशा में जा रहा है.

    अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक फ़ेथ समिट के दौरान सवाल और जवाब के एक सत्र में ट्रंप ने कहा है, “अमेरिका ग़लत दिशा में जा रहा है और धर्म ही वो कड़ी है जो अमेरिका को एक साथ जोड़कर रखती है. ”

    इस दौरान ट्रंप ने जुलाई में ख़ुद पर हुए हमले का भी ज़िक्र किया और कहा कि ये चमत्कार है कि वो अब भी बात कर पा रहे हैं.

    आईक्यू टेस्ट की चुनौती

    उधर डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस ने कहा है कि वो अपनी मानसिक जाँच के लिए तैयार हैं और उन्होंने ट्रंप को भी इस तरह की जाँच करवाने की चुनौती दी है.

    अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनावों के लिए मतदान होगा. इन चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप उम्मीदवार हैं, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी ने कमला हैरिस को अपना उम्मीदवार बनाया है.

    कमला हैरिस मौजूदा समय में अमेरिका की उपराष्ट्रपति भी हैं.

  3. दिवाली और छठ के त्योहार की वजह से रेलवे स्टेशनों पर मुसाफ़िरों की उमड़ी भीड़- कांग्रेस ने उठाए सवाल

    दिवाली और छठ के त्योहार की वजह से रेलवे में मुसाफ़िरों की बड़ी भीड़ देखी जा रही है. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि त्योहारों के लिए रेलवे ने उचित व्यवस्था नहीं की है.

    कांग्रेस ने रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़ की तस्वीरों के साथ रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से सवाल किए हैं. सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ट्रेनों के टॉयलेट में 8 मुसाफ़िर बैठे हुए हैं.

    पोस्ट में लिखा है, “बिहार जाने वाली ट्रेन के टॉयलेट में 8 यात्री बैठे हुए हैं. सभी त्योहारों पर घर जा रहे हैं. ये तस्वीरें आनंद विहार रेलवे स्टेशन की है. दिवाली और छठ के लिए जो 7 हज़ार स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं वो कहाँ चल रही हैं?”

    इससे पहले रविवार सुबर मुंबई के बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में जगह पाने के लिए भगदड़ मच गई थी. इस भगदड़ में 9 लोग घायल भी हुए थे.

    हालाँकि रेलवे हर साल त्योहारों के मौक़ेपर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करता है, लेकिन आमतौर पर हर साल ट्रेनों में इसी तरह की भीड़ देखी जाती है.

  4. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इसराइल का ईरान पर हमले को लेकर मुस्लिम देशों में क्या चल रहा है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    तुर्की को क्या भारत और चीन ने मिलकर रोक दिया, टर्किश और रूसी एक्सपर्ट क्या कह रहे हैं? जानने के लिए क्लिक करें.

    ज़ेलेंस्की को पीएम नरेंद्र मोदी के इस बयान का क्यों है शिकवा, क्या बोले. इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.